सीतानाथ रघुनाथ पाप ताप हारी । द्रवउ रघुवंशमणि धनुष वाण धारी ।। -विनयावली ।।

एको देवो रामचन्द्रो व्रतमेकं तदर्चनम । मंत्रोअप्येकश्च तत्नाम शास्त्रं तद्ध्येव तत्स्तुतिः ।। -पद्मपुराण ।।


दीनबंधु तुहीं एक मोर गोहारी । देखउ रघुनाथ अब ओर हमारी ।। -विनयावली ।।

देवी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
देवी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 18 दिसंबर 2019

श्रीविष्णु भगवान के प्रति कही हुई श्रीराम गीता



भगवान विष्णु ने राम जी के विश्वरूप का दर्शन किया । जिसमें उन्होंने अनेक अद्भुत विभूतियाँ देखीं । भगवान विष्णु ने राम जी से कहा कि प्रभो मैं आपके विभूतियों का अंत नहीं पा रहा हूँ । पहले कभी न देखे हुए स्वरूपों का भी आपके विश्वरूप में दर्शन हो रहा है । महेशान आप कौन हैं ? आपका यह विश्वरूप बड़ा अद्भुत है । आपको केवल आप ही जान सकते हैं । क्योंकि आपको जानने में कोई अन्य समर्थ नहीं है । पृथ्वी में स्थिति परमाणुओं का अंत तो मिल सकता है लेकिन अखंडस्वरूप आप में स्थित व्रह्मांडो का अंत नहीं है । *** *** *** ।


  भगवान विष्णु के द्वारा स्तुति किए जाने पर और उनके प्रश्न आदि को  सुनकर प्रसन्नवदन रामजी हँसते हुए बोले-


अहमात्मा परो नित्यः सन्मात्रो विभुरीश्वरः ।
सदसद्भावरहितो  भेदाभेदविवर्जितः ।। *** *** *** ।


भगवान श्रीराम ने कहा- मैं परमात्मा, अविनाशी सत्स्वरूप, सर्वव्यापक, परमेश्वर, सत-असतभाव से रहित , भेदाभेदशून्य, एक, अद्वितीय, अविकारी, निराकार और मायारहित हूँ । यह विश्व मेरी शक्तियों का ही विलास है, जो भिन्न-अभिन्न रूप से स्थित है । जिसमें तुम तथा अन्य बहुत से तत्वाधीश्वर देवता मेरे अंशांश के सहारे आकाश में जुगुनुओं की भाँति स्थित हैं ।


मैं ही आदि, आनंद स्वरूप, निरालम्ब, स्वराट, व्यापक, सर्वरूप, सर्वव्यापी, शांत, शुद्ध, चैतैन्यविग्रह और आकाश का भी आकाश हूँ । मैं ही दिशाओं की सनातनी दिशा हूँ । काल का भी महाकाल, ज्योतियोंकी उत्तम ज्योति, कारणों का कारण और इन्द्रियों का शासक मन –इंद्रिय मैं हूँ ।


मैं ही अणुओं में परमाणु, महनीयों में महत्तर, विभुओं में श्रेष्ठ विभु, तत्वों का उत्तम तत्व और निबृत्तमार्गियों का सनातन योग हूँ । मैं प्राणधारियों का प्राण हूँ । तपस्वियों का इंद्रिय-संयम हूँ । मुमुक्षुओं की शांति हूँ । और वाणियों में ओमकार हूँ । *** *** *** ।


जनार्दन ! इस प्रकार लोक में जितनी परमोत्कृष्ट वस्तुएँ हैं , वे सब मैं ही हूँ । विष्णो ! जिसका तेज अव्यक्त है, ऐसे मेरे द्वारा यह सारा विश्व व्याप्त है ।
*** *** *** ।

लक्ष्मीपते ! जब मेरी रमण करने की इच्छा हुई, तब मुझ निराकार से आकाश की कारणभूता ध्वनि प्रकट हुई । फिर सारा वाक्-प्रपंच मेरी इच्छा से ही उत्पन्न हुआ । तत्पश्चात उपसंहार का उद्भव हुआ ।


 जिसके विलीन हो जाने पर साक्षात अद्वीतीय स्वयं अकेला मैं ही स्फुरण करता हूँ । *** *** *** । मुरारे ! जैसे आकाश में अविनाशी तारे चमकते हैं, उसी प्रकार मेरी शक्तियाँ मेरे ही अंतराल में स्फुरण करती हैं । जिनसे तुम जिनमें प्रधान हो, ऐसे सारे देवगण प्रकट होते हैं । *** *** *** ।


तुम लोग मेरी भावनासे भावित तथा मुझमें ही मन लगाने वाले होओगे । अब अपने-अपने कर्मों का सम्पादन करते हुए निर्भय होकर रमण करो ।




 ।। जय श्रीराम ।।

रविवार, 10 दिसंबर 2017

सत्य सनातन धर्म की कुछ महत्वपूर्ण विशेषताएँ

सत्य सनातन धर्म यानी आर्य धर्म, जिसे हिंदू धर्म भी कहते हैं, की कई विशेषताएँ हैं । यहाँ पर सत्य सनातन धर्म की केवल कुछ विशेषताएँ दी जा रही हैं ।  
           
  • सत्य सनातन धर्म आनादि धर्म है ।

  • सत्य सनातन धर्म शास्वत है, सनातन है ।

  • सत्य सनातन धर्म अनंतकाल से है ।

  • सत्य सनातन धर्म धरती का प्राचीनतम धर्म है ।

  • सत्य सनातन धर्म को शुरू करने वाला कोई विशेष व्यक्ति नहीं है ।

  • यह अनादि काल से ही चला आ रहा है ।

  • जब संसार नहीं होता है, जब कोई जीव धरती पर नहीं होता तब भी यह धर्म होता है ।

  •  आदि सृष्टि के समय से ही यह धर्म है ।

  • सत्य सनातन धर्म में कई देवी-देवता हैं । लेकिन मूल रूप में सब एक हैं ।

  • सनातन धर्म प्राणीमात्र की सुख-शांति की कामना करता है ।

  •  सनातन धर्म सारे विश्व को परिवार मानता है और पूरे विश्व के कल्याण की कामना करता है ।

  • सनातन धर्म के अनुसार परहित-परोपकार सबसे बड़ा पुण्य, धर्म है ।

  • सनातन धर्म के अनुसार दूसरे को पीड़ा पहुँचाना सबसे बड़ा पाप-अधर्म है ।

  • इसके अनुसार अहिंसा परम धर्म है । जीव हत्या पाप है ।

  • इसके अनुसार किसी की निंदा, चुंगुली करना बड़ा पाप है ।

  • झूठ, असत्य, छल, चोरी आदि त्याज्य व पाप हैं ।

  • सबको सत्य का आचरण करना चाहिए ।

  • सनातन धर्म के अनुसार ईश्वर कण-कण में है ।

  • हर प्राणी में ईश्वर है ।

  • मानव जीवन का परम उद्देश्य परहित, परोपकार के रास्ते पर चलते हुए भगवान को प्राप्त करना है ।

  • किसी को भी किसी भी तरह से ठगना पाप है ।

  • सनातन धर्म के अनुसार परस्त्री माता के समान होती है ।

  • सनातन धर्म के अनुसार दूसरे के धन को मिट्टी के समान समझना चाहिए । 

  • सबमें कृतज्ञता की भावना होनी चाहिए । कृतज्ञता मानवता का और कृतघ्नता दानवता की पहिचान है ।

  • माता-पिता और गुरजन आदरणीय हैं । इनकी सेवा और आशीर्वाद से कल्याण होता है ।

  • जन्मभूमि माता के समान आदरणीय और स्वर्ग से बढ़कर होती है । आदि ।



उपरोक्त से सहज ही स्पष्ट है कि सनातन धर्म की सीख-शिक्षाओं का ठीक से पालन किया जाय तो सबका कल्याण हो और देश समाज में कोई भी दुखी न रह जाए । विश्व और प्राणिमात्र का कल्याण और सुख-शांति की कामना करने वाला सत्य सनातन धर्म अनूठा धर्म है ।




।। जय श्रीसीताराम ।।


____________________________



गुरुवार, 20 जुलाई 2017

पवनतनय के चरित सुहाए-८ (हनुमानजी का सीताजी को अपना परिचय कराना)

सीता जी ने मुँदरी की चमक को देखकर सोचा कि मानो अशोक वृक्ष ने अंगार दे दिया है । और यह सोचकर हर्षित होकर उसे हाथ में ले लिया ।  हाथ में लेते ही उन्होंने देखा कि यह तो परम सुंदर मन को हर लेने वाली मुद्रिका है जिस पर राम नाम अंकित हैं ।

