सीतानाथ रघुनाथ पाप ताप हारी । द्रवउ रघुवंशमणि धनुष वाण धारी ।। -विनयावली ।।

एको देवो रामचन्द्रो व्रतमेकं तदर्चनम । मंत्रोअप्येकश्च तत्नाम शास्त्रं तद्ध्येव तत्स्तुतिः ।। -पद्मपुराण ।।


दीनबंधु तुहीं एक मोर गोहारी । देखउ रघुनाथ अब ओर हमारी ।। -विनयावली ।।

लंका लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
लंका लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 4 अगस्त 2025

का चुप साधि रहेउ बलवाना- हनुमानजी का समुंद्र लाँघने और राक्षसों का सामना करने के लिए साधना

 

जब सीताजी को खोजने के लिए तीन दिशाओं के वानर चले गए तब शेष दक्षिण दिशा में जाने वाले वानरों और भालुओं की बारी आई । दक्षिण दिशा में जाने वाले वानर और भालू भी जाने लगे । और सबसे बाद में हनुमान जी महाराज भी जाने के लिए प्रस्तुत हुए और रामजी को प्रणाम करके चलने वाले थे तो राम जी ने हनुमानजी को अपनी अगूंठी देकर सीता जी से कहने के लिए संदेश भी दिया ।

 

हनुमानजी को रामजी ने रामकाज के लिए चयनित कर लिया था । और लंका में बड़े-बड़े राक्षस थे एक से बढ़कर एक शक्तिशाली और दूसरे लंका तक पहुँचने के लिए सौ योजन का समुद्र भी पार करना था । रामजी को तो पता ही था कि सीताजी लंका में हैं-

जद्यपि प्रभू जानत सब बाता ।

राजनीति राखत सुरत्राता ।।

 

हनुमानजी को रामजी ने रामकाज के लिए चुना था यह तो हनुमानजी के लिए बड़े सौभाग्य की बात थी । लेकिन इतने बड़े उत्तरदायित्व को पूर्ण कैसे किया जाए यह प्रश्न हनुमानजी के मन में था ।

इसलिए हनुमानजी ने रामजी से पूछा कि हे नाथ मैं सौ योजन के समुद्र को कैसे पार कर पाऊँगा ? इतनी शक्ति कहाँ से आएगी ? और उसके बाद लंका में बड़े-बड़े असुर हैं उनसे सामना करने का उनसे भिड़ने की शक्ति कैसे प्राप्त करूँगा ?

तब रामजी ने हनुमानजी को एक मंत्र दिया । रामजी बोले हनुमान ‘श्रीराम’ इस मंत्र के एक पुरश्चरण जप से तुम्हारे अंदर समुद्र पार करने और राक्षसों का सामना करने की शक्ति आ जायेगी और तुम सीता का समाचार लाने में सफल हो जाओगे ।

सफलता का मंत्र प्राप्त करके हनुमानजी प्रसन्न होकर चल दिए । जब समुंद्र के किनारे बैठकर अन्य सभी वानर-भालू समुद्र पार करने के लिए विचार-विमर्श कर रहे थे और अपने-अपने बल का वर्णन कर रहे थे,  उस समय हनुमान जी चुपचाप यही साधना करने में व्यस्त थे- ‘का चुप साधि रहेउ बलवाना’ ।

 

  इस प्रकार हनुमानजी ने सौ योजन के समुद्र को पार करने और राक्षसों का सामना करने की शक्ति प्राप्त करके रामकाज को पूर्ण किया ।

 

।। जय श्रीराम ।।

गुरुवार, 1 अक्टूबर 2020

वृहद उत्तर रामायण धारावाहिक के निर्माण की जरूरत-भगवान श्रीराम के यज्ञ का घोड़ा लव और कुश के अलावा और किसने पकड़ा था ?

 गोस्वामी तुलसीदासजी महाराज सनातन परंपरा के प्रसिद्ध संत हैं । श्रीतुलसीदासजी महाराज भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त थे । और गोस्वामी  तुलसीदासजी स्वयं श्रीराम लीला का आयोजन करवाते थे । कहा जाता है कि बनारस में जिस स्थान को आज लंका नाम से जाना जाता है वहाँ गोस्वामी जी के श्रीराम लीला की लंका हुआ करती थी । इस कारण से वह स्थान लंका के नाम से जाना जाने लगा । और आज भी उसे लंका कहा जाता है । और यह स्थान बनारस का बहुत ही प्रसिद्ध स्थान है ।

 

  धारावाहिक के माध्यम से श्रीराम कथा का प्रसारण श्रीराम लीला का ही परिष्कृत और आधुनिक रूप है । और गोस्वामीजी स्वयं रामलीला के मंचन के समर्थक थे । इस विचार से धार्मिक धारावाहिक बनने चाहिए बस तथ्यों से छेड़छाड़ नहीं होना चाहिए । और यहाँ हम यह बताना चाहते हैं कि वृहद उत्तर रामायण पर एक धारावाहिक की जरूरत है । 

  अब प्रश्न यह है कि उत्तर रामायण पर एक नए धारावाहिक की जरूरत क्यों है ? अब तक जितने धारावाहिक उत्तर रामायण पर बने हैं वे बहुत ही संक्षिप्त हैं । जबकि उत्तर रामायण पर पुराणों के अनुसार एक बहुत ही अच्छा और विस्तृत धारावाहिक बनाया जा सकता है । इससे लोगों में, समाज में और जागरूकता बढ़ेगी ।

 

 यदि लोगों से एक प्रश्न पूछा जाय कि भगवान राम के यज्ञ का घोड़ा किसने पकड़ा था ?  तो सामान्यतया अधिकांश लोगों का एक ही जबाब होगा- लव कुश ने । क्योंकि लोगों में जानकारी का अभाव है ।

 

 उत्तर रामायण की कथा बहुत ही विस्तृत और भक्ति, ज्ञान और वैराग्य से परिपूर्ण है । भगवान श्रीराम के यज्ञ के घोड़े को कुछ अन्य राजाओं ने भी पकड़ा था । और ग्रंथों में इसका विस्तृत वर्णन है । भगवान शंकर जी भी अपने एक भक्त राजा की तरफ से अपने गणों की सेना लेकर युद्ध करने आते हैं । हनुमानजी और शंकरजी का भी युद्ध होता है । अंत में स्वयं भगवान श्रीराम को युद्ध क्षेत्र में आना पड़ता है । लेकिन भगवान श्रीराम के आने पर कोई युद्ध नहीं होता है । भगवान शंकरजी और राजा भी भगवान श्रीराम को साष्टांग प्रणाम करते हैं और राजा यज्ञ के घोड़े को छोड़ देता है । सभी लोग भगवान श्रीराम का दर्शन करके धन्य हो जाते हैं ।

