सीतानाथ रघुनाथ पाप ताप हारी । द्रवउ रघुवंशमणि धनुष वाण धारी ।। -विनयावली ।।

एको देवो रामचन्द्रो व्रतमेकं तदर्चनम । मंत्रोअप्येकश्च तत्नाम शास्त्रं तद्ध्येव तत्स्तुतिः ।। -पद्मपुराण ।।


दीनबंधु तुहीं एक मोर गोहारी । देखउ रघुनाथ अब ओर हमारी ।। -विनयावली ।।

प्रेम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
प्रेम लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 10 फ़रवरी 2026

मानहु तनु धरि राम प्रेम आयो है

 

हनुमानजी जैसा राम प्रेमी कोई नहीं है । हनुमानजी को देख-सुनकर ऐसा लगता है कि मानो रामजी का प्रेम ही मूर्तिमान होकर अर्थात शरीर धारण करके हनुमान जी के रूप में आ गया हो ।

 

 हनुमानजी का अंग-अंग रामजी के रंग में रँगा हुआ है । उनका जीवन, जीवन का हर पल रामजी के लिए है । ऐसा दूसरा कौन हो सकता है ।

 

 राम जी के प्रेम में हनुमानजी व्रह्मलोक के वैभव को भी कुछ नहीं समझते हैं-व्रह्म लोक वैभव विरागी । हनुमानजी को केवल रामजी चाहिए । राम जी का प्रेम चाहिए ।

 

हनुमान जी की रूचि रामजी में हैं , रामजी के नाम में है, रामजी की कथा में और क्या कहें हनुमानजी की काया-शरीर राम मय है-

 

राम नाम कथा रूचि राममय कायो है ।

मानहु तनु धरि राम प्रेम आयो है ।।

 

।। जय हनुमानजी ।।

 

 

 

रविवार, 7 जुलाई 2019

आज के समय में कथा-प्रवचन और जन कल्याण


कथा-प्रवचन कहने और सुनने की कुछ शर्ते हैं । इनका यथा संभव पालन करने से समुचित कल्याण होता है । अन्यथा श्रोता और वक्ता दोनों समुचित कल्याण से वंचित रह जाते हैं । भगवान और कथा में  श्रद्धा-विश्वास भीतर से दोनों में होना जरूरी है ।बाहर से श्रद्धा-विश्वास होने से काम नहीं बनता । कथा दोनों के भीतर, आचरण में उतरना जरूरी है  । अन्यथा कहने-सुनने से समुचित कल्याण नहीं हो पाता  । 



आज के समय में कथा प्रवचन से आय अच्छी हो जाती है । इसलिए कथा-प्रवचन कहना एक पेशा बन गया है । और कई लोग इस क्षेत्र में भी भाग्य आजमाने लगे हैं । ऐसी स्थिति में वक्ता का भगवत प्रेमी होना, भगवान में विश्वास होना भी जरूरी नहीं रह गया है । केवल कला आनी चाहिए जिससे अधिक से अधिक लोगों को रिझाया जा सके । जितने लोग रीझेंगे उतना ही फायदा होगा और आय होगी । पेशा चल पड़ेगा ।


   एक पंडितजी थे । श्रीमद्भागवत आदि की कथा कहते थे और कर्मकांड भी कराते थे । भगवान में विश्वास भी था । थोड़ा पूजा-पाठ भी करते थे । उन्हें देखकर उनका एक सम्बंधी भी इस क्षेत्र में आ गया । लेकिन वह कुछ नास्तिक किस्म का था फिर भी कथा कहता था । कथा पैसा कमाने का साधन मात्र थी । साधना नहीं थी । यही सबसे बड़ी समस्या है ।


 यदि भीतर से भगवद प्रेम नहीं है, भगवान में विश्वास नहीं है । कथा में विश्वास नहीं है ।  केवल जनता को रिझाना उद्देश्य है तो ऐसी कथा से कल्याण कम होता है ।