  वे चकित होकर उसे देख रही थीं । पहचानने पर उन्हें हर्ष हुआ और फिर विषाद भी हुआ जिससे उनका ह्रदय अकुला उठा । उन्हें हर्ष इस बात का हुआ कि यह तो राम जी के पास से आई है और राम जी की निशानी है । विषाद इस बात का हुआ कि यह तो राम जी के पास थी  यहाँ कैसे आ गई ? सब कुछ ठीक तो है ।

वे मन में सोचने लगीं कि राम जी तो अजेय हैं । उन्हें कोई देवता, दानव, नाग, गंधर्व, राक्षस आदि कोई भी तीनों लोकों और चौदहों भुवनों में कोई भी नहीं जीत सकता । वहीं दूसरी ओर इसे माया से बनाया भी नहीं जा सकता । फिर यह यहाँ कैसे आ गई ? सीता जी इसी तरह अनेकों विचार कर रही थीं । तब हनुमान जी मधुर वाणी में राम जी के गुणगणों को गाने लगे । जिसे सुनते ही सीता जी के सारे दुख दूर हो गए । यह राम जी की कथा और गुणों का प्रताप है ।

सीता जी मन लगाकर सुनने लगीं और हनुमान जी ने आरंभ से सारी कथा सुना दिया । कथा शुरू से आरंभ करके पूरी ही सुनानी चाहिए । और मन लगाकर कथा सुनने पर दुख तो दूर होते ही हैं ।

फिर सीता जी ने कहा  कि भाई जिसने कानों को अमृत तुल्य कथा सुनाई है वे प्रगट क्यों नहीं होते । राम कथा अमृत तुल्य ही है जो जीवन में नवीनता लाती है । आशा देकर निराशा का अंत करती है । बशर्ते कथा को मन लगाकर किसी रामभक्त वक्ता से सुना जाय ।

यह सुनकर हनुमानजी सीताजी के थोड़ा पास गए । हनुमानजी को देखकर सीताजी को संदेह हुआ । आश्चर्य हुआ । इसलिए वे हनुमान जी के तरफ पीठ करके बैठ गईं । लंका माया नगरी थी । यहाँ के राक्षस तरह-तरह की मायावी विद्याएँ जानते थे । और  राक्षस तरह-तरह के रूप भी धरना जानते थे । इसलिए सीता जी को संदेह हुआ कि कहीं यह धोखा तो नहीं है ।

तब हनुमान जी महाराज बोले कि हे माता जानकी मैं भगवान राम का दूत हूँ । मैं   करुणानिधान की सच्ची शपथ करके कह रहा हूँ ।  भगवान राम के अनेकों नाम हैं । वे बहुनाम हैं । उनका एक नाम करुणानिधान भी है । यह नाम सीता जी को बहुत प्रिय है । विवाह के पूर्व ही पार्बतीजी ने सबसे पहले रामजी के इस नाम से सीताजी को परिचित कराया था । इसलिए सीताजी रामजी को करुणानिधान ही कहती हैं ।

  सीताजी को विश्वास हो जाय कि हनुमानजी को रामजी ने ही भेजा है इसलिए हनुमानजी ने करुणानिधान नाम का ही प्रयोग किया । हनुमानजी महाराज बोले कि हे माता यह मुद्रिका मैंने ही लाई है । राम जी ने आपको अपनी निशानी यह मुद्रिका दिया है ।

 सीता जी ने हनुमानजी से कहा कि नर और वानर का संग कैसे हुआ । किस प्रकार हुआ । आप यह बताएँ । तब हनुमान जी ने रामजी की और सुग्रीवजी की मित्रता की सारी कथा सीताजी को कह सुनाई ।


हनुमानजी के प्रेमपूर्वक कहे हुए बचनों को सुनकर सीताजी को हनुमानजी पर विश्वास हो गया । सीताजी ने जान लिया कि मन, वचन और कर्म से हनुमानजी कृपा से सागर रामजी के सेवक हैं ।

                                                            (शेष भाग-९ में ।)


।। जय श्रीसीताराम ।।



_________________________________

मंगलवार, 4 अप्रैल 2017

राम जी के आदर्शों से नए भारत का निर्माण

चैत्र महीने के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को अयोध्या जी में भगवान श्री राम का आविर्भाव हुआ । रामजी के अयोध्या जी में प्रगट होने के पूर्व ही कण-कण में सचर-अचर सबमें सुख और शांति का संचार हो गया । पूरी प्रकृति हर्षित हो गई । संपूर्ण धरा आनंद में समा गई । और देवलोक में देवताओं के आनंद की कोई सीमा नहीं रही ।


  पूरी सृष्टि में आनंद की वारिश सी होने लगी । राजा दशरथ और रानियाँ सुख सागर को पाकर सुख सागर में समा गयीं । प्रजा के भी खुशी का ठिकाना नहीं रहा ।


राम जी बड़े हुए तो इनके रूप गुण को देख-सुनकर हर कोई आन्दित होता था । विश्वामित्र जी के यज्ञ की रक्षा करके विश्वामित्र जी और अन्य मुनि समूहों को आनंदित किया । अहिल्या जी को नवजीवन देकर अहिल्या जी को गौरव दिया ।


 जनकपुर वासी, जनक जी, रानी व सीता जी को शिव जी के धनुष को तोड़कर आनंदित किया । परशुराम जी को अपने विनय बचनों से आनंदित किया ।


वन में जाकर केवट और कोल-किरात, भील आदि वनवासियों को गले से लगाकर सबको अपनाकर सुखी कर दिया ।


ऋषि-मुनियों को अभय देकर हर्षित किया । गीध जटायु को पिता और भिलनी शवरी को माता का गौरव देकर धन्य कर दिया । वानर-भालुओं को मित्र बनाकर और गले से लगाकर अपना बनाकर लोक और वेद में स्थापित कर दिया । विभीषण को शरण में रखकर सत्य और धर्म को स्थापित कर लंका का अचल राज दे दिया ।


  रामराज्य को स्थपित करके प्राणिमात्र को सुखमय कर दिया । सत्य, धर्म और न्याय से ही सबके अधिकारों की रक्षा होती है । इस तथ्य को स्थापित किया ।


बिना सत्य, धर्म और न्याय को स्थपित किए किसी भी देश, समाज का कल्याण नहीं हो सकता । जब तक सत्य का आचरण नहीं होगा, धर्म का पालन नहीं होगा, सबको समान व समुचित न्याय नहीं मिलेगा भ्रटाचार, लूट-खसोट इत्यादि जितने भी देश समाज के उत्थान में बाधाएं हैं कभी मिटने वाली नहीं हैं । समता मूलक समाज के लिए राम जी के आदर्शों को अपनाना ही पड़ेगा ।


  नए भारत के निर्माण के लिए राम राज्य के कुछ आदर्शों को ही हम अपना लें तो अपना काम बन जाए । हम यहाँ दो आदर्शों की चर्चा करेंगे । राम राज्य में सर्वमत और सबके कल्याण का आदर्श होता है । समता की प्रधानता होती है । सबके कल्याण के लिए सबका विकास, देश समाज के हर अंग का विकास होना चाहिए और विकास में सबसे बड़ी बाधा भ्रष्टाचार होता है । इसलिए ‘मुखिया मुख सो चाहिए’ के सिद्धांत पर अमल होना चाहिए ।


चाहे देश का मुखिया हो चाहे किसी संस्था अथवा प्रतिष्ठान का सबको मुख जैसा होना चाहिए ।  मुखिया को देश-समाज के सभी अंगों का वुद्धिमत्तापूर्वक पालन-पोषण करना चाहिए । मुख के माध्यम से खान-पान होता है और पालन पोषण शरीर के हर अंग का होता है । भोजन को चबाकर उसे उसके समुचित स्थान पर भेज देता है । और अपने पास यानी मुख में एक टुकड़ा भी नहीं रहने देता और यदि एक टुकड़ा-कण मात्र भी मुख में रुक जाय तो जब तक उसे निकाल न दे चैन नहीं आता । मुख खुला-पारदर्शी भी होता है । इससे आर्थिक भ्रष्टाचार नहीं होता-


मुखिया मुख सो चाहिए खान पान को एक ।
पालइ पोसै सकल अंग तुलसी सहित विवेक ।।


 दूसरा ‘सुरसरि सम सबकर हित होई’ इसका मतलब है कि सबका हित बिना यह देखे कि कौन है होना चाहिए । जैसे यदि कोई प्यासा है तो गंगा जी यह थोड़े देखती हैं कि कौन है ? जो जल-पान करता है उसकी  ही प्यास बुझती है । इसी तरह मान लीजिए कोई ताप यानी गर्मी से पीड़ित है तो गंगा जी के जल में स्नान करते ही शीतलता मिल जाती है । ऐसे ही यदि कोई कीचड़ से सना है तो गंगा जी में डुबकी लगाते ही वह स्वच्छ हो जाता है । अर्थात जिस तरह  गंगा जी समान रूप से सबके लिए हितकारी हैं इसी तरह देश-समाज में सबका हित होना चाहिए ।  इससे अधिक समता और क्या होगी ?


