सीतानाथ रघुनाथ पाप ताप हारी । द्रवउ रघुवंशमणि धनुष वाण धारी ।। -विनयावली ।।

एको देवो रामचन्द्रो व्रतमेकं तदर्चनम । मंत्रोअप्येकश्च तत्नाम शास्त्रं तद्ध्येव तत्स्तुतिः ।। -पद्मपुराण ।।


दीनबंधु तुहीं एक मोर गोहारी । देखउ रघुनाथ अब ओर हमारी ।। -विनयावली ।।

भगवान श्रीराम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
भगवान श्रीराम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 8 सितंबर 2024

कौशल्या दशरथ राज दुलारे

 

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

 

कौशल्या दशरथ राज दुलारे ।

चित कीजे श्रीराम हमारे ।।

मोसे दीन को कौन निहारे ।

ठौर मिले प्रभु तेरे द्वारे ।।

जब जब दीन मलीन पुकारे ।

करुणासागर राम उबारे ।।

संकट कोटिक राम निवारे ।

दीनबंधु दीनन रखवारे ।।

खोजि खोजि बहु दीन उधारे ।

खग मृग निशिचर पाहन तारे ।।

सकल भुवन गुनगन उजियारे ।

सब कुछ रघुवर हाथ तुम्हारे ।।

श्रीरघुनाथ जितावत हारे ।

तुम बिनु बिगड़ी कौन सुधारे ।।

बड़ी बेरि भई नाथ हमारे ।

जीवत देखत ओर तुम्हारे ।।

दीन संतोष के एक सहारे ।

रामभद्र मोहि बहुत बिसारे ।।

 

।। जय श्रीराम ।।

शनिवार, 7 सितंबर 2024

सीतानाथ गुनगन चित धार लीजिए

 

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।


सीतानाथ गुनगन चित धार लीजिए ।

मुझ दीन का भी बेड़ा पार कीजिए ।।

बड़े उपकारी उपकार कीजिए ।

कोटिक दीन को उबारे, उबार लीजिए ।।

अपने विरद का विस्तार कीजिए ।

बिगड़ी जन्मों की स्वामी सुधार दीजिए ।।

कोटिक दीन को उद्धारे, उद्धार कीजिए ।

पालन मेरा मेरे पालनहार कीजिए ।।

सोचविमोचन न सोच विचार कीजिए ।

सुधि मेरी मेरे राखनहार लीजिए ।।

और न बिलंब सरकार कीजिए ।

दीन संतोष अब निहार लीजिए ।।

 

।। जय श्रीराम ।।

शुक्रवार, 17 नवंबर 2023

बसौ मेरे नयनन में रघुवीर- अवध बीथिन बिच विचरत रघुवर, खेलत सरजू तीर

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

 

बसौ मेरे नयनन में रघुवीर ।

रूप अनूप मदन लखि लाजै, सुंदर श्याम शरीर ।।१।।

अंग अंग सुभग मनोहर चितवन, सुंदर धनु कर तीर ।

बालोचित पट सोहत नीके, भूषण लसत तुणीर ।।२।।

मंद मंद मुस्कान सुशोभित, नाभी रुचिर गंभीर ।

भूपति मगन मुदित सब रानी, निरखत जन मन हीर ।।३।।

चारों भ्रात सखा संग सोहत, सकल सुभग वर वीर ।

अवध बीथिन बिच विचरत रघुवर, खेलत सरजू तीर ।।४।।

सुर नर मुनि निरखत सुख पावत, मुदित सकल मतिधीर ।

दीन संतोष ओर प्रभु देखो, धारो कर मम सीर ।।५।।


।। जय रघुवीर ।।

गुरुवार, 14 सितंबर 2023

हे नाथ मेरी कब तुम सुनोगे


 हे नाथ मेरी कब तुम सुनोगे । अपने जनों में मुझे भी गिनोगे ।।


दीनों की सुनते विरद ऐसा कहती । तेरे बनाए बिगड़ी है बनती ।

अपनी ढरनि राम कब तुम ढरोगे ।। हे नाथ. ।।

 

कपि भालु राखे जेहि गुन गोसाईं । गीधादि सबरी की बिगड़ी बनाई ।

सो गुन दयानिधि कब अनुकरोगे ।। हे नाथ. ।।

 

पतितपावन तुम हो कहाते । पतितो को सुनते निज पुर बसाते ।।

सो रीति स्वामी कब अनुसरोगे ।। हे नाथ. ।।

 

दीनदयालु तुम सा न कोई । मेरी दशा नाथ तुम से न गोई । 

दयामय दया नाथ कब तुम करोगे । हे नाथ. ।।

 

दीनों के बंधू किसी को न जाना । बालपने से तुमको ही माना । 

कर कंज सिर पे कब तुम धरोगे ।। हे नाथ. ।।

 

कितने अधम को तुम हो उधारे । मोसे दीन हीनों को चुन चुन के तारे । 

मेरे नाथ मुझको कब उद्धरोगे ।। हे नाथ. ।।

 

जैसा भी है दीन संतोष तेरा । तेरे सिवा राम दूजा न मेरा । 

मेरा है तू भी कब तुम कहोगे ।। हे नाथ. ।।

 

 ।। दीनदयाल भगवान श्रीराम की जय ।। 

शुक्रवार, 23 जून 2023

राम रघुकुल के हीरा भजो रे मन रघुवीरा

 

राम रघुकुल के हीरा भजो रे मन रघुवीरा ।

रूप अनूप महा छवि सोहै, सुंदर श्याम शरीरा ।।१ भजो.।।

धनुष वाण कर सोहत नीके, कटि पट पीत तुणीरा ।भजो.।।

परम उदार विनीत सियावर, कोटि सिंधु गंभीरा ।।२ भजो.।।

साधु संत सदग्रंथ बतावत, दलत सकल जन भीरा ।भजो.।।

दीन की टेर सुनत रघुनायक, मेटत जन मन पीरा ।।३ भजो.।।

राम प्रभाव सुभाउ निरंतर, सुमिरि धरो उर धीरा ।भजो.।।

जन सुधि लेत राम करुनाकर, कहत सकल मतिधीरा ।।४ भजो.।।

आरतपाल दीन जन बंधू, द्रवउ राम रनधीरा ।भजो.।।

दीन संतोष के राम गोसाईं, सुधि लीजे वरवीरा ।।५ भजो.।।

 