 

 पाताल लोक में रहने वाले रावण के मित्र राक्षसों ने भी घोड़े को पकड़ा था । भरतजी के पुत्र पुष्कलजी घोड़े की रक्षा के लिए शत्रुघ्नजी के साथ गए थे । और इन्होंने बहुत अतुलित पराक्रम दिखाया था ।

 

 असम में स्थित माता कामाख्या की कथा भी रामायण से जुड़ती है । ऋषि च्यवन, ऋषि अरण्यक आदि की कथा भी उत्तर रामायण में आती है । भगवान राम की महिमा का सुंदर वर्णन आता है ।

 

इस प्रकार उत्तर रामायण की कथा बहुत विस्तार युक्त है । और इस पर एक अच्छा और बड़ा धारावाहिक-वृहद उत्तर रामायण बनाया जा सकता है । जो वर्षों तक प्रसारित हो सकता है । 

इस धारावाहिक से समाज में जागरूकता बढ़ेगी और उत्तर रामायण के महत्वपूर्ण कथाओं को देखने और समझने तथा जानने का अवसर मिलेगा ।

  

।। जय श्रीसीताराम ।।

गुरुवार, 24 अक्टूबर 2019

भगवान राम और युद्ध - रामजी की युद्ध में उदारता


आजकल हम लोग सुनते अथवा पढ़ते हैं कि देशों के राष्ट्राध्यक्ष विनाशकारी हथियारों का प्रयोग न करने की बात करते हैं । यह नीति बहुत पुरानी है और रामायण की देन है । रामजी की देन है ।


युद्ध में एक बार मेघनाद बड़े विनाशकारी शस्त्रों का प्रयोग कर रहा था । तब लक्ष्मण जी ने रामजी से व्रह्मास्त्र के प्रयोग की अनुमति माँगी । लेकिन रामजी ने मना कर दिया । रामजी का कहना था कि बड़े विनाशकारी अस्त्र-शस्त्रों के प्रयोग से बचना चाहिए । क्योंकि इससे विनाश ज्यादा होता है और प्रकृति का भी बहुत नुकसान होता है । जब लवणासुर को मारने के लिए शत्रुघ्न जी जाने लगे तो रामजी ने उन्हें एक वाण दिया । लेकिन कहा कि इसका प्रयोग तब तक मत करना जब तक इसका प्रयोग करना अत्यंत आवश्यक न हो जाय ।


  रामजी के लिए नियम नीति और मर्यादा पहले आती है । भले अपना कुछ नुकसान हो जाय ।


रावण ने अपने गुप्तचरों को रामजी की सेना की व्यूह रचना, अस्त्र-शस्त्र की जानकारी तथा सेना में फूट डालने के लिए भेजा । लेकिन दूतों का भेद खुल गया । वे पकड़ लिए गए । बाँधकर उन्हें रामजी के पास लाया गया । गुप्तचरों को लग रहा था कि अब मृत्यु पक्की है ।


  रामजी ने कहा कि यदि तुमने सारी सेना देख ली हो, हमारी सैनिक शक्ति का ज्ञान प्राप्त कर लिया हो तथा रावण के कथनानुसार सब काम पूरा कर लिया हो तो प्रसन्नतापूर्वक लौट जाओ । रामजी बोले कि यदि और कुछ देखना शेष रह गया हो तो विभीषण तुम्हें फिर से सब दिखा देंगे । तुम अस्त्रहीन अवस्था में पकड़े गए हो तुम वध के योग्य नहीं हो । तुम्हें भयभीत होने की जरूरत नहीं है ।


राक्षसों को केवल विजय से मतलब था । इसलिए कोई भी अस्त्र-शस्त्र चला देना । निहत्थे पर भी वार कर देना उनके लिए आम बात थी । लेकिन एक बार रावण बहुत घायल हो गया तो राम जी बोले रावण ! तुम इस समय मेरे वाणों से बहुत आहत हो गए हो, अतः मैं अनुमति देता हूँ कि आज लंका में जाकर विश्राम करो । कल मेरा पराक्रम देख लेना ।


  आज कई देश शत्रुओं के शव के साथ बर्बरता करते हैं । लेकिन रामायण से शिक्षा मिलती है कि रामजी युद्ध के बाद सबका यथोचित अंतिम संस्कार कराते हैं । इतना ही नहीं मेघनाद के शरीर को ससम्मान लंका भिजवा देंते हैं ।


 अकारण आक्रमण करना और लूट-पाट करना राक्षसी सोच है । सनातन सोच में लूट-पाट के लिए युद्ध नहीं किए जाते । लंका के लोग आपस में कहते थे कि राम जीत गए तो यहाँ कि एक-एक ईंट अयोध्या ले जाएँगे । लेकिन राम जी ने विजय के बाद भी लंका में प्रवेश तक नहीं किया । राक्षसों को बड़ा आश्चर्य हुआ ।


  रामजी युद्ध को टालने की शिक्षा देते हैं । इसलिए अंगद जी को भेजते हैं । रामजी शत्रु का भी अहित नहीं चाहते । लंका वालों का और रावण का भी हित चाहते हैं-


‘काज हमार तासु हित होई । रिपु सन करेउ बतकही सोई’ ।।


।। जय श्रीराम ।।

 

सोमवार, 15 अप्रैल 2019

पवनतनय के चरित सुहाए-२४ (सीताजी का कुशल समाचार लेकर समस्त वानर-भालुओं का वापस किष्किन्धा प्रस्थान)


हनुमानजी महाराज ने लंका से वापस चलते समय भारी गर्जना किया जिससे महा ध्वनि हुई । जिसे सुनकर राक्षसों के स्त्रियों के गर्भ गिरने लगे । हनुमान जी समुंद्र लांघकर इस पार आ गए और हर्ष सूचक शब्द करके वानरों को सुनाया । जिससे सबको पता चल जाय कि सीतामाता का पता मिल गया है ।

