सीतानाथ रघुनाथ पाप ताप हारी । द्रवउ रघुवंशमणि धनुष वाण धारी ।। -विनयावली ।।

एको देवो रामचन्द्रो व्रतमेकं तदर्चनम । मंत्रोअप्येकश्च तत्नाम शास्त्रं तद्ध्येव तत्स्तुतिः ।। -पद्मपुराण ।।


दीनबंधु तुहीं एक मोर गोहारी । देखउ रघुनाथ अब ओर हमारी ।। -विनयावली ।।

मानवता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मानवता लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 17 नवंबर 2018

कृतज्ञता और मनुष्यता तथा ओल्ड ऐज होम (वृद्धाश्रम)


हम जिस देश में रहते हैं । जिस मिट्टी में खेलते-कूदते हैं । जहाँ का हवा, पानी और अन्न इस्तेमाल करते हैं उसे माता कहते हैं । जिस गाय का दूध पीते हैं उसे भी माता कहते हैं ।


   मनुष्य तो क्या जिस चीज अथवा बस्तु से हम कुछ लेते हैं अथवा पाते हैं, सीखते हैं उसके प्रति आदर और कृतज्ञता का भाव रखते हैं । वह चाहे पेड़-पौधे, नदी, पशु-पक्षी आदि कोई भी क्यों न हो । तो फिर जो माता-पिता हमें जीवन देते हैं, पालते-पोसते हैं, हमें बड़ा करते हैं उन्हें यदि देवता मानें तो क्या आश्चर्य हैं । यह है अपनी संस्कृति । यह है कृतज्ञता और यह है मानवता ।


  रामयण हमें सिखाती है कि कृतघ्न होना सबसे बड़ा पाप है । कृतघ्न व्यक्ति का कोई समाधान नहीं है । ऐसे में जो अपने माता-पिता से कृतघ्नता करेगा उसका क्या समाधान होगा ?


  मुझे याद है बचपन में हमारे घर में एक गाय थी । उसी का दूध पीकर हम सभी भाई-बहन बड़े हुए थे । जब गाय बूढ़ी हो गई तो उसे बेचा नहीं गया । उसे छोड़ा नहीं गया । उसे पहले की तरह घर में ही रखा गया । और जब उसकी मृत्यु हुई तो उसे बैलगाड़ी में रखकर श्मसान घाट पर ले जाया गया । बैलगाड़ी को खीचने वाले बैल गाय के ही बछड़े थे । बाजार से कफन मँगाया गया । और कफन में लपेटकर उसे दफनाया गया । घर के बड़े और बच्चे सब श्मसान गए थे । यह कृतज्ञता का एक उदाहरण है ।


  लेकिन आजकल लोग माता-पिता को भी घर से निकालकर ओल्ड ऐज होम अथवा वृद्धाश्रम में भेज देते हैं तो फिर गाय को घर से निकाल दें तो क्या आश्चर्य है ? विदेशों में ओल्ड ऐज होम होते हैं । यह उनकी संस्कृति का हिस्सा है । हमारी नहीं । हम लोग तो सनातन धर्म की सनातन परंपरा में विश्वास रखने वाले और मानने वाले लोग हैं । जहाँ कृतज्ञता मनुष्यता का दूसरा नाम है ।


कुल मिलाकर कृतज्ञ होना मानवता है । मनुष्यता है । यदि हम अपने माता-पिता के प्रति भी कृतज्ञ नहीं हैं तो चाहे जिस ऊँचाई पर हों, चाहे जो हों लेकिन कम से कम मनुष्य तो नहीं है ।


।। जय श्रीसीताराम ।।

मंगलवार, 13 मार्च 2018

मानव माने होय

‘मानव माने होय’ दोहा संग्रह है । संग्रह के दोहों की भाषा बहुत ही सरल तथा रोचक है और अर्थ सहज ही स्पष्ट है । सनातन धर्म के सर्वमान्य सिद्धांत, दर्शन व देश समाज में व्याप्त नैतिक और राजनैतिक भ्रष्टाचार तथा पाखंड आदि ही इन दोहों के बिषय हैं ।

  इन दोहों में यह समझाने का प्रयास किया गया है कि जो ‘माने’ सो मानव और जो कुछ मानता ही नहीं वह मानव कैसे ? मनुष्य और अन्य प्राणियों में मुख्य अंतर यही है कि मनुष्य को बहुत सारे नियमों और नीतियों को मानना पड़ता है जबकि अन्य के लिए इस तरह का कोई नियम और नीति नहीं है । मनुष्य नियमों और नीतियों को मानकर ही ‘मानव’ बनता है । बिना माने मनुष्य मानव नहीं होता । वह या तो पशु अथवा दानव की श्रेणी में आ जाता है ।

 मनुष्य मानव बनकर ही देश-समाज की उन्नति कर सकता है और जीवन के परम लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है । यदि मनुष्य मानव बनकर रहना सीख जाय तो देश-समाज की सारी समस्याएँ अपने आप समाप्त हो जाएँ ।

  आजकल लोग अज्ञान, मान और अभिमान बस नैतिक नियम और नीति, माता-पिता, माँ-बहन, गुरू, गोविंद और गौ को भी नहीं मानते । लगता है न मानना ही आज के लोगों की नियति होती जा रही है । इससे मानवता खतरे में पड़ गई है । और देश-समाज में चोरी, घूसखोरी, हत्या, अपहरण, शीलहरण और तरह-तरह के भ्रष्टाचार दिनों-दिन बढ़ते जा रहे हैं । लेकिन बिडम्बना यह है कि जो मनुष्य मानव बनकर नहीं रह सका, वह अपने आप को ही ईश्वर समझने लगा है ।

 संग्रह के दोहे धर्म-अध्यात्म, ज्ञान-विज्ञान तथा मानवता को पुष्ट करने वाले हैं । ये सभी के लिए पठनीय, अनुकरणीय और संग्रहणीय है । देश-समाज में नैतिक मूल्यों में वृद्धि हो और अनैतिकता पराजित हो तथा मानवता को बल मिले, यही इन दोहों का लक्ष्य है ।


                                                                                                
 ।।  जय श्रीसीताराम ।।
___________________________


रविवार, 25 फ़रवरी 2018

राम इकाई जगत की ...

कहते ज्ञानी आज के कहीं नहीं भगवान ।
रामदास देते यही औरन को निज ज्ञान ।।


कहते हैं संसार को रचा अगर भगवान ।
रामदास भगवान को रचता कौन महान ।।


जो सबको रचता जगत उसे रचेगा कौन ।
राम इकाई जगत की मूढ़ रहैं किम मौन ।।


माखन है जिमि दूध में सहज नहीं दिखलाय ।
जतन किए बिनु न मिले भीतर नहीं लखाय ।।


माटी की काया लिए बिबस मान अभिमान ।
रामदास जिमि टिटहरी सोवत लोग उतान ।।


लोग समझते अब हुए उन्नत अरु होशियार ।
तात मातु नहिं मानते रखते बड़े बिचार ।।


पहले का कहते गलत अब आया नवचार ।
दिशा बिना है दुर्दशा खोज रहे उपचार ।।


बात बात में बोलते नवयुग है विज्ञान ।
आज और कल और है एक नहीं यह ज्ञान ।।


अंकुश नहि अब धर्म का नहीं नीति का मान ।
रामदास वन पशु सरिस लोग कहैं भगवान ।।


रामदास देखा चला ऋषियन का प्रयोग ।
नहीं टिकेगा आज का ले डूबेगा रोग ।।


संत ग्रंथ की बात को रामदास लो मान ।
मानव बनि रहि लीजिए हो जाए कल्यान ।।


माने से मानव मनुज कहते बारम्बार ।
रामदास चित धारिये जग जीवन को सार ।।


            -दोहा संग्रह 'मानव माने होय' से उदधृत कुछ दोहे
              
  