।। जय श्रीराम ।।


बुधवार, 10 मई 2023

मेरी विनय राम सुनि लीजिए । मुझ दीन पे भी दया कीजिए ।।

 

मेरी विनय राम सुनि लीजिए ।

मुझ दीन पे भी दया कीजिए ।।


दीनदयाल तुम हो कहाते ।

दीनों के बंधू गुनगन बताते ।। गुन औ विरद नाथ चित कीजिए । मुझ. ।।


दीनों की सुनते हो जन ऐसा गाते ।

जन औ विरद की लाज बचाते ।। मेरी भी अब नाथ सुधि लीजिए । मुझ. ।।


कहते हैं सब जो तेरा कहाते ।

तेरा ही बल जिन्हें उनको बचाते ।। अघ दोष दुख से बचा लीजिए । मुझ. ।।


मोसे की रघुवर खुद से निभाते ।

संतोष दीनों की बिगड़ी बनाते ।। अब तक निभाए निभा दिजीये । मुझ. ।।


तुमसा सरल न तुमसा सबल है ।

मुझको नहीं कोई तेरा ही बल है ।। मेरे नाथ अब न विलंब कीजिए । मुझ. ।।

 

 

।। जय श्रीराम ।।

शनिवार, 1 अक्टूबर 2022

सूरदास रघुनाथ कृपानिधि श्रीमुख करत बड़ाई-अयोध्याजी की

भगवान श्रीराम को अयोध्याजी बहुत प्रिय हैं । श्रीसूरदास जी कहते हैं कि-

 

लंका से अयोध्या आते हुए पुष्पक विमान से ही हाथ उठाकर रामजी ने सुग्रीवजी को दिखाते हुए कहा कि कपिश्रेष्ठ देखो अयोध्या आ गई । राम जी ने कहा कि यहाँ पर सदा से सूर्य कुल के लोग निवास करते हैं ।

 

 यहाँ सुंदर सरोवर हैं । चारों ओर चौराहे हैं  और दर्पण के समान स्वच्छ धरती शोभायमान है । यहाँ सोने और मणि से बने हुए भवन हैं और पास में ही सुखदाई नदी सरयू जी हैं ।

 

 रामजी कहते हैं कि अयोध्याजी को छोड़कर मुझे दूसरा कोई नगर प्रिय नहीं है और सातों लोकों की ठकुराई भी पसंद नहीं हैं । यह अत्यंत बिचित्र और रमणीय तीर्थ धन्य है । वेद और पुराण इसकी महिमा को गाते हैं ।

 

 इस पुरी में बसने वाले लोग मुझे प्राणों से भी अधिक प्रिय हैं । इनकी स्मृति मैं कभी नहीं भूलता । सूरदासजी कहते हैं कि कृपानिधान श्रीरघुनाथजी अपने श्रीमुख से अयोध्याजी की बड़ाई करते हैं-

 

यह तजि मोहि अवर नहिं भावै, सप्त लोक ठकुराई ।

परम बिचित्र रम्य तीरथ धन वेद पुरानन गाई ।।

यह पुर बसत प्रानहु ते प्यारे, तिन करि सुरति न जाई ।

सूरदास रघुनाथ कृपानिधि श्रीमुख करत बड़ाई ।।

 

 

।। जय श्रीरघुनाथ जी की ।।

गुरुवार, 1 सितंबर 2022

चलो रे मन श्रीराम की शरन

 ।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।


चलो रे मन श्रीराम की शरन ।

सबबिधि लायक श्रीरघुनायक, आरत आरति हरन ।।१।।

अगजग नायक दीन सहायक, अघ अरु दोष दलन ।

करुणासागर विरद उजागर, सियावर शील सदन ।।२।।

दीन मलीन नहीं जग कोई, आश्रय एक चरन ।

सबबिधि हीन नहीं गुन एको, सुजस सुने श्रवन ।।३।।

शरन शबद सुनि प्रभुजी रीझत, फेरत नाहीं वदन ।

बानर भालु निसाचर राखे, दीनन भीर भवन ।।४।।

सरल स्वभाव ठकुरई न जानैं, दीनन प्रीति गहन ।

राम स्वभाव रीति उर धरिये, तजि अघ दोष डरन ।।५।।

दीन संतोष नहीं बल मोरे, जप तप आदि भजन ।

असरन सरन विरद बल जीवत, रखिए हेरि जतन ।।६।।

 

।। अशरन शरन भगवान श्रीराम की जय ।।

शनिवार, 12 फ़रवरी 2022

हनुमानजी को मंगलवार क्यों प्रिय है ?


हनुमान जी की मंगलवार को विशेष पूजा की जाती है । कई लोग मंगलवार को हनुमानजी का दिन मानते हैं । ऐसा कहा जाता है कि हनुमानजी को मंगलवार प्रिय है । कई लोग मंगलवार को सुंदरकाण्ड का पाठ भी इसीलिए करते हैं कि आज यानी मंगलवार को हनुमानजी का दिन होता है ।

 

कई लोग ऐसा मानते हैं कि हनुमानजी का जन्म मंगलवार को हुआ है । इसलिए हनुमानजी को मंगलवार प्रिय है ।

 

ग्रंथों के अनुसार दो मत हैं । एक मत के अनुसार हनुमानजी का जन्म मंगलवार को हुआ है । और दूसरे मत से हनुमानजी का जन्म शनिवार को हुआ है । जिसे यहाँ मत कहा गया है उसे कल्प भेद समझना चाहिए । अर्थात किसी कल्प में हनुमानजी का जन्म मंगलवार को और किसी कल्प में शनिवार को हुआ होगा । इसलिए मंगलवार और शनिवार दोनों दिनों की बात आती है ।


अब बात मुख्य प्रश्न की है कि हनुमानजी को मंगलवार क्यों प्रिय है ? तो इसका मुख्य कारण भगवान श्रीराम का जन्म दिन है । भगवान श्रीराम का जन्म मंगलवार को हुआ है । इसलिए हनुमानजी को मंगलवार प्रिय है ।

 