हनुमान जी को देखते ही सभी वानर-भालु हर्षित हो गए । उन्हें ऐसा लगा मानों उन सबको नया जीवन मिल गया हो । हनुमानजी के शरीर में तेज व्याप्त था और मुख पर प्रसन्नता थी । जिससे सबको पता  चल गया  कि हनुमानजी महाराज ने भगवान रामचंद्र जी के काज को पूरा कर लिया है । प्रसन्नता, हर्ष आदि के भाव वांछित कार्य की पूर्णता, सफलता आदि के सूचक होते हैं । इसके विपरीति मन, मुख का तेज हीन होना, गिरा होना कार्य की अपूर्णता, असफलता का परिचायक होता है ।

सभी वानर-भालु हनुमानजी से मिले और बहुत सुखी हुए । मानों तड़फती हुई मछली को जल मिल गया हो । अर्थात हनुमानजी के बिना समस्त वानर-भालु उस तरह व्याकुल थे जैसे मछली पानी के बिना व्याकुल रहती है । जैसे जल के बिना व्याकुल मछली को जल पाकर सुख और नव-जीवन मिलता है ठीक इसी तरह सभी वानर-भालु हनुमानजी को देखकर सुखी हो गए ।

सभी लोग हर्षित होकर सीता माता का समाचार और लंका पहुँचने और वहाँ से वापस आने का सारा वृतांत पूछते और कहते हुए रघुनायक भगवान राम से मिलने चल दिए ।

 तभी सभी लोग किष्किन्धा के मधुवन में आ गए और अंगद जी के अनुमोदन से फल और मधु खाए । मधुवन के रक्षक जब रोकने लगे तो वानरों और भालुओं ने उन पर मुष्टिका से प्रहार किए जिससे सभी रक्षक भाग गए ।

  सभी रक्षकों ने किष्किन्धा में जाकर पुकार लगाई कि युवराज अंगद वन उजाड़ रहे हैं । जब सुग्रीवजी ने यह समाचार सुना तो यह सोचकर हर्षित हुए कि अवश्य ही श्रीराम प्रभु का कार्य पूरा करके लौटे हैं । अन्यथा विशेष वन-मधुवन में प्रवेश करने का ये लोग साहस नहीं करते । हर्षातिरेक में वानरों ने ऐसा किया था । 

सुग्रीवजी सोचने लगे कि यदि ये लोग सीता जी का समाचार पाए बिना आए होते तो क्या ये मधुवन के फल खा सकते थे ? अर्थात इनका यह कृत अवश्य ही शुभ-सूचक है । सफलता सूचक है । 

 वानर राज सुग्रीव जी मन में ऐसा बिचार कर ही रहे थे कि समस्त वानर-भालु वहाँ आ गए । सभी लोगों ने  आकरके सुग्रीव जी को प्रणाम किया । वानर राज सुग्रीव सभी से बहुत प्रेमपूर्वक  मिले । 

सुग्रीवजी ने उनसे कुशल-क्षेम पूछा तो वानरों  ने कहा कि आपके चरणों का दर्शन करके सब कुशल ही है । रामजी ने और आपने जो हमे विशेष कार्य सौंपा था वह भगवान राम की कृपा से पूर्ण हो गया है ।

वानरों ने आगे कहा कि हे नाथ ! इस कार्य को हनुमानजी ने करके सभी वानरों के प्राणों की रक्षा की है । ऐसा सुनकर सुग्रीव जी हनुमान जी से फिर से मिले और समस्त वानरों सहित रघुपति भगवान श्रीराम के पास चल दिए ।

(शेष भाग-२५ में ।)


।। जय श्रीसीताराम ।।

रविवार, 9 दिसंबर 2018

विभीषणजी आज भी लंका में राज्य करते हैं


विभीषणजी भगवान राम के परम भक्त हैं । भगवान राम की कृपा से विभीषण जी चिरंजीवी हैं । अर्थात आज भी जीवित हैं ।

              
  विभीषण जी को राम जी ने लंका का अचल राज्य दिया था । इसलिए आज भी विभीषण जी लंका में राज्य करते हैं ।


अब प्रश्न यह है कि आज जो श्रीलंका है वहाँ विभीषण जी का राज्य तो दिखता नहीं है । तो फिर विभीषण जी कहाँ राज्य करते है ?


  वास्तव में जिसे आज हम लोग श्रीलंका नाम से जानते हैं वह लंका नहीं है । इसे कुछ समय पूर्व तक सिंहल द्वीप कहा जाता था । यही इसका प्राचीन नाम है ।  लंका तो इसे बाद में कहा जाने लगा है । श्रीरामचरितमानस जी में गोस्वामीजी ने सिंहल द्वीप का उल्लेख किया है-‘जिमि सिंहल वासिन भयो विधि बस सुलभ प्रयाग’  ।


ग्रंथों के अनुसार प्राचीन लंका की दूरी भारत के दक्षिणी छोर से दक्षिण दिशा में बारह सौ किमी है । जबकि आज की लंका तो बहुत समीप है । इस प्रकार से देखने पर भी आज की लंका प्राचीन लंका नहीं है ।


  और ग्रंथों के अनुसार विभीषण जी प्राचीन लंका में राज्य करते हैं । आज इस लंका की वास्तविक स्थिति का ज्ञान कर पाना संभव नहीं लग रहा है ।


  एक संत के अनुसार प्राचीन लंका समुंद्र में स्थिति है । अर्थात समुंद्र के अंदर अद्भुत लंका नगरी आज भी विराजमान है ।  कहते हैं कि एक बार समुन्द्री जहाज से कुछ लोग यात्रा कर रहे थे । जहाज दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें एक को छोड़कर सभी लोग मारे गए । जो बचे थे वे वैष्णव तिलक धारी महात्मा थे जिन्हें विभीषण के अनुचर बचाकर विभीषणजी के पास ले गए थे । चूँकि विभीषणजी भी वैष्णव तिलक लगाते हैं इसलिए इनके अनुचर इन्हें विभीषण जी के सम्मुख ले गए थे । विभीषण जी ने इनका स्वागत-सत्कार किया और बाद में इन्हें सुरक्षित पहुँचा दिया गया । यह घटना संतों के बीच कही और सुनी जाती है ।