रविवार, 15 अक्टूबर 2017

सेवा धरम के ह्रास और गोकशी होने से गाय की दुर्दशा

गाय की दुर्दशा  

         
मनुज नहीं अब मानते गो आदिक भगवान ।
रामदास बस हो गए मान और अभिमान ।।


बड़ी दुर्दशा गाय की गाय रही बिलखाय ।
रामदास सेवा धरम दिन-दिन रहे नसाय ।।


गौ माता रो-रो कहैं देखो मेरा हाल ।
रामदास जब दूध हो तब लेते सब पाल ।।


रामदास जब दूध नहिं दूर करैं ततकाल ।
जाऊँ तो जाऊँ कहाँ देते लोग निकाल ।।


पीने को नहिं जल मिलै चरने को नहिं घास ।
रामदास भरे नयन जल कहती गाय निरास ।।


रामदास बिनु ठौर के रहूँ जाय किस ओर ।
जंगल भी अपना लिए गोचर भू बरजोर ।।


धरम बिरोधी गाय के बसे नहीं किस ठोर ।
रामदास अब गोकसी रात-दिवस चहुँ ओर ।।


दया धरम सुनते नहीं खल देते हैं काट ।
रामदास रो-रो लखैं राम कृष्ण की बाट ।।


अजा सरिस गति गाय की अब वरनी नहि जाय ।
रामदास कहते कई भेद नहीं दिखलाय ।।


भारत जैसे देश में गोवध बड़ा कलंक ।
रामदास मिटते मिटै भारत भाल कुअंक ।।

राम कृष्ण की पूज्य है ग्रंथ रहे सब गाय ।
रामदास महिमा अमित गाय गए जग जाय ।।


।।  जय श्रीसीताराम ।।


(सभी दोहे दोहा संग्रह-‘मानव माने होय’ से लिए गए हैं । )


लगभग ८-१० वर्ष पूर्व ‘गाय की पीड़ा’ नामक एक छोटी कविता भी लिखा था जिसे सोशल साईटस पर व अन्यत्र लोंगो ने पोस्ट कर रखा है ।

मंगलवार, 1 नवंबर 2016

भवसागर और इससे तरने का मतलब तथा मनुष्य जीवन की आवश्यकता

कई लोग समझते हैं कि भवसागर नाम का कोई सागर है जिसको मरने के बाद पार करना पड़ता है । हर किसी को मरना है ही क्योंकि हर किसी को मरना पड़ता है ।  साधारण जीव की क्या बात किया जाय जब देवताओं को भी मरना पड़ता है ।  ऐसा नियम है और सत्य है । ऐसे में हर किसी का भवसागर से सामना होगा । और जो धर्म-पुण्य करेगा वह इससे तर जाएगा ।  सामान्यतः ऐसा ही समझा जाता है । 


  भवसागर की चर्चा प्रत्येक कथा और प्रवचन में अक्सर होती है ।  साधु-संत और सदग्रंथ इसकी चर्चा करते हैं और इससे तरने के लिए उपाय करने को कहते हैं ।  लेकिन सुनते सब हैं और उपाय कोई-कोई करता है । 


  पहली बात भवसागर नाम का कोई भी सागर यानी समुद्र नहीं है जिसमें सचमुच का अथाह जल भरा हुआ है ।  दूसरी बात मरने के बाद इससे सामना होता है या मरने के बाद रास्ते में भवसागर पड़ता है ऐसा समझना भी सही नहीं है । 


  वास्तव में जैसे कोई प्राणी जन्म लेता है उसका भव सागर से सामना होता है और जब तक जीवित रहता है भवसागर में ही रहता है और इसका सामना करता है क्योंकि सद्ग्रंथो में इस संसार को ही भवसागर कहा गया है ।


 रही बात इससे तरने का तो इसका मतलब है सतत आनंद मय हो जाना, दुखों से सदा सर्वदा के लिए छूट जाना । 


संसार में कोई भी ऐसा नहीं मिलेगा जो कहे कि मैं दुखी होना चाहता हूँ ।  और न ही कोई दुख प्राप्त करने कि लिए अथवा दुखी होने के लिए प्रयत्न ही करता है ।  वही दूसरी ओर कोई ऐसा नहीं मिलेगा जो सुख न चाहता हो अथवा सुखी न होना चाहता हो ।  और सुखी होने के लिए अथवा सुख प्राप्त करने के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते ?  सारा प्रयास सुख के लिए ही तो किया जाता है । 


यह बिडम्बना है कि दुख न चाहते हुए भी लोग दुख प्राप्त करते हैं ।  दुखी होते हैं ।  दुख न चाहने पर भी दुख मिलता है ।  वहीं दूसरी ओर सारा प्रयास सुख के लिए करने पर भी कोई भी कभी भी सुख से संतुष्ट नहीं होता । कोई ऐसा नहीं कहेगा कि हमें अब कोई सुख नहीं चाहिए ।  आनंद नहीं चाहिए ।  जिस चीज से कभी आनंद मिलता है उसी से कभी दुख भी मिलता है । आनंद की खोज में लोग दर-दर भटकते हैं लेकिन कभी भी पूर्णता को प्राप्त नहीं होते । 


आनंद की पूर्णता प्राप्त कर लेना यानी वास्तविक आनंद प्राप्त कर लेना ही भव सागर से पार होना है । आनंदमय हो जाना ही भवपार करना है । 


वास्तविक आनंद क्या है ?  वह अवस्था कौन सी है जहाँ दुख का लेश मात्र नहीं है ।  जहाँ आनंद ही आनंद है ।



सदग्रंथ कहते हैं कि भवसागर से पार होने के लिए यानी आनंदमय हो जाने के लिए ही मनुष्य शरीर की जरूरत होती है और इसके लिए ही दर-दर एक योनि-से दूसरे योनि में भटकते हुए जीव पर कृपा करके ईश्वर द्वारा मनुष्य शरीर प्रदान किया जाता है । 



कहते हैं कि भय, निद्रा, अहार और विहार के अधीन तो सभी प्राणी रहते हैं । रहते क्या हैं इसी में लगे रहते हैं और मर जाते हैं । लेकिन मनुष्य तो अन्य प्राणियों से श्रेष्ठ है इसलिए यदि मनुष्य भी भय, निद्रा, अहार और विहार के अधीन रहे और इसी में लगा रहे तो फिर इनकी क्या विशिष्टता है ? क्या श्रेष्ठता है ? और फिर मनुष्य जीवन की आवश्यकता ही क्या है ? जरूरत ही क्या है ? इसलिए मनुष्य जीवन तभी सार्थक है जब जीव राम जी से जुड़ जाय अन्यथा शूकर और कूकर भी तो एन्जॉय करते ही हैं और भय, निद्रा, अहार और विहार के अधीन रहते हैं । कहते हैं कि-'भूमि भार और अन्न संहार । यह नहीं मनुज जनम का सार' ।। मौज-मस्ती ही यदि करना है तो मनुष्य देह की जरूरत नहीं है । 




  हर प्राणी विश्राम चाहता है, आनंद चाहता है । जीव आनंद के लिए तरसता है, पाने के लिए नाना उपाय करता है, यहाँ-वहाँ, जहाँ-तहाँ, इसमें-उसमें खोजता रहता है पर अभाव ग्रस्त ही रहता है । भला आनंद से तृप्ति कहाँ होती है ? 



  जीव सतत आनंद खोजी है । जीवन का उद्देश्य भी परमानंद प्राप्त करना ही है ।जो पदार्थों में नहीं है । पदार्थों में क्षणिक आनंद है । फिर अभाव है । भटकाव है । विश्राम नहीं है । शांति नहीं है । इसलिए सतत आनंद का खोजी जीव इससे तृप्ति नहीं होता । इसके भटकाव, अशांति, अभाव आदि को दूर करने के लिए इसे मनुष्य जीवन मिलता है । क्योंकि परमानंद का रास्ता मनुष्य जीवन से होकर जाता है । अतः मनुष्य जीवन पाकर आनंद सिंधु, सुख राशि, आनंद स्वरूप भगवान राम से जुड़कर परमानंद प्राप्त करना ही भवसागर से पार होना है ।





।।  जय श्रीसीताराम ।।





मंगलवार, 5 जुलाई 2016

मनुस्मृति के कुछ जीवनोपयोगी संदेश

सनातन धर्म के सद्ग्रंथो में कई स्मृतियाँ हैं जिनमें मनुस्मृति प्राचीनतम है । मनुस्मृति में कई जीवनोपयोगी संदेश/सिद्धांत हैं । जिसमें से कुछ निम्नवत हैं-


·         जहाँ (जिस कुल-घर-परिवार में ) स्त्रियां सम्मानित होती हैं उस कुल से देवता प्रसन्न होते हैं ।