 इसी तरह देश-समाज में धन-दौलत, यश-कीर्ति भी यदि ‘सुरसरि सम सबकर हित होई’ के अनुसार अर्जित किया जाने लगे तो फिर क्या समस्या, हर जगह खुशहाली आ जाय ।  धन कमाने या इकट्ठा करने में ‘सुरसरि सम सबकर हित होई’ के सिद्धांत को हर किसी को पालन करना चाहिए । इसका मतलब है कि जो धन मैंने इकट्ठा किया है क्या वह सबका हित करके इकट्ठा किया गया है अथवा अहित करके । किसी का अहित करके नहीं; हित करके ही धन अथवा यश-कीर्ति आदि कमाना चाहिए । इससे सबके अधिकारों की रक्षा होती है और भ्रष्टाचार नहीं होता । राम राज्य में कुछ भी अपने अथवा अपनों के लिए नहीं किया जाता सबके लिए किया जाता है । हर कोई राजा और प्रजा सात्विकता के पथ पर अग्रसर होती है तभी तो कहा जाता है कि-


‘कीरति भनित भूति भल सोई । सुरसरि सम सबकर हित होई ।।



।। जय श्रीसीताराम ।।



______________________



(इस बार श्रीरामनवमी कुछ जगहों पर चार अप्रैल को और कुछ जगहों पर पाँच अप्रैल को मनाई जायेगी । जबकि अयोध्याजी में मुख्यतया पाँच अप्रैल को ही मनाई जाएगी । ) 


------------------------------------------------








बुधवार, 16 मार्च 2016

मंदिर में देव दर्शन: कुछ जरूरी बातें

मंदिर में देव दर्शन के लिए जाने और दर्शन करने का बहुत महत्व है । और तीर्थ स्थल पर जाकर देव दर्शन का विशेष महत्व है । घर में तो पूजा-पाठ करना ही चाहिए । इसके साथ  मंदिर में भी जाकर देव दर्शन करते रहना चाहिए । साथ ही तीर्थ स्थान में जाकर भी देव दर्शन करना चाहिए । मंदिर में देव दर्शन के समय कुछ बातें ध्यान में रखनी चाहिए ।
   संत कहते हैं कि दर्शन के लिए जाएँ तो कभी खाली हाथ नहीं जाना चाहिए । कुछ न हो अथवा कुछ न ले जा सकें तो कम से कम एक पुष्प ही लेकर जाना चाहिए ।
   दूसरी बात मंदिर में हमेशा अच्छे मन  व  भाव से जाना चाहिए । जहाँ तक हो सके साफ सफाई से जाना चाहिए । स्वच्छता का बहुत महत्व है ।
    मंदिर से कभी-कभी जूते अथवा चप्पल गायब हो जाते हैं । ऐसी स्थिति में कभी भी किसी दूसरे का जूता अथवा चप्पल पहन कर नहीं चले आना चाहिए ।
 मंदिर की स्वच्छता बनाये रखनी चाहिए । गंदिगी नहीं फैलानी चाहिए । मंदिर में दर्शन करते समय क्रोध करने से बचना चाहिए । स्वयं दर्शन करें और दूसरों को भी मौका देना चाहिए । लड़ाई-झगड़ा नहीं करना चाहिए ।
 भगवान से बड़ा कोई वीआईपी नहीं है । इसलिए मंदिर में वीआईपी बनकर नहीं जाना चाहिए । बिना वीआईपी बने भाव पूर्वक दर्शन करने से ज्यादा लाभ होगा । 
   भगवान से अपनी भलाई के लिए तो प्रार्थना कर सकते हैं लेकिन भगवान से कभी भी किसी दूसरे का बुरा करने के लिए प्रार्थना नहीं करनी चाहिए ।
कई बार लोग देव प्रतिमाओं के मुहँ में लड्डू अथवा अन्य मिठाई भर देते हैं । भगवान भाव के भूंखे हैं । भाव से यदि हम दूर से कुछ अर्पित करते हैं तो भी भगवान स्वीकार कर लेते हैं । इसलिए मुँह में  नहीं भरना चाहिए ।
    मंदिर की गरिमा, सात्विकता और पवित्रता बनाए रखना चाहिए । वहाँ के अध्यात्मिक वातावरण को अपने क्रिया-कलापों से दूषित नहीं करना चाहिए ।
    अध्यात्म जगत में प्रेम और भाव बहुत महत्वपूर्ण अंग हैं । बिना भाव और अनुराग के किए गए किसी भी काम का कोई महत्व नहीं है ।  भाव और अनुराग से भगवान की  कृपा अवश्य मिल जाती है ।

।। जय श्रीराम ।।




______________________________________________



सोमवार, 7 मार्च 2016

जय महेश जय जय त्रिलोचन

                  (१)

जय महेश जय जय त्रिलोचन । भगत त्रास त्रय ताप विमोचन ।।

आशुतोष जय जलज विलोचन । भव सम्भव दारुण दुःख मोचन ।।

जयति जयति जय जय त्रिपुरारी । दनुज देव सेवक नर नारी ।।

विश्वनाथ जय जय जग कर्ता । आदिदेव पालक संहर्ता ।।

जय गंगाधर जय अहि भूषण । विगत विकार रहित सब दूषण ।।

जगदगुरु जय जगत विभूषण । धारत सरिस सुता गिरि भूषण ।।

जयति दयाकर सर्वस दाता  । समरथ सदा दीन हित राता   ।।

वेद पुराण जगत यश जागै । संतोष भगति रघुपति की मागै ।। 

          भगत कामतरु करुणाधाम काशीनाथ विश्वम्भरं ।
          दीनानाथ धरु मम सिर हाथ पाहि शंकर उमा वरं  ।।
                       (२)

जय गिरिजापति जय अविनाशी । राजत रुचिरपुरी हरि काशी ।।
बसत हिमालय गिरि कैलाशा ।  शिखर रम्य पुरवत सब आशा ।।
 सोहत सिर पावन सरि गंगा । गरल कंठ अरु धरे भुजंगा ।।
 भाल चन्द्रमा सुंदर सोहै ।  रूप अनूप जगत मन मोहै ।।
 कर डमरू त्रिशूल विराजै । आभा वदन कोटि रवि लाजै ।।   
भगत कामतरु सब जग जानै । दनुज-मनुज सुर मुनि सब मानै ।।
शारद-शेष निगम गुन गावत । अमित अपार थाह कोउ पावत ।।
दीनदयाल पुकारे आरत । सकल काज दीनन के सारत ।।
 दानि शिरोमनि वेद बखानै । औढरदानि सबहिं सनमानैं ।।
 राम भक्ति के प्रभु तुम दाता । जगतपूज्य जग के पितु-माता ।। 
 बेलपत्र, जल, भाँग, धतूरे । इन्हते कौन कामना पूरे ।।
तुम सम तुम प्रभु सत्य प्रशंसा । राम भगति सर मानस हंसा ।।
 अगम अगोचर तुम भगवंता । मम मति थोरि न जानहिं  संता ।।
 दीन संतोष विमल यश गावै । राम चरन अविरल रति पावै ।।  






।। जय श्रीउमामहेश्वर ।।



______________________________________________


शनिवार, 28 मार्च 2015

अवध में राम जाये

 महाराज मनु और उनकी पत्नी शतरूपा जी भगवान के दर्शन के लिए तपस्या कर रहे थे । व्रह्मा जी, विष्णु जी व शंकर जी अनेक बार उनके पास आये और अच्छे-अच्छे वरदान देकर उन्हें लुभाना चाहा । लेकिन वे टस से मस नहीं हुए ।  क्योंकि वे उन भगवान का दर्शन करना चाहते थे जिनके अंश मात्र से अनेको व्रह्माजी, विष्णुजी और शंकर जी   प्रकट हो जाते हैं । 


   उन लोगों के शरीर में हड्डियों का ढाँचा ही शेष बचा था । लेकिन उनका मन नहीं डिगा । वे लोभ में नहीं आये । उन्होंने कोई वरदान नहीं माँगा । तब आकाशवाणी हुई कि वरदान माँगिये, जिसके कान में पड़ते ही उनका शरीर हष्टपुष्ट हो गया ।    तब मनु और शतरूपा जी बड़े प्रेम से दंडवत करके बोले कि हे भगवान आप तो अपने सेवकों के लिए कामधेनु के समान हैं और व्रह्माजी , विष्णुजी और शंकर जी से भी वंदनीय हैं ।     आप सहज सेव्य हैं । सभी सुखों को देने वाले हैं । शरण में आये हुए शरणागत  का पालन करने वाले हैं । चर और अचर सबके स्वामी हैं । अनाथ का हित करने वाले हैं । यदि आप का  हम पर प्रेम है तो प्रसन्नतापूर्वक हमें यह   वरदान दीजिए कि आपका जो स्वरूप श्रीशंकरजी के मन में बसता है, जिसके लिए मुनि जन अनेकों यत्न करते रहते हैं । जो भुसिंड जी के मन रुपी मानसरोवर का हसं है और जो सगुण और निगुर्ण दोनों रूपों में वेदों द्वारा प्रशंसित हैं,  उसे जी भर कर देखने का हमें अवसर मिले । शरणागतों के दुखों को मिटाने वाले भगवन ! हम पर ऐसी कृपा कीजिए ।


