सीतानाथ रघुनाथ पाप ताप हारी । द्रवउ रघुवंशमणि धनुष वाण धारी ।। -विनयावली ।।

एको देवो रामचन्द्रो व्रतमेकं तदर्चनम । मंत्रोअप्येकश्च तत्नाम शास्त्रं तद्ध्येव तत्स्तुतिः ।। -पद्मपुराण ।।


दीनबंधु तुहीं एक मोर गोहारी । देखउ रघुनाथ अब ओर हमारी ।। -विनयावली ।।

सीताजी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
सीताजी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 12 नवंबर 2026

आरती कीजे श्रीसियाराम की

 

आरती कीजे श्रीसियाराम की ।

ज्ञान विज्ञान विराग धाम की ।।आरती. ।।

 

सुमिरत सुलभ सकल दुख हारैं ।

दारुण दोष अविद्या जारैं ।।

पाप ताप भय रोग निवारैं ।

अविरल अमल भगति दायक की ।।आरती. ।।

 

संकट दुर्घट सोच मिटावैं ।

रज गिरि गरल सुधा बनि जावै ।।

भाल कुअंक सुअंक बनावैं ।

अकथनीय अतुलित महिमा की ।। आरती. ।।

 

सब सुख खानि सकल सिधि दायक ।

जगत बीज जन दीन सहायक ।।

नाम अनेक नेक सब लायक ।

वेद तत्व चर अचर तेज की ।। आरती. ।।

 

संसृत सूल समूल मिटावैं ।

पतितपावन अघ ओघ नसावैं ।।

प्रगट प्रभाव लोक तिहुँ गावै ।

चार पदारथ करतल कर की ।। आरती. ।।

 

काम कोह मोहादिक हारी ।

रघुकुलभूषण जनकदुलारी ।।

स्वामि सखा गुर पितु महतारी ।

पूरणकाम सुजन हितकर की ।। आरती. ।।

 

सीताराम जगत उपकारी ।

सकल भुवन महिमा विस्तारी ।।

नाम मंत्र सब साधन भारी ।।

दीन संतोष सरल सुंदर की ।। आरती. ।।

 

।। जय श्रीसीताराम ।।

 

मंगलवार, 20 जनवरी 2026

अंजना के लाल महावीर गदाधारी हो

 

अंजना के लाल महावीर गदाधारी हो ।

दीनन की कौन सुनैं दीन दुखहारी हो ।।

रामदूत हनुमान वीर व्रतधारी हो ।

देखौ बजरंगी अब ओर हमारी हो ।।

स्वामी श्रीराम और सिया महतारी हो ।

यही बल तेरे जिओं कहत पुकारी हो ।।

गुन बल एकौ नहीं ओर तुम्हारी हो ।

देखौं गुन ज्ञान दया बल भंडारी हो ।।

सुर साधु दीन सबकेर हितकारी हो ।

राखत दीनहीन करत सुखारी हो ।।

दीन संतोष सुनौ विनय हमारी हो ।

मोसे दीनदूबरे को तकिया तिहारी हो ।।

 

।। गदाधारी महावीर हनुमानजी की जय ।।

गुरुवार, 1 जनवरी 2026

घूम रहे हैं नगर अयोध्या के जादूगर

 

घूम रहे हैं नगर अयोध्या के जादूगर ||


धोखेहु इन्हैं  निरखि जो लेवै | सहजहिं सो इनके बस होवै ||
धारे कर धनु सर || अयोध्या के जादूगर  ||


पहले ये मिथिला पति मोहे | फिर पुरवासिन को संमोहे ||
कैसी करी नजर || अयोध्या के जादूगर  ||

ऐसा आकर्षण ये जानैं | बरबस ओर खींच मन मानैं ||

जाएँ जहाँ जिधर || अयोध्या के जादूगर||

सुर नर मुनि नहिं देखि अघावैं | छवि समुंद्र मन डूबत जावै ||

छोड़ी नहीं कसर || अयोध्या के जादूगर ||

मन चित सब निज संग लगावैं | अखियन तर नहिं दूजा आवै ||

जाए जहाँ नजर || अयोध्या के जादूगर ||

मुनिवर का ये यज्ञ कराये | नीच मारीच को मार भगाये |
रहता अब डर डर ||  अयोध्या के जादूगर ||

आवत मग गुरु माता तारे | गौतमऋषि लै संग सिधारे ||
पद रज करी असर ||  अयोध्या के जादूगर ||

जनक लली भी देखत मोही | सखियन सहित बाग संमोहीं ||
उर कर लीन्हे घर ||  अयोध्या के जादूगर   ||

कौशिल्या दशरथ के जाये | अवधपुरी से मुनि संग आये |
सीखी कला किधर || अयोध्या के जादूगर ||

दीन संतोष सिया सब आली | हर्षीं देखि राम दिनमाली ||
चर्चा भूरि नगर ||  अयोध्या के जादूगर ||

|| जय श्रीराम ||

सोमवार, 15 दिसंबर 2025

हे श्यामल मृदुगात सुनिए बात सखियाँ पूछ रहीं

 

हे श्यामल मृदुगात सुनिए बात सखियाँ पूछ रहीं । 

सखियाँ पूछ रहीं रघुनाथ सखियाँ पूछ रहीं ।।

 

केहिके बल तू शिव धनु तोरेउ । जनकलली से नाता जोरेउ ।।

लै आएउ बारात ।। सुनिए बात सखियाँ पूछ रही ।।

 

ताड़का को केहिके बल मारेउ । मुनिवर कै पुनि काज सवाँरेउ ।।

भल कीन्हीं शुरुआत ।। सुनिए बात सखियाँ पूछ रही ।।

 

पाथर से नारी प्रगटायेउ । अहिल्या को पतिधाम पठायेउ ।।

जादूगर दियो मात ।। सुनिए बात सखियाँ पूछ रहीं ।।

 

मुनिवर के संग मिथिला आयेउ । आवत ही पुर लोग लुभायेउ ।।

करनी कहि नहिं जात ।। सुनिए बात सखियाँ पूछ रहीं ।।

 

हम जो कहैं हमरे मन आवै । तुमसे नहिं कछु भेद छुपावैं ।।

जो कछु हमैं बुझात ।। सुनिए बात सखियाँ पूछ रहीं ।।

सुमन वाटिका हम सब देखे । पुष्प हेतु श्रम होत विशेषे ।।

पद कर सब जलजात ।। सुनिए बात सखियाँ पूछ रहीं ।।

 

पहिले काम बने जेहिं कारन । पाछे भी सबकेर निवारन ।।

सियाजू की मुलाकात ।। सुनिए बात सखियाँ पूछ रहीं ।।

 

दीन संतोष सब सिया सहेली । प्रेम बिबस कछु कहा जो बोलीं ।।

सुनि सुनि प्रभु मुस्कात ।। सुनिए बात सखियाँ पूछ रहीं ।।


।। जय श्रीसीताराम ।।

रविवार, 5 अप्रैल 2020

दण्डक कानन पावनकारी भगवान श्रीराम-दंडकारण्य उजाड़ वन प्रदेश से हरा-भरा कैसे बना ?