·         जहाँ स्त्रियों का अपमान होता है वहाँ सभी यज्ञादि कर्म निष्फल होते हैं ।


·         जिस कुल में बहू-बेटियाँ क्लेश भोगती हैं वह कुल शीघ्र नष्ट हो जाता है ।


·         जहाँ स्त्रियों को कोई कष्ट नहीं दिया जाता वह कुल-घर-परिवार सवर्दा बढ़ता है ।


·         जिस घर-कुल को बहू-बेटियाँ (कष्ट दिए जाने से) कोसती हैं वे घर नाश को प्राप्त होते हैं ।


·         स्त्रियों को हमेशा भूषण, वसन और भोजन से संतुष्ट रखना चाहिए ।


·         जिस कुल में पत्नी से पति और पति से पत्नी प्रसन्न रहती है उस कुल का सदा कल्याण होता है ।


·         परलोक में माँ-बाप, स्त्री , पुत्र या हित-परिजन कोई भी सहायता नहीं करता ।
 केवल धर्म ही सहायक होता है ।


·         यह जीव अकेला आता है और अकेला ही जाता है और अकेला ही पुण्य-पाप का फल भी भोगता है ।


·         सबको धर्म का संचय करना चाहिए ।


·         भोजन को नित्य पूज्य दृष्टि से देखें और बिना निंदा किए हुए भोजन करें । भोजन को देखकर संतुष्ट और प्रसन्न होवे तथा सदा अन्न का अभिनन्दन करे ।


·         नित्य आदर के साथ किया हुआ भोजन बल और तेज देता है और अनारादर से किया हुआ भोजन बल और तेज दोनों का नाश करता है ।





इसी तरह अनेकानेक जीवनोपयोगी संदेश/सिद्धांत मनुस्मृति में दिए गए है ।





   ।। जय श्रीराम ।।



________________________________________



रविवार, 1 मई 2016

विमल ज्ञान के अभाव से आचार-बिचार में ह्रास और पापाचार की वृद्धि

देश-समाज की स्थिति दिनों-दिन सोचनीय होती जा रही है । इसके कई कारण हैं । इसका एक महत्वपूर्ण कारण है-अपने जड़ से दूर हो जाना । अपने सोच-बिचार को प्रदूषित कर लेना । इससे आचरण अपने आप प्रभावित हो जाता है ।



  विमल ज्ञान के अभाव में पापाचार बढ़ता है । भ्रष्टाचार बढ़ता है । हर जगह पैसे का बोलबाला हो जाता है । लाओ-खाओ का प्रचार हो जाता है । किसका ? कैसे ? इन पर कोई बिचार नहीं करता ।



विमल ज्ञान क्या है ? विमल ज्ञान शास्त्रों का ज्ञान है । इससे मन में पवित्रता आती है । आचार और बिचार शुद्ध हो जाते हैं । इस स्थिति में पापाचार और भ्रष्टाचार पर अंकुश लग जाता है ।


लाओ-खाओ का प्रचार थम जाता है । क्योंकि आचार और बिचार शुद्ध जो हो जाते हैं ।


विमल ज्ञान के अभाव में अहंकार-गुमान हावी हो जाते हैं । इससे अवहेलना करने की आदत बलवती होती जाती है । यह चाहे बड़ों की अवहेलना हो चाहे नियमों की और चाहे दूसरों के  मान-सम्मान और अधिकार की ।



विमल ज्ञान की एक खास बात यह भी है कि यह मनुष्य को राम जी से जोड़ता है । इसके अभाव में लोग या तो खुद को भगवान मानने लगते हैं अथवा भगवान हैं भी कि नहीं ऐसा कहने लगते हैं और यदि भगवान है तो... बात-बात में ऐसा बोलने लगते हैं । विमल ज्ञान मनुष्य को देवत्व की ओर और इसका अभाव पशुता अथवा दानवता की ओर ले जाता है ।



विमल ज्ञान की आवश्कता मनुष्यता को पुष्ट करने के लिए है । मनुष्यता को जीवटता प्रदान करने के लिए है । हमें इसकी आवश्कयता समझने और समझाने की जरूरत है और इस पर बल देना जरूरी है । अन्यथा देश-समाज के पशुता की ओर बढ़ते हुए कदम को रोका नहीं जा सकेगा-


बढ़ता है जग पापाचार । जहँ देखो तँह भ्रष्ट अचार ।।१।।

विमल ज्ञान बिनु नहिं कछु जोर । बढ़ता जग पशुता की ओर ।।२।।

सभी जगह अब पहुँचा दाम । योगी भी भूला हरि नाम ।।३।।

लावो खावो का परचार । किसका कैसे नहीं बिचार ।।४।।

किसका है यह सारा दोष । खोता मानव अपना होश ।।५।।

क्या करता है कलि विज्ञान । इससे नहि मिटता अज्ञान ।।६।।

बढ़ता जाए इससे भोग । जिससे काँपे योगी योग ।।७।।

जग प्रभु का जग की पहिचान । प्रभु को भूल रहा इंसान ।।८।।

बिषय भोग अज्ञान गुमान । ये सब दूर किए भगवान ।।९।।

निर्मल मति बिनु नहीं बिचार । केवल रामनाम है सार ।।१०।।


दीन संतोष नहीं कछु ज्ञान । तुलसीदास गुरू का विज्ञान ।।११।।


                   -विनयावली-५९/१-११



।। जय सियाराम ।।



बुधवार, 2 दिसंबर 2015

तुलसीदासजी का मान

मान, अभिमान और अंहकार जीवन में दुख के कारण बनते हैं । इनसे जीव सत्य से दूर होता जाता है । सही को गलत और गलत को सही समझने अथवा समझाने लगता है । जीवन का उद्देश्य परम कल्याण बताया गया है । जीव का परम कल्याण कब होगा- जब जीव राम जी के चरणों से जुड़ेगा । जीव जितना अधिक मान, अभिमान और अंहकार आदि से दूर होता जाएगा उतना ही अधिक राम जी से जुड़ता जाएगा ।
                           

इसलिए हमारे सदग्रंथ और हमारे संत हमें मान, अभिमान से दूर रहने को कहते आ रहे हैं । मान, अभिमान और अहंकार के वशीभूत होकर हम अपना बहुत नुकसान कर जाते हैं । अपना करें न करें लेकिन इनके वशीभूत होकर हम दूसरों का ज्यादा नुकसान कर बैठते हैं । जो उचित नहीं है । हमें तो संसार में समता लाने और विषमता मिटाने का प्रयास करना है । हमें किसी का अपकार नहीं करना है, जितना हो सके परोपकार करना है । यही शिक्षा ग्रन्थ और संत देते आ रहे हैं । मान, अभिमान और अहंकार से दूर होकर परमार्थ में लगना ही मानवता है ।


 हम सही अर्थों में मानव बनकर राम जी से जुड़ें यही जीवन का लक्ष्य होना चाहिए । यही जीवन का उदेश्य कहा गया है ।


गोस्वामी तुलसीदासजी महाराज बहुत पहुँचे हुए भक्त, संत थे । वैसे तो मान नहीं करना चाहिए । फिर भी गोस्वामीजी को भी एक बात का मान था ।  गोस्वामीजी कहते थे कि सभी लोग हमको राम जी का कहते हैं । कहते हैं कि यह राम जी का है । भले ही कुछ लोग कहते हैं कि यह राम जी का झूठा सेवक है और कुछ लोग कहते हैं कि यह रामजी का सच्चा सेवक है ।


  गोस्वामीजी कहते कि कितनी अच्छी बात है कि मैं राम जी का हूँ । मैं झूठा हूँ तो भी रामजी का हूँ और यदि सच्चा हूँ तो भी राम जी का हूँ । जैसा भी हूँ और जो भी हूँ रामजी का ही हूँ । और मुझे इस बात का मान है कि मैं राम जी का हूँ ।


  संसारिक लोगों को इस बात का मान होता है कि वह अमुक और अमुक व्यक्ति से जुड़ा हुआ है ।जब लोग उसे संसार के बड़े-बड़े लोगों का कहते और बताते हैं तो उसका सीना चौड़ा हो जाता है । संसार में लगा हुआ प्राणी जितना अधिक संसार से जुड़ता है उतनी ही उसे प्रसन्नता होती है । 