   उनके ऐसे प्रेम से भरे हुए मधुर और विनीत बचनों को सुनकर भक्तवत्सल, करुणा के सागर समस्त विश्व के आदि कारण जगत के स्वामी भगवान अति प्रशन्न हुए और प्रगट हो गए ।


   भगवान का चरण नीले कमल के समान था । हृदय नील मणि के समान था । और मुँख जल युक्त नीले बादल जैसा था । उनकी शोभा अनेकों कामदेवों को लजाने वाली थी । उनकी शोभा बहुत ही अनुपम थी जिसका पूरा वर्णन कठिन है ।


भगवान के सुंदर हाथ हाथी के सूंड के समान मजबूत और लंबे थे । कमर में तर्कस बंधा था और एक हाथ में बाण और दूसरे में धनुष धारण किए हुए थे । भगवान के साथ में आदि शक्ति जगत की मूलभूता देवी जिनके अंश मात्र से सभी गुण की खानि, अगणित लक्ष्मी जी, पार्वती जी और व्रह्माणी जी प्रकट हो जाती हैं, शोभायमान थीं । जिनके भृकुटी के हिलने मात्र से यह संसार अस्तित्व में आ जाता है । यही सीता देवी भगवान राम के वाम भाग में विराजमान थीं  ।


  मनु और शतरूपा जी छवि के समुद्र के समान भगवान राम के अनुपम रूप को देखकर अपने पलकों को रोकर आदर सहित निहारते जा रहे थे और उन्हें तृप्ति नहीं मिल रही थी । वे दोनों लोग इतने हर्षित थे के उन्हें अपने देंह की सुधि ही न रही । उनका मन राम छवि रुपी समुद्र में समाता जा रहा था तो देंह की सुधि कैसे रहती ? और वे भगवान का चरण पकड़कर दंड के समान लेट गए । तब भगवान ने उनके सिर पर अपने कमल कर को फेरा और उन्हें उठा लिया और कृपा के भंडार रामजी बोले कि मुझे अति प्रसन्न जानकर और सहज दानी समझकर जो आपको अच्छा लगे वही वरदान माँग लीजिए ।

  
  मनु और शातुरूपा जी भगवान को पुत्र रूप में प्राप्त करना चाहते थे । लेकिन उन्हें संकोच और संशय हो रहा था । संकोच इस बात का कि जो सबके पिता हैं, सारे संसार के पिता है उनसे उनका पिता बनने की बात कैसे कहूँ । और संशय इस बात का कि जिनकी इतनी प्रभुता है जो सारे संसार के वंदनीय है, सारे संसार के आदि कारण हैं, श्रीव्रह्मा जी, श्रीविष्णु जी और श्रीशंकर जी के भी पिता हैं । पिताओं के भी पिता हैं । क्या वे मेरा पुत्र बनना स्वीकार करेंगे ? क्या ऐसा वरदान दे देंगे कि मैं आपका पुत्र बनूँगा ?


  जब भगवान ने विश्वास दिलाया और संकोच त्याग कर जो भी इच्छा हो माँगने को कहा और बताया कि अपने भक्तों के लिए मुझे कुछ भी अदेय नहीं है तब मनुजी ने कहा कि आपके समान पुत्र प्राप्त करने की इच्छा है । इस पर भगवान ने कहा कि समय आने पर जब आप अयोध्या के राजा बनेंगे तो मैं स्वयं आपका पुत्र बनूँगा ।


    आगे चलकर त्रेता में मनु जी राजा दशरथ और शतुरूपा जी महारानी कौशल्या बनीं । समय बीतता गया । धीरे-धीरे वह पावन दिन आ गया । चैत्र का महीना था । नवमी तिथि थी । शुक्ल पक्ष था । मंगलवार का दिन था । अभिजित मुहूर्त था और सारे ग्रह मंगल भाव में स्थिति थे । दशों दिशाएं खुशहाल थीं । सारे वन, वृक्ष फूल गए थे । फल आ गए थे । शीतल हवा चल रही थी । न ही अधिक सर्दी थी और न ही अधिक गर्मी । नदियों में निर्मल व शीतल जल बह रहा था । देवी-देवता आकाश में छाए पुष्प वर्षा कर रहे थे और मध्य दिवस में विषमता के मिटाने वाले, समता लाने वाले, दीन-मलीनों को गले से लगाने वाले, पतितों को पावन करने वाले, सबकी सुनने वालें, सदा एक रस रहने वाले, भक्तों को दिनों-दिन बढ़ाने वाले, करुणा, दया, क्षमा, शील, शोभा, सरलता, विन्रमता, बल, वीरता, प्रभुता, नियम, संयम, व्रत, धर्म  धीरज और मर्यादा आदि की सीमा मेरे स्वामी दीनबन्धु रघुकुलतिलक श्रीराम जी  प्रगट हुए ।


   राजा दशरथ, रानियों, पुर बासियों, सुर-मुनि सबके आनंद की सीमा न रही  । सारी प्रकृति ही आनंद में डूब गई और श्रीराम जन्मोत्सव मनाया जाने लगा-

      

नौमी तिथि मधुमास पक्षदो, मध्य दिवस शुभ छाये अवध में राम जाये ।

सब कोउ हर्षै सुमन नभ बरसै, मंगल मोद बधाए अवध में राम जाये ।

तिहु पुर साजे बाजने बाजे, धन मन चीर लुटाये अवध में राम जाये ।

सुर मुनि नारद शेष व शारद, फूले नहीं समाएं अवध में राम जाये ।

सब कोउ नाचै गुनगन बाचै, सुचि सुखधाम सुहाये अवध में राम जाये ।

देखत शोभा मुनि मन लोभा, कोटिक काम लजाये अवध में राम जाये ।

दशरथ रानी पुर नर नारी, सब आनंद समाये अवध में राम जाये ।

भरत लखन सोहत रिपुसूदन, राघव सम को आये अवध में राम जाये । 

संतोष महोत्सव घर-घर उत्सव कहत परम सुख पाये अवध में राम जाये ।



।। जय सियाराम ।।

_____________________________________________


शनिवार, 8 नवंबर 2014

एक से अधिक भगवान की जरूरत: गुण और स्वभाव की भिन्नता

सनातन हिंदू धर्म का एक मूल सिद्धांत विविधता में एकता का है । एकरूपता का है । सनातन-हिंदू धर्म में भगवान के कई रूप हैं । भगवान विविध रूपों में हैं । कई भगवान हैं । फिर भी मूलतः सब एक ही हैं । लेकिन एक होने के बावजूद भगवान के भिन्न-भिन्न रूप में गुण और स्वभाव में भिन्नता होती है । जैसे त्रिदेवों को लीजिए तो श्रीविष्णु जी, श्री व्रह्मा जी और श्री शंकर जी के रूप, गुण और स्वभाव में काफी भिन्नता है । लेकिन मूलतः सब एक हैं ।



   वेद, पुराण, शास्त्र, रामायण और संत-भक्त कहते हैं कि भगवान राम जैसा कोई देवता नहीं है । इनके जैसा गुण और स्वभाव रखने वाला कोई नहीं है । भगवान राम जैसा स्वभाव सिर्फ राम जी का ही है । ऐसा स्वभाव न विष्णु जी का है, न श्रीकृष्ण जी का है, न शंकर जी का है और न ही किसी अन्य देवता का । भगवान राम को लोग उनके स्वभाव से जानते और पहचानते हैं । राम जी जैसा गुण और स्वभाव किसी के पास नहीं है । इतनी भिन्नता के बावजूद एकरूपता कैसे है ?