प्राचीन काल में दण्डकारण्य वन प्रदेश में राजा दण्डक का राज्य था । उन्हीं के नाम से इस वन क्षेत्र को दण्डकारण्य कहा जाता है । ऋषि शुक्राचार्य के शाप से यह वन उजाड़ हो गया था ।


    यह सुंदर हरा-भरा वन प्रदेश उजाड़ हो गया था । वृक्ष-लताएँ सूख गए थे । वन उजड़ गया था ।


भगवान श्रीराम चित्रकूट से अनेकानेक ऋषियों से मिलते हुए दण्डकारण्य को चले । भगवान राम की कृपा से ही इस वन क्षेत्र का उद्धार होना था ।


  भगवान श्रीराम जैसे ही अपने छोटे भाई लक्ष्मण और भार्या सीताजी के साथ अपना चरण कमल इस वन प्रदेश में रखा, यह वन प्रदेश शाप मुक्त हो गया-‘कानन अघ गा भा सुखकारी’ ।


श्रीरामचरितमानस में भी यह कथा आई है । ऋषि अगस्त्य राम जी से कहते हैं कि-‘दण्डक वन पुनीति प्रभु करहू । उग्र शाप मुनिवर कर हरहू’ । अर्थात हे रघुनाथ जी आप मुनि श्रेष्ठ के उग्र शाप का हरण करके दण्डक वन को पवित्र अर्थात हरा-भरा कर दीजिए ।


चूँकि राम जी ने दण्डक वन को पवित्र किया था इसलिए पुराणादि ग्रंथों में राम जी को ‘दंडक कानन को पवित्र करने वाले’ कहकर स्तुति की गई ।


  इस प्रकार राम जी के चरण कमल का स्पर्श पाते ही सारा दण्डक वन पवित्र हो गया था । उसका शाप दूर हो गया था । वह उजाड़ वन प्रदेश से हरा-भरा हो गया था ।
   
    
।। दण्डक कानन पावनकारी भगवान श्रीराम की जय ।।

रविवार, 2 फ़रवरी 2020

सीताजी की अग्नि परीक्षा- कारण और रहस्य


क्या सीताजी की कोई अग्नि परीक्षा हुई थी ? क्या सीताजी को वास्तव में अग्नि परीक्षा देनी पड़ी थी ? यदि हुई भी थी तो सीताजी की अग्नि परीक्षा का प्रमुख कारण और रहस्य क्या है ? सामान्यतया लोग समझते हैं कि सीताजी की अग्नि परीक्षा सीताजी के पवित्रता की परीक्षा थी । लेकिन यह बात सही नहीं है । संत और भक्त इस बात को जानते और समझते हैं ।


रावण वध के पश्चात जब सीताजी लंका से रामजी के पास आईं तो सीताजी को अग्नि में जाकर रामजी के पास आना पड़ा था । जिसे लोगों ने अग्नि परीक्षा का नाम दे दिया । जबकि यह कोई परीक्षा नहीं थी । श्रीरामचरितमानस आदि ग्रंथों में भी अग्नि परीक्षा शब्द नहीं आया है ।


लंका में वास्तविक सीताजी गयी ही नहीं थीं । सीताजी की छाया सीता जी के रूप में लंका गई थी । जिसे प्रतिबिम्ब सीता अर्थात सीताजी का प्रतिबिम्व कहा जाता है । वास्तविक सीता जी को रामजी ने अग्नि में भेज दिया था । अर्थात अग्नि देव के पास भेज दिया था ।


  यह कोई सामान्य चरित्र नहीं है । इसे हम लोग अपने से सामान्य मनुष्य से जोड़कर नहीं देख सकते हैं । हम लोग अर्थात सामान्य मनुष्य अग्नि की लपटों को भी स्पर्श नहीं कर पाते हैं तो अग्नि में प्रवेश करना हम लोगों की पहुँच से दूर की बात है । सामान्य मनुष्य अग्नि में कैसे रह सकता है ? यह सामान्य मनुष्य के लिए संभव नहीं है ।


  लेकिन भगवान के लिए असम्भव कुछ नहीं है । अग्नि भी भगवान का स्वरूप है । सीताजी भी भगवान का ही स्वरूप हैं । राम और सीता जो अलग दिखते हैं वास्तव में वे सीताराम अर्थात एक ही हैं । इसप्रकार सीताजी भी अग्नि में रह सकती हैं । अग्नि उन्हें जला नहीं सकती है ।


  चूँकि वास्तविक सीताजी लंका में थीं ही नहीं और प्रतिबिम्ब सीता केवल रावण वध के लिए ही अस्तित्व में आई थीं । इसलिए प्रतिबिम्ब सीता को अग्नि में भेजकर वास्तविक सीता को अग्नि से वापस लेना था ।


  इसे ही लोगों ने अग्नि परीक्षा का नाम दिया । जबकि यह घटना कोई परीक्षा नहीं थी । लेकिन यह रहस्य सबको पता नहीं था कि वास्तविक सीताजी अग्नि में हैं । इस रहस्य को देवता भी नहीं जानते थे । और रामजी अपने स्वरूप को, अपने चरित्र को स्वयं प्रगट नहीं करते । इसलिए सबके सम्मुख रामजी ने यही कहा कि तुम्हें अग्नि से होकर ही मेरे पास आना होगा ।


गोस्वामी तुलसीदासजी महाराज कहते हैं कि राम जी ने सीताजी को अग्नि में पहले ही रखा हुआ था । जिनको अब सबके अंतर के साक्षी रामजी प्रगट करना चाहते हैं –


सीता प्रथम अनल महुँ राखी । प्रगट कीन्हि चह अंतर साखी ।।



चूँकि सीताजी अग्नि में हैं इसलिए उनका प्रागट्य अग्नि से ही होगा । अग्नि से ही उन्हें प्रगट करना पड़ेगा । यहाँ पर राम जी के अंतर साक्षी नाम को लिखकर गोस्वामी जी ने यह भी सिद्ध कर दिया है कि यह कोई परीक्षा नहीं है । परीक्षा नहीं होने जा रही है । वल्कि यह सीताजी का प्रागट्य महोत्सव है । परीक्षा तो वह लेता है जिसे क्या है और क्या नहीं है यह जाँँचना होता है । जो सबके अंतर में अंतर आत्मा रूप से स्थिति है, जड़ चेतन सबके भले-बुरे कर्मो का अंतर साक्षी है । सब कुछ जनता है । वह परीक्षा क्या लेगा ? इसे गोस्वामी जी ने स्पष्ट कर दिया है ।


जब प्रतिबिम्ब सीता जी अग्नि में गईं तो प्रतिबिम्ब रूप अग्नि में ही जल गया और वास्तविक सीताजी को अग्नि देव ने प्रगट होकर रामजी को वापस कर दिया । देवता, मुनि और सिद्ध सबने देखा कि सीताजी ने अग्नि में प्रवेश किया लेकिन कोई इस रहस्य को समझ नहीं पाया कि रामजी सीताजी को अग्नि से वापस ले रहे हैं-


प्रतिबिम्ब अरु लौकिक कलंक प्रचंड पावक महुँ जरे ।

प्रभु चरित काहुँ न लखे नभ सुर सिद्ध मुनि देखहिं खरे ।।

धरि रूप पावक पानि गहि श्री सत्य श्रुति जग विदित जो ।

जिमि क्षीरसागर इंदिरा रामहि समर्पी आनि सो ।।


जो लोग अज्ञानता बस यह सोच रहे थे कि यह सीता जी के पवित्रता की परीक्षा हैं । इसमें देवता भी शामिल थे । उन लोगों ने जब सीता जी को अग्नि से बाहर निकलते देखा तो उनके समझ से सीता जी की पवित्रता प्रमाणित हो गई । इस प्रकार लोक की दृष्टि में लौकिक कलंक भी उस प्रंचड अग्नि में जल गया ।