जो भक्त होते हैं, संत होते हैं उन्हें कुछ भी अपने लिए-अपने कारण से प्रिय नहीं होता है-‘सब मानयहिं राम के नाते’ । भक्तों और संतों को जो प्रिय होता है वह रामजी के नाते से ही प्रिय होता है । मंगलवार का नाता रामजी से है । मंगलवार को भगवान श्रीराम के प्रागट्य दिवस होने का गौरव प्राप्त है । यही कारण है कि हनुमानजी को मंगलवार विशेष प्रिय है।

 

 ।। जय हनुमानजी ।। 

गुरुवार, 23 दिसंबर 2021

जय हनुमान जय मंगल करता

 

।। श्रीहनुमते  नमः ।।

 

जय हनुमान जय मंगल करता ।

सुर मुनि साधु सुजन दुख हरता ।।१।।

राम चरन पंकज मन राता ।

वेद शास्त्र आदिक के ज्ञाता ।।२।।

विद्या बुधि बल ज्ञान निकेते ।

सुमिरत परम पदारथ देते ।।३।।

राम चरित सुनि अति सुख पावत ।

पुलक रोमांच नयन भरि आवत ।।४।।

अंग तीन संगीत कहावत ।

पूण निपुण रघुनाथ रिझावत ।।५।।

भारत में पारथ रथ केतू ।

राजे आइ विजय वर हेतू ।।६।।

राम काज सुर काज करैया ।

गिरि गोवर्धन द्रोण धरैया ।।७।।

वृंजमंडल पे कृपा कीन्हेउ ।

गिरि गोवर्धन सुंदर दीन्हेउ ।।८।।

दीन मलीन सदा दुख हारेउ ।

चारहुँ युग लीला विस्तारेउ ।।९।।

दीन मलीन देखि सुधि लेते ।

अचल राम पद ठाहरु देते ।।१०।।

रामदूत मोहि निपट बिसारे ।

देखत ओर तोर मन मारे ।।११।।

दीन मलीन संतोष दुखारी ।

राम चरन अरु आस तुम्हारी ।।१२।।

 

।। जय हनुमानजी ।।

 

शनिवार, 4 दिसंबर 2021

भगवान के चौबीस अवतारों में सबसे अधिक पूजा और भक्ति भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की क्यों की जाती है ?

सनातन धर्म में कलियुग के पूर्व के संतों में वाल्मीकिजी की और वेद व्यासजी की  वाणी को प्रमाण माना जाता है । और कलियुग के संतों में गोस्वामी तुलसीदास जी की वाणी को प्रमाण माना जाता है । क्योंकि भविष्य पुराण और भक्तमाल के अनुसार वाल्मीकिजी ही तुलसीदासजी हैं ।

 

  वेदों के अनुसार भगवान श्रीराम परिपूर्णतम परमात्मा है । अथर्ववेदीय श्ररामोत्तरतापनीयोपनिषद इस बात का प्रमाण है । वेद से बड़ा कोई प्रमाण सनातन ग्रंथ में नहीं होता ।  अध्यात्म रामायण, वाल्मीकि रामायण और अन्यान्य पुराणों के अनुसार भी रामजी परिपूर्णतम परमात्मा हैं ।

 

इसी तरह ग्रंथों के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण भी परिपूर्णतम परमात्मा है । 


इस प्रकार चौबीस अवतारों में केवल दो अवतार ही परिपूर्ण हैं । जैसे रामजी के लिए कहा गया है कि-'रामस्तु भगवान स्वयं' इसीतरह कृष्णजी के लिए भी कहा गया कि 'कृष्णस्तु भगवान स्वयं' । अतः रामजी और कृष्णजी स्वयं भगवान हैं । इसलिए ही इन दो स्वरूपों की सबसे अधिक पूजा और भक्ति की जाती है ।

 

एक बात और जब रामजी स्वयं भगवान हैं और कृष्णजी भी स्वयं भगवान हैं और सबने अवश्य सुना होगा कि भगवान एक हैं । इससे यह सिद्द हो जाता है कि भगवान राम और भगवान कृष्ण एक हैं । पिछले पोस्ट में यह बताया गया कि त्रेता में भगवान राम ने गोवर्धनजी को द्वापर में दर्शन देने की बात कही थी और उन्हें सात दिन तक अपनी ऊँगली पर धारण करने को कहा था  । इससे भी यह सिद्ध हो जाता है कि रामजी और कृष्णजी एक हैं । उनमें भेद नहीं है । रामजी ही कृष्णजी बनकर आए हैं । 


।।  जय श्रीराम ।।

शनिवार, 13 नवंबर 2021

एक लोक तीन नाम- साकेत, वैकुण्ठ, और गोलोक का रहस्य

सनातन धर्म के कई रहस्य ऐसे हैं जो बड़े-बड़े साधकों के समझ में भी जल्दी नहीं आते हैं । ग्रंथ पढ़ लेने से, सुन लेने से, सुना लेने से, प्रवचन कह और सुन लेने से भी नहीं आते । और कई बार तो विवाद और बढ़ जाते हैं । और कई लोग विवाद करते भी रहते हैं ।

 

ऐसे ही एक रहस्य है-साकेत, वैकुण्ठ और गोलोक का । कई लोगों के भीतर यह बात आसानी से गले के नीचे नहीं उतरेगी कि साकेत, वैकुण्ठ और गोलोक ये तीनों एक ही लोक के तीन नाम हैं ।

 

  अब रही बात कि यदि कोई रामजी को समर्पित है और वह इस योग्य हो गया है कि भगवान उसे दर्शन दें तो उसे दर्शन देने रामजी आएँगे । इसी तरह जो कृष्णजी को समर्पित है उसे कृष्णजी और जो विष्णुजी को समर्पित है उसे विष्णु जी दर्शन देने आएँगे ।


दूसरी बात मृत्युलोक में शरीर छोड़ने के बाद कौन साकेत, कौन वैकुण्ठ और कौन गोलोक वासी बनता है ? अब जब लोक एक ही है तो कौन कहाँ का वासी बनेगा ?