  भगवान के रूप, गुण और स्वभाव की भिन्नता को समझने के लिए आधुनिक विज्ञान की जरूरत है । आधुनिक विज्ञान के अनुसार पदार्थ कम से कम तीन अवस्थाओं में रह सकता है । इसकी और अवस्थाएं भी हो सकती हैं जैसे-प्लाज्मा । हम उदाहरण के लिए जल को लेते हैं । जल से कौन परिचित नहीं हैं । जल ही जीवन है । जीव की उत्पप्ति सबसे पहले जल में हुई, विज्ञान भी कहता है और सनातन धर्म के अनुसार भी ऐसा ही है ।




  जल शीतलता और तरलता लिए हुए होता है । यदि जल के ताप को घटाएं तो यह वर्फ और बढ़ाएँ तो वाष्प बन जाता है । एक ही चीज भिन्न-भिन्न रूप ले लेती है । देखने वाली बात यह है कि जल से वर्फ और वर्फ से जल बन जाता है । इसी तरह वाष्प भी । मतलब सब एक दूसरे में परिवर्तनीय हैं । और मूलतः एक हैं । इसके बावजूद अलग-अलग रूप में गुण व स्वभाव में भिन्नता है । जैसे जल में तरलता है तो वर्फ में नहीं । वाष्प में दाहकता (ताप) की अधिकता होती है और वर्फ में अतिशीतलता होती है । आदि । जबकि जल, वाष्प और वर्फ सब मूल रूप में एक ही हैं ।



  ठीक इसी तरह भगवान के कई रूप हैं । फिर भी मूलतः सब एक हैं । लेकिन रूप व स्वरूप की विविधता के साथ गुण और स्वभाव में भी विविधता होती है । और क्रियाशीलता में भी विविधता आ जाती है । इसलिए ही एक से अधिक भगवान की जरूरत होती है । जैसा कार्य करना होता है, उसी के अनुसार रूप, गुण और स्वभाव स्वीकार करके भगवान अपना नया रूप बना लेते हैं । हर कोई अपने-अपने गुण और स्वभाव के अनुसार ही तो कार्य और व्यवहार करता है ।



  सनातन धर्म में भगवान राम का स्वभाव और गुण बहुत ही विशिष्टता लिए हुए है । ऐसा गुण और स्वभाव न किसी देवता और भगवान का है और  न ही हो ही सकता है । इसलिए ही तो कहते है कि-


अस स्वभाव कहुँ सुनहुँ न देखहुँ । केहिं खगेश रघुपति सम लेखहुँ ।।

उमा राम स्वभाव जेहिं जाना । ताहिं भजन तजि भाव न आना ।।



।। जय सियाराम ।।



  

__________________________________________________________________

शनिवार, 13 सितंबर 2014

भगवान की समदर्शिता

सदग्रंथ और संत कहते हैं कि भगवान समदर्शी हैं । अर्थात भगवान भेदभाव नहीं करते । वहीं दूसरी ओर भगवान भगवत कथाओं और लीलाओं में देवताओं की मदद करते देखे जाते हैं । ऐसे में लगता है कि भगवान देवताओं का पक्ष लेते हैं और राक्षसों के विपक्ष में रहते  हैं ।


 
    लेकिन ऐसा नहीं है । क्योंकि भगवान केवल और केवल सत्य, न्याय और धर्म का पक्ष लेते हैं । जहाँ धर्म होगा, न्याय होगा और सत्य होगा, भगवान उसी पक्ष में रहेंगे । चाहे वह पक्ष देवता का हो और चाहे राक्षस का ।



   मान लीजिए किसी माता-पिता के दो संतान हैं । और वे दोनों से बराबर प्रेम करते हैं । यदि इनमें से पहला कोई गलती करता है और माता-पिता दूसरे का समर्थन करते हैं तो इसका मतलब यह तो नहीं है कि माता-पिता पक्षपात करते हैं । सही व्यक्ति का समर्थन पक्षपात कैसे हो सकता है ?


  
   वहीं दूसरी ओर देवता भगवान को अपना स्वामी मानते हैं और कोई कष्ट पड़ने पर भगवान को पुकारते हैं । जबकि राक्षस अपने को ही भगवान मान बैठते हैं और भगवान को कभी नहीं पुकारते । भगवान सबकी पुकार सुनते हैं । यहाँ तक एक चीटी की भी । और पुकारने वाले के पास भगवान जाते हैं और न पुकारने वाले के पास होकर भी नहीं जाते । इससे भगवान देवताओं की मदद करते हुए देखे जाते हैं । इससे भी समदर्शिता भंग नहीं होती ।



   यही हाल भक्त और अभक्त का भी होता है । भगवान अपने भक्तों की मदद करते हैं । क्योंकि भक्त भगवान को सब कुछ मानते हैं और उन्हें बुलाते हैं । पुकारते हैं । भक्त भगवान को कर्ता मानते हैं । लेकिन अभक्त नहीं पुकारते । अभक्त अपने आप को ही कर्ता मानते हैं । पुकारने वाले की मदद करना और न पुकारने वाले की मदद न करना समदर्शिता को भंग नहीं करता । भगवान की मदद सत्य, न्याय और धर्म पर चलने वाले को ही मिलती है । और भक्त इन रास्तों से चलकर ही भगवान को प्राप्त कर सकते हैं ।



  जो भगवान को पुकारेगा और धर्म पर चलेगा भगवान उसकी जरूर सुनेगें चाहे वह राक्षस कुल में जन्मे प्रहलाद और विभीषण ही क्यों न हों ।



।। जय सियाराम ।।

  


_________________________________________________

लोकप्रिय पोस्ट

कुछ पुरानी पोस्ट

चित करो राम कहे ग्रंथन की । कीजे लाज विरद अरु पन की ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

चित करो राम कहे ग्रंथन की । कीजे लाज विरद अरु पन की ।।

सुर मुनि साधु कहे गुनगन की । हारत भीर सदा दीनन की ।।

कूर कपूत सकल दुर्जन की । नहिं गति और छाँड़ि चरनन की ।।

सरन राम पद सब असरन की । सादर बाँह गहत निबरन की ।।

सार संभार राम दीनन की । करत सदा जोगवत जन मन की ।।

सुनत राम सबबिधि हीनन की । कोल किरात आदि बनरन की ।।

बिगत सकल गुन जदपि सुजन की । राखो लाज नाथ अब जन की ।।

दीन संतोष नहीं तन मन की । जप तप बल नहिं और जतन की ।।

मोरे आश राम चितवन की । पतितपावन अरु शील सदन की ।।

______________________________


।। जय रघुवर जय राम धनुर्धर ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

जय रघुवर जय राम धनुर्धर । सुंदर श्याम सुशील सियावर ।।

मंगल मूरति रूप मनोहर । सोहत सुंदर शारंग कर सर ।।

मंजु मराल बसत जन उर सर । मोहत साधु संत बिधि हरि हर ।।

चरण कमल जन मुनि मन मधुकर । तारन तरन होत चिंतन कर ।।

भरत लखन कपि आदिक अनुचर । सीताराम रूप सचराचर ।।

अगुन सगुन अज अमित अगोचर । अजर अमर सुखनिधि परमेश्वर ।।

ज्ञान विज्ञान सकल सदगुन घर । दीनदयाल प्रनत हित तत्पर ।।

पुरुष पुराण अनूप भूपवर । माया मानुष सोहत नरवर ।।

बानर भालु आदि बहु बनचर । दीनबंधु राखे सब निज कर ।।

दीन संतोष बसहु उर अंतर । परम उदार दीन आरति हर ।।

______________________________


आरती कीजे श्रीराम लला की पूण निपुण धनुवेद कला की

इस ब्लॉग पर मार्च २०१५ में प्रकाशित और मेरे द्वार रचित इस आरती को बिना कोई संदर्भ दिए अनेकों लोगों ने अपने ब्लॉग / वेब पेज पर प्रकाशित कर लिया है । और रचनाकार का नाम भी नहीं दिया है । इसमें आरती चालीसा आदि जैसी वेबसाइटें और देश के कई प्रमुख समाचार और टीवी चैनेल भी शामिल हैं । आरती संग्रह और आस्था संग्रह नामक वेबसाइट पर आरती को पारम्परिक और रचनाकार को अज्ञात बता दिया गया था । संस्कार टीवी ने भी गीत/Lyrics को परंपरागत बताकर अपने गायकों से आरती को गवाकर अपने यूट्यूब, फेसबुक और ऑफिसियल वेबसाइट आदि पर विडियों को प्रसारित कर दिया है ।

।। गोस्वामी तुलसीदास जी का संदेश ।।

हे मनुष्यों भटकना छोड़ दीजिए । तरह-तरह के कर्म, अधर्म और नाना मतों को त्याग दीजिए । क्योंकि ये सब केवल शोक और कष्ट देने वाले हैं । इनसे शोक दूर होने के बजाय और बढ़ता ही है । जीवन में ठीक से सुख-चैन नहीं मिलता और परलोक में भी शांति नहीं मिलती । इसलिए विश्वास करके भगवान श्रीराम जी के चरण कमलों से अनुराग कीजिए । इससे तुम्हारे सारे कष्ट अपने आप दूर हो जाएंगे-

“नर बिबिध कर्म अधर्म बहु मत सोकप्रद सब त्यागहू ।

बिस्वास करि कह दास तुलसी राम पद अनुरागुहू” ।।

राम जी का ही सुमिरन कीजिए । राम जी की ही यश गाथा को गाइए और हमेशा राम जी के ही गुण समूहों को सुनते रहिए-