  स्कंद पुराण में कथा आती है कि जब सीता जी को अग्नि में प्रवेश करते हुए देवताओं ने देखा तो उनके मन में आया कि ये भगवान हैं अथवा सामान्य मनुष्य । क्योंकि भगवान तो अंतरसाक्षी हैं । उन्हें प्रमाण की क्या जरूरत है ? ऐसी स्थित में प्रमाण तो सामान्य मनुष्य लेता है । देवताओं को अपने वास्तविक स्वरूप का परिचय कराने के लिए रामजी ने अपने विराट स्वरूप को प्रगट किया ।


  श्रीवाल्मीकि रामायण में सीताजी को अग्नि में प्रवेश करते देख देवता बहुत चिंतित हुए । और रामजी से सीताजी को अग्नि में जाने से रोकने के लिए प्रार्थना करने लगे । और स्तुति करने लगे कि आप तो तीनों लोकों के आदि कर्ता स्वंय भगवान हैं । आदि । क्योंकि यह भेद किसी को ज्ञात नहीं था कि वास्तव में सीताजी को अग्नि में भेजा नहीं वल्कि अग्नि से वापस लिया जा रहा है ।


  जैसे क्षीरसागर ने स्वयं प्रगट होकर श्रीलक्ष्मी जी को भगवान श्रीविष्णु को समर्पित कर दिया था । ठीक उसी प्रकार अग्नि देव ने अपने स्वरूप में प्रगट होकर सीताजी को भगवान राम को समर्पित कर दिया । लेकिन लोगों ने सीताजी को अग्नि से निकलते हुए तो देखा लेकिन यह रहस्य नहीं समझ पाए कि जो सीताजी लंका में थीं  वह दूसरी थीं तथा जो अग्नि से बाहर आईं वह ही वास्तविक सीता जी  हैं । जिन्हें रामजी ने अग्नि के पास छोड़ रखा था ।


।। जय श्रीसीताराम ।।

बुधवार, 7 अगस्त 2019

रामजी की मर्यादा और सीताजी का दूसरा वनवास


रामजी को मर्यादा पुरषोत्तम और पुराण पुरषोत्तम कहा जाता है । अर्थात मर्यादा निभाने में राम जी सबसे उत्तम हैं । इसीप्रकार पुराणों में जितने पुरषों के चरित्र का वर्णन किया गया है । राम जी उन सबमें सर्वोत्तम हैं । रामजी का चरित्र सबसे उत्तम है ।


इतना ही नहीं वाल्मीकि रामायण में कहा गया है कि राम जी धर्म के साक्षात विग्रह हैं । अर्थात नैतिक नियम, नीति और धर्म के साक्षात प्रतिमूर्ति रामजी हैं । रामजी सभी नियमों, नीतियों और धर्म के सभी सिद्धांतों का अक्षरशः पालन करने वाले हैं । किसी को जानना हो कि धर्म क्या है ? नैतिकता क्या है ? तो उसे रामजी का चिंतन करना चाहिए । रामजी के चरित्रों का चिंतन करना चाहिए । क्योंकि कोई भी नैतिक मूल्य अथवा धर्म राम जी के चरित्र से परे नहीं हैं । ऐसा संतों और सद्ग्रन्थों का मत है ।


ऐसे में सीता जी को दूसरा वनवास क्यों दिया गया ? यह समझने के लिए निम्नलिखित बातों को समझना चाहिए ।


 जो साधारण मनुष्य हैं जैसे हम लोग तो उन्हें कम से कम तीन मर्यादाओं का अवश्य पालन करना चाहिए ।


 पहली कुल की मर्यादा होती है । इसका मतलब है कि हमारे कुल के पूर्वजों ने जो कीर्तिमान स्थापित किए हैं, जो आदर्श स्थापित किए हैं । उनका पालन करना । उसके अनुसार कार्य करना । उदाहरण के लिए रघुवंश में वचन पालन का आदर्श था- रघुकुल रीति सदा चलि आई । प्राण जाइ पर वचन न जाई ।


दूसरी है लोक की मर्यादा । लोक की मर्यादा का मतलब है जो आदर्श हमारे समाज का है उसके अनुरूप रहना । आज के समय में भी कई बार इससे लाभ होता है । लोग प्रायः कहते हैं कि ऐसा करोगे तो ‘चार लोग’ क्या कहेगें ? यहाँ चार लोग का मतलब समाज से होता है । इस प्रकार समाज के डर से कई चीजें अच्छी की जाती हैं ।


तीसरी है वेद की मर्यादा । जिसे आज के समय में लोग जानते ही नहीं । वेद का नाम जरूर सुना होगा । लेकिन वैदिक मर्यादा के बारे में जब पता नहीं है तो पालन का कोई सवाल ही नहीं है ।


  आजकल लोग अपने माता-पिता को ही नहीं मानते, जानते पहचानते तो कुल की मर्यादा की किसे पड़ी है । वेद की मर्यादा से भी कुछ लेना देना नहीं है । समाज का डर भले ही कुछ लोगों को हो । वैसे आजकल कोई मर्यादा ही नहीं रह गयी है और ‘करता वह जिसको जो भाए’ का समय आ गया है । इसे ही कलियुग कहा गया है ।


उपरोक्त तीन मर्यादाएं मनुष्य मात्र के लिए हैं । चाहें वह स्त्री,पुरुष और नपुंसक कोई भी क्यों न हो ।


 रामजी मनुष्य रूप में अवतरित तो हुए थे लेकिन मनुष्य नहीं थे । वे लोक में थे लेकिन अलौकिक थे । इसलिए उन्हें पारलौकिक मर्यादा का भी पालन करना था । यह मर्यादा हम लोगों के लिए नहीं है ।


रामजी के अवतार का एक कारण इसी मर्यादा को निभाने के लिए हुआ था । नारद जी के वचन को रखने के लिए राम जी मनुष्य बने और रावण द्वारा सीताजी का हरण किया जाना स्वीकार किया ।


 इसी तरह भृगु जी के वचन को रखने के लिए सीताजी को वनवास दिया गया । सीताजी को अयोध्या से वनवास भेजा गया । भृगु जी का शाप था कि असमय आपको अपनी पत्नी का परित्याग करना पड़ेगा । रामजी ने भृगु जी के शाप को सत्य करके दिखाया और उनके वचन की रक्षा की ।


 इस तरह साधारण मनुष्यों से इतर रामजी पारलौकिक मर्यादा से बंधे थे । और रामजी ने एक साथ कुल की यानी रघुवंश की, लोक की, वेद की और सूक्ष्म लोक की चारों मर्यादाओं का पालन किया ।


चूँकि सूक्ष्म लोक की मर्यादा अलौकिक है । पारलौकिक है । इसलिए कोई सोचे कि रामजी ने सीताजी का परित्याग कर दिया था इसलिए मुझे भी ऐसा करना चाहिए । तो यह गलत है । क्योंकि यह लोक की दृष्टि से सही नहीं है ।


  और यदि कोई सोचे कि राम जी ने सीताजी का परित्याग करके गलत किया था तो यह नासमझी की बात है । मूर्खता है । रामजी ने सदा मर्यादाओं का पालन किया है । और इसलिए ही वे मर्यादा पुरषोत्तम हैं । पुराण पुरषोत्तम हैं ।


 इतना ही नहीं । जो राम जी हैं । वे ही सीता जी हैं । रामजी और सीताजी में भेद नहीं है । अभेद है । लोक (लीला) की दृष्टि से राम जी और सीताजी अलग हो गए । लेकिन तत्वतः रामजी और सीताजी कभी अलग नहीं होते-