कथा से निश्चित कल्याण होता है । लेकिन जब श्रोता और वक्ता दोनों का भीतर से भगवान में प्रेम हो, विश्वास हो और साथ ही कथा में विश्वास हो ।  तथा कथा के माध्यम से जो नियम-नीति कहे गए हैं वे श्रोता और वक्ता दोनों के जीवन में घटित हों ।


जब तक कथा श्रोता और वक्ता दोनों के भीतर, आचरण में उतरना शुरू नहीं होगी तब तक न श्रोता का कल्याण होगा और न ही वक्ता का । ठीक ही कहा गया है कि-


प्रभु जानत सब बिनहिं जनाए । कहउ कौन सिधि लोक रिझाए ।।



।। जय श्रीसीताराम ।।





गुरुवार, 14 फ़रवरी 2019

भगवान शंकर का ‘र’-रकार प्रेम


भगवान राम शंकर जी को बहुत प्रिय हैं । और राम नाम शंकर जी को अत्यंत प्रिय है । भगवान शंकर जी के राम नाम प्रेम से कौन अपरिचित होगा ? भगवान शंकर के राम नाम प्रेम से सम्बंधित कथाएँ संतों, ग्रंथों और भक्तों के मध्य प्रचिलित हैं ।


  भगवान शंकर रात-दिन राम-राम जपा करते हैं-‘तुम पुनि राम-राम दिन राती’ । शंकर जी को रामजी, राम नाम तो प्रिय हैं ही लेकिन शंकर जी को ‘र’ से बहुत प्रेम है ।


शंकर जी पद्म पुराण में पार्वती जी को राम नाम की महिमा बताते हुए कहते हैं कि जब किसी के मुँह से ‘र’ का उच्चारण होता है तो मुझे बहुत प्रसन्नता होती है । ‘र’ सुनते ही मैं प्रसन्न हो जाता हूँ । शायद बोलने वाला राम बोलने जा रहा है ऐसा सोचकर शंकर जी प्रसन्न हो जाते हैं ।


 राम शब्द के उच्चारण के आभास मात्र से भगवान शंकर को प्रसन्नता होती है । ऐसा पद्म पुराण में लिखा है । तब राम सुनकर शंकर जी कितने प्रसन्न होते होगें ? इसका कोई वर्णन कैसे कर सकता है ?


 धन्य हैं शंकर जी जिन्हें रामजी से और राम नाम से इतना प्रेम है ।



।। जय श्रीराम ।।



गुरुवार, 8 मार्च 2018

भगवान को जानना, मानना-विश्वास और प्रेम


गोस्वामी तुलसीदासजी द्वारा दिखाए गए सत्य सनातन धर्म के सत्य और भक्ति सिद्धांत तथा अपना अनुभव इस लेख का आधार है ।  हर व्यक्ति चाहे वह जिस देश जाति का हो वह सही से भक्ति का आचरण करके भगवान का अनुभव कर सकता है । भगवान इतना दुर्लभ नहीं हैं जितना हम समझते हैं । बशर्ते हमारी कोशिस सही हो ।


  भगवान पर विश्वास  कैसे हो ?  यही सबसे मूल प्रश्न है ।  जिन्हें भगवान पर विश्वास नहीं है उन्हें सबसे पहले भगवान को जानने का प्रयास करना चाहिए । जिन्हें भगवान पर विश्वास है उन्हें भी भगवान को जानना चाहिए ।


जब भगवान को जानेंगे तो उन पर विश्वास होगा । विश्वास होगा तो मानने लगेंगे । और जब विश्वास के साथ भगवान को मानेंगे तो फिर कहना ही क्या है ? विश्वास होने से धीरे-धीरे प्रीति होने लगती है और इस प्रकार व्यक्ति भक्ति की ओर अग्रसर हो जाता है ।