“रामहिं सुमिरिए गाइए रामहिं । संतत सुनिए राम गुनग्रामहिं” ।।

।।जय सियाराम ।।

___________________________________________

विज्ञान का बीज

संसार में हर चीज का बीज (मूल कारण ) होता है । अर्थात संसार और सांसारिक चीजों का कोई न कोई उदगम होता है । सबका बीज से ही उत्पत्ति और आगे विकास होता है । विज्ञान का बीज मतलब मूल कारण क्या है ? विज्ञान का बीज कहाँ से आया ? विज्ञान का बीज किसने बनाया ? विज्ञान का बीज किसने दिया ? यह एक बहुत ही विचारणीय प्रश्न है । यहाँ पर हम लोग देंखेगे कि विज्ञान का बीज तो भगवान द्वारा ही इस संसार को उपलब्ध कराया गया है ।

बहुत से लोग समझते हैं कि विज्ञान और अध्यात्म एक दूसरे के विरोधी हैं । लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है । इस बात को समझने के लिए सनातन धर्म के साथ-साथ आधुनिक विज्ञान का अध्ययन जरूरी है । आधुनिक विज्ञान की वैसे तो बहुत सी शाखाएँ हैं । परंतु इनमें से भौतिक विज्ञान यानी Physics ही ऐसा है जो व्रह्मांड के उत्पत्ति और संरचना की अध्ययन करता है । भौतिकी कि दो शाखाएँ बहुत ही महत्वपूर्ण हैं । इनमे से एक जनरल रिलेटिविटी (General Relativity) और दूसरी क्वांटम मेकेनिक्स (Quantum Mechanics) है ।

गणित को आधुनिक विज्ञान की माता कहा जाता है । गणित का हम लोगों के जीवन और विज्ञान के विकास में बहुत ही महत्वपूर्ण रोल है । इस बात को हमारे ऋषि-मुनि भी जानते थे । अधिक जानकारी के लिए इस ब्लॉग के ‘गणित और व्रह्मांड’ लेख को पढ़ सकते हैं । आधुनिक गणित (Modern Mathematics) समुन्द्र के समान विस्तृत है । फिर भी समुच्चय सिद्धांत (Set Theory), संख्या सिद्धांत (Number Theory), फलन और तर्क सिद्धांत (Theory of Functions and Logic), आंशिक और साधारण अवकल समीकरण (Partial and Ordinary Differential Equations) और बीजगणित तथा आधुनिक बीजगणित (Algebra and Modern Algebra) आदि बहुत ही उपयोगी शाखाएँ हैं ।

गणित के अभाव में आधुनिक विज्ञान (Modern Science) और टेक्नोलोजी (Technology) की कल्पना ही नहीं की जा सकती । गणित को विद्वान और वैज्ञानिक विज्ञान की माता कहते हैं । लेकिन गणित की माता कौन है ? गणित की उत्पत्ति का मूल कारण क्या है । गॉस (Gauss) नाम के एक बहुत बड़े गणितज्ञ हुए हैं । गॉस ने कहा था कि गणित विज्ञान की माता है और संख्या सिद्धांत गणित की माता है । अब प्रश्न यह है कि संख्या सिद्धांत का मूल क्या है ? गणितज्ञ संख्या सिद्धांत का मूल प्राकृतिक संख्याओं (Natural Numbers) को बताते हैं । इंही से अन्य संख्याओं का विकास और संख्या सिद्धांत का विकास और फिर विज्ञान का विकास हुआ है । इस बात को वैज्ञानिक और गणितज्ञ जानते हैं ।

जो चीज प्राकृतिक होती है, उस पर सबका बराबर अधिकार होता है । जैसे हवा, गंगा जल आदि । ठीक इसीप्रकार से प्राकृतिक संख्याओं पर केवल पढ़े लिखे मनुष्यों का ही अधिकार नहीं है । इस पर अनपढ़ लोगों का तथा साथ ही पशु-पक्षियों का भी अधिकार है । एक, दो, तीन आदि का किसे पता नहीं है । सब लोग गणना में इनका इस्तेमाल करते हैं ।

पशु-पक्षियों के पास भी गणना की योग्यता होती है । उदाहरण के लिए मान लीजिए एक बृक्ष पर किसी चिड़िया का घोसला है । मान लीजिए उसमें दस बच्चे हैं । अब यदि चिड़ियाँ के अनुपस्थिति में कोई एक बच्चे को गायब कर दे तो वापस आने पर चिड़ियाँ अशांत हो जाती है । इधर-उधर, आस-पास मँडराने और चिल्लाने लगती है । जबकि उसके सभी बच्चे एक जैसे होते हैं । फिर भी उसे पता चल जाता है कि एक बच्चा गायब हो गया है । चिड़ियाँ को एक दो लिखना या बोलना नहीं आता । लेकिन प्रकृति प्रदत्त गणना की योग्यता से उसे इसका भान होता है ।

अब प्रश्न यह है कि प्राकृतिक संख्याओं का मूल क्या है ? जैसा कि नाम से भी स्पष्ट है । इसका मूल प्रकृति है । भगवान हैं । इस बात को क्रोंकर (Kronecker) नामक गणितज्ञ ने इस प्रकार कहा है- ‘Natural numbers are God given bricks’. अर्थात ये ईश्वर की दी हुई इंटें हैं ।

जिस प्रकार ईंट से भवन का निर्माण हो जाता है । इसी प्रकार से प्राकृतिक संख्या रुपी ईंटों से संख्या सिद्धांत रुपी भवन खड़ा किया गया । इस प्रकार से गणित की माता का जन्म हुआ । जिससे गणित बनी । फिर गणित के बाद गणित से आज का विज्ञान बना । इस प्रकार हम देखते हैं कि विज्ञान का बीज तो राम जी के द्वारा ही इस संसार को मिला है । गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज ने भी कहा है-

‘धरम तड़ाग ज्ञान विज्ञाना । ए पंकज विकसे बिधि नाना’ ।।

।। जय श्रीसीताराम ।।

_________________________________________

प्रार्थना

हे राम प्रभू मेरे भगवान । दीन सहायक दयानिधान ।।

तुम सम तुम प्रभु नहि को आन । गाये जग तेरा गुनगान ।।

तुमको सम प्रभु मान अमान । औरों को देते तुम मान ।।

धारण करते हो धनु वान । रखते हो निज जन की आन ।।

जग पालक जग के तुम जान । तुम ही ज्ञान और विज्ञान ।।

तुम सम नहि कोउ महिमावान । शिव अज नारद करें बखान ।।

वेद सके भी नहि पहिचान । जानूँ मैं क्या अति अज्ञान ।।

सरल सबल तुम सब गुनखान । दया करो हमको जन जान ।।

दूर करो अवगुन अभिमान । विद्यानिधि दो निर्मल ज्ञान ।।

छूटे नहि प्रभु तेरा ध्यान । संतोष शरन राखो भगवान ।।

।। जय सियाराम ।।

_________________________________

राम नाम मंगलमूल दूर करे सब सूल

राम नाम मंगलमूल दूर करे सब सूल ।

तू भूले जग को जग भूले तुझको राम नाम मत भूल ।।

रामनाम में रमों राम भजे होए जग अनुकूल ।

सारा जग बेसार राम नाम ही सार मद बस मत झूल ।।

जग जाल कब काल जाना है मत फूल ।

बिषयरस सुखतूल नाम रस सुख मूल संतोष जान मत भूल ।।

____________________________________________

भगवान की तलाश

___________________________________

सदग्रंथ, सुसंत और भक्त कहते हैं कि भगवान सर्वब्यापी हैं । घट-घट वासी हैं । कण-कण में भगवान हैं । फिर भी भगवान नहीं मिलते । क्यों ?

जैसे ग्रंथों में अपार ग्यान का भंडार भरा है । और ग्रन्थ सब जगह उपलब्ध भी हैं । फिर भी वह ज्ञान सहज प्राप्त नहीं है । न ही ज्ञान ग्रन्थ (जिसमें ज्ञान भरा है ) के अवलोकन से और न ही स्पर्श से प्राप्त होता है । और तो और ज्ञान ग्रंथों को पढ़ डालने से भी प्राप्त नहीं होता । ठीक ऐसे ही कण-कण में भगवान हैं और न ही दिखते हैं और न ही प्राप्त होते हैं ।

जैसे ग्रंथों से ज्ञान प्राप्त करने के लिए साधना, ध्यान, चिंतन-मनन, प्रेम और विश्वास चाहिए । ठीक ऐसे ही कण-कण रुपी ग्रन्थ में बसे ज्ञान रुपी भगवान को प्राप्त करने के लिए साधना, ध्यान, चिंतन-मनन, प्रेम और विश्वास चाहिए । मालुम हो सबको ज्ञान प्राप्त नहीं होता । ठीक ऐसे ही सबको भगवान प्राप्त नहीं होते ।

यह भी ध्यान देने योग्य है कि ग्रंथों से ज्ञान प्राप्त कर लेना तो आसान है लेकिन कण-कण में बसे भगवान को प्राप्त करना आसान नहीं है ।