  
उमा राम गुन गूढ़, पंडित मुनि पावहिं विरति ।
पावहिं मोह विमूढ़ जे हरि विमुख न धर्म रति ।।



।। जय श्रीसीताराम ।।


सोमवार, 13 मई 2019

सीता मैया मोहिं राम से मिला दो



जगतजननी माता सीता की महिमा अपार है । माता सीता करुणा की खानि हैं । और सहज उपकारी हैं । सहज उपकारी उसे कहते हैं जो सब पर सहज-अपने आप स्वभाव बश उपकार करती रहती हो ।

 माता सीता से याचना करने वाला कोई भी खाली हाथ नहीं जाता है । चाहे वह कितना भी दुष्ट क्यों न हो । रावण दुष्ट था लेकिन याचक बनकर आया था इसलिए माता जी ने उसे भी निराश नहीं किया- याचक जन माँ कबहुं न टारी । द्वारे देखि दुष्ट सत्कारी । -विनयावली ।।

सीता माता करुणा बरसाती हैं । और जो उनकी करुणा से भीग जाता है वह रामजी का हो जाता है । रामजी उसे अपना लेते हैं । इसलिए सीता माता से हम पार्थना करते हैं कि हे करुणा की खानि, हे सहज उपकारी मुझ दीन-मलीन गवाँर को भी अपनी करुणा से भिगा दीजिए-


सीता मैया मोहिं राम से मिला दो ।

करुणा की खानि सहज उपकारी, करि करुणा करुणा बरसा दो ।।१।।

दीन मलीन गवाँर निहारी, दीन-दशा प्रभु सो बतला दो ।

गुनगनधाम दीनजन गाहक, गुनगन की माँ याद दिला दो ।।२।।

रीति-प्रीति जन दीन को आदर, विरद की रीति पुनीत बता दो ।

जनम-जनम को दीन-दुखारी, बिगड़ी जनम की मातु बना दो ।।३।।

असर-सरन राम रघुवर की, करि कृपा माँ सरन दिला दो ।

दीन संतोष याचक कर जोरे, माँ रघुकुल की रीति निभा दो ।।४।।

                                     - विनयावली-३१/१-४

।। जगतजननी माता सीता की जय ।।



सोमवार, 15 अप्रैल 2019

पवनतनय के चरित सुहाए-२४ (सीताजी का कुशल समाचार लेकर समस्त वानर-भालुओं का वापस किष्किन्धा प्रस्थान)


हनुमानजी महाराज ने लंका से वापस चलते समय भारी गर्जना किया जिससे महा ध्वनि हुई । जिसे सुनकर राक्षसों के स्त्रियों के गर्भ गिरने लगे । हनुमान जी समुंद्र लांघकर इस पार आ गए और हर्ष सूचक शब्द करके वानरों को सुनाया । जिससे सबको पता चल जाय कि सीतामाता का पता मिल गया है ।

हनुमान जी को देखते ही सभी वानर-भालु हर्षित हो गए । उन्हें ऐसा लगा मानों उन सबको नया जीवन मिल गया हो । हनुमानजी के शरीर में तेज व्याप्त था और मुख पर प्रसन्नता थी । जिससे सबको पता  चल गया  कि हनुमानजी महाराज ने भगवान रामचंद्र जी के काज को पूरा कर लिया है । प्रसन्नता, हर्ष आदि के भाव वांछित कार्य की पूर्णता, सफलता आदि के सूचक होते हैं । इसके विपरीति मन, मुख का तेज हीन होना, गिरा होना कार्य की अपूर्णता, असफलता का परिचायक होता है ।

सभी वानर-भालु हनुमानजी से मिले और बहुत सुखी हुए । मानों तड़फती हुई मछली को जल मिल गया हो । अर्थात हनुमानजी के बिना समस्त वानर-भालु उस तरह व्याकुल थे जैसे मछली पानी के बिना व्याकुल रहती है । जैसे जल के बिना व्याकुल मछली को जल पाकर सुख और नव-जीवन मिलता है ठीक इसी तरह सभी वानर-भालु हनुमानजी को देखकर सुखी हो गए ।

सभी लोग हर्षित होकर सीता माता का समाचार और लंका पहुँचने और वहाँ से वापस आने का सारा वृतांत पूछते और कहते हुए रघुनायक भगवान राम से मिलने चल दिए ।

 तभी सभी लोग किष्किन्धा के मधुवन में आ गए और अंगद जी के अनुमोदन से फल और मधु खाए । मधुवन के रक्षक जब रोकने लगे तो वानरों और भालुओं ने उन पर मुष्टिका से प्रहार किए जिससे सभी रक्षक भाग गए ।

  सभी रक्षकों ने किष्किन्धा में जाकर पुकार लगाई कि युवराज अंगद वन उजाड़ रहे हैं । जब सुग्रीवजी ने यह समाचार सुना तो यह सोचकर हर्षित हुए कि अवश्य ही श्रीराम प्रभु का कार्य पूरा करके लौटे हैं । अन्यथा विशेष वन-मधुवन में प्रवेश करने का ये लोग साहस नहीं करते । हर्षातिरेक में वानरों ने ऐसा किया था । 

सुग्रीवजी सोचने लगे कि यदि ये लोग सीता जी का समाचार पाए बिना आए होते तो क्या ये मधुवन के फल खा सकते थे ? अर्थात इनका यह कृत अवश्य ही शुभ-सूचक है । सफलता सूचक है । 

 वानर राज सुग्रीव जी मन में ऐसा बिचार कर ही रहे थे कि समस्त वानर-भालु वहाँ आ गए । सभी लोगों ने  आकरके सुग्रीव जी को प्रणाम किया । वानर राज सुग्रीव सभी से बहुत प्रेमपूर्वक  मिले । 

सुग्रीवजी ने उनसे कुशल-क्षेम पूछा तो वानरों  ने कहा कि आपके चरणों का दर्शन करके सब कुशल ही है । रामजी ने और आपने जो हमे विशेष कार्य सौंपा था वह भगवान राम की कृपा से पूर्ण हो गया है ।

वानरों ने आगे कहा कि हे नाथ ! इस कार्य को हनुमानजी ने करके सभी वानरों के प्राणों की रक्षा की है । ऐसा सुनकर सुग्रीव जी हनुमान जी से फिर से मिले और समस्त वानरों सहित रघुपति भगवान श्रीराम के पास चल दिए ।

(शेष भाग-२५ में ।)


।। जय श्रीसीताराम ।।

लोकप्रिय पोस्ट

कुछ पुरानी पोस्ट

चित करो राम कहे ग्रंथन की । कीजे लाज विरद अरु पन की ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