एक बार भगवान पर विश्वास करके देखिये फिर जैसा मैंने ‘मानव माने होय’ दोहा संग्रह में लिखा है कि- ‘भले बुरे हर पल मिलैं रामदास के राम’ । इसका सहज ही अनुभव होने लगेगा । संसार के लोग उतना सहायक नहीं होंगे जितना कि राम जी । हर पल मिलेंगे । हर मोड़ पर ।


गोस्वामीजी कहते हैं कि जब हम भगवान को जानते हैं तो उन पर विश्वास हो जाता है और जब विश्वास हो जाता है तो प्रीति भी हो जाती है या होने लगती है ।

गोस्वामीजी कहते हैं कि बिना जाने विश्वास नहीं होता और बिना विश्वास के प्रेम नहीं होता । इसलिए भगवान को जानना जरूरी है । भगवान को जानने से और विश्वास करने से ही काम बनने लगते हैं-


जानें बिनु न होइ परतीती । बिनु परतीति होइ नहि प्रीती ।।


भगवान को जानें कैसे ? भगवान की कथा, भगवान के चरित, भगवान की लीला ही भगवान को जानने में सहायक होते हैं । बिना इनके कोई भगवान को जान नहीं सकता । अगली पोस्ट में इस बिषय पर और आगे लिखेंगे ।



।। जय श्रीसीताराम ।।


रविवार, 3 सितंबर 2017

कौन से संत पूजनीय और वंदनीय होते हैं ?

भारत भूमि संतों की भूमि रही है, है और आगे भी रहेगी । संत भगवान को बहुत प्रिय होते हैं । इसलिए सच्चे संत कभी समाप्त नहीं होते । सच्चे संत आज भी हैं और आगे भी रहेंगे ।  यदि पृथ्वी से सच्चे संत समाप्त हो जाएँगे तो पृथ्वी भी नहीं रहेगी, समाप्त हो जाएगी । संतों  की महिमा अनंत है, अपार है । वेद-पुराण, रामायण , श्रीरामचरितमानस, सभी संतों की महिमा मुक्त कंठ से गाते हैं । लेकिन सच्चे संत का न ही कोई पार पा सकता है और न ही पाता है ।


  संसार के लोग संसारिक कार्यों-प्रपंच के कारण भूले रहते हैं और दुख में जीते हैं और दुख में ही मर जाते हैं । सच्चा सुख नहीं मिल पाता । सच्चा सुख राम जी से, राम नाम से राम जी की कथा से जुड़ने से ही मिलता है ।  समर्पण से मिलता है । सच्चे संत लोंगो को राम जी से जोड़ते हैं, जोड़ सकते हैं । यही उनकी विशेषता होती है । इसीलिए वे वंदनीय और पूजनीय होते हैं ।



यदि कोई राम जी से जुड़ने के बजाय संसार से और संसार के बिषयों से ही जुड़ा है तो न ही वह वंदनीय होता है और न ही पूजनीय । ऐसे ही लोग लोंगो को भगवान से न जोड़कर अपने से, संसार से और बिषयों से ही जोड़ते हैं । जो न तो संत का और न ही जीव का लक्ष्य होता है । ऐसे लोग सिर्फ संत नामधारी और संत बेषधारी ही होते हैं । उनमें सच्चे अर्थों में संतत्व नहीं होता है । ऐसे लोंगो से जुड़कर लोग और भटकते ही हैं ।



 संसार से, संसार के भोगों से, बिषयों से जो जितना दूर होता है उसमें उतना ही वैराग्य दृढ़ होता है । लेकिन कई लोग संत नाम और बेष धारण करके भी वैराग्य को सही ढ़ंग से नहीं अपना पाते । संग्रह में लगे रहते हैं और इसलिए वैराग्य दृढ़ नहीं होता है ।



गोस्वामी तुलसीदास महाराज, जो पहुँचे हुए भक्त, संत, बड़े बैरागी और सनातन धर्म के अनुसार जीने वाले थे, ने कहा है कि कलियुग में बहुत से यती बहुत सा धन लगाकर धाम (आश्रम) बनाएगें, सजायेंगे-सवारेंगे । बिषयों के बस में होने से वैराग्य विहीन हो जाएँगे । गृहस्थ धनाभाव में भले रहें लेकिन तपस्वियों के पास बहुत धन रहेगा । मुझसे और कहा नहीं जाता है । अर्थात जो-जो  देखने व सुनने के लिए मिलेगा ऐसे कौतुक-तमाशे को कैसे कहें ?