लेकिन जो राम जी से जुड़े हैं अथवा जुड़ना चाहते हैं उन्हें संसार के लोगों का बनने से, कहने से अथवा कहलवाने से क्या मिलेगा ? यदि गोस्वामी तुलसीदास जी जैसा मान हम लोगों को भी हो जाए तो अपना भी जीवन सफल हो जाए । 






।।  जय श्रीसीताराम ।।





सोमवार, 16 नवंबर 2015

जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए

प्रत्येक व्यक्ति के लिए जीवन में उपलब्धि का अलग-अलग मतलब होता है । कोई अच्छे व्यवसाय को, कोई अच्छी नौकरी इत्यादि को अपने जीवन की बड़ी उपलब्धि मानता है । लेकिन इस संसार में सबसे बड़ी उपलब्धि क्या है ? अच्छा घर, गाड़ी, नौकर-चाकर, बैंक-बैलेंस, मान-सम्मान आदि ही क्या इस जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि हैं ? नहीं । ऐसा नहीं है । यदि हम ऐसा सोचते हैं तो गलत है । इस बात को समझ पाना, मान पाना, स्वीकार कर पाना कठिन हो सकता है । लेकिन सच तो यही है ।


 जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि भगवान श्रीराम की भक्ति है । उनके चरणों में प्रेम है । यदि हम रामजी के चरणों में प्रेम नहीं कर पाए तो समझो कुछ नहीं कर पाए । इसका मतलब यह नहीं है कि हमें अन्य उपलब्धियों को त्याग देना चाहिए । अन्य उपलब्धियों का कोई मतलब नहीं है । यदि हम संसार से बिरक्त नहीं हुए हैं । यानी घर-गृहस्थी चला रहे हैं तो इन उपलब्धियों का भी महत्व है । और इनकी जरूरत भी है । लेकिन केवल इनको पाकर यह सोचना कि हमने सब पा लिया है । गलत है । जीवन की पूर्णता तभी है जब हम रामजी के चरणों से जुडेंगे । यदि हम रामजी के चरणों से नहीं जुड़ पाए तो ऐसा समझना चाहिए कि हम कुछ भी नहीं कर पाए ।
                                 

एक बार कुछ लोगों ने मुझसे पूछा कि आपके जीवन का सबसे सकारात्मक पहलू क्या है ? सबसे बड़ी उपलब्धि क्या है ? तो मैंने जबाब दिया कि श्रीरामचरितमानस जी से मेरा लगाव और भगवान श्रीराम जी के चरणों से मेरा जुड़ाव ही मेरे समझ से मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है । मेरे जीवन का सबसे सकारात्मक पहलू है ।


यह वह उपलब्धि है जिसे लोग अज्ञानतावश उपलब्धि की श्रेणी में रखते ही नहीं । और इसलिए बहुत कुछ प्राप्त करने में लगे रहते हैं । और इस ओर ध्यान ही नहीं जाता । अथवा ध्यान देना जरूरी ही नहीं समझते ।


 जीवन में जो जरूरी हो उसे सत्य और न्याय के पथ पर अग्रसर होकर प्राप्त करने का प्रयास अवश्य करना चाहिए । लेकिन केवल संसारिक उपलब्धियाँ प्राप्त करके ही जीवन की सम्पूर्णता नहीं मान लेना चाहिए । जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि प्राप्त करने को हर प्राणी का हक है । कर्तव्य है । इसके लिए हर किसी को हमेशा प्रयत्न करना चाहिए ।




।। जय सियाराम ।।

शनिवार, 11 अप्रैल 2015

घर-परिवार में किस-किसको भोजन पहले देना चाहिए

सनातन धर्म ऐसा जीवन दर्शन है जो हर स्थिति और परिस्थिति तथा जीवन के हर मोड़ पर हमारा उचित मार्गदर्शन करता है । कैसे रहना चाहिए । क्या करना चाहिए ? क्या नहीं करना चाहिए ?   मानव धर्म क्या है ?मनुष्यता क्या है ?   इत्यादि बातें सनातन धर्म के ग्रंथों में समझा कर कही गई हैं ।



    प्रत्येक व्यक्ति को भोजन की आवश्यकता होती है और प्रत्येक व्यक्ति के घर में भोजन भी बनता है । भोजन बनाते समय साफ-सफाई का ध्यान रखना चाहिए । और बिना जूता-चप्पल पहने भोजन पकाना चाहिए । शुद्ध-सात्विक भोजन को अच्छा माना गया है । भोजन अच्छे मन से बनाना और परोसना तथा खाना चाहिए ।



   घरों में कई बार ऐसा होता है कि बिना खाना खाए बच्चे सो जाते हैं । ऐसी स्थिति में यदि बच्चों को भोजन पहले करा दिया जाये तो यह समस्या आएगी ही नहीं । ऐसे ही वृद्ध और रोगी व्यक्ति को पहले ही भोजन करा देना चाहिए । कई बार वृद्धों को और रोगी व्यक्ति को भोजन को लेकर उपेक्षित होना पड़ता है । अतः इन्हें पहले भोजन कराना चाहिए ।


   अतिथि को पहले भोजन कराना उसके प्रति सम्मान प्रकट करने के अंतर्गत ही आता है । और इसलिए अतिथि को भोजन कराके स्वयं भोजन करना चाहिए । इसीतरह से नई-नवेली दुल्हन जो नई-नई आती है, वह संकोच, लज्जा वश भूंखी होने पर भी किसी से कहने पर असहज महसूस करेगी । अतः ग्रंथो की आज्ञा है कि इन्हें भी भोजन पहले देना चाहिए ।



     सनातन धर्म की शिक्षाएँ बहुत ही व्यवहारिक हैं । तर्क संगत हैं । हम कई बार लिख चुके हैं कि घर-परिवार और देश-समाज की सारी समस्याओं, परेशानियों का हल हमारे ग्रंथो में है । लेकिन हम उनसे दूर हो गए हैं । भटक गए हैं । और दिन-दिन भटकते जा रहे हैं । इसलिए ही नाना समस्याओं और दुखों का सामना करना पड़ता है । फिर से मानवता को जीवंत  करने के लिए सनातन धर्म की ओर लौटना पड़ेगा । बच्चों को धर्म ग्रंथ पढ़ने के लिए प्रेरित करना  पड़ेगा । और ग्रंथो की शिक्षाओं को जीवन में उतारना पड़ेगा ।



  सनातन धर्म की यह कितनी तर्क संगत शिक्षा है कि बच्चे, बूढ़े, रोगी, अतिथि और नई-नवेली दुल्हन को भोजन पहले देना चाहिए । सोच कर देखने की और अमल करने की जरूरत है । जिस घर में सनातन धर्म का आदर होता है-सनातन धर्म की शिक्षाओं का पालन होता है, उस घर की कीर्ति बढ़ती है और घर में सुख आता है तथा शांति बनी रहती है ।




।। जय सियाराम ।।

_____________________________________________


बुधवार, 20 अगस्त 2014

अपने निकट सम्बंधी से कैसा सम्बंध रखें ?

सनातन धर्म के अनुसार हमें सबके साथ मिलजुलकर प्रेम से रहना चाहिए  । कोई भी छोटा बड़ा जीव हो तो उस पर दया रखनी चाहिए । लेकिन आजकल दूसरों की क्या बात की जाय हम लोग अपने निकट सम्बन्धियों से भी मिलजुलकर नहीं रह पाते । नहीं रहते । कहीं-कहीं देखा जाता है कि अपने लोगों से बैर भाव रखकर लोग दूसरों से काफी प्रेम प्रदर्शित करते हैं । दूसरों को देखने पर थोड़ा-बहुत प्रेम उमड़ता है । परंतु अपनों के प्रति देखते ही गायब हो जाता है ।


    यहाँ तक लोग अपने माता-पिता से भी बैर भाव रखने लगते हैं । उनको अलग कर देते हैं । उनसे बोलना बंद कर देते हैं । कारण बहुत हो सकते हैं । परंतु किसी भी स्थिति में किसी को भी माता-पिता से बैर-भाव नहीं रखना चाहिए । उनसे बोलना बंद नहीं करना चाहिए । वे लाख गलती करें फिर भी नहीं । दूसरों के सामने भला-बुरा कहें । गाली दें तब भी नहीं । यथा शक्ति उनका मान करना चाहिए । इससे इस लोक और परलोक दोनों में ही शान्ति मिलेगी । अन्यथा धीरे-धीरे ही सही अशांति तो आएगी ही ।