चित करो राम कहे ग्रंथन की । कीजे लाज विरद अरु पन की ।।

सुर मुनि साधु कहे गुनगन की । हारत भीर सदा दीनन की ।।

कूर कपूत सकल दुर्जन की । नहिं गति और छाँड़ि चरनन की ।।

सरन राम पद सब असरन की । सादर बाँह गहत निबरन की ।।

सार संभार राम दीनन की । करत सदा जोगवत जन मन की ।।

सुनत राम सबबिधि हीनन की । कोल किरात आदि बनरन की ।।

बिगत सकल गुन जदपि सुजन की । राखो लाज नाथ अब जन की ।।

दीन संतोष नहीं तन मन की । जप तप बल नहिं और जतन की ।।

मोरे आश राम चितवन की । पतितपावन अरु शील सदन की ।।

______________________________


।। जय रघुवर जय राम धनुर्धर ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

जय रघुवर जय राम धनुर्धर । सुंदर श्याम सुशील सियावर ।।

मंगल मूरति रूप मनोहर । सोहत सुंदर शारंग कर सर ।।

मंजु मराल बसत जन उर सर । मोहत साधु संत बिधि हरि हर ।।

चरण कमल जन मुनि मन मधुकर । तारन तरन होत चिंतन कर ।।

भरत लखन कपि आदिक अनुचर । सीताराम रूप सचराचर ।।

अगुन सगुन अज अमित अगोचर । अजर अमर सुखनिधि परमेश्वर ।।

ज्ञान विज्ञान सकल सदगुन घर । दीनदयाल प्रनत हित तत्पर ।।

पुरुष पुराण अनूप भूपवर । माया मानुष सोहत नरवर ।।

बानर भालु आदि बहु बनचर । दीनबंधु राखे सब निज कर ।।

दीन संतोष बसहु उर अंतर । परम उदार दीन आरति हर ।।

______________________________


आरती कीजे श्रीराम लला की पूण निपुण धनुवेद कला की

इस ब्लॉग पर मार्च २०१५ में प्रकाशित और मेरे द्वार रचित इस आरती को बिना कोई संदर्भ दिए अनेकों लोगों ने अपने ब्लॉग / वेब पेज पर प्रकाशित कर लिया है । और रचनाकार का नाम भी नहीं दिया है । इसमें आरती चालीसा आदि जैसी वेबसाइटें और देश के कई प्रमुख समाचार और टीवी चैनेल भी शामिल हैं । आरती संग्रह और आस्था संग्रह नामक वेबसाइट पर आरती को पारम्परिक और रचनाकार को अज्ञात बता दिया गया था । संस्कार टीवी ने भी गीत/Lyrics को परंपरागत बताकर अपने गायकों से आरती को गवाकर अपने यूट्यूब, फेसबुक और ऑफिसियल वेबसाइट आदि पर विडियों को प्रसारित कर दिया है ।

।। गोस्वामी तुलसीदास जी का संदेश ।।

हे मनुष्यों भटकना छोड़ दीजिए । तरह-तरह के कर्म, अधर्म और नाना मतों को त्याग दीजिए । क्योंकि ये सब केवल शोक और कष्ट देने वाले हैं । इनसे शोक दूर होने के बजाय और बढ़ता ही है । जीवन में ठीक से सुख-चैन नहीं मिलता और परलोक में भी शांति नहीं मिलती । इसलिए विश्वास करके भगवान श्रीराम जी के चरण कमलों से अनुराग कीजिए । इससे तुम्हारे सारे कष्ट अपने आप दूर हो जाएंगे-

“नर बिबिध कर्म अधर्म बहु मत सोकप्रद सब त्यागहू ।

बिस्वास करि कह दास तुलसी राम पद अनुरागुहू” ।।

राम जी का ही सुमिरन कीजिए । राम जी की ही यश गाथा को गाइए और हमेशा राम जी के ही गुण समूहों को सुनते रहिए-

“रामहिं सुमिरिए गाइए रामहिं । संतत सुनिए राम गुनग्रामहिं” ।।

।।जय सियाराम ।।

___________________________________________

विज्ञान का बीज

संसार में हर चीज का बीज (मूल कारण ) होता है । अर्थात संसार और सांसारिक चीजों का कोई न कोई उदगम होता है । सबका बीज से ही उत्पत्ति और आगे विकास होता है । विज्ञान का बीज मतलब मूल कारण क्या है ? विज्ञान का बीज कहाँ से आया ? विज्ञान का बीज किसने बनाया ? विज्ञान का बीज किसने दिया ? यह एक बहुत ही विचारणीय प्रश्न है । यहाँ पर हम लोग देंखेगे कि विज्ञान का बीज तो भगवान द्वारा ही इस संसार को उपलब्ध कराया गया है ।

बहुत से लोग समझते हैं कि विज्ञान और अध्यात्म एक दूसरे के विरोधी हैं । लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है । इस बात को समझने के लिए सनातन धर्म के साथ-साथ आधुनिक विज्ञान का अध्ययन जरूरी है । आधुनिक विज्ञान की वैसे तो बहुत सी शाखाएँ हैं । परंतु इनमें से भौतिक विज्ञान यानी Physics ही ऐसा है जो व्रह्मांड के उत्पत्ति और संरचना की अध्ययन करता है । भौतिकी कि दो शाखाएँ बहुत ही महत्वपूर्ण हैं । इनमे से एक जनरल रिलेटिविटी (General Relativity) और दूसरी क्वांटम मेकेनिक्स (Quantum Mechanics) है ।

गणित को आधुनिक विज्ञान की माता कहा जाता है । गणित का हम लोगों के जीवन और विज्ञान के विकास में बहुत ही महत्वपूर्ण रोल है । इस बात को हमारे ऋषि-मुनि भी जानते थे । अधिक जानकारी के लिए इस ब्लॉग के ‘गणित और व्रह्मांड’ लेख को पढ़ सकते हैं । आधुनिक गणित (Modern Mathematics) समुन्द्र के समान विस्तृत है । फिर भी समुच्चय सिद्धांत (Set Theory), संख्या सिद्धांत (Number Theory), फलन और तर्क सिद्धांत (Theory of Functions and Logic), आंशिक और साधारण अवकल समीकरण (Partial and Ordinary Differential Equations) और बीजगणित तथा आधुनिक बीजगणित (Algebra and Modern Algebra) आदि बहुत ही उपयोगी शाखाएँ हैं ।

गणित के अभाव में आधुनिक विज्ञान (Modern Science) और टेक्नोलोजी (Technology) की कल्पना ही नहीं की जा सकती । गणित को विद्वान और वैज्ञानिक विज्ञान की माता कहते हैं । लेकिन गणित की माता कौन है ? गणित की उत्पत्ति का मूल कारण क्या है । गॉस (Gauss) नाम के एक बहुत बड़े गणितज्ञ हुए हैं । गॉस ने कहा था कि गणित विज्ञान की माता है और संख्या सिद्धांत गणित की माता है । अब प्रश्न यह है कि संख्या सिद्धांत का मूल क्या है ? गणितज्ञ संख्या सिद्धांत का मूल प्राकृतिक संख्याओं (Natural Numbers) को बताते हैं । इंही से अन्य संख्याओं का विकास और संख्या सिद्धांत का विकास और फिर विज्ञान का विकास हुआ है । इस बात को वैज्ञानिक और गणितज्ञ जानते हैं ।

जो चीज प्राकृतिक होती है, उस पर सबका बराबर अधिकार होता है । जैसे हवा, गंगा जल आदि । ठीक इसीप्रकार से प्राकृतिक संख्याओं पर केवल पढ़े लिखे मनुष्यों का ही अधिकार नहीं है । इस पर अनपढ़ लोगों का तथा साथ ही पशु-पक्षियों का भी अधिकार है । एक, दो, तीन आदि का किसे पता नहीं है । सब लोग गणना में इनका इस्तेमाल करते हैं ।