कुछ भी हो विभीषण जी को रामजी का आशिर्वाद है । जब तक सूर्य और चंद्रमा रहेंगे तब तक विभीषण जी लंका में राज्य करेंगे । लेकिन हर कोई उन तक अथवा उनकी लंका तक नहीं पहुँच सकता है ।



।। जय श्रीराम ।।


लोकप्रिय पोस्ट

कुछ पुरानी पोस्ट

चित करो राम कहे ग्रंथन की । कीजे लाज विरद अरु पन की ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

चित करो राम कहे ग्रंथन की । कीजे लाज विरद अरु पन की ।।

सुर मुनि साधु कहे गुनगन की । हारत भीर सदा दीनन की ।।

कूर कपूत सकल दुर्जन की । नहिं गति और छाँड़ि चरनन की ।।

सरन राम पद सब असरन की । सादर बाँह गहत निबरन की ।।

सार संभार राम दीनन की । करत सदा जोगवत जन मन की ।।

सुनत राम सबबिधि हीनन की । कोल किरात आदि बनरन की ।।

बिगत सकल गुन जदपि सुजन की । राखो लाज नाथ अब जन की ।।

दीन संतोष नहीं तन मन की । जप तप बल नहिं और जतन की ।।

मोरे आश राम चितवन की । पतितपावन अरु शील सदन की ।।

______________________________


।। जय रघुवर जय राम धनुर्धर ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

जय रघुवर जय राम धनुर्धर । सुंदर श्याम सुशील सियावर ।।

मंगल मूरति रूप मनोहर । सोहत सुंदर शारंग कर सर ।।

मंजु मराल बसत जन उर सर । मोहत साधु संत बिधि हरि हर ।।

चरण कमल जन मुनि मन मधुकर । तारन तरन होत चिंतन कर ।।

भरत लखन कपि आदिक अनुचर । सीताराम रूप सचराचर ।।

अगुन सगुन अज अमित अगोचर । अजर अमर सुखनिधि परमेश्वर ।।

ज्ञान विज्ञान सकल सदगुन घर । दीनदयाल प्रनत हित तत्पर ।।

पुरुष पुराण अनूप भूपवर । माया मानुष सोहत नरवर ।।

बानर भालु आदि बहु बनचर । दीनबंधु राखे सब निज कर ।।

दीन संतोष बसहु उर अंतर । परम उदार दीन आरति हर ।।

______________________________


आरती कीजे श्रीराम लला की पूण निपुण धनुवेद कला की

इस ब्लॉग पर मार्च २०१५ में प्रकाशित और मेरे द्वार रचित इस आरती को बिना कोई संदर्भ दिए अनेकों लोगों ने अपने ब्लॉग / वेब पेज पर प्रकाशित कर लिया है । और रचनाकार का नाम भी नहीं दिया है । इसमें आरती चालीसा आदि जैसी वेबसाइटें और देश के कई प्रमुख समाचार और टीवी चैनेल भी शामिल हैं । आरती संग्रह और आस्था संग्रह नामक वेबसाइट पर आरती को पारम्परिक और रचनाकार को अज्ञात बता दिया गया था । संस्कार टीवी ने भी गीत/Lyrics को परंपरागत बताकर अपने गायकों से आरती को गवाकर अपने यूट्यूब, फेसबुक और ऑफिसियल वेबसाइट आदि पर विडियों को प्रसारित कर दिया है ।

।। गोस्वामी तुलसीदास जी का संदेश ।।

हे मनुष्यों भटकना छोड़ दीजिए । तरह-तरह के कर्म, अधर्म और नाना मतों को त्याग दीजिए । क्योंकि ये सब केवल शोक और कष्ट देने वाले हैं । इनसे शोक दूर होने के बजाय और बढ़ता ही है । जीवन में ठीक से सुख-चैन नहीं मिलता और परलोक में भी शांति नहीं मिलती । इसलिए विश्वास करके भगवान श्रीराम जी के चरण कमलों से अनुराग कीजिए । इससे तुम्हारे सारे कष्ट अपने आप दूर हो जाएंगे-

“नर बिबिध कर्म अधर्म बहु मत सोकप्रद सब त्यागहू ।

बिस्वास करि कह दास तुलसी राम पद अनुरागुहू” ।।

राम जी का ही सुमिरन कीजिए । राम जी की ही यश गाथा को गाइए और हमेशा राम जी के ही गुण समूहों को सुनते रहिए-

“रामहिं सुमिरिए गाइए रामहिं । संतत सुनिए राम गुनग्रामहिं” ।।

।।जय सियाराम ।।

___________________________________________

विज्ञान का बीज

संसार में हर चीज का बीज (मूल कारण ) होता है । अर्थात संसार और सांसारिक चीजों का कोई न कोई उदगम होता है । सबका बीज से ही उत्पत्ति और आगे विकास होता है । विज्ञान का बीज मतलब मूल कारण क्या है ? विज्ञान का बीज कहाँ से आया ? विज्ञान का बीज किसने बनाया ? विज्ञान का बीज किसने दिया ? यह एक बहुत ही विचारणीय प्रश्न है । यहाँ पर हम लोग देंखेगे कि विज्ञान का बीज तो भगवान द्वारा ही इस संसार को उपलब्ध कराया गया है ।

बहुत से लोग समझते हैं कि विज्ञान और अध्यात्म एक दूसरे के विरोधी हैं । लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है । इस बात को समझने के लिए सनातन धर्म के साथ-साथ आधुनिक विज्ञान का अध्ययन जरूरी है । आधुनिक विज्ञान की वैसे तो बहुत सी शाखाएँ हैं । परंतु इनमें से भौतिक विज्ञान यानी Physics ही ऐसा है जो व्रह्मांड के उत्पत्ति और संरचना की अध्ययन करता है । भौतिकी कि दो शाखाएँ बहुत ही महत्वपूर्ण हैं । इनमे से एक जनरल रिलेटिविटी (General Relativity) और दूसरी क्वांटम मेकेनिक्स (Quantum Mechanics) है ।