   देखा जाता है कि छोटे से छोटे हिस्से के लिए एक भाई दूसरे भाई को मारने पर उतारू हो जाता है । आजकल भाई-भाई में अक्सर टकराव ही देखा जाता है । यह गलत है । इसका परिणाम किसी न किसी रूप में सबको भुगतना पड़ता है ।


  ऐसा भी होता है कि एक भाई बड़े आराम से रहता है और दूसरा कष्ट सहता है । और पहला, दूसरे की बिपन्नता की हँसी उड़ाता है । भाई, भाई की मदद नहीं करता । भाई बहन की मदद नहीं करता । और कोई करता भी है तो करने से ज्यादा गाता और दिखाता है ।


सनातन धर्म के हिसाब से यह गलत है । यदि कोई व्यक्ति बहुत संपन्न है और बड़े आराम से रहता है और वहीं उसके निकट सम्बंधी अभाव में जीते हैं और वह मदद नहीं करता तो इसे बहुत ही गलत कहा गया है । इसका भी बहुत बुरा प्रभाव पड़ता है । लोग समझते नहीं ।


     इसलिए यदि दूसरों की मदद न कर सकें तो भी कम से कम अपनों की यथा संभव मदद करनी चाहिए । खुद बड़ी सुख-सुविधा में जीने वाला भले ही सोचे कि वह सुखी है लेकिन यदि उसके माता-पिता, स्त्री-पुत्र-पुत्री, भाई अथवा बहन विपन्नता में जीते हैं और वह इनके बारे में नहीं सोचता और इनकी मदद नहीं करता तो निश्चय ही वह नरकगामी होता है ।


किसी की मदद करना हो तो अपने हिस्से से करना चाहिए । धर्मपूर्वक करना चाहिए । कहीं से दूसरे के हिस्से यानी धन से नहीं करना चाहिए । अधर्म पूर्वक मदद नहीं करना चाहिए । दूसरे का अहित न हो इसका ध्यान रखना चाहिए ।


   इसलिए हो सके तो हमें दूसरों की भी मदद करना चाहिए और यह न भी कर सकें तो अपने निकट सम्बन्धियों की धर्म-पूर्वक मदद जरूर करना चाहिए । मिलजुलकर रहना चाहिए । यह सनातन धर्म की शिक्षा है ।




।। जय सियाराम ।।

_____________________________________________

 



लोकप्रिय पोस्ट

कुछ पुरानी पोस्ट

चित करो राम कहे ग्रंथन की । कीजे लाज विरद अरु पन की ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

चित करो राम कहे ग्रंथन की । कीजे लाज विरद अरु पन की ।।

सुर मुनि साधु कहे गुनगन की । हारत भीर सदा दीनन की ।।

कूर कपूत सकल दुर्जन की । नहिं गति और छाँड़ि चरनन की ।।

सरन राम पद सब असरन की । सादर बाँह गहत निबरन की ।।

सार संभार राम दीनन की । करत सदा जोगवत जन मन की ।।

सुनत राम सबबिधि हीनन की । कोल किरात आदि बनरन की ।।

बिगत सकल गुन जदपि सुजन की । राखो लाज नाथ अब जन की ।।

दीन संतोष नहीं तन मन की । जप तप बल नहिं और जतन की ।।

मोरे आश राम चितवन की । पतितपावन अरु शील सदन की ।।

______________________________


।। जय रघुवर जय राम धनुर्धर ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

जय रघुवर जय राम धनुर्धर । सुंदर श्याम सुशील सियावर ।।

मंगल मूरति रूप मनोहर । सोहत सुंदर शारंग कर सर ।।

मंजु मराल बसत जन उर सर । मोहत साधु संत बिधि हरि हर ।।

चरण कमल जन मुनि मन मधुकर । तारन तरन होत चिंतन कर ।।

भरत लखन कपि आदिक अनुचर । सीताराम रूप सचराचर ।।

अगुन सगुन अज अमित अगोचर । अजर अमर सुखनिधि परमेश्वर ।।

ज्ञान विज्ञान सकल सदगुन घर । दीनदयाल प्रनत हित तत्पर ।।

पुरुष पुराण अनूप भूपवर । माया मानुष सोहत नरवर ।।

बानर भालु आदि बहु बनचर । दीनबंधु राखे सब निज कर ।।

दीन संतोष बसहु उर अंतर । परम उदार दीन आरति हर ।।

______________________________


आरती कीजे श्रीराम लला की पूण निपुण धनुवेद कला की

इस ब्लॉग पर मार्च २०१५ में प्रकाशित और मेरे द्वार रचित इस आरती को बिना कोई संदर्भ दिए अनेकों लोगों ने अपने ब्लॉग / वेब पेज पर प्रकाशित कर लिया है । और रचनाकार का नाम भी नहीं दिया है । इसमें आरती चालीसा आदि जैसी वेबसाइटें और देश के कई प्रमुख समाचार और टीवी चैनेल भी शामिल हैं । आरती संग्रह और आस्था संग्रह नामक वेबसाइट पर आरती को पारम्परिक और रचनाकार को अज्ञात बता दिया गया था । संस्कार टीवी ने भी गीत/Lyrics को परंपरागत बताकर अपने गायकों से आरती को गवाकर अपने यूट्यूब, फेसबुक और ऑफिसियल वेबसाइट आदि पर विडियों को प्रसारित कर दिया है ।

।। गोस्वामी तुलसीदास जी का संदेश ।।

हे मनुष्यों भटकना छोड़ दीजिए । तरह-तरह के कर्म, अधर्म और नाना मतों को त्याग दीजिए । क्योंकि ये सब केवल शोक और कष्ट देने वाले हैं । इनसे शोक दूर होने के बजाय और बढ़ता ही है । जीवन में ठीक से सुख-चैन नहीं मिलता और परलोक में भी शांति नहीं मिलती । इसलिए विश्वास करके भगवान श्रीराम जी के चरण कमलों से अनुराग कीजिए । इससे तुम्हारे सारे कष्ट अपने आप दूर हो जाएंगे-

“नर बिबिध कर्म अधर्म बहु मत सोकप्रद सब त्यागहू ।

बिस्वास करि कह दास तुलसी राम पद अनुरागुहू” ।।

राम जी का ही सुमिरन कीजिए । राम जी की ही यश गाथा को गाइए और हमेशा राम जी के ही गुण समूहों को सुनते रहिए-

“रामहिं सुमिरिए गाइए रामहिं । संतत सुनिए राम गुनग्रामहिं” ।।

।।जय सियाराम ।।

___________________________________________

विज्ञान का बीज

संसार में हर चीज का बीज (मूल कारण ) होता है । अर्थात संसार और सांसारिक चीजों का कोई न कोई उदगम होता है । सबका बीज से ही उत्पत्ति और आगे विकास होता है । विज्ञान का बीज मतलब मूल कारण क्या है ? विज्ञान का बीज कहाँ से आया ? विज्ञान का बीज किसने बनाया ? विज्ञान का बीज किसने दिया ? यह एक बहुत ही विचारणीय प्रश्न है । यहाँ पर हम लोग देंखेगे कि विज्ञान का बीज तो भगवान द्वारा ही इस संसार को उपलब्ध कराया गया है ।

बहुत से लोग समझते हैं कि विज्ञान और अध्यात्म एक दूसरे के विरोधी हैं । लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है । इस बात को समझने के लिए सनातन धर्म के साथ-साथ आधुनिक विज्ञान का अध्ययन जरूरी है । आधुनिक विज्ञान की वैसे तो बहुत सी शाखाएँ हैं । परंतु इनमें से भौतिक विज्ञान यानी Physics ही ऐसा है जो व्रह्मांड के उत्पत्ति और संरचना की अध्ययन करता है । भौतिकी कि दो शाखाएँ बहुत ही महत्वपूर्ण हैं । इनमे से एक जनरल रिलेटिविटी (General Relativity) और दूसरी क्वांटम मेकेनिक्स (Quantum Mechanics) है ।