पशु-पक्षियों के पास भी गणना की योग्यता होती है । उदाहरण के लिए मान लीजिए एक बृक्ष पर किसी चिड़िया का घोसला है । मान लीजिए उसमें दस बच्चे हैं । अब यदि चिड़ियाँ के अनुपस्थिति में कोई एक बच्चे को गायब कर दे तो वापस आने पर चिड़ियाँ अशांत हो जाती है । इधर-उधर, आस-पास मँडराने और चिल्लाने लगती है । जबकि उसके सभी बच्चे एक जैसे होते हैं । फिर भी उसे पता चल जाता है कि एक बच्चा गायब हो गया है । चिड़ियाँ को एक दो लिखना या बोलना नहीं आता । लेकिन प्रकृति प्रदत्त गणना की योग्यता से उसे इसका भान होता है ।

अब प्रश्न यह है कि प्राकृतिक संख्याओं का मूल क्या है ? जैसा कि नाम से भी स्पष्ट है । इसका मूल प्रकृति है । भगवान हैं । इस बात को क्रोंकर (Kronecker) नामक गणितज्ञ ने इस प्रकार कहा है- ‘Natural numbers are God given bricks’. अर्थात ये ईश्वर की दी हुई इंटें हैं ।

जिस प्रकार ईंट से भवन का निर्माण हो जाता है । इसी प्रकार से प्राकृतिक संख्या रुपी ईंटों से संख्या सिद्धांत रुपी भवन खड़ा किया गया । इस प्रकार से गणित की माता का जन्म हुआ । जिससे गणित बनी । फिर गणित के बाद गणित से आज का विज्ञान बना । इस प्रकार हम देखते हैं कि विज्ञान का बीज तो राम जी के द्वारा ही इस संसार को मिला है । गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज ने भी कहा है-

‘धरम तड़ाग ज्ञान विज्ञाना । ए पंकज विकसे बिधि नाना’ ।।

।। जय श्रीसीताराम ।।

_________________________________________

प्रार्थना

हे राम प्रभू मेरे भगवान । दीन सहायक दयानिधान ।।

तुम सम तुम प्रभु नहि को आन । गाये जग तेरा गुनगान ।।

तुमको सम प्रभु मान अमान । औरों को देते तुम मान ।।

धारण करते हो धनु वान । रखते हो निज जन की आन ।।

जग पालक जग के तुम जान । तुम ही ज्ञान और विज्ञान ।।

तुम सम नहि कोउ महिमावान । शिव अज नारद करें बखान ।।

वेद सके भी नहि पहिचान । जानूँ मैं क्या अति अज्ञान ।।

सरल सबल तुम सब गुनखान । दया करो हमको जन जान ।।

दूर करो अवगुन अभिमान । विद्यानिधि दो निर्मल ज्ञान ।।

छूटे नहि प्रभु तेरा ध्यान । संतोष शरन राखो भगवान ।।

।। जय सियाराम ।।

_________________________________

राम नाम मंगलमूल दूर करे सब सूल

राम नाम मंगलमूल दूर करे सब सूल ।

तू भूले जग को जग भूले तुझको राम नाम मत भूल ।।

रामनाम में रमों राम भजे होए जग अनुकूल ।

सारा जग बेसार राम नाम ही सार मद बस मत झूल ।।

जग जाल कब काल जाना है मत फूल ।

बिषयरस सुखतूल नाम रस सुख मूल संतोष जान मत भूल ।।

____________________________________________

भगवान की तलाश

___________________________________

सदग्रंथ, सुसंत और भक्त कहते हैं कि भगवान सर्वब्यापी हैं । घट-घट वासी हैं । कण-कण में भगवान हैं । फिर भी भगवान नहीं मिलते । क्यों ?

जैसे ग्रंथों में अपार ग्यान का भंडार भरा है । और ग्रन्थ सब जगह उपलब्ध भी हैं । फिर भी वह ज्ञान सहज प्राप्त नहीं है । न ही ज्ञान ग्रन्थ (जिसमें ज्ञान भरा है ) के अवलोकन से और न ही स्पर्श से प्राप्त होता है । और तो और ज्ञान ग्रंथों को पढ़ डालने से भी प्राप्त नहीं होता । ठीक ऐसे ही कण-कण में भगवान हैं और न ही दिखते हैं और न ही प्राप्त होते हैं ।

जैसे ग्रंथों से ज्ञान प्राप्त करने के लिए साधना, ध्यान, चिंतन-मनन, प्रेम और विश्वास चाहिए । ठीक ऐसे ही कण-कण रुपी ग्रन्थ में बसे ज्ञान रुपी भगवान को प्राप्त करने के लिए साधना, ध्यान, चिंतन-मनन, प्रेम और विश्वास चाहिए । मालुम हो सबको ज्ञान प्राप्त नहीं होता । ठीक ऐसे ही सबको भगवान प्राप्त नहीं होते ।

यह भी ध्यान देने योग्य है कि ग्रंथों से ज्ञान प्राप्त कर लेना तो आसान है लेकिन कण-कण में बसे भगवान को प्राप्त करना आसान नहीं है ।

लोग भगवान को खोजते हैं । भगवान को जानना, पाना अथवा देखना चाहते हैं । और भगवान स्वयं भक्त खोजते रहते हैं । लोग भगवान को तलाशते हैं और भगवान लोगों को । सच्चे भक्त की तलाश उन्हें हमेशा रहती है । सच्चे भक्त को भगवान को तलाशने की आवश्यकता ही नहीं रहती । भगवान स्वयं आकर मिलते हैं ।

कोई कितना ही बड़ा, संत, ज्ञानी अथवा विद्वान क्यों न हो, यदि उसमें भक्ति नहीं है, तो उसे भगवान कदापि नहीं मिलेंगे । वहीं दूसरी ओर कोई कितना भी छोटा अथवा मूर्ख ही क्यों न हो, यदि उसमें भक्ति है, तो उसे भगवान मिल जायेंगे ।

सारा संसार भगवान को प्रिय है । लेकिन भक्त सबसे प्रिय है । भगवान केवल सच्चे भक्त को मिलते हैं । और किसी को नहीं ।

भगवान को यहाँ-वहाँ, चाहे जहाँ तलाशो, पूजा-पाठ करो, प्रवचन करो अथवा सुनों अर्थात चाहे जो साधन अथवा साधना करो भगवान मिलने वाले नहीं । भगवान प्रेम और भक्ति से ही द्रवित होते हैं ।

भगवान को ढकोसला और बनावट बिल्कुल रास नहीं आती, रास आती है तो सरलता, मन की निर्मलता ।

भगवन तो मिलना चाहते हैं, प्रकट होना चाहते हैं । इसके लिए वे बेताब रहते हैं । लेकिन मिलें तो किससे ? किसके सामने प्रकट हों ? उन्हें योग्य अधिकारी चाहिए ? अनाधिकारी को कुछ भी देना पाप-अधर्म होता है । भगवान अनघ और धर्म स्वरूप-धर्म धुरंधर हैं, तो वे पाप या अधर्म कैसे करें ?