लोग भगवान को खोजते हैं । भगवान को जानना, पाना अथवा देखना चाहते हैं । और भगवान स्वयं भक्त खोजते रहते हैं । लोग भगवान को तलाशते हैं और भगवान लोगों को । सच्चे भक्त की तलाश उन्हें हमेशा रहती है । सच्चे भक्त को भगवान को तलाशने की आवश्यकता ही नहीं रहती । भगवान स्वयं आकर मिलते हैं ।

कोई कितना ही बड़ा, संत, ज्ञानी अथवा विद्वान क्यों न हो, यदि उसमें भक्ति नहीं है, तो उसे भगवान कदापि नहीं मिलेंगे । वहीं दूसरी ओर कोई कितना भी छोटा अथवा मूर्ख ही क्यों न हो, यदि उसमें भक्ति है, तो उसे भगवान मिल जायेंगे ।

सारा संसार भगवान को प्रिय है । लेकिन भक्त सबसे प्रिय है । भगवान केवल सच्चे भक्त को मिलते हैं । और किसी को नहीं ।

भगवान को यहाँ-वहाँ, चाहे जहाँ तलाशो, पूजा-पाठ करो, प्रवचन करो अथवा सुनों अर्थात चाहे जो साधन अथवा साधना करो भगवान मिलने वाले नहीं । भगवान प्रेम और भक्ति से ही द्रवित होते हैं ।

भगवान को ढकोसला और बनावट बिल्कुल रास नहीं आती, रास आती है तो सरलता, मन की निर्मलता ।

भगवन तो मिलना चाहते हैं, प्रकट होना चाहते हैं । इसके लिए वे बेताब रहते हैं । लेकिन मिलें तो किससे ? किसके सामने प्रकट हों ? उन्हें योग्य अधिकारी चाहिए ? अनाधिकारी को कुछ भी देना पाप-अधर्म होता है । भगवान अनघ और धर्म स्वरूप-धर्म धुरंधर हैं, तो वे पाप या अधर्म कैसे करें ?

कण-कण के वासी भगवान को प्रकट करने के लिए प्रहलाद जैसा प्रेमी भक्त चाहिए । गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज प्रहलाद जी के प्रेम की सराहना करते हुए कहते हैं कि-

“प्रेम बदौं प्रहलादहि को जिन पाहन से प्रमेश्वरू काढ़े” ।

___________________________________

भगवान को प्राप्त करने का सरलतम तरीका

___________________________________

भगवान को प्राप्त करना बहुत ही सरल है । कहीं जाने की या दर-दर ठोकर खाने की भी जरूरत नहीं है । कई काम भी नहीं करना हैं । केवल और केवल एक काम करना हैं । और भगवान घर बैठे प्राप्त हो जायेंगे ।

जैसे कोई रोग हो जाए तो जितने डॉक्टर के पास जाओ उतनी ही तरह-तरह की दवाएं और हिदायतें दी जाती हैं । वैसे ही भगवान को प्राप्त करने के नाना तरीके हैं । और लोग बताते भी रहते हैं । लेकिन हम सिर्फ एक सरलतम तरीका बता रहे हैं ।

भगवान छल-कपट से और छल-कपट करने वालों से बहुत दूर रहते हैं । और छल-कपट रहित निर्मल मन वालों के बहुत पास रहते हैं । श्रीराम जी कहते हैं कि निर्मल मन वाले ही हमें पा सकते हैं । दूसरे नहीं ।

बिना मन निर्मल किये ही हम तीर्थों के चक्कर लगाते फिरते हैं । साधु-महात्माओं के दर्शन और आशीर्वाद लेते रहते हैं । प्रवचन सुनते रहते हैं । मंदिर जाया करते हैं । घर में भी पूजा-पाठ करते रहते हैं । यथा-शक्ति दान-दक्षिणा भी देते रहते हैं । व्रत-उपवास भी करते रहते हैं । लेकिन भगवान नहीं मिलते । क्योंकि हमारे पास निर्मल मन नहीं है ।

यही सबसे बड़ी समस्या है । हम सब भगवान को तो पाना चाहते हैं । लेकिन बिना मन निर्मल किये । जो कि सम्भव नहीं है । अपना मन ही निर्मल नहीं है । तो भगवान कैसे मिलें ?

अपना प्रतिबिम्ब भी देखना हो तो निर्मल यानी साफ-सुथरा दर्पण की आवश्यकता होती है । यदि दर्पण साफ-सुथरा न हो तो खुद अपना प्रतिबिम्ब भी नहीं दिखाई पड़ता । तब गंदे मन रुपी दर्पण से भगवान कहाँ दिखेंगे ? यदि दर्पण में अपनी छवि बसानी यानी देखनी है तो दर्पण को स्वच्छ करना ही होगा । ठीक ऐसे ही मन में श्रीराम को बसाने के लिए मन स्वच्छ करना ही पड़ेगा ।

दर्पण स्वच्छ हो तो कुछ करना थोड़े पड़ता है । जैसे दर्पण के सामने गए प्रतिबिम्ब उसमें आ गया । भगवान तो हर जगह हैं । कण-कण में हैं । कहीं जाना भी नहीं है । हम हमेशा भगवान के सामने पड़ते हैं । लेकिन भगवान हमारे मन रुपी दर्पण में नहीं आते, नहीं दिखते । क्योंकि अपना मन रुपी दर्पण निर्मल नहीं है । अतः यदि हमारा मन निर्मल हो जाए तो हमें भगवान को पाने के लिए कुछ करना थोड़े पड़ेगा । भगवान खुद हमारे मन में बस जायेंगे । आ जायेंगे और हमें दिखने लगेंगे ।

भगवान को रहने के लिए जगह की कमी थोड़े है । लेकिन भक्त के मन में, हृदय में रहने का मजा ही दूसरा है । इसलिए भगवान निर्मल मन वाले को तलासते रहते हैं । जैसे कोई निर्मल मन मिला उसमें बस जाते हैं ।

अतः भगवान को पाने के लिए हमें कुछ नहीं करना है । सिर्फ हमें अपने मन को निर्मल बना लेना है । सब छोड़कर हम अगर यह काम कर ले जाएँ तो भगवान हमें मिल जाएंगे । भगवान खुद कहते हैं-