गणित को आधुनिक विज्ञान की माता कहा जाता है । गणित का हम लोगों के जीवन और विज्ञान के विकास में बहुत ही महत्वपूर्ण रोल है । इस बात को हमारे ऋषि-मुनि भी जानते थे । अधिक जानकारी के लिए इस ब्लॉग के ‘गणित और व्रह्मांड’ लेख को पढ़ सकते हैं । आधुनिक गणित (Modern Mathematics) समुन्द्र के समान विस्तृत है । फिर भी समुच्चय सिद्धांत (Set Theory), संख्या सिद्धांत (Number Theory), फलन और तर्क सिद्धांत (Theory of Functions and Logic), आंशिक और साधारण अवकल समीकरण (Partial and Ordinary Differential Equations) और बीजगणित तथा आधुनिक बीजगणित (Algebra and Modern Algebra) आदि बहुत ही उपयोगी शाखाएँ हैं ।

गणित के अभाव में आधुनिक विज्ञान (Modern Science) और टेक्नोलोजी (Technology) की कल्पना ही नहीं की जा सकती । गणित को विद्वान और वैज्ञानिक विज्ञान की माता कहते हैं । लेकिन गणित की माता कौन है ? गणित की उत्पत्ति का मूल कारण क्या है । गॉस (Gauss) नाम के एक बहुत बड़े गणितज्ञ हुए हैं । गॉस ने कहा था कि गणित विज्ञान की माता है और संख्या सिद्धांत गणित की माता है । अब प्रश्न यह है कि संख्या सिद्धांत का मूल क्या है ? गणितज्ञ संख्या सिद्धांत का मूल प्राकृतिक संख्याओं (Natural Numbers) को बताते हैं । इंही से अन्य संख्याओं का विकास और संख्या सिद्धांत का विकास और फिर विज्ञान का विकास हुआ है । इस बात को वैज्ञानिक और गणितज्ञ जानते हैं ।

जो चीज प्राकृतिक होती है, उस पर सबका बराबर अधिकार होता है । जैसे हवा, गंगा जल आदि । ठीक इसीप्रकार से प्राकृतिक संख्याओं पर केवल पढ़े लिखे मनुष्यों का ही अधिकार नहीं है । इस पर अनपढ़ लोगों का तथा साथ ही पशु-पक्षियों का भी अधिकार है । एक, दो, तीन आदि का किसे पता नहीं है । सब लोग गणना में इनका इस्तेमाल करते हैं ।

पशु-पक्षियों के पास भी गणना की योग्यता होती है । उदाहरण के लिए मान लीजिए एक बृक्ष पर किसी चिड़िया का घोसला है । मान लीजिए उसमें दस बच्चे हैं । अब यदि चिड़ियाँ के अनुपस्थिति में कोई एक बच्चे को गायब कर दे तो वापस आने पर चिड़ियाँ अशांत हो जाती है । इधर-उधर, आस-पास मँडराने और चिल्लाने लगती है । जबकि उसके सभी बच्चे एक जैसे होते हैं । फिर भी उसे पता चल जाता है कि एक बच्चा गायब हो गया है । चिड़ियाँ को एक दो लिखना या बोलना नहीं आता । लेकिन प्रकृति प्रदत्त गणना की योग्यता से उसे इसका भान होता है ।

अब प्रश्न यह है कि प्राकृतिक संख्याओं का मूल क्या है ? जैसा कि नाम से भी स्पष्ट है । इसका मूल प्रकृति है । भगवान हैं । इस बात को क्रोंकर (Kronecker) नामक गणितज्ञ ने इस प्रकार कहा है- ‘Natural numbers are God given bricks’. अर्थात ये ईश्वर की दी हुई इंटें हैं ।

जिस प्रकार ईंट से भवन का निर्माण हो जाता है । इसी प्रकार से प्राकृतिक संख्या रुपी ईंटों से संख्या सिद्धांत रुपी भवन खड़ा किया गया । इस प्रकार से गणित की माता का जन्म हुआ । जिससे गणित बनी । फिर गणित के बाद गणित से आज का विज्ञान बना । इस प्रकार हम देखते हैं कि विज्ञान का बीज तो राम जी के द्वारा ही इस संसार को मिला है । गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज ने भी कहा है-

‘धरम तड़ाग ज्ञान विज्ञाना । ए पंकज विकसे बिधि नाना’ ।।

।। जय श्रीसीताराम ।।

_________________________________________

प्रार्थना

हे राम प्रभू मेरे भगवान । दीन सहायक दयानिधान ।।

तुम सम तुम प्रभु नहि को आन । गाये जग तेरा गुनगान ।।

तुमको सम प्रभु मान अमान । औरों को देते तुम मान ।।

धारण करते हो धनु वान । रखते हो निज जन की आन ।।

जग पालक जग के तुम जान । तुम ही ज्ञान और विज्ञान ।।

तुम सम नहि कोउ महिमावान । शिव अज नारद करें बखान ।।

वेद सके भी नहि पहिचान । जानूँ मैं क्या अति अज्ञान ।।

सरल सबल तुम सब गुनखान । दया करो हमको जन जान ।।

दूर करो अवगुन अभिमान । विद्यानिधि दो निर्मल ज्ञान ।।

छूटे नहि प्रभु तेरा ध्यान । संतोष शरन राखो भगवान ।।

।। जय सियाराम ।।

_________________________________

राम नाम मंगलमूल दूर करे सब सूल

राम नाम मंगलमूल दूर करे सब सूल ।

तू भूले जग को जग भूले तुझको राम नाम मत भूल ।।

रामनाम में रमों राम भजे होए जग अनुकूल ।

सारा जग बेसार राम नाम ही सार मद बस मत झूल ।।

जग जाल कब काल जाना है मत फूल ।

बिषयरस सुखतूल नाम रस सुख मूल संतोष जान मत भूल ।।

____________________________________________

भगवान की तलाश

___________________________________

सदग्रंथ, सुसंत और भक्त कहते हैं कि भगवान सर्वब्यापी हैं । घट-घट वासी हैं । कण-कण में भगवान हैं । फिर भी भगवान नहीं मिलते । क्यों ?

जैसे ग्रंथों में अपार ग्यान का भंडार भरा है । और ग्रन्थ सब जगह उपलब्ध भी हैं । फिर भी वह ज्ञान सहज प्राप्त नहीं है । न ही ज्ञान ग्रन्थ (जिसमें ज्ञान भरा है ) के अवलोकन से और न ही स्पर्श से प्राप्त होता है । और तो और ज्ञान ग्रंथों को पढ़ डालने से भी प्राप्त नहीं होता । ठीक ऐसे ही कण-कण में भगवान हैं और न ही दिखते हैं और न ही प्राप्त होते हैं ।

जैसे ग्रंथों से ज्ञान प्राप्त करने के लिए साधना, ध्यान, चिंतन-मनन, प्रेम और विश्वास चाहिए । ठीक ऐसे ही कण-कण रुपी ग्रन्थ में बसे ज्ञान रुपी भगवान को प्राप्त करने के लिए साधना, ध्यान, चिंतन-मनन, प्रेम और विश्वास चाहिए । मालुम हो सबको ज्ञान प्राप्त नहीं होता । ठीक ऐसे ही सबको भगवान प्राप्त नहीं होते ।

यह भी ध्यान देने योग्य है कि ग्रंथों से ज्ञान प्राप्त कर लेना तो आसान है लेकिन कण-कण में बसे भगवान को प्राप्त करना आसान नहीं है ।

लोग भगवान को खोजते हैं । भगवान को जानना, पाना अथवा देखना चाहते हैं । और भगवान स्वयं भक्त खोजते रहते हैं । लोग भगवान को तलाशते हैं और भगवान लोगों को । सच्चे भक्त की तलाश उन्हें हमेशा रहती है । सच्चे भक्त को भगवान को तलाशने की आवश्यकता ही नहीं रहती । भगवान स्वयं आकर मिलते हैं ।

कोई कितना ही बड़ा, संत, ज्ञानी अथवा विद्वान क्यों न हो, यदि उसमें भक्ति नहीं है, तो उसे भगवान कदापि नहीं मिलेंगे । वहीं दूसरी ओर कोई कितना भी छोटा अथवा मूर्ख ही क्यों न हो, यदि उसमें भक्ति है, तो उसे भगवान मिल जायेंगे ।

सारा संसार भगवान को प्रिय है । लेकिन भक्त सबसे प्रिय है । भगवान केवल सच्चे भक्त को मिलते हैं । और किसी को नहीं ।

भगवान को यहाँ-वहाँ, चाहे जहाँ तलाशो, पूजा-पाठ करो, प्रवचन करो अथवा सुनों अर्थात चाहे जो साधन अथवा साधना करो भगवान मिलने वाले नहीं । भगवान प्रेम और भक्ति से ही द्रवित होते हैं ।

भगवान को ढकोसला और बनावट बिल्कुल रास नहीं आती, रास आती है तो सरलता, मन की निर्मलता ।

भगवन तो मिलना चाहते हैं, प्रकट होना चाहते हैं । इसके लिए वे बेताब रहते हैं । लेकिन मिलें तो किससे ? किसके सामने प्रकट हों ? उन्हें योग्य अधिकारी चाहिए ? अनाधिकारी को कुछ भी देना पाप-अधर्म होता है । भगवान अनघ और धर्म स्वरूप-धर्म धुरंधर हैं, तो वे पाप या अधर्म कैसे करें ?