कण-कण के वासी भगवान को प्रकट करने के लिए प्रहलाद जैसा प्रेमी भक्त चाहिए । गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज प्रहलाद जी के प्रेम की सराहना करते हुए कहते हैं कि-

“प्रेम बदौं प्रहलादहि को जिन पाहन से प्रमेश्वरू काढ़े” ।

___________________________________

भगवान को प्राप्त करने का सरलतम तरीका

___________________________________

भगवान को प्राप्त करना बहुत ही सरल है । कहीं जाने की या दर-दर ठोकर खाने की भी जरूरत नहीं है । कई काम भी नहीं करना हैं । केवल और केवल एक काम करना हैं । और भगवान घर बैठे प्राप्त हो जायेंगे ।

जैसे कोई रोग हो जाए तो जितने डॉक्टर के पास जाओ उतनी ही तरह-तरह की दवाएं और हिदायतें दी जाती हैं । वैसे ही भगवान को प्राप्त करने के नाना तरीके हैं । और लोग बताते भी रहते हैं । लेकिन हम सिर्फ एक सरलतम तरीका बता रहे हैं ।

भगवान छल-कपट से और छल-कपट करने वालों से बहुत दूर रहते हैं । और छल-कपट रहित निर्मल मन वालों के बहुत पास रहते हैं । श्रीराम जी कहते हैं कि निर्मल मन वाले ही हमें पा सकते हैं । दूसरे नहीं ।

बिना मन निर्मल किये ही हम तीर्थों के चक्कर लगाते फिरते हैं । साधु-महात्माओं के दर्शन और आशीर्वाद लेते रहते हैं । प्रवचन सुनते रहते हैं । मंदिर जाया करते हैं । घर में भी पूजा-पाठ करते रहते हैं । यथा-शक्ति दान-दक्षिणा भी देते रहते हैं । व्रत-उपवास भी करते रहते हैं । लेकिन भगवान नहीं मिलते । क्योंकि हमारे पास निर्मल मन नहीं है ।

यही सबसे बड़ी समस्या है । हम सब भगवान को तो पाना चाहते हैं । लेकिन बिना मन निर्मल किये । जो कि सम्भव नहीं है । अपना मन ही निर्मल नहीं है । तो भगवान कैसे मिलें ?

अपना प्रतिबिम्ब भी देखना हो तो निर्मल यानी साफ-सुथरा दर्पण की आवश्यकता होती है । यदि दर्पण साफ-सुथरा न हो तो खुद अपना प्रतिबिम्ब भी नहीं दिखाई पड़ता । तब गंदे मन रुपी दर्पण से भगवान कहाँ दिखेंगे ? यदि दर्पण में अपनी छवि बसानी यानी देखनी है तो दर्पण को स्वच्छ करना ही होगा । ठीक ऐसे ही मन में श्रीराम को बसाने के लिए मन स्वच्छ करना ही पड़ेगा ।

दर्पण स्वच्छ हो तो कुछ करना थोड़े पड़ता है । जैसे दर्पण के सामने गए प्रतिबिम्ब उसमें आ गया । भगवान तो हर जगह हैं । कण-कण में हैं । कहीं जाना भी नहीं है । हम हमेशा भगवान के सामने पड़ते हैं । लेकिन भगवान हमारे मन रुपी दर्पण में नहीं आते, नहीं दिखते । क्योंकि अपना मन रुपी दर्पण निर्मल नहीं है । अतः यदि हमारा मन निर्मल हो जाए तो हमें भगवान को पाने के लिए कुछ करना थोड़े पड़ेगा । भगवान खुद हमारे मन में बस जायेंगे । आ जायेंगे और हमें दिखने लगेंगे ।

भगवान को रहने के लिए जगह की कमी थोड़े है । लेकिन भक्त के मन में, हृदय में रहने का मजा ही दूसरा है । इसलिए भगवान निर्मल मन वाले को तलासते रहते हैं । जैसे कोई निर्मल मन मिला उसमें बस जाते हैं ।

अतः भगवान को पाने के लिए हमें कुछ नहीं करना है । सिर्फ हमें अपने मन को निर्मल बना लेना है । सब छोड़कर हम अगर यह काम कर ले जाएँ तो भगवान हमें मिल जाएंगे । भगवान खुद कहते हैं-