‘निर्मल मन जन सोमोहि पावा । हमहिं कपट छल छिद्र न भावा’ ।।

___________________________________

संकटमोचन मारूतनंदन

संकटमोचन मारूतनंदन हनूमान अतुलित प्रभुताई ।

महाबीर बजरंगबली प्रभु निज मुख कीन्ह बड़ाई ।।

राम सुसेवक राम प्रिय रामहु को सुखदाई ।

तुमसे तात उरिन मैं नाही कहि दीन्हेउ रघुराई ।।

बालि त्रास त्रसित सुग्रीव को राम से दिहेउ मिलाई ।

भक्त विभीषन धीरज दीन्हेउ राम कृपा समुझाई ।।

गुन बुधि विद्या के तुम सागर कृपा करि होउ सहाई ।

राम प्रभु के निकट सनेही अवसर पाइ कहउ समुझाई ।।

अब तो नाथ विलम्ब न कीजे वेगि द्रवहु सुर साई ।

अघ अवगुन खानि संतोष तो स्वामी तव चरण की आस लगाई ।।

विरद की रीति छ्मानिधि रखिए करुनाकर रघुराई ।

नाथ चरन तजि ठौर नहीं संतोष रहा अकुलाई ।।

__________________________________




रघुपति राघव जन सुखदाई

रघुपति राघव जन सुखदाई ।

आरतपाल सहजकृपाल अग जग के तू साई ।।

जग जो बड़े हुए अरु होते तुम्हरे दिए बड़ाई ।

शिव, हरि, बिधि आदिक को प्रभु दई तुम्हीं प्रभुताई ।।

घट-घट के जाननहार सुधि कियो न कोउ कराई ।

ठौर नहीं प्रभु द्रवहुँ वेगिंह कहौ कहाँ हम जाई ।।

आस पियास बुझै नहि रघुवर बिनु कृपा जल पाई ।

संतोष रखो प्रभु करुनासागर कृपा वारि पिलाई ।।

__________________________________________

।। श्रीराम चालीसा ।।

।। श्री गणेशाय नमः ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

श्रीरामचालीसा

दोहा-

तुलसिदास मानस विमल, राम नाम श्रीराम ।

पवनतनय अरु विनय पद, सादर करौं प्रनाम ।।

अविगत अलख अनादि प्रभु, जगताश्रय जगरूप ।

पद कंज रति देहु मोहि, अविरल अमल अनूप ।।

चौपाई-

जय रघुनाथ राम जग नायक । दीनबन्धु सज्जन सुखदायक ।।

प्रनतपाल सुंदर सब लायक । असरन सरन धरे धनु सायक ।।

नाम लेत मुद मंगल दायक । सरल सबल असहाय सहायक ।।

सुमुख सुलोचन अज अविनासी । संतत गिरिजा पति उर वासी ।।

अगम अगोचर जन दुखनासी । सहज सुगम अनुपम सुखरासी ।।

दया क्षमा करुना गुन सागर । पुरुष पुरान सुशील उजागर ।।

हरि हर बिधि सुर नर मुनि भावन । अघ अविवेक समूल नसावन ।।

भरत लखन रिपुहन हनुमाना । संग सिया राजत भगवाना ।।

रूप अनूप मदन मद हारी । गावत गुन सुर नर मुनि झारी ।।

सुर नर मुनि प्रभु देखि दुखारे । तजि निज धाम धरा पगु धारे ।

सुत बिनु दशरथ राय दुखारी । सुत होइ उनको कियो सुखारी ।।

मख हित मुनिवर अति दुःख पाए । दुष्टन दलि तुम यज्ञ कराए ।।

पाहन बनि मुनि गौतम नारी । सहत विपिन नाना दुःख भारी ।।

ससंकोच निज पद रज डारी । दयासिन्धु तुम कियो सुखारी ।।

सोच मगन नृप सिया सहेली । मातु सकल नर नारि नवेली ।।

सबकर सोच मिटायेउ स्वामी । भंजि चाप जय राम नमामी ।।

परशुराम बहु आँखि दिखाए । गुन गन कहि धनु देय सिधाये ।।

करि कुचाल जननी पछितानी । उनको बहुत भांति सनमानी ।

केवट नीच ताहि उर भेटा । सुर दुर्लभ सुख दै दुःख मेटा ।।

भरत भाय अति कियो बिषादा । जगत पूज भे राम प्रसादा ।।

आप गरीब अनेक निवाजे । साधु सभा ते आय बिराजे ।।

बन बन जाय साधु सनमाने । तिनके गुन गन आप बखाने ।।

नीच जयंत मोह बस आवा । जानि प्रभाव बहुत पछितावा ।।

शवरी गीध दुर्लभ गति पाए । सो गति लखि मुनिराज लजाये ।।

कपि असहाय बहुत दुःख मानी । बसत खोह तजि के रजधानी ।।

करि कपीस तेहिं निज पन पाला । जयति जयति जय दीनदयाला ।।

बानर भालू मीत बनाये । बहु उजरे प्रभु आप बसाये ।।

कोल किरात आदि बनवासी । बानर भालु यती सन्यासी ।।

सबको प्रभु कियो एक समाना । को नहि नीच रहा जग जाना ।।

कोटि भालु कपि बीच बराए । हनुमत से निज काज कराए ।।

पवनतनय गुन श्रीमुख गाये । जग बाढ़ै प्रभु आप बढ़ाए ।।

हनुमत को प्रभु दिहेउ बड़ाई । संकटमोचन नाम धराई ।।

रावण भ्रात निसाचर जाती । आवा मिलइ गुनत बहु भांती ।।

ताहिं राखि बहु बिधि हित कीन्हा । लंका अचल राज तुम दीन्हा ।।

चार पुरुषारथ मान बड़ाई । देत सदा दासन्ह सुखदाई ।।

मो सम दीन नहीं हित स्वामी । मामवलोकय अन्तरयामी ।।

रीति प्रीति युग-युग चलि आई । दीनन को प्रभु बहु प्रभुताई ।।

देत सदा तुम गहि भुज राखत । साधु सभा तिनके गुन भाखत ।।

कृपा अनुग्रह कीजिए नाथा । विनवत दास धरनि धरि माथा ।।

छमि अवगुन अतिसय कुटिलाई । राखो सरन सरन सुखदाई ।।

दोहा-

राम राम संतोष कहु भरि नयनन महु नीर ।

प्रनतपाल असरन सरन सरन देहु रघुवीर ।।

राम चालीसा नेम ते, पढ़ जो प्रेम समेंत ।

बसहिं आइ सियाराम जु, ताके हृदय निकेत ।।

।। सियावर रामचन्द्र की जय ।।

_________________________

।। श्रीराम स्तुति ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

हे राम प्रभूजी दयाभवन । तुमसा है जग में और कवन ।।१।।

सुखसागर नागर जलजनयन । गुन आगर करुना छमा अयन ।।२।।

सुखदायक लायक विपति समन । भवतारन हारन जरा मरन ।।३।।

संकोच सिंधु धुर धर्म धरन । शारंगधर टारन भार अवन ।।४।।

जग पालन कारन सिया रमन । देवों को दायक तुम्ही अमन ।।५।।

मन लाजै तुमको देखि मदन । शोभा की सीमा शील सदन ।।६।।

विश्वाश्रय रघुवर विश्वभरन । तुमको प्रभु बारंबार नमन ।।७।।

तुम बिनु प्रभु क्या यह मानुष तन । बन जावो मेरे जीवनधन ।।८।।

दुख दारिद दावन दोष दमन । तुमको ही ध्याये मेरा मन ।।९।।

प्रभुजी अवगुन अघ ओघ हरन । हो चित चकोर बिधु आप वदन ।।१०।।

नहि मालुम मुझको एक जतन । तुम बिनु को हारे दुख दोष तपन ।।११।।

कहते हैं स्वामी तव गुनगन । शरनागत राखन प्रभु का पन ।।१२।।

मेंरा उर हो प्रभु आप सदन । गहि बाँह रखो मोहि जानि के जन ।।१३।।

विनती प्रभुजी तारन तरन । मन का भी मेरे हो नियमन ।।१४।।

हे राम प्रभू मेरे भगवन । मैं चाह रहा तेरी चितवन ।।१५।।

करुनासागर संतोष सरन । है ठौर इसे बस आप चरन ।।१६।।

।। सियावर रामचंद्र की जय ।।

______________________________


श्रीहनुमान स्तुति

।। श्री हनुमते नमः ।।

जय हनुमंत जयति मतिसागर । बल विक्रम त्रैलोक उजागर ।।१।।

पवनतनय समरथ गुन आगर । जय कपीस सेवक हित नागर ।।२।।

महावीर सब सिधि निधि दायक । जय रनधीर राम गुन गायक ।।३।।

रामदूत सुंदर सब लायक । बसत हिय सिय सह रघुनायक ।।४।।

ज्ञान विज्ञान विवेक अपारा । तव गुनगन गावत जग सारा ।।५।।

रवि सुरेश तव पौरुष भारी । जानत सकल देव नर नारी ।।६।।

दानव दैत्य भूत जग जेते । डरपहिं नाम सुनावत तेते ।।७।।

छीजहिं सकल दुष्ट अधियारी । घोर निशा जिमि देखि तमारी ।।८।।

अग-जग जाल सकल जेहिं सिरिजा । मानत सकल देव हर गिरिजा ।।९।।

सेवक तासु प्रिय सुखदाई । बार-बार प्रभु कीन्हि बड़ाई ।।१०।।

कहेउ उरिन तुमसे नहि भाई । संकटमोचन नाम धराई ।।११।।

धन्य-धन्य कीरति जग छाई । शेष-महेश सके नहि गाई ।।१२।।

हरि-हर-बिधि तव भगति सराही । राम भगत तुम सम कोउ नाही ।।१३।।

राम प्रेम मूरति धरे देहीं । मिले जेहिं आप राम मिले तेहीं ।।१४।।

राम प्रभू के निकट सनेही । दीन मलीन प्रनत जन नेही ।।१५।।

अघ अवगुन छमि होउ सहाई । संतोष मिलैं जेहि श्रीरघुराई ।।१६।।

।। श्रीहनुमानजी महाराज की जय ।।

______________________

।। प्रार्थना ।।

____________________________________

।। श्रीसीतारामाभ्यां नमः ।।

राम दयामय आस निहारूँ ले अँखियों में जल ।

दीन दुखी के प्रभु तुम साथी तुमही हो संबल ।।१।।

कोमलचित है नाथ तुम्हारा तुम हो बड़े सरल ।

खोजि-खोजि के दीन उधारेउ तारेउ तुम्हीं उपल ।।२।।

जगताश्रय प्रभु जग जन रक्षक तुमसा नहीं सबल ।

मुझको भी एक बार निहारो मैं कितना निर्बल ।।३।।

दीनदयाल दया के सागर तुम ही मेरे बल ।

मेरी दीन-दशा का स्वामी हाथ तुम्हारे हल ।।४।।

राम दयानिधि दया करेंगे आज नहीं तो कल ।

मन को मैं अपने समझाऊँ होता जाय बिकल ।।५।।

करुणासागर देर न करिए अवसर जाइ निकल ।

बिना कृपा प्रभु राम हमारे मुझको सब मुश्किल ।।६।।

कृपा अनुग्रह करिए स्वामी भूलूँ न एक पल ।

संतोष चहै मन मीन हो मेरा राम चरन हो जल ।।७।।

।। सियावर रामचन्द्र की जय ।।

_____________________________________