गणित को आधुनिक विज्ञान की माता कहा जाता है । गणित का हम लोगों के जीवन और विज्ञान के विकास में बहुत ही महत्वपूर्ण रोल है । इस बात को हमारे ऋषि-मुनि भी जानते थे । अधिक जानकारी के लिए इस ब्लॉग के ‘गणित और व्रह्मांड’ लेख को पढ़ सकते हैं । आधुनिक गणित (Modern Mathematics) समुन्द्र के समान विस्तृत है । फिर भी समुच्चय सिद्धांत (Set Theory), संख्या सिद्धांत (Number Theory), फलन और तर्क सिद्धांत (Theory of Functions and Logic), आंशिक और साधारण अवकल समीकरण (Partial and Ordinary Differential Equations) और बीजगणित तथा आधुनिक बीजगणित (Algebra and Modern Algebra) आदि बहुत ही उपयोगी शाखाएँ हैं ।

गणित के अभाव में आधुनिक विज्ञान (Modern Science) और टेक्नोलोजी (Technology) की कल्पना ही नहीं की जा सकती । गणित को विद्वान और वैज्ञानिक विज्ञान की माता कहते हैं । लेकिन गणित की माता कौन है ? गणित की उत्पत्ति का मूल कारण क्या है । गॉस (Gauss) नाम के एक बहुत बड़े गणितज्ञ हुए हैं । गॉस ने कहा था कि गणित विज्ञान की माता है और संख्या सिद्धांत गणित की माता है । अब प्रश्न यह है कि संख्या सिद्धांत का मूल क्या है ? गणितज्ञ संख्या सिद्धांत का मूल प्राकृतिक संख्याओं (Natural Numbers) को बताते हैं । इंही से अन्य संख्याओं का विकास और संख्या सिद्धांत का विकास और फिर विज्ञान का विकास हुआ है । इस बात को वैज्ञानिक और गणितज्ञ जानते हैं ।

जो चीज प्राकृतिक होती है, उस पर सबका बराबर अधिकार होता है । जैसे हवा, गंगा जल आदि । ठीक इसीप्रकार से प्राकृतिक संख्याओं पर केवल पढ़े लिखे मनुष्यों का ही अधिकार नहीं है । इस पर अनपढ़ लोगों का तथा साथ ही पशु-पक्षियों का भी अधिकार है । एक, दो, तीन आदि का किसे पता नहीं है । सब लोग गणना में इनका इस्तेमाल करते हैं ।

पशु-पक्षियों के पास भी गणना की योग्यता होती है । उदाहरण के लिए मान लीजिए एक बृक्ष पर किसी चिड़िया का घोसला है । मान लीजिए उसमें दस बच्चे हैं । अब यदि चिड़ियाँ के अनुपस्थिति में कोई एक बच्चे को गायब कर दे तो वापस आने पर चिड़ियाँ अशांत हो जाती है । इधर-उधर, आस-पास मँडराने और चिल्लाने लगती है । जबकि उसके सभी बच्चे एक जैसे होते हैं । फिर भी उसे पता चल जाता है कि एक बच्चा गायब हो गया है । चिड़ियाँ को एक दो लिखना या बोलना नहीं आता । लेकिन प्रकृति प्रदत्त गणना की योग्यता से उसे इसका भान होता है ।

अब प्रश्न यह है कि प्राकृतिक संख्याओं का मूल क्या है ? जैसा कि नाम से भी स्पष्ट है । इसका मूल प्रकृति है । भगवान हैं । इस बात को क्रोंकर (Kronecker) नामक गणितज्ञ ने इस प्रकार कहा है- ‘Natural numbers are God given bricks’. अर्थात ये ईश्वर की दी हुई इंटें हैं ।

जिस प्रकार ईंट से भवन का निर्माण हो जाता है । इसी प्रकार से प्राकृतिक संख्या रुपी ईंटों से संख्या सिद्धांत रुपी भवन खड़ा किया गया । इस प्रकार से गणित की माता का जन्म हुआ । जिससे गणित बनी । फिर गणित के बाद गणित से आज का विज्ञान बना । इस प्रकार हम देखते हैं कि विज्ञान का बीज तो राम जी के द्वारा ही इस संसार को मिला है । गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज ने भी कहा है-

‘धरम तड़ाग ज्ञान विज्ञाना । ए पंकज विकसे बिधि नाना’ ।।

।। जय श्रीसीताराम ।।

_________________________________________

प्रार्थना

हे राम प्रभू मेरे भगवान । दीन सहायक दयानिधान ।।

तुम सम तुम प्रभु नहि को आन । गाये जग तेरा गुनगान ।।

तुमको सम प्रभु मान अमान । औरों को देते तुम मान ।।

धारण करते हो धनु वान । रखते हो निज जन की आन ।।

जग पालक जग के तुम जान । तुम ही ज्ञान और विज्ञान ।।

तुम सम नहि कोउ महिमावान । शिव अज नारद करें बखान ।।

वेद सके भी नहि पहिचान । जानूँ मैं क्या अति अज्ञान ।।

सरल सबल तुम सब गुनखान । दया करो हमको जन जान ।।

दूर करो अवगुन अभिमान । विद्यानिधि दो निर्मल ज्ञान ।।

छूटे नहि प्रभु तेरा ध्यान । संतोष शरन राखो भगवान ।।

।। जय सियाराम ।।

_________________________________

राम नाम मंगलमूल दूर करे सब सूल

राम नाम मंगलमूल दूर करे सब सूल ।

तू भूले जग को जग भूले तुझको राम नाम मत भूल ।।

रामनाम में रमों राम भजे होए जग अनुकूल ।

सारा जग बेसार राम नाम ही सार मद बस मत झूल ।।

जग जाल कब काल जाना है मत फूल ।

बिषयरस सुखतूल नाम रस सुख मूल संतोष जान मत भूल ।।

____________________________________________

भगवान की तलाश

___________________________________

सदग्रंथ, सुसंत और भक्त कहते हैं कि भगवान सर्वब्यापी हैं । घट-घट वासी हैं । कण-कण में भगवान हैं । फिर भी भगवान नहीं मिलते । क्यों ?