कण-कण के वासी भगवान को प्रकट करने के लिए प्रहलाद जैसा प्रेमी भक्त चाहिए । गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज प्रहलाद जी के प्रेम की सराहना करते हुए कहते हैं कि-

“प्रेम बदौं प्रहलादहि को जिन पाहन से प्रमेश्वरू काढ़े” ।

___________________________________

भगवान को प्राप्त करने का सरलतम तरीका

___________________________________

भगवान को प्राप्त करना बहुत ही सरल है । कहीं जाने की या दर-दर ठोकर खाने की भी जरूरत नहीं है । कई काम भी नहीं करना हैं । केवल और केवल एक काम करना हैं । और भगवान घर बैठे प्राप्त हो जायेंगे ।

जैसे कोई रोग हो जाए तो जितने डॉक्टर के पास जाओ उतनी ही तरह-तरह की दवाएं और हिदायतें दी जाती हैं । वैसे ही भगवान को प्राप्त करने के नाना तरीके हैं । और लोग बताते भी रहते हैं । लेकिन हम सिर्फ एक सरलतम तरीका बता रहे हैं ।

भगवान छल-कपट से और छल-कपट करने वालों से बहुत दूर रहते हैं । और छल-कपट रहित निर्मल मन वालों के बहुत पास रहते हैं । श्रीराम जी कहते हैं कि निर्मल मन वाले ही हमें पा सकते हैं । दूसरे नहीं ।

बिना मन निर्मल किये ही हम तीर्थों के चक्कर लगाते फिरते हैं । साधु-महात्माओं के दर्शन और आशीर्वाद लेते रहते हैं । प्रवचन सुनते रहते हैं । मंदिर जाया करते हैं । घर में भी पूजा-पाठ करते रहते हैं । यथा-शक्ति दान-दक्षिणा भी देते रहते हैं । व्रत-उपवास भी करते रहते हैं । लेकिन भगवान नहीं मिलते । क्योंकि हमारे पास निर्मल मन नहीं है ।

यही सबसे बड़ी समस्या है । हम सब भगवान को तो पाना चाहते हैं । लेकिन बिना मन निर्मल किये । जो कि सम्भव नहीं है । अपना मन ही निर्मल नहीं है । तो भगवान कैसे मिलें ?

अपना प्रतिबिम्ब भी देखना हो तो निर्मल यानी साफ-सुथरा दर्पण की आवश्यकता होती है । यदि दर्पण साफ-सुथरा न हो तो खुद अपना प्रतिबिम्ब भी नहीं दिखाई पड़ता । तब गंदे मन रुपी दर्पण से भगवान कहाँ दिखेंगे ? यदि दर्पण में अपनी छवि बसानी यानी देखनी है तो दर्पण को स्वच्छ करना ही होगा । ठीक ऐसे ही मन में श्रीराम को बसाने के लिए मन स्वच्छ करना ही पड़ेगा ।

दर्पण स्वच्छ हो तो कुछ करना थोड़े पड़ता है । जैसे दर्पण के सामने गए प्रतिबिम्ब उसमें आ गया । भगवान तो हर जगह हैं । कण-कण में हैं । कहीं जाना भी नहीं है । हम हमेशा भगवान के सामने पड़ते हैं । लेकिन भगवान हमारे मन रुपी दर्पण में नहीं आते, नहीं दिखते । क्योंकि अपना मन रुपी दर्पण निर्मल नहीं है । अतः यदि हमारा मन निर्मल हो जाए तो हमें भगवान को पाने के लिए कुछ करना थोड़े पड़ेगा । भगवान खुद हमारे मन में बस जायेंगे । आ जायेंगे और हमें दिखने लगेंगे ।

भगवान को रहने के लिए जगह की कमी थोड़े है । लेकिन भक्त के मन में, हृदय में रहने का मजा ही दूसरा है । इसलिए भगवान निर्मल मन वाले को तलासते रहते हैं । जैसे कोई निर्मल मन मिला उसमें बस जाते हैं ।

अतः भगवान को पाने के लिए हमें कुछ नहीं करना है । सिर्फ हमें अपने मन को निर्मल बना लेना है । सब छोड़कर हम अगर यह काम कर ले जाएँ तो भगवान हमें मिल जाएंगे । भगवान खुद कहते हैं-