हाँ इतना जरूर है कि परमधाम गमन के बाद रामजी के प्रेमी एकनिष्ठ भक्त को भगवान श्रीराम के रूप में, कृष्णजी के एकनिष्ठ भक्त को श्रीकृष्ण रूप में और विष्णुजी के एकनिष्ठ भक्त को श्रीविष्णु रूप में दर्शन देते हैं ।

 

लोक एक ही है, भगवान एक ही हैं । लेकिन भाव और भावना के अनुसार वही लोक किसी को साकेत दिखता है, किसी को वैकुण्ठ दिखता है और किसी को गोलोक दिखता है-

 

जाकी रही भावना जैसी । प्रभु मूरति देखी तिन तैसी ।।

 

।। जय श्रीराम ।।

 

लोकप्रिय पोस्ट

कुछ पुरानी पोस्ट

चित करो राम कहे ग्रंथन की । कीजे लाज विरद अरु पन की ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

चित करो राम कहे ग्रंथन की । कीजे लाज विरद अरु पन की ।।

सुर मुनि साधु कहे गुनगन की । हारत भीर सदा दीनन की ।।

कूर कपूत सकल दुर्जन की । नहिं गति और छाँड़ि चरनन की ।।

सरन राम पद सब असरन की । सादर बाँह गहत निबरन की ।।

सार संभार राम दीनन की । करत सदा जोगवत जन मन की ।।

सुनत राम सबबिधि हीनन की । कोल किरात आदि बनरन की ।।

बिगत सकल गुन जदपि सुजन की । राखो लाज नाथ अब जन की ।।

दीन संतोष नहीं तन मन की । जप तप बल नहिं और जतन की ।।

मोरे आश राम चितवन की । पतितपावन अरु शील सदन की ।।

______________________________


।। जय रघुवर जय राम धनुर्धर ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

जय रघुवर जय राम धनुर्धर । सुंदर श्याम सुशील सियावर ।।

मंगल मूरति रूप मनोहर । सोहत सुंदर शारंग कर सर ।।

मंजु मराल बसत जन उर सर । मोहत साधु संत बिधि हरि हर ।।

चरण कमल जन मुनि मन मधुकर । तारन तरन होत चिंतन कर ।।

भरत लखन कपि आदिक अनुचर । सीताराम रूप सचराचर ।।

अगुन सगुन अज अमित अगोचर । अजर अमर सुखनिधि परमेश्वर ।।

ज्ञान विज्ञान सकल सदगुन घर । दीनदयाल प्रनत हित तत्पर ।।

पुरुष पुराण अनूप भूपवर । माया मानुष सोहत नरवर ।।

बानर भालु आदि बहु बनचर । दीनबंधु राखे सब निज कर ।।

दीन संतोष बसहु उर अंतर । परम उदार दीन आरति हर ।।

______________________________


आरती कीजे श्रीराम लला की पूण निपुण धनुवेद कला की

इस ब्लॉग पर मार्च २०१५ में प्रकाशित और मेरे द्वार रचित इस आरती को बिना कोई संदर्भ दिए अनेकों लोगों ने अपने ब्लॉग / वेब पेज पर प्रकाशित कर लिया है । और रचनाकार का नाम भी नहीं दिया है । इसमें आरती चालीसा आदि जैसी वेबसाइटें और देश के कई प्रमुख समाचार और टीवी चैनेल भी शामिल हैं । आरती संग्रह और आस्था संग्रह नामक वेबसाइट पर आरती को पारम्परिक और रचनाकार को अज्ञात बता दिया गया था । संस्कार टीवी ने भी गीत/Lyrics को परंपरागत बताकर अपने गायकों से आरती को गवाकर अपने यूट्यूब, फेसबुक और ऑफिसियल वेबसाइट आदि पर विडियों को प्रसारित कर दिया है ।

।। गोस्वामी तुलसीदास जी का संदेश ।।

हे मनुष्यों भटकना छोड़ दीजिए । तरह-तरह के कर्म, अधर्म और नाना मतों को त्याग दीजिए । क्योंकि ये सब केवल शोक और कष्ट देने वाले हैं । इनसे शोक दूर होने के बजाय और बढ़ता ही है । जीवन में ठीक से सुख-चैन नहीं मिलता और परलोक में भी शांति नहीं मिलती । इसलिए विश्वास करके भगवान श्रीराम जी के चरण कमलों से अनुराग कीजिए । इससे तुम्हारे सारे कष्ट अपने आप दूर हो जाएंगे-

“नर बिबिध कर्म अधर्म बहु मत सोकप्रद सब त्यागहू ।

बिस्वास करि कह दास तुलसी राम पद अनुरागुहू” ।।

राम जी का ही सुमिरन कीजिए । राम जी की ही यश गाथा को गाइए और हमेशा राम जी के ही गुण समूहों को सुनते रहिए-

“रामहिं सुमिरिए गाइए रामहिं । संतत सुनिए राम गुनग्रामहिं” ।।

।।जय सियाराम ।।

___________________________________________

विज्ञान का बीज

संसार में हर चीज का बीज (मूल कारण ) होता है । अर्थात संसार और सांसारिक चीजों का कोई न कोई उदगम होता है । सबका बीज से ही उत्पत्ति और आगे विकास होता है । विज्ञान का बीज मतलब मूल कारण क्या है ? विज्ञान का बीज कहाँ से आया ? विज्ञान का बीज किसने बनाया ? विज्ञान का बीज किसने दिया ? यह एक बहुत ही विचारणीय प्रश्न है । यहाँ पर हम लोग देंखेगे कि विज्ञान का बीज तो भगवान द्वारा ही इस संसार को उपलब्ध कराया गया है ।

बहुत से लोग समझते हैं कि विज्ञान और अध्यात्म एक दूसरे के विरोधी हैं । लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है । इस बात को समझने के लिए सनातन धर्म के साथ-साथ आधुनिक विज्ञान का अध्ययन जरूरी है । आधुनिक विज्ञान की वैसे तो बहुत सी शाखाएँ हैं । परंतु इनमें से भौतिक विज्ञान यानी Physics ही ऐसा है जो व्रह्मांड के उत्पत्ति और संरचना की अध्ययन करता है । भौतिकी कि दो शाखाएँ बहुत ही महत्वपूर्ण हैं । इनमे से एक जनरल रिलेटिविटी (General Relativity) और दूसरी क्वांटम मेकेनिक्स (Quantum Mechanics) है ।