जैसे ग्रंथों में अपार ग्यान का भंडार भरा है । और ग्रन्थ सब जगह उपलब्ध भी हैं । फिर भी वह ज्ञान सहज प्राप्त नहीं है । न ही ज्ञान ग्रन्थ (जिसमें ज्ञान भरा है ) के अवलोकन से और न ही स्पर्श से प्राप्त होता है । और तो और ज्ञान ग्रंथों को पढ़ डालने से भी प्राप्त नहीं होता । ठीक ऐसे ही कण-कण में भगवान हैं और न ही दिखते हैं और न ही प्राप्त होते हैं ।

जैसे ग्रंथों से ज्ञान प्राप्त करने के लिए साधना, ध्यान, चिंतन-मनन, प्रेम और विश्वास चाहिए । ठीक ऐसे ही कण-कण रुपी ग्रन्थ में बसे ज्ञान रुपी भगवान को प्राप्त करने के लिए साधना, ध्यान, चिंतन-मनन, प्रेम और विश्वास चाहिए । मालुम हो सबको ज्ञान प्राप्त नहीं होता । ठीक ऐसे ही सबको भगवान प्राप्त नहीं होते ।

यह भी ध्यान देने योग्य है कि ग्रंथों से ज्ञान प्राप्त कर लेना तो आसान है लेकिन कण-कण में बसे भगवान को प्राप्त करना आसान नहीं है ।

लोग भगवान को खोजते हैं । भगवान को जानना, पाना अथवा देखना चाहते हैं । और भगवान स्वयं भक्त खोजते रहते हैं । लोग भगवान को तलाशते हैं और भगवान लोगों को । सच्चे भक्त की तलाश उन्हें हमेशा रहती है । सच्चे भक्त को भगवान को तलाशने की आवश्यकता ही नहीं रहती । भगवान स्वयं आकर मिलते हैं ।

कोई कितना ही बड़ा, संत, ज्ञानी अथवा विद्वान क्यों न हो, यदि उसमें भक्ति नहीं है, तो उसे भगवान कदापि नहीं मिलेंगे । वहीं दूसरी ओर कोई कितना भी छोटा अथवा मूर्ख ही क्यों न हो, यदि उसमें भक्ति है, तो उसे भगवान मिल जायेंगे ।

सारा संसार भगवान को प्रिय है । लेकिन भक्त सबसे प्रिय है । भगवान केवल सच्चे भक्त को मिलते हैं । और किसी को नहीं ।

भगवान को यहाँ-वहाँ, चाहे जहाँ तलाशो, पूजा-पाठ करो, प्रवचन करो अथवा सुनों अर्थात चाहे जो साधन अथवा साधना करो भगवान मिलने वाले नहीं । भगवान प्रेम और भक्ति से ही द्रवित होते हैं ।

भगवान को ढकोसला और बनावट बिल्कुल रास नहीं आती, रास आती है तो सरलता, मन की निर्मलता ।

भगवन तो मिलना चाहते हैं, प्रकट होना चाहते हैं । इसके लिए वे बेताब रहते हैं । लेकिन मिलें तो किससे ? किसके सामने प्रकट हों ? उन्हें योग्य अधिकारी चाहिए ? अनाधिकारी को कुछ भी देना पाप-अधर्म होता है । भगवान अनघ और धर्म स्वरूप-धर्म धुरंधर हैं, तो वे पाप या अधर्म कैसे करें ?

कण-कण के वासी भगवान को प्रकट करने के लिए प्रहलाद जैसा प्रेमी भक्त चाहिए । गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज प्रहलाद जी के प्रेम की सराहना करते हुए कहते हैं कि-

“प्रेम बदौं प्रहलादहि को जिन पाहन से प्रमेश्वरू काढ़े” ।

___________________________________

भगवान को प्राप्त करने का सरलतम तरीका

___________________________________

भगवान को प्राप्त करना बहुत ही सरल है । कहीं जाने की या दर-दर ठोकर खाने की भी जरूरत नहीं है । कई काम भी नहीं करना हैं । केवल और केवल एक काम करना हैं । और भगवान घर बैठे प्राप्त हो जायेंगे ।

जैसे कोई रोग हो जाए तो जितने डॉक्टर के पास जाओ उतनी ही तरह-तरह की दवाएं और हिदायतें दी जाती हैं । वैसे ही भगवान को प्राप्त करने के नाना तरीके हैं । और लोग बताते भी रहते हैं । लेकिन हम सिर्फ एक सरलतम तरीका बता रहे हैं ।

भगवान छल-कपट से और छल-कपट करने वालों से बहुत दूर रहते हैं । और छल-कपट रहित निर्मल मन वालों के बहुत पास रहते हैं । श्रीराम जी कहते हैं कि निर्मल मन वाले ही हमें पा सकते हैं । दूसरे नहीं ।

बिना मन निर्मल किये ही हम तीर्थों के चक्कर लगाते फिरते हैं । साधु-महात्माओं के दर्शन और आशीर्वाद लेते रहते हैं । प्रवचन सुनते रहते हैं । मंदिर जाया करते हैं । घर में भी पूजा-पाठ करते रहते हैं । यथा-शक्ति दान-दक्षिणा भी देते रहते हैं । व्रत-उपवास भी करते रहते हैं । लेकिन भगवान नहीं मिलते । क्योंकि हमारे पास निर्मल मन नहीं है ।

यही सबसे बड़ी समस्या है । हम सब भगवान को तो पाना चाहते हैं । लेकिन बिना मन निर्मल किये । जो कि सम्भव नहीं है । अपना मन ही निर्मल नहीं है । तो भगवान कैसे मिलें ?

अपना प्रतिबिम्ब भी देखना हो तो निर्मल यानी साफ-सुथरा दर्पण की आवश्यकता होती है । यदि दर्पण साफ-सुथरा न हो तो खुद अपना प्रतिबिम्ब भी नहीं दिखाई पड़ता । तब गंदे मन रुपी दर्पण से भगवान कहाँ दिखेंगे ? यदि दर्पण में अपनी छवि बसानी यानी देखनी है तो दर्पण को स्वच्छ करना ही होगा । ठीक ऐसे ही मन में श्रीराम को बसाने के लिए मन स्वच्छ करना ही पड़ेगा ।

दर्पण स्वच्छ हो तो कुछ करना थोड़े पड़ता है । जैसे दर्पण के सामने गए प्रतिबिम्ब उसमें आ गया । भगवान तो हर जगह हैं । कण-कण में हैं । कहीं जाना भी नहीं है । हम हमेशा भगवान के सामने पड़ते हैं । लेकिन भगवान हमारे मन रुपी दर्पण में नहीं आते, नहीं दिखते । क्योंकि अपना मन रुपी दर्पण निर्मल नहीं है । अतः यदि हमारा मन निर्मल हो जाए तो हमें भगवान को पाने के लिए कुछ करना थोड़े पड़ेगा । भगवान खुद हमारे मन में बस जायेंगे । आ जायेंगे और हमें दिखने लगेंगे ।