लेकिन यह सबके लिए नहीं होगा । जिनका लक्ष्य राम जी के चरण हैं उन्हें कलियुग में भी सतयुग जैसा रहेगा । ऐसे कई संत हैं जिनको कलियुग के कृत स्पर्श नहीं कर पाते क्योंकि उन्हें केवल और केवल राम जी भाते हैं । संसार और संसार के बिषय नहीं । यही लोग वंदनीय और पूजनीय होते हैं ।




।। जय सियाराम ।।



______________________________________________



शनिवार, 12 अगस्त 2017

पवनतनय के चरित सुहाए-९ (सीताजी का हनुमानजी से रामजी और लक्ष्मणजी का कुशल समाचर पूछना )

जब सीताजी ने जान लिया कि हनुमानजी राम जी के जन यानी भक्त हैं तो हनुमान जी पर सीताजी की गाढ़ी प्रीति हो गई । जब दो सच्चे भक्त मिलते हैं तो दोंनो के बीच ऐसी ही प्रीति हो जाती है । सीताजी के नयन सजल हो गए । और शरीर पुलकित हो गया । जब भक्त आपस में मिलते हैं तो भगवान की चर्चा करते हैं । भगवान के बारे में ही प्रश्न करते और बातचीत करते हैं ।

 सीता जी ने कहा कि हे हनुमान मैं विरह रुपी सागर में डूब रही थी । लेकिन आप मुझे बचाने के लिए जहाज बनकर आ गए हो । जब भक्त भगवान के विरह में डूब रहा हो तो उसे सत्संग मिल जाय, भगवान की चर्चा करने और सुनने का अवसर मिल जाय तो यही उसके लिए अवलंबन का काम करता है । सीताजी ने कहा कि मैं बलिहारी जा रही हूँ अब लक्ष्मण जी के सहित सुख के भवन राम जी का कुशल समाचार सुनाओ ।

  राम जी का ह्रदय बहुत ही कोमल है । वे सहज ही कृपा करने वाले हैं । इसके बावजूद भी हे हनुमान बताओ कि उन्होंने निठुरता क्यों धारण कर लिया है । अपने सेवकों को सुख देना यह उनका सहज वाना है । स्वभाव है । क्या कभी राम जी मुझे भी याद करते हैं ?  राम जी अपने सभी भक्तों को याद करते हैं फिर भी देरी देखकर अथवा दुख देखकर कभी-कभी भक्त को ऐसा लगता है कि शायद भगवान ने हमें भुला दिया है । लेकिन भगवान भक्त को कभी नहीं भुलाते । काल और कर्म वश दुख तो सबको स्पर्श करता है । लेकिन भक्त के पास भगवान की कृपा पहले आ जाती है दुख बाद में आता है । दुख प्रत्यक्ष होता है तो वह दिखता है लेकिन कृपा अप्रतक्ष्य होती है इसलिए भक्त कभी-कभी कृपा का आभास नहीं कर पाता अथवा देरी से कर पाता है ।

सीताजी ने कहा कि हे तात क्या कभी राम जी के श्याम शरीर का दर्शन करके हमारे नयन शीतल होंगे ? अर्थात क्या मुझे रामजी के दर्शन का कभी सौभाग्य मिलेगा ? यह कहते और सोचते ही सीता जी के नयनों में जल भर आया और उनसे कुछ बोला नहीं जा रहा था । सीताजी ने इतना ही कहा कि हे नाथ आपने तो मुझे बिल्कुल ही भुला दिया ।

