जाने माने संत-भक्त और कवि श्रीसूरदास जी महाराज,
जो भगवान श्रीकृष्ण के अनन्य भक्त थे, ने भगवान श्रीराम के चरित्र का भी बहुत ही
सुंदर गायन किया है । सूरसागर में वर्णित भगवान राम के चरित्र को ‘सूर
राम-चरितावली’ तथा ‘सूर रामायण’ नाम से भी जाना जाता है । यहाँ पर सूर रामायण से
भगवान राम के जन्मोत्सव का वर्णन किया जा रहा है । सूरदासजी परम राम भक्त, प्रसिद्ध संत
और जाने माने कवि गोस्वामी तुलसीदास जी के समकालीन थे ।
सूरदास
जी कहते हैं कि जय अरु विजय नामके भगवान के दो पार्षद थे । जो व्राह्मण के श्राप
से असुर बन गए थे । भगवान ने वाराह रूप धारण करके हिरण्याक्ष का तथा नरसिंह रूप
धारण करके हिरण्यकश्यपु का वध किया । फिर ये दोनों रावण और कुम्भकर्ण नाम के
राक्षस बने और इनका उद्धार करने के लिए रामजी ने जन्म लिया । अयोध्या नरेश राजा
दशरथ के घर राम जी ने अपने को प्रगट किया-
‘रावन-कुंभकरन
सोइ भए । राम जनम तिन के हित लए ।।
दशरथ नृपति अजोध्या-राव
। ताके गृह कियौ आबिरभाव’ ।।
जब भगवान राम रघुकुल में प्रगट हो गए तो देस-देस
के राजा लोग रतन, सोना, मणि और हीरे की भेंट लेकर अयोध्या में आने लगे । प्रत्येक
घर में मंगल गान गाए जाने लगे तथा बधाई बजने लगी । पुरबासी अपने शरीर की सुधि
भुलाकर आनंद में मगन होने लगे-
रघुकुल प्रगटे हैं
रघुवीर ।
देस-देस से टीकौ आयो,
रतन-कनक-मनि-हीर ।।
घर-घर मंगल होत बधाई,
अति पुरबासिन भीर ।
आनंद-मगन भए सब डोलत,
कछू न शोध शरीर ।।
मागध-बंदी सूत लुटाए,
गो-गयंद हय-चीर ।
देत असीस सूर चिरजीवौ
रामचंद्र रनधीर ।।
मंगलवार दिन को, नौमी तिथि को रामजी प्रगट हुए ।
जिनकी चौदहों भुवनों में बड़ाई है । दशरथ जी के चार पुत्र हुए, जिनकी तीनों लोकों
में ठकुराई है । अर्थात जिनकी प्रभुता तीनों लोकों में है । जो तीनों लोकों
में पूजनीय हैं । तथा जो सबको मान और बड़ाई देते हैं । रामजी का राज तो सदा-सर्वदा
है । तथा सूरदास को भी इस दरबार से मान और बड़ाई मिली है-
अजोध्या बाजति आजु बधाई ।
गर्भ मुच्यौ कौसिल्या
माता, रामचंद्र निधि आई ।।
गावैं सखी परसपर मंगल,
ऋषि अभिषेक कराई ।
भीर भई दशरथ के आँगन,
सामबेद-धुनि छाई ।।
पूछत रिषिहिं अजोध्या
कौ पति, कहियै जनम गुसाई ।
भौम बार, नौमी तिथि
नीकी, चौदह भुवन बड़ाई ।।
चारि पुत्र दशरथ के
उपजे, तिहूँ लोक ठकुराई ।
सदा-सर्वदा राज राम कौ,
सूर दादि तहँ पाई ।।
तीनों लोकों में हर्ष और उल्लास का वातावरण है
। सब लोग आनन्दित हो रहे हैं । देवराज इंद्र तथा ऋषिगण विमान पर बैठकर
जन्मोत्सव देख रहे हैं । उनके चित्त में भी धैर्य नहीं रहा । अर्थात सब जन्मोत्सव
में शामिल होकर आनंदित होने लगे । सूरदास जी कहते हैं कि त्रिभुवन के स्वामी दयालु
प्रभु ने दर्शन देकर सबकी मनोव्यथा हर ली । महाराज दशरथ ने दान देते समय मणि और हार
आदि का मूल्य बिना देखे सब कुछ दान कर दिया । कुछ शेष नहीं रखा । सूरदास जी कहते
हैं कि जिसने भी श्रीरघुवीर राम जी से याचना की, वे सब याचक निहाल हो गए । सदा-सदा
के लिए तृप्त हो गए । फिर कभी किसी से भी याचना नहीं करनी पड़ी-
आजु दशरथ के आँगन भीर ।
ये भू-भार उतारन कारन,
प्रगटे श्याम-शरीर ।।
फूले फिरत
अजोध्या-बासी, गनत न त्यागत चीर ।
परिरंभन हँसि देत
परसपर, आनंद नैननि नीर ।।
त्रिदस-नृपति, ऋषि ब्यौम-बिमाननि
देखत रह्यौ न धीर ।
त्रिभुवन-नाथ दयालु दरस
दै, हरी सबनि की पीर ।।
देत दान राख्यौ न भूप
कछु, महा बड़े नग हीर ।
भए निहाल सूर सब जाचक,
जे जाँचे रघुबीर ।।
।। जय श्रीराम ।।
।। श्रीराम जनम की बधाई
।।