‘निर्मल मन जन सोमोहि पावा । हमहिं कपट छल छिद्र न भावा’ ।।

___________________________________

संकटमोचन मारूतनंदन

संकटमोचन मारूतनंदन हनूमान अतुलित प्रभुताई ।

महाबीर बजरंगबली प्रभु निज मुख कीन्ह बड़ाई ।।

राम सुसेवक राम प्रिय रामहु को सुखदाई ।

तुमसे तात उरिन मैं नाही कहि दीन्हेउ रघुराई ।।

बालि त्रास त्रसित सुग्रीव को राम से दिहेउ मिलाई ।

भक्त विभीषन धीरज दीन्हेउ राम कृपा समुझाई ।।

गुन बुधि विद्या के तुम सागर कृपा करि होउ सहाई ।

राम प्रभु के निकट सनेही अवसर पाइ कहउ समुझाई ।।

अब तो नाथ विलम्ब न कीजे वेगि द्रवहु सुर साई ।

अघ अवगुन खानि संतोष तो स्वामी तव चरण की आस लगाई ।।

विरद की रीति छ्मानिधि रखिए करुनाकर रघुराई ।

नाथ चरन तजि ठौर नहीं संतोष रहा अकुलाई ।।

__________________________________




रघुपति राघव जन सुखदाई

रघुपति राघव जन सुखदाई ।

आरतपाल सहजकृपाल अग जग के तू साई ।।

जग जो बड़े हुए अरु होते तुम्हरे दिए बड़ाई ।

शिव, हरि, बिधि आदिक को प्रभु दई तुम्हीं प्रभुताई ।।

घट-घट के जाननहार सुधि कियो न कोउ कराई ।

ठौर नहीं प्रभु द्रवहुँ वेगिंह कहौ कहाँ हम जाई ।।

आस पियास बुझै नहि रघुवर बिनु कृपा जल पाई ।

संतोष रखो प्रभु करुनासागर कृपा वारि पिलाई ।।

__________________________________________

।। श्रीराम चालीसा ।।

।। श्री गणेशाय नमः ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

श्रीरामचालीसा

दोहा-

तुलसिदास मानस विमल, राम नाम श्रीराम ।

पवनतनय अरु विनय पद, सादर करौं प्रनाम ।।

अविगत अलख अनादि प्रभु, जगताश्रय जगरूप ।

पद कंज रति देहु मोहि, अविरल अमल अनूप ।।

चौपाई-

जय रघुनाथ राम जग नायक । दीनबन्धु सज्जन सुखदायक ।।

प्रनतपाल सुंदर सब लायक । असरन सरन धरे धनु सायक ।।

नाम लेत मुद मंगल दायक । सरल सबल असहाय सहायक ।।

सुमुख सुलोचन अज अविनासी । संतत गिरिजा पति उर वासी ।।

अगम अगोचर जन दुखनासी । सहज सुगम अनुपम सुखरासी ।।

दया क्षमा करुना गुन सागर । पुरुष पुरान सुशील उजागर ।।

हरि हर बिधि सुर नर मुनि भावन । अघ अविवेक समूल नसावन ।।

भरत लखन रिपुहन हनुमाना । संग सिया राजत भगवाना ।।

रूप अनूप मदन मद हारी । गावत गुन सुर नर मुनि झारी ।।

सुर नर मुनि प्रभु देखि दुखारे । तजि निज धाम धरा पगु धारे ।

सुत बिनु दशरथ राय दुखारी । सुत होइ उनको कियो सुखारी ।।

मख हित मुनिवर अति दुःख पाए । दुष्टन दलि तुम यज्ञ कराए ।।

पाहन बनि मुनि गौतम नारी । सहत विपिन नाना दुःख भारी ।।

ससंकोच निज पद रज डारी । दयासिन्धु तुम कियो सुखारी ।।

सोच मगन नृप सिया सहेली । मातु सकल नर नारि नवेली ।।

सबकर सोच मिटायेउ स्वामी । भंजि चाप जय राम नमामी ।।

परशुराम बहु आँखि दिखाए । गुन गन कहि धनु देय सिधाये ।।

करि कुचाल जननी पछितानी । उनको बहुत भांति सनमानी ।

केवट नीच ताहि उर भेटा । सुर दुर्लभ सुख दै दुःख मेटा ।।

भरत भाय अति कियो बिषादा । जगत पूज भे राम प्रसादा ।।

आप गरीब अनेक निवाजे । साधु सभा ते आय बिराजे ।।

बन बन जाय साधु सनमाने । तिनके गुन गन आप बखाने ।।

नीच जयंत मोह बस आवा । जानि प्रभाव बहुत पछितावा ।।

शवरी गीध दुर्लभ गति पाए । सो गति लखि मुनिराज लजाये ।।

कपि असहाय बहुत दुःख मानी । बसत खोह तजि के रजधानी ।।

करि कपीस तेहिं निज पन पाला । जयति जयति जय दीनदयाला ।।

बानर भालू मीत बनाये । बहु उजरे प्रभु आप बसाये ।।

कोल किरात आदि बनवासी । बानर भालु यती सन्यासी ।।

सबको प्रभु कियो एक समाना । को नहि नीच रहा जग जाना ।।

कोटि भालु कपि बीच बराए । हनुमत से निज काज कराए ।।

पवनतनय गुन श्रीमुख गाये । जग बाढ़ै प्रभु आप बढ़ाए ।।

हनुमत को प्रभु दिहेउ बड़ाई । संकटमोचन नाम धराई ।।

रावण भ्रात निसाचर जाती । आवा मिलइ गुनत बहु भांती ।।

ताहिं राखि बहु बिधि हित कीन्हा । लंका अचल राज तुम दीन्हा ।।

चार पुरुषारथ मान बड़ाई । देत सदा दासन्ह सुखदाई ।।

मो सम दीन नहीं हित स्वामी । मामवलोकय अन्तरयामी ।।

रीति प्रीति युग-युग चलि आई । दीनन को प्रभु बहु प्रभुताई ।।

देत सदा तुम गहि भुज राखत । साधु सभा तिनके गुन भाखत ।।

कृपा अनुग्रह कीजिए नाथा । विनवत दास धरनि धरि माथा ।।

छमि अवगुन अतिसय कुटिलाई । राखो सरन सरन सुखदाई ।।

दोहा-

राम राम संतोष कहु भरि नयनन महु नीर ।

प्रनतपाल असरन सरन सरन देहु रघुवीर ।।

राम चालीसा नेम ते, पढ़ जो प्रेम समेंत ।

बसहिं आइ सियाराम जु, ताके हृदय निकेत ।।

।। सियावर रामचन्द्र की जय ।।

_________________________

।। श्रीराम स्तुति ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

हे राम प्रभूजी दयाभवन । तुमसा है जग में और कवन ।।१।।

सुखसागर नागर जलजनयन । गुन आगर करुना छमा अयन ।।२।।

सुखदायक लायक विपति समन । भवतारन हारन जरा मरन ।।३।।

संकोच सिंधु धुर धर्म धरन । शारंगधर टारन भार अवन ।।४।।

जग पालन कारन सिया रमन । देवों को दायक तुम्ही अमन ।।५।।

मन लाजै तुमको देखि मदन । शोभा की सीमा शील सदन ।।६।।

विश्वाश्रय रघुवर विश्वभरन । तुमको प्रभु बारंबार नमन ।।७।।

तुम बिनु प्रभु क्या यह मानुष तन । बन जावो मेरे जीवनधन ।।८।।

दुख दारिद दावन दोष दमन । तुमको ही ध्याये मेरा मन ।।९।।

प्रभुजी अवगुन अघ ओघ हरन । हो चित चकोर बिधु आप वदन ।।१०।।

नहि मालुम मुझको एक जतन । तुम बिनु को हारे दुख दोष तपन ।।११।।

कहते हैं स्वामी तव गुनगन । शरनागत राखन प्रभु का पन ।।१२।।

मेंरा उर हो प्रभु आप सदन । गहि बाँह रखो मोहि जानि के जन ।।१३।।

विनती प्रभुजी तारन तरन । मन का भी मेरे हो नियमन ।।१४।।

हे राम प्रभू मेरे भगवन । मैं चाह रहा तेरी चितवन ।।१५।।

करुनासागर संतोष सरन । है ठौर इसे बस आप चरन ।।१६।।

।। सियावर रामचंद्र की जय ।।

______________________________


श्रीहनुमान स्तुति

।। श्री हनुमते नमः ।।

जय हनुमंत जयति मतिसागर । बल विक्रम त्रैलोक उजागर ।।१।।

पवनतनय समरथ गुन आगर । जय कपीस सेवक हित नागर ।।२।।

महावीर सब सिधि निधि दायक । जय रनधीर राम गुन गायक ।।३।।

रामदूत सुंदर सब लायक । बसत हिय सिय सह रघुनायक ।।४।।

ज्ञान विज्ञान विवेक अपारा । तव गुनगन गावत जग सारा ।।५।।

रवि सुरेश तव पौरुष भारी । जानत सकल देव नर नारी ।।६।।

दानव दैत्य भूत जग जेते । डरपहिं नाम सुनावत तेते ।।७।।

छीजहिं सकल दुष्ट अधियारी । घोर निशा जिमि देखि तमारी ।।८।।

अग-जग जाल सकल जेहिं सिरिजा । मानत सकल देव हर गिरिजा ।।९।।

सेवक तासु प्रिय सुखदाई । बार-बार प्रभु कीन्हि बड़ाई ।।१०।।

कहेउ उरिन तुमसे नहि भाई । संकटमोचन नाम धराई ।।११।।

धन्य-धन्य कीरति जग छाई । शेष-महेश सके नहि गाई ।।१२।।

हरि-हर-बिधि तव भगति सराही । राम भगत तुम सम कोउ नाही ।।१३।।

राम प्रेम मूरति धरे देहीं । मिले जेहिं आप राम मिले तेहीं ।।१४।।

राम प्रभू के निकट सनेही । दीन मलीन प्रनत जन नेही ।।१५।।

अघ अवगुन छमि होउ सहाई । संतोष मिलैं जेहि श्रीरघुराई ।।१६।।

।। श्रीहनुमानजी महाराज की जय ।।

______________________

।। प्रार्थना ।।

____________________________________

।। श्रीसीतारामाभ्यां नमः ।।

राम दयामय आस निहारूँ ले अँखियों में जल ।

दीन दुखी के प्रभु तुम साथी तुमही हो संबल ।।१।।

कोमलचित है नाथ तुम्हारा तुम हो बड़े सरल ।

खोजि-खोजि के दीन उधारेउ तारेउ तुम्हीं उपल ।।२।।

जगताश्रय प्रभु जग जन रक्षक तुमसा नहीं सबल ।

मुझको भी एक बार निहारो मैं कितना निर्बल ।।३।।

दीनदयाल दया के सागर तुम ही मेरे बल ।

मेरी दीन-दशा का स्वामी हाथ तुम्हारे हल ।।४।।

राम दयानिधि दया करेंगे आज नहीं तो कल ।

मन को मैं अपने समझाऊँ होता जाय बिकल ।।५।।

करुणासागर देर न करिए अवसर जाइ निकल ।

बिना कृपा प्रभु राम हमारे मुझको सब मुश्किल ।।६।।

कृपा अनुग्रह करिए स्वामी भूलूँ न एक पल ।

संतोष चहै मन मीन हो मेरा राम चरन हो जल ।।७।।

।। सियावर रामचन्द्र की जय ।।

_____________________________________