‘निर्मल मन जन सोमोहि पावा । हमहिं कपट छल छिद्र न भावा’ ।।

___________________________________

संकटमोचन मारूतनंदन

संकटमोचन मारूतनंदन हनूमान अतुलित प्रभुताई ।

महाबीर बजरंगबली प्रभु निज मुख कीन्ह बड़ाई ।।

राम सुसेवक राम प्रिय रामहु को सुखदाई ।

तुमसे तात उरिन मैं नाही कहि दीन्हेउ रघुराई ।।

बालि त्रास त्रसित सुग्रीव को राम से दिहेउ मिलाई ।

भक्त विभीषन धीरज दीन्हेउ राम कृपा समुझाई ।।

गुन बुधि विद्या के तुम सागर कृपा करि होउ सहाई ।

राम प्रभु के निकट सनेही अवसर पाइ कहउ समुझाई ।।

अब तो नाथ विलम्ब न कीजे वेगि द्रवहु सुर साई ।

अघ अवगुन खानि संतोष तो स्वामी तव चरण की आस लगाई ।।

विरद की रीति छ्मानिधि रखिए करुनाकर रघुराई ।

नाथ चरन तजि ठौर नहीं संतोष रहा अकुलाई ।।

__________________________________




रघुपति राघव जन सुखदाई

रघुपति राघव जन सुखदाई ।

आरतपाल सहजकृपाल अग जग के तू साई ।।

जग जो बड़े हुए अरु होते तुम्हरे दिए बड़ाई ।

शिव, हरि, बिधि आदिक को प्रभु दई तुम्हीं प्रभुताई ।।

घट-घट के जाननहार सुधि कियो न कोउ कराई ।

ठौर नहीं प्रभु द्रवहुँ वेगिंह कहौ कहाँ हम जाई ।।

आस पियास बुझै नहि रघुवर बिनु कृपा जल पाई ।

संतोष रखो प्रभु करुनासागर कृपा वारि पिलाई ।।

__________________________________________

।। श्रीराम चालीसा ।।

।। श्री गणेशाय नमः ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

श्रीरामचालीसा

दोहा-

तुलसिदास मानस विमल, राम नाम श्रीराम ।

पवनतनय अरु विनय पद, सादर करौं प्रनाम ।।

अविगत अलख अनादि प्रभु, जगताश्रय जगरूप ।

पद कंज रति देहु मोहि, अविरल अमल अनूप ।।

चौपाई-

जय रघुनाथ राम जग नायक । दीनबन्धु सज्जन सुखदायक ।।

प्रनतपाल सुंदर सब लायक । असरन सरन धरे धनु सायक ।।

नाम लेत मुद मंगल दायक । सरल सबल असहाय सहायक ।।

सुमुख सुलोचन अज अविनासी । संतत गिरिजा पति उर वासी ।।

अगम अगोचर जन दुखनासी । सहज सुगम अनुपम सुखरासी ।।

दया क्षमा करुना गुन सागर । पुरुष पुरान सुशील उजागर ।।

हरि हर बिधि सुर नर मुनि भावन । अघ अविवेक समूल नसावन ।।

भरत लखन रिपुहन हनुमाना । संग सिया राजत भगवाना ।।

रूप अनूप मदन मद हारी । गावत गुन सुर नर मुनि झारी ।।

सुर नर मुनि प्रभु देखि दुखारे । तजि निज धाम धरा पगु धारे ।

सुत बिनु दशरथ राय दुखारी । सुत होइ उनको कियो सुखारी ।।

मख हित मुनिवर अति दुःख पाए । दुष्टन दलि तुम यज्ञ कराए ।।

पाहन बनि मुनि गौतम नारी । सहत विपिन नाना दुःख भारी ।।

ससंकोच निज पद रज डारी । दयासिन्धु तुम कियो सुखारी ।।

सोच मगन नृप सिया सहेली । मातु सकल नर नारि नवेली ।।

सबकर सोच मिटायेउ स्वामी । भंजि चाप जय राम नमामी ।।

परशुराम बहु आँखि दिखाए । गुन गन कहि धनु देय सिधाये ।।

करि कुचाल जननी पछितानी । उनको बहुत भांति सनमानी ।

केवट नीच ताहि उर भेटा । सुर दुर्लभ सुख दै दुःख मेटा ।।

भरत भाय अति कियो बिषादा । जगत पूज भे राम प्रसादा ।।

आप गरीब अनेक निवाजे । साधु सभा ते आय बिराजे ।।

बन बन जाय साधु सनमाने । तिनके गुन गन आप बखाने ।।

नीच जयंत मोह बस आवा । जानि प्रभाव बहुत पछितावा ।।

शवरी गीध दुर्लभ गति पाए । सो गति लखि मुनिराज लजाये ।।

कपि असहाय बहुत दुःख मानी । बसत खोह तजि के रजधानी ।।

करि कपीस तेहिं निज पन पाला । जयति जयति जय दीनदयाला ।।

बानर भालू मीत बनाये । बहु उजरे प्रभु आप बसाये ।।

कोल किरात आदि बनवासी । बानर भालु यती सन्यासी ।।

सबको प्रभु कियो एक समाना । को नहि नीच रहा जग जाना ।।

कोटि भालु कपि बीच बराए । हनुमत से निज काज कराए ।।

पवनतनय गुन श्रीमुख गाये । जग बाढ़ै प्रभु आप बढ़ाए ।।

हनुमत को प्रभु दिहेउ बड़ाई । संकटमोचन नाम धराई ।।

रावण भ्रात निसाचर जाती । आवा मिलइ गुनत बहु भांती ।।

ताहिं राखि बहु बिधि हित कीन्हा । लंका अचल राज तुम दीन्हा ।।

चार पुरुषारथ मान बड़ाई । देत सदा दासन्ह सुखदाई ।।

मो सम दीन नहीं हित स्वामी । मामवलोकय अन्तरयामी ।।

रीति प्रीति युग-युग चलि आई । दीनन को प्रभु बहु प्रभुताई ।।

देत सदा तुम गहि भुज राखत । साधु सभा तिनके गुन भाखत ।।

कृपा अनुग्रह कीजिए नाथा । विनवत दास धरनि धरि माथा ।।

छमि अवगुन अतिसय कुटिलाई । राखो सरन सरन सुखदाई ।।

दोहा-

राम राम संतोष कहु भरि नयनन महु नीर ।

प्रनतपाल असरन सरन सरन देहु रघुवीर ।।

राम चालीसा नेम ते, पढ़ जो प्रेम समेंत ।

बसहिं आइ सियाराम जु, ताके हृदय निकेत ।।

।। सियावर रामचन्द्र की जय ।।

_________________________

।। श्रीराम स्तुति ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

हे राम प्रभूजी दयाभवन । तुमसा है जग में और कवन ।।१।।

सुखसागर नागर जलजनयन । गुन आगर करुना छमा अयन ।।२।।

सुखदायक लायक विपति समन । भवतारन हारन जरा मरन ।।३।।

संकोच सिंधु धुर धर्म धरन । शारंगधर टारन भार अवन ।।४।।

जग पालन कारन सिया रमन । देवों को दायक तुम्ही अमन ।।५।।

मन लाजै तुमको देखि मदन । शोभा की सीमा शील सदन ।।६।।

विश्वाश्रय रघुवर विश्वभरन । तुमको प्रभु बारंबार नमन ।।७।।

तुम बिनु प्रभु क्या यह मानुष तन । बन जावो मेरे जीवनधन ।।८।।

दुख दारिद दावन दोष दमन । तुमको ही ध्याये मेरा मन ।।९।।

प्रभुजी अवगुन अघ ओघ हरन । हो चित चकोर बिधु आप वदन ।।१०।।

नहि मालुम मुझको एक जतन । तुम बिनु को हारे दुख दोष तपन ।।११।।

कहते हैं स्वामी तव गुनगन । शरनागत राखन प्रभु का पन ।।१२।।

मेंरा उर हो प्रभु आप सदन । गहि बाँह रखो मोहि जानि के जन ।।१३।।

विनती प्रभुजी तारन तरन । मन का भी मेरे हो नियमन ।।१४।।

हे राम प्रभू मेरे भगवन । मैं चाह रहा तेरी चितवन ।।१५।।

करुनासागर संतोष सरन । है ठौर इसे बस आप चरन ।।१६।।

।। सियावर रामचंद्र की जय ।।

______________________________


श्रीहनुमान स्तुति

।। श्री हनुमते नमः ।।

जय हनुमंत जयति मतिसागर । बल विक्रम त्रैलोक उजागर ।।१।।

पवनतनय समरथ गुन आगर । जय कपीस सेवक हित नागर ।।२।।

महावीर सब सिधि निधि दायक । जय रनधीर राम गुन गायक ।।३।।

रामदूत सुंदर सब लायक । बसत हिय सिय सह रघुनायक ।।४।।

ज्ञान विज्ञान विवेक अपारा । तव गुनगन गावत जग सारा ।।५।।

रवि सुरेश तव पौरुष भारी । जानत सकल देव नर नारी ।।६।।

दानव दैत्य भूत जग जेते । डरपहिं नाम सुनावत तेते ।।७।।

छीजहिं सकल दुष्ट अधियारी । घोर निशा जिमि देखि तमारी ।।८।।

अग-जग जाल सकल जेहिं सिरिजा । मानत सकल देव हर गिरिजा ।।९।।

सेवक तासु प्रिय सुखदाई । बार-बार प्रभु कीन्हि बड़ाई ।।१०।।

कहेउ उरिन तुमसे नहि भाई । संकटमोचन नाम धराई ।।११।।

धन्य-धन्य कीरति जग छाई । शेष-महेश सके नहि गाई ।।१२।।

हरि-हर-बिधि तव भगति सराही । राम भगत तुम सम कोउ नाही ।।१३।।

राम प्रेम मूरति धरे देहीं । मिले जेहिं आप राम मिले तेहीं ।।१४।।

राम प्रभू के निकट सनेही । दीन मलीन प्रनत जन नेही ।।१५।।

अघ अवगुन छमि होउ सहाई । संतोष मिलैं जेहि श्रीरघुराई ।।१६।।

।। श्रीहनुमानजी महाराज की जय ।।

______________________

।। प्रार्थना ।।

____________________________________

।। श्रीसीतारामाभ्यां नमः ।।

राम दयामय आस निहारूँ ले अँखियों में जल ।

दीन दुखी के प्रभु तुम साथी तुमही हो संबल ।।१।।

कोमलचित है नाथ तुम्हारा तुम हो बड़े सरल ।

खोजि-खोजि के दीन उधारेउ तारेउ तुम्हीं उपल ।।२।।

जगताश्रय प्रभु जग जन रक्षक तुमसा नहीं सबल ।

मुझको भी एक बार निहारो मैं कितना निर्बल ।।३।।

दीनदयाल दया के सागर तुम ही मेरे बल ।

मेरी दीन-दशा का स्वामी हाथ तुम्हारे हल ।।४।।

राम दयानिधि दया करेंगे आज नहीं तो कल ।

मन को मैं अपने समझाऊँ होता जाय बिकल ।।५।।

करुणासागर देर न करिए अवसर जाइ निकल ।

बिना कृपा प्रभु राम हमारे मुझको सब मुश्किल ।।६।।

कृपा अनुग्रह करिए स्वामी भूलूँ न एक पल ।

संतोष चहै मन मीन हो मेरा राम चरन हो जल ।।७।।

।। सियावर रामचन्द्र की जय ।।

_____________________________________