गणित को आधुनिक विज्ञान की माता कहा जाता है । गणित का हम लोगों के जीवन और विज्ञान के विकास में बहुत ही महत्वपूर्ण रोल है । इस बात को हमारे ऋषि-मुनि भी जानते थे । अधिक जानकारी के लिए इस ब्लॉग के ‘गणित और व्रह्मांड’ लेख को पढ़ सकते हैं । आधुनिक गणित (Modern Mathematics) समुन्द्र के समान विस्तृत है । फिर भी समुच्चय सिद्धांत (Set Theory), संख्या सिद्धांत (Number Theory), फलन और तर्क सिद्धांत (Theory of Functions and Logic), आंशिक और साधारण अवकल समीकरण (Partial and Ordinary Differential Equations) और बीजगणित तथा आधुनिक बीजगणित (Algebra and Modern Algebra) आदि बहुत ही उपयोगी शाखाएँ हैं ।

गणित के अभाव में आधुनिक विज्ञान (Modern Science) और टेक्नोलोजी (Technology) की कल्पना ही नहीं की जा सकती । गणित को विद्वान और वैज्ञानिक विज्ञान की माता कहते हैं । लेकिन गणित की माता कौन है ? गणित की उत्पत्ति का मूल कारण क्या है । गॉस (Gauss) नाम के एक बहुत बड़े गणितज्ञ हुए हैं । गॉस ने कहा था कि गणित विज्ञान की माता है और संख्या सिद्धांत गणित की माता है । अब प्रश्न यह है कि संख्या सिद्धांत का मूल क्या है ? गणितज्ञ संख्या सिद्धांत का मूल प्राकृतिक संख्याओं (Natural Numbers) को बताते हैं । इंही से अन्य संख्याओं का विकास और संख्या सिद्धांत का विकास और फिर विज्ञान का विकास हुआ है । इस बात को वैज्ञानिक और गणितज्ञ जानते हैं ।

जो चीज प्राकृतिक होती है, उस पर सबका बराबर अधिकार होता है । जैसे हवा, गंगा जल आदि । ठीक इसीप्रकार से प्राकृतिक संख्याओं पर केवल पढ़े लिखे मनुष्यों का ही अधिकार नहीं है । इस पर अनपढ़ लोगों का तथा साथ ही पशु-पक्षियों का भी अधिकार है । एक, दो, तीन आदि का किसे पता नहीं है । सब लोग गणना में इनका इस्तेमाल करते हैं ।

पशु-पक्षियों के पास भी गणना की योग्यता होती है । उदाहरण के लिए मान लीजिए एक बृक्ष पर किसी चिड़िया का घोसला है । मान लीजिए उसमें दस बच्चे हैं । अब यदि चिड़ियाँ के अनुपस्थिति में कोई एक बच्चे को गायब कर दे तो वापस आने पर चिड़ियाँ अशांत हो जाती है । इधर-उधर, आस-पास मँडराने और चिल्लाने लगती है । जबकि उसके सभी बच्चे एक जैसे होते हैं । फिर भी उसे पता चल जाता है कि एक बच्चा गायब हो गया है । चिड़ियाँ को एक दो लिखना या बोलना नहीं आता । लेकिन प्रकृति प्रदत्त गणना की योग्यता से उसे इसका भान होता है ।

अब प्रश्न यह है कि प्राकृतिक संख्याओं का मूल क्या है ? जैसा कि नाम से भी स्पष्ट है । इसका मूल प्रकृति है । भगवान हैं । इस बात को क्रोंकर (Kronecker) नामक गणितज्ञ ने इस प्रकार कहा है- ‘Natural numbers are God given bricks’. अर्थात ये ईश्वर की दी हुई इंटें हैं ।

जिस प्रकार ईंट से भवन का निर्माण हो जाता है । इसी प्रकार से प्राकृतिक संख्या रुपी ईंटों से संख्या सिद्धांत रुपी भवन खड़ा किया गया । इस प्रकार से गणित की माता का जन्म हुआ । जिससे गणित बनी । फिर गणित के बाद गणित से आज का विज्ञान बना । इस प्रकार हम देखते हैं कि विज्ञान का बीज तो राम जी के द्वारा ही इस संसार को मिला है । गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज ने भी कहा है-

‘धरम तड़ाग ज्ञान विज्ञाना । ए पंकज विकसे बिधि नाना’ ।।

।। जय श्रीसीताराम ।।

_________________________________________

प्रार्थना

हे राम प्रभू मेरे भगवान । दीन सहायक दयानिधान ।।

तुम सम तुम प्रभु नहि को आन । गाये जग तेरा गुनगान ।।

तुमको सम प्रभु मान अमान । औरों को देते तुम मान ।।

धारण करते हो धनु वान । रखते हो निज जन की आन ।।

जग पालक जग के तुम जान । तुम ही ज्ञान और विज्ञान ।।

तुम सम नहि कोउ महिमावान । शिव अज नारद करें बखान ।।

वेद सके भी नहि पहिचान । जानूँ मैं क्या अति अज्ञान ।।

सरल सबल तुम सब गुनखान । दया करो हमको जन जान ।।

दूर करो अवगुन अभिमान । विद्यानिधि दो निर्मल ज्ञान ।।

छूटे नहि प्रभु तेरा ध्यान । संतोष शरन राखो भगवान ।।

।। जय सियाराम ।।

_________________________________

राम नाम मंगलमूल दूर करे सब सूल

राम नाम मंगलमूल दूर करे सब सूल ।

तू भूले जग को जग भूले तुझको राम नाम मत भूल ।।

रामनाम में रमों राम भजे होए जग अनुकूल ।

सारा जग बेसार राम नाम ही सार मद बस मत झूल ।।

जग जाल कब काल जाना है मत फूल ।

बिषयरस सुखतूल नाम रस सुख मूल संतोष जान मत भूल ।।

____________________________________________

भगवान की तलाश

___________________________________

सदग्रंथ, सुसंत और भक्त कहते हैं कि भगवान सर्वब्यापी हैं । घट-घट वासी हैं । कण-कण में भगवान हैं । फिर भी भगवान नहीं मिलते । क्यों ?