भगवान को रहने के लिए जगह की कमी थोड़े है । लेकिन भक्त के मन में, हृदय में रहने का मजा ही दूसरा है । इसलिए भगवान निर्मल मन वाले को तलासते रहते हैं । जैसे कोई निर्मल मन मिला उसमें बस जाते हैं ।

अतः भगवान को पाने के लिए हमें कुछ नहीं करना है । सिर्फ हमें अपने मन को निर्मल बना लेना है । सब छोड़कर हम अगर यह काम कर ले जाएँ तो भगवान हमें मिल जाएंगे । भगवान खुद कहते हैं-

‘निर्मल मन जन सोमोहि पावा । हमहिं कपट छल छिद्र न भावा’ ।।

___________________________________

संकटमोचन मारूतनंदन

संकटमोचन मारूतनंदन हनूमान अतुलित प्रभुताई ।

महाबीर बजरंगबली प्रभु निज मुख कीन्ह बड़ाई ।।

राम सुसेवक राम प्रिय रामहु को सुखदाई ।

तुमसे तात उरिन मैं नाही कहि दीन्हेउ रघुराई ।।

बालि त्रास त्रसित सुग्रीव को राम से दिहेउ मिलाई ।

भक्त विभीषन धीरज दीन्हेउ राम कृपा समुझाई ।।

गुन बुधि विद्या के तुम सागर कृपा करि होउ सहाई ।

राम प्रभु के निकट सनेही अवसर पाइ कहउ समुझाई ।।

अब तो नाथ विलम्ब न कीजे वेगि द्रवहु सुर साई ।

अघ अवगुन खानि संतोष तो स्वामी तव चरण की आस लगाई ।।

विरद की रीति छ्मानिधि रखिए करुनाकर रघुराई ।

नाथ चरन तजि ठौर नहीं संतोष रहा अकुलाई ।।

__________________________________




रघुपति राघव जन सुखदाई

रघुपति राघव जन सुखदाई ।

आरतपाल सहजकृपाल अग जग के तू साई ।।

जग जो बड़े हुए अरु होते तुम्हरे दिए बड़ाई ।

शिव, हरि, बिधि आदिक को प्रभु दई तुम्हीं प्रभुताई ।।

घट-घट के जाननहार सुधि कियो न कोउ कराई ।

ठौर नहीं प्रभु द्रवहुँ वेगिंह कहौ कहाँ हम जाई ।।

आस पियास बुझै नहि रघुवर बिनु कृपा जल पाई ।

संतोष रखो प्रभु करुनासागर कृपा वारि पिलाई ।।

__________________________________________

।। श्रीराम चालीसा ।।

।। श्री गणेशाय नमः ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

श्रीरामचालीसा

दोहा-

तुलसिदास मानस विमल, राम नाम श्रीराम ।

पवनतनय अरु विनय पद, सादर करौं प्रनाम ।।

अविगत अलख अनादि प्रभु, जगताश्रय जगरूप ।

पद कंज रति देहु मोहि, अविरल अमल अनूप ।।

चौपाई-

जय रघुनाथ राम जग नायक । दीनबन्धु सज्जन सुखदायक ।।

प्रनतपाल सुंदर सब लायक । असरन सरन धरे धनु सायक ।।

नाम लेत मुद मंगल दायक । सरल सबल असहाय सहायक ।।

सुमुख सुलोचन अज अविनासी । संतत गिरिजा पति उर वासी ।।

अगम अगोचर जन दुखनासी । सहज सुगम अनुपम सुखरासी ।।

दया क्षमा करुना गुन सागर । पुरुष पुरान सुशील उजागर ।।

हरि हर बिधि सुर नर मुनि भावन । अघ अविवेक समूल नसावन ।।

भरत लखन रिपुहन हनुमाना । संग सिया राजत भगवाना ।।

रूप अनूप मदन मद हारी । गावत गुन सुर नर मुनि झारी ।।

सुर नर मुनि प्रभु देखि दुखारे । तजि निज धाम धरा पगु धारे ।

सुत बिनु दशरथ राय दुखारी । सुत होइ उनको कियो सुखारी ।।

मख हित मुनिवर अति दुःख पाए । दुष्टन दलि तुम यज्ञ कराए ।।

पाहन बनि मुनि गौतम नारी । सहत विपिन नाना दुःख भारी ।।

ससंकोच निज पद रज डारी । दयासिन्धु तुम कियो सुखारी ।।

सोच मगन नृप सिया सहेली । मातु सकल नर नारि नवेली ।।

सबकर सोच मिटायेउ स्वामी । भंजि चाप जय राम नमामी ।।

परशुराम बहु आँखि दिखाए । गुन गन कहि धनु देय सिधाये ।।

करि कुचाल जननी पछितानी । उनको बहुत भांति सनमानी ।

केवट नीच ताहि उर भेटा । सुर दुर्लभ सुख दै दुःख मेटा ।।

भरत भाय अति कियो बिषादा । जगत पूज भे राम प्रसादा ।।

आप गरीब अनेक निवाजे । साधु सभा ते आय बिराजे ।।

बन बन जाय साधु सनमाने । तिनके गुन गन आप बखाने ।।

नीच जयंत मोह बस आवा । जानि प्रभाव बहुत पछितावा ।।

शवरी गीध दुर्लभ गति पाए । सो गति लखि मुनिराज लजाये ।।

कपि असहाय बहुत दुःख मानी । बसत खोह तजि के रजधानी ।।

करि कपीस तेहिं निज पन पाला । जयति जयति जय दीनदयाला ।।

बानर भालू मीत बनाये । बहु उजरे प्रभु आप बसाये ।।

कोल किरात आदि बनवासी । बानर भालु यती सन्यासी ।।

सबको प्रभु कियो एक समाना । को नहि नीच रहा जग जाना ।।

कोटि भालु कपि बीच बराए । हनुमत से निज काज कराए ।।

पवनतनय गुन श्रीमुख गाये । जग बाढ़ै प्रभु आप बढ़ाए ।।

हनुमत को प्रभु दिहेउ बड़ाई । संकटमोचन नाम धराई ।।