जैसे ग्रंथों में अपार ग्यान का भंडार भरा है । और ग्रन्थ सब जगह उपलब्ध भी हैं । फिर भी वह ज्ञान सहज प्राप्त नहीं है । न ही ज्ञान ग्रन्थ (जिसमें ज्ञान भरा है ) के अवलोकन से और न ही स्पर्श से प्राप्त होता है । और तो और ज्ञान ग्रंथों को पढ़ डालने से भी प्राप्त नहीं होता । ठीक ऐसे ही कण-कण में भगवान हैं और न ही दिखते हैं और न ही प्राप्त होते हैं ।

जैसे ग्रंथों से ज्ञान प्राप्त करने के लिए साधना, ध्यान, चिंतन-मनन, प्रेम और विश्वास चाहिए । ठीक ऐसे ही कण-कण रुपी ग्रन्थ में बसे ज्ञान रुपी भगवान को प्राप्त करने के लिए साधना, ध्यान, चिंतन-मनन, प्रेम और विश्वास चाहिए । मालुम हो सबको ज्ञान प्राप्त नहीं होता । ठीक ऐसे ही सबको भगवान प्राप्त नहीं होते ।

यह भी ध्यान देने योग्य है कि ग्रंथों से ज्ञान प्राप्त कर लेना तो आसान है लेकिन कण-कण में बसे भगवान को प्राप्त करना आसान नहीं है ।

लोग भगवान को खोजते हैं । भगवान को जानना, पाना अथवा देखना चाहते हैं । और भगवान स्वयं भक्त खोजते रहते हैं । लोग भगवान को तलाशते हैं और भगवान लोगों को । सच्चे भक्त की तलाश उन्हें हमेशा रहती है । सच्चे भक्त को भगवान को तलाशने की आवश्यकता ही नहीं रहती । भगवान स्वयं आकर मिलते हैं ।

कोई कितना ही बड़ा, संत, ज्ञानी अथवा विद्वान क्यों न हो, यदि उसमें भक्ति नहीं है, तो उसे भगवान कदापि नहीं मिलेंगे । वहीं दूसरी ओर कोई कितना भी छोटा अथवा मूर्ख ही क्यों न हो, यदि उसमें भक्ति है, तो उसे भगवान मिल जायेंगे ।

सारा संसार भगवान को प्रिय है । लेकिन भक्त सबसे प्रिय है । भगवान केवल सच्चे भक्त को मिलते हैं । और किसी को नहीं ।

भगवान को यहाँ-वहाँ, चाहे जहाँ तलाशो, पूजा-पाठ करो, प्रवचन करो अथवा सुनों अर्थात चाहे जो साधन अथवा साधना करो भगवान मिलने वाले नहीं । भगवान प्रेम और भक्ति से ही द्रवित होते हैं ।

भगवान को ढकोसला और बनावट बिल्कुल रास नहीं आती, रास आती है तो सरलता, मन की निर्मलता ।

भगवन तो मिलना चाहते हैं, प्रकट होना चाहते हैं । इसके लिए वे बेताब रहते हैं । लेकिन मिलें तो किससे ? किसके सामने प्रकट हों ? उन्हें योग्य अधिकारी चाहिए ? अनाधिकारी को कुछ भी देना पाप-अधर्म होता है । भगवान अनघ और धर्म स्वरूप-धर्म धुरंधर हैं, तो वे पाप या अधर्म कैसे करें ?

कण-कण के वासी भगवान को प्रकट करने के लिए प्रहलाद जैसा प्रेमी भक्त चाहिए । गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज प्रहलाद जी के प्रेम की सराहना करते हुए कहते हैं कि-

“प्रेम बदौं प्रहलादहि को जिन पाहन से प्रमेश्वरू काढ़े” ।

___________________________________

भगवान को प्राप्त करने का सरलतम तरीका

___________________________________

भगवान को प्राप्त करना बहुत ही सरल है । कहीं जाने की या दर-दर ठोकर खाने की भी जरूरत नहीं है । कई काम भी नहीं करना हैं । केवल और केवल एक काम करना हैं । और भगवान घर बैठे प्राप्त हो जायेंगे ।

जैसे कोई रोग हो जाए तो जितने डॉक्टर के पास जाओ उतनी ही तरह-तरह की दवाएं और हिदायतें दी जाती हैं । वैसे ही भगवान को प्राप्त करने के नाना तरीके हैं । और लोग बताते भी रहते हैं । लेकिन हम सिर्फ एक सरलतम तरीका बता रहे हैं ।

भगवान छल-कपट से और छल-कपट करने वालों से बहुत दूर रहते हैं । और छल-कपट रहित निर्मल मन वालों के बहुत पास रहते हैं । श्रीराम जी कहते हैं कि निर्मल मन वाले ही हमें पा सकते हैं । दूसरे नहीं ।

बिना मन निर्मल किये ही हम तीर्थों के चक्कर लगाते फिरते हैं । साधु-महात्माओं के दर्शन और आशीर्वाद लेते रहते हैं । प्रवचन सुनते रहते हैं । मंदिर जाया करते हैं । घर में भी पूजा-पाठ करते रहते हैं । यथा-शक्ति दान-दक्षिणा भी देते रहते हैं । व्रत-उपवास भी करते रहते हैं । लेकिन भगवान नहीं मिलते । क्योंकि हमारे पास निर्मल मन नहीं है ।

यही सबसे बड़ी समस्या है । हम सब भगवान को तो पाना चाहते हैं । लेकिन बिना मन निर्मल किये । जो कि सम्भव नहीं है । अपना मन ही निर्मल नहीं है । तो भगवान कैसे मिलें ?

अपना प्रतिबिम्ब भी देखना हो तो निर्मल यानी साफ-सुथरा दर्पण की आवश्यकता होती है । यदि दर्पण साफ-सुथरा न हो तो खुद अपना प्रतिबिम्ब भी नहीं दिखाई पड़ता । तब गंदे मन रुपी दर्पण से भगवान कहाँ दिखेंगे ? यदि दर्पण में अपनी छवि बसानी यानी देखनी है तो दर्पण को स्वच्छ करना ही होगा । ठीक ऐसे ही मन में श्रीराम को बसाने के लिए मन स्वच्छ करना ही पड़ेगा ।

दर्पण स्वच्छ हो तो कुछ करना थोड़े पड़ता है । जैसे दर्पण के सामने गए प्रतिबिम्ब उसमें आ गया । भगवान तो हर जगह हैं । कण-कण में हैं । कहीं जाना भी नहीं है । हम हमेशा भगवान के सामने पड़ते हैं । लेकिन भगवान हमारे मन रुपी दर्पण में नहीं आते, नहीं दिखते । क्योंकि अपना मन रुपी दर्पण निर्मल नहीं है । अतः यदि हमारा मन निर्मल हो जाए तो हमें भगवान को पाने के लिए कुछ करना थोड़े पड़ेगा । भगवान खुद हमारे मन में बस जायेंगे । आ जायेंगे और हमें दिखने लगेंगे ।