रावण भ्रात निसाचर जाती । आवा मिलइ गुनत बहु भांती ।।

ताहिं राखि बहु बिधि हित कीन्हा । लंका अचल राज तुम दीन्हा ।।

चार पुरुषारथ मान बड़ाई । देत सदा दासन्ह सुखदाई ।।

मो सम दीन नहीं हित स्वामी । मामवलोकय अन्तरयामी ।।

रीति प्रीति युग-युग चलि आई । दीनन को प्रभु बहु प्रभुताई ।।

देत सदा तुम गहि भुज राखत । साधु सभा तिनके गुन भाखत ।।

कृपा अनुग्रह कीजिए नाथा । विनवत दास धरनि धरि माथा ।।

छमि अवगुन अतिसय कुटिलाई । राखो सरन सरन सुखदाई ।।

दोहा-

राम राम संतोष कहु भरि नयनन महु नीर ।

प्रनतपाल असरन सरन सरन देहु रघुवीर ।।

राम चालीसा नेम ते, पढ़ जो प्रेम समेंत ।

बसहिं आइ सियाराम जु, ताके हृदय निकेत ।।

।। सियावर रामचन्द्र की जय ।।

_________________________

।। श्रीराम स्तुति ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

हे राम प्रभूजी दयाभवन । तुमसा है जग में और कवन ।।१।।

सुखसागर नागर जलजनयन । गुन आगर करुना छमा अयन ।।२।।

सुखदायक लायक विपति समन । भवतारन हारन जरा मरन ।।३।।

संकोच सिंधु धुर धर्म धरन । शारंगधर टारन भार अवन ।।४।।

जग पालन कारन सिया रमन । देवों को दायक तुम्ही अमन ।।५।।

मन लाजै तुमको देखि मदन । शोभा की सीमा शील सदन ।।६।।

विश्वाश्रय रघुवर विश्वभरन । तुमको प्रभु बारंबार नमन ।।७।।

तुम बिनु प्रभु क्या यह मानुष तन । बन जावो मेरे जीवनधन ।।८।।

दुख दारिद दावन दोष दमन । तुमको ही ध्याये मेरा मन ।।९।।

प्रभुजी अवगुन अघ ओघ हरन । हो चित चकोर बिधु आप वदन ।।१०।।

नहि मालुम मुझको एक जतन । तुम बिनु को हारे दुख दोष तपन ।।११।।

कहते हैं स्वामी तव गुनगन । शरनागत राखन प्रभु का पन ।।१२।।

मेंरा उर हो प्रभु आप सदन । गहि बाँह रखो मोहि जानि के जन ।।१३।।

विनती प्रभुजी तारन तरन । मन का भी मेरे हो नियमन ।।१४।।

हे राम प्रभू मेरे भगवन । मैं चाह रहा तेरी चितवन ।।१५।।

करुनासागर संतोष सरन । है ठौर इसे बस आप चरन ।।१६।।

।। सियावर रामचंद्र की जय ।।

______________________________


श्रीहनुमान स्तुति

।। श्री हनुमते नमः ।।

जय हनुमंत जयति मतिसागर । बल विक्रम त्रैलोक उजागर ।।१।।

पवनतनय समरथ गुन आगर । जय कपीस सेवक हित नागर ।।२।।

महावीर सब सिधि निधि दायक । जय रनधीर राम गुन गायक ।।३।।

रामदूत सुंदर सब लायक । बसत हिय सिय सह रघुनायक ।।४।।

ज्ञान विज्ञान विवेक अपारा । तव गुनगन गावत जग सारा ।।५।।

रवि सुरेश तव पौरुष भारी । जानत सकल देव नर नारी ।।६।।

दानव दैत्य भूत जग जेते । डरपहिं नाम सुनावत तेते ।।७।।

छीजहिं सकल दुष्ट अधियारी । घोर निशा जिमि देखि तमारी ।।८।।

अग-जग जाल सकल जेहिं सिरिजा । मानत सकल देव हर गिरिजा ।।९।।

सेवक तासु प्रिय सुखदाई । बार-बार प्रभु कीन्हि बड़ाई ।।१०।।

कहेउ उरिन तुमसे नहि भाई । संकटमोचन नाम धराई ।।११।।

धन्य-धन्य कीरति जग छाई । शेष-महेश सके नहि गाई ।।१२।।

हरि-हर-बिधि तव भगति सराही । राम भगत तुम सम कोउ नाही ।।१३।।

राम प्रेम मूरति धरे देहीं । मिले जेहिं आप राम मिले तेहीं ।।१४।।

राम प्रभू के निकट सनेही । दीन मलीन प्रनत जन नेही ।।१५।।

अघ अवगुन छमि होउ सहाई । संतोष मिलैं जेहि श्रीरघुराई ।।१६।।

।। श्रीहनुमानजी महाराज की जय ।।

______________________

।। प्रार्थना ।।

____________________________________

।। श्रीसीतारामाभ्यां नमः ।।

राम दयामय आस निहारूँ ले अँखियों में जल ।

दीन दुखी के प्रभु तुम साथी तुमही हो संबल ।।१।।

कोमलचित है नाथ तुम्हारा तुम हो बड़े सरल ।

खोजि-खोजि के दीन उधारेउ तारेउ तुम्हीं उपल ।।२।।

जगताश्रय प्रभु जग जन रक्षक तुमसा नहीं सबल ।

मुझको भी एक बार निहारो मैं कितना निर्बल ।।३।।

दीनदयाल दया के सागर तुम ही मेरे बल ।

मेरी दीन-दशा का स्वामी हाथ तुम्हारे हल ।।४।।

राम दयानिधि दया करेंगे आज नहीं तो कल ।

मन को मैं अपने समझाऊँ होता जाय बिकल ।।५।।

करुणासागर देर न करिए अवसर जाइ निकल ।

बिना कृपा प्रभु राम हमारे मुझको सब मुश्किल ।।६।।

कृपा अनुग्रह करिए स्वामी भूलूँ न एक पल ।

संतोष चहै मन मीन हो मेरा राम चरन हो जल ।।७।।

।। सियावर रामचन्द्र की जय ।।

_____________________________________