भगवान को रहने के लिए जगह की कमी थोड़े है । लेकिन भक्त के मन में, हृदय में रहने का मजा ही दूसरा है । इसलिए भगवान निर्मल मन वाले को तलासते रहते हैं । जैसे कोई निर्मल मन मिला उसमें बस जाते हैं ।

अतः भगवान को पाने के लिए हमें कुछ नहीं करना है । सिर्फ हमें अपने मन को निर्मल बना लेना है । सब छोड़कर हम अगर यह काम कर ले जाएँ तो भगवान हमें मिल जाएंगे । भगवान खुद कहते हैं-

‘निर्मल मन जन सोमोहि पावा । हमहिं कपट छल छिद्र न भावा’ ।।

___________________________________

संकटमोचन मारूतनंदन

संकटमोचन मारूतनंदन हनूमान अतुलित प्रभुताई ।

महाबीर बजरंगबली प्रभु निज मुख कीन्ह बड़ाई ।।

राम सुसेवक राम प्रिय रामहु को सुखदाई ।

तुमसे तात उरिन मैं नाही कहि दीन्हेउ रघुराई ।।

बालि त्रास त्रसित सुग्रीव को राम से दिहेउ मिलाई ।

भक्त विभीषन धीरज दीन्हेउ राम कृपा समुझाई ।।

गुन बुधि विद्या के तुम सागर कृपा करि होउ सहाई ।

राम प्रभु के निकट सनेही अवसर पाइ कहउ समुझाई ।।

अब तो नाथ विलम्ब न कीजे वेगि द्रवहु सुर साई ।

अघ अवगुन खानि संतोष तो स्वामी तव चरण की आस लगाई ।।

विरद की रीति छ्मानिधि रखिए करुनाकर रघुराई ।

नाथ चरन तजि ठौर नहीं संतोष रहा अकुलाई ।।

__________________________________




रघुपति राघव जन सुखदाई

रघुपति राघव जन सुखदाई ।

आरतपाल सहजकृपाल अग जग के तू साई ।।

जग जो बड़े हुए अरु होते तुम्हरे दिए बड़ाई ।

शिव, हरि, बिधि आदिक को प्रभु दई तुम्हीं प्रभुताई ।।

घट-घट के जाननहार सुधि कियो न कोउ कराई ।

ठौर नहीं प्रभु द्रवहुँ वेगिंह कहौ कहाँ हम जाई ।।

आस पियास बुझै नहि रघुवर बिनु कृपा जल पाई ।

संतोष रखो प्रभु करुनासागर कृपा वारि पिलाई ।।

__________________________________________

।। श्रीराम चालीसा ।।

।। श्री गणेशाय नमः ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

श्रीरामचालीसा

दोहा-

तुलसिदास मानस विमल, राम नाम श्रीराम ।

पवनतनय अरु विनय पद, सादर करौं प्रनाम ।।

अविगत अलख अनादि प्रभु, जगताश्रय जगरूप ।

पद कंज रति देहु मोहि, अविरल अमल अनूप ।।

चौपाई-

जय रघुनाथ राम जग नायक । दीनबन्धु सज्जन सुखदायक ।।

प्रनतपाल सुंदर सब लायक । असरन सरन धरे धनु सायक ।।

नाम लेत मुद मंगल दायक । सरल सबल असहाय सहायक ।।

सुमुख सुलोचन अज अविनासी । संतत गिरिजा पति उर वासी ।।

अगम अगोचर जन दुखनासी । सहज सुगम अनुपम सुखरासी ।।

दया क्षमा करुना गुन सागर । पुरुष पुरान सुशील उजागर ।।

हरि हर बिधि सुर नर मुनि भावन । अघ अविवेक समूल नसावन ।।

भरत लखन रिपुहन हनुमाना । संग सिया राजत भगवाना ।।

रूप अनूप मदन मद हारी । गावत गुन सुर नर मुनि झारी ।।

सुर नर मुनि प्रभु देखि दुखारे । तजि निज धाम धरा पगु धारे ।

सुत बिनु दशरथ राय दुखारी । सुत होइ उनको कियो सुखारी ।।

मख हित मुनिवर अति दुःख पाए । दुष्टन दलि तुम यज्ञ कराए ।।

पाहन बनि मुनि गौतम नारी । सहत विपिन नाना दुःख भारी ।।

ससंकोच निज पद रज डारी । दयासिन्धु तुम कियो सुखारी ।।

सोच मगन नृप सिया सहेली । मातु सकल नर नारि नवेली ।।

सबकर सोच मिटायेउ स्वामी । भंजि चाप जय राम नमामी ।।

परशुराम बहु आँखि दिखाए । गुन गन कहि धनु देय सिधाये ।।

करि कुचाल जननी पछितानी । उनको बहुत भांति सनमानी ।

केवट नीच ताहि उर भेटा । सुर दुर्लभ सुख दै दुःख मेटा ।।

भरत भाय अति कियो बिषादा । जगत पूज भे राम प्रसादा ।।

आप गरीब अनेक निवाजे । साधु सभा ते आय बिराजे ।।

बन बन जाय साधु सनमाने । तिनके गुन गन आप बखाने ।।

नीच जयंत मोह बस आवा । जानि प्रभाव बहुत पछितावा ।।

शवरी गीध दुर्लभ गति पाए । सो गति लखि मुनिराज लजाये ।।

कपि असहाय बहुत दुःख मानी । बसत खोह तजि के रजधानी ।।

करि कपीस तेहिं निज पन पाला । जयति जयति जय दीनदयाला ।।

बानर भालू मीत बनाये । बहु उजरे प्रभु आप बसाये ।।

कोल किरात आदि बनवासी । बानर भालु यती सन्यासी ।।

सबको प्रभु कियो एक समाना । को नहि नीच रहा जग जाना ।।

कोटि भालु कपि बीच बराए । हनुमत से निज काज कराए ।।

पवनतनय गुन श्रीमुख गाये । जग बाढ़ै प्रभु आप बढ़ाए ।।

हनुमत को प्रभु दिहेउ बड़ाई । संकटमोचन नाम धराई ।।

रावण भ्रात निसाचर जाती । आवा मिलइ गुनत बहु भांती ।।

ताहिं राखि बहु बिधि हित कीन्हा । लंका अचल राज तुम दीन्हा ।।

चार पुरुषारथ मान बड़ाई । देत सदा दासन्ह सुखदाई ।।

मो सम दीन नहीं हित स्वामी । मामवलोकय अन्तरयामी ।।

रीति प्रीति युग-युग चलि आई । दीनन को प्रभु बहु प्रभुताई ।।

देत सदा तुम गहि भुज राखत । साधु सभा तिनके गुन भाखत ।।

कृपा अनुग्रह कीजिए नाथा । विनवत दास धरनि धरि माथा ।।

छमि अवगुन अतिसय कुटिलाई । राखो सरन सरन सुखदाई ।।

दोहा-

राम राम संतोष कहु भरि नयनन महु नीर ।

प्रनतपाल असरन सरन सरन देहु रघुवीर ।।

राम चालीसा नेम ते, पढ़ जो प्रेम समेंत ।

बसहिं आइ सियाराम जु, ताके हृदय निकेत ।।

।। सियावर रामचन्द्र की जय ।।

_________________________

।। श्रीराम स्तुति ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

हे राम प्रभूजी दयाभवन । तुमसा है जग में और कवन ।।१।।

सुखसागर नागर जलजनयन । गुन आगर करुना छमा अयन ।।२।।

सुखदायक लायक विपति समन । भवतारन हारन जरा मरन ।।३।।

संकोच सिंधु धुर धर्म धरन । शारंगधर टारन भार अवन ।।४।।

जग पालन कारन सिया रमन । देवों को दायक तुम्ही अमन ।।५।।

मन लाजै तुमको देखि मदन । शोभा की सीमा शील सदन ।।६।।

विश्वाश्रय रघुवर विश्वभरन । तुमको प्रभु बारंबार नमन ।।७।।

तुम बिनु प्रभु क्या यह मानुष तन । बन जावो मेरे जीवनधन ।।८।।

दुख दारिद दावन दोष दमन । तुमको ही ध्याये मेरा मन ।।९।।

प्रभुजी अवगुन अघ ओघ हरन । हो चित चकोर बिधु आप वदन ।।१०।।

नहि मालुम मुझको एक जतन । तुम बिनु को हारे दुख दोष तपन ।।११।।

कहते हैं स्वामी तव गुनगन । शरनागत राखन प्रभु का पन ।।१२।।

मेंरा उर हो प्रभु आप सदन । गहि बाँह रखो मोहि जानि के जन ।।१३।।

विनती प्रभुजी तारन तरन । मन का भी मेरे हो नियमन ।।१४।।

हे राम प्रभू मेरे भगवन । मैं चाह रहा तेरी चितवन ।।१५।।

करुनासागर संतोष सरन । है ठौर इसे बस आप चरन ।।१६।।

।। सियावर रामचंद्र की जय ।।

______________________________


श्रीहनुमान स्तुति

।। श्री हनुमते नमः ।।

जय हनुमंत जयति मतिसागर । बल विक्रम त्रैलोक उजागर ।।१।।

पवनतनय समरथ गुन आगर । जय कपीस सेवक हित नागर ।।२।।

महावीर सब सिधि निधि दायक । जय रनधीर राम गुन गायक ।।३।।

रामदूत सुंदर सब लायक । बसत हिय सिय सह रघुनायक ।।४।।

ज्ञान विज्ञान विवेक अपारा । तव गुनगन गावत जग सारा ।।५।।

रवि सुरेश तव पौरुष भारी । जानत सकल देव नर नारी ।।६।।

दानव दैत्य भूत जग जेते । डरपहिं नाम सुनावत तेते ।।७।।

छीजहिं सकल दुष्ट अधियारी । घोर निशा जिमि देखि तमारी ।।८।।

अग-जग जाल सकल जेहिं सिरिजा । मानत सकल देव हर गिरिजा ।।९।।

सेवक तासु प्रिय सुखदाई । बार-बार प्रभु कीन्हि बड़ाई ।।१०।।

कहेउ उरिन तुमसे नहि भाई । संकटमोचन नाम धराई ।।११।।

धन्य-धन्य कीरति जग छाई । शेष-महेश सके नहि गाई ।।१२।।

हरि-हर-बिधि तव भगति सराही । राम भगत तुम सम कोउ नाही ।।१३।।

राम प्रेम मूरति धरे देहीं । मिले जेहिं आप राम मिले तेहीं ।।१४।।

राम प्रभू के निकट सनेही । दीन मलीन प्रनत जन नेही ।।१५।।

अघ अवगुन छमि होउ सहाई । संतोष मिलैं जेहि श्रीरघुराई ।।१६।।

।। श्रीहनुमानजी महाराज की जय ।।

______________________

।। प्रार्थना ।।

____________________________________

।। श्रीसीतारामाभ्यां नमः ।।

राम दयामय आस निहारूँ ले अँखियों में जल ।

दीन दुखी के प्रभु तुम साथी तुमही हो संबल ।।१।।

कोमलचित है नाथ तुम्हारा तुम हो बड़े सरल ।

खोजि-खोजि के दीन उधारेउ तारेउ तुम्हीं उपल ।।२।।

जगताश्रय प्रभु जग जन रक्षक तुमसा नहीं सबल ।

मुझको भी एक बार निहारो मैं कितना निर्बल ।।३।।

दीनदयाल दया के सागर तुम ही मेरे बल ।

मेरी दीन-दशा का स्वामी हाथ तुम्हारे हल ।।४।।

राम दयानिधि दया करेंगे आज नहीं तो कल ।

मन को मैं अपने समझाऊँ होता जाय बिकल ।।५।।

करुणासागर देर न करिए अवसर जाइ निकल ।

बिना कृपा प्रभु राम हमारे मुझको सब मुश्किल ।।६।।

कृपा अनुग्रह करिए स्वामी भूलूँ न एक पल ।

संतोष चहै मन मीन हो मेरा राम चरन हो जल ।।७।।

।। सियावर रामचन्द्र की जय ।।

_____________________________________