सीता जी को इस प्रकार रामजी के विरह में व्याकुल देखकर हनुमानजी बहुत ही कोमल और विन्रम वाणी में बोले कि हे माता रामजी अपने छोटे भाई लक्ष्मण जी के साथ कुशलपूर्वक हैं । सहज कृपा के भंडार रामजी केवल आप के दुख से ही दुखी हैं । अर्थात उनको जो दुख है वह आप के दुखी होने से है । दूर होने से है । हे माता आप अपने हृदय में किसी तरह का भी संशय न रखें क्योंकि राम जी आपसे दुगुना प्रेम करते हैं ।

हनुमानजी ने कहा कि हे माता अब हृदय में धैर्य धारण करके रामजी का संदेश सुनिए । ऐसा कहते ही हनुमानजी गदगद हो गए और उनके नयन अश्रुओं से भर गए । हनुमान जी से इस (गदगद) अवस्था में कुछ कहा नहीं जा रहा था तब हनुमान जी के हृदय में स्थित राम जी ने ही सीता जी के वियोग को कहना शुरू किया ।


                                                 (शेष भाग-१० में ।)



।। जय श्रीसीताराम ।।




_________________________________



गुरुवार, 20 जुलाई 2017

पवनतनय के चरित सुहाए-८ (हनुमानजी का सीताजी को अपना परिचय कराना)

सीता जी ने मुँदरी की चमक को देखकर सोचा कि मानो अशोक वृक्ष ने अंगार दे दिया है । और यह सोचकर हर्षित होकर उसे हाथ में ले लिया ।  हाथ में लेते ही उन्होंने देखा कि यह तो परम सुंदर मन को हर लेने वाली मुद्रिका है जिस पर राम नाम अंकित हैं ।

  वे चकित होकर उसे देख रही थीं । पहचानने पर उन्हें हर्ष हुआ और फिर विषाद भी हुआ जिससे उनका ह्रदय अकुला उठा । उन्हें हर्ष इस बात का हुआ कि यह तो राम जी के पास से आई है और राम जी की निशानी है । विषाद इस बात का हुआ कि यह तो राम जी के पास थी  यहाँ कैसे आ गई ? सब कुछ ठीक तो है ।

वे मन में सोचने लगीं कि राम जी तो अजेय हैं । उन्हें कोई देवता, दानव, नाग, गंधर्व, राक्षस आदि कोई भी तीनों लोकों और चौदहों भुवनों में कोई भी नहीं जीत सकता । वहीं दूसरी ओर इसे माया से बनाया भी नहीं जा सकता । फिर यह यहाँ कैसे आ गई ? सीता जी इसी तरह अनेकों विचार कर रही थीं । तब हनुमान जी मधुर वाणी में राम जी के गुणगणों को गाने लगे । जिसे सुनते ही सीता जी के सारे दुख दूर हो गए । यह राम जी की कथा और गुणों का प्रताप है ।

सीता जी मन लगाकर सुनने लगीं और हनुमान जी ने आरंभ से सारी कथा सुना दिया । कथा शुरू से आरंभ करके पूरी ही सुनानी चाहिए । और मन लगाकर कथा सुनने पर दुख तो दूर होते ही हैं ।

फिर सीता जी ने कहा  कि भाई जिसने कानों को अमृत तुल्य कथा सुनाई है वे प्रगट क्यों नहीं होते । राम कथा अमृत तुल्य ही है जो जीवन में नवीनता लाती है । आशा देकर निराशा का अंत करती है । बशर्ते कथा को मन लगाकर किसी रामभक्त वक्ता से सुना जाय ।

यह सुनकर हनुमानजी सीताजी के थोड़ा पास गए । हनुमानजी को देखकर सीताजी को संदेह हुआ । आश्चर्य हुआ । इसलिए वे हनुमान जी के तरफ पीठ करके बैठ गईं । लंका माया नगरी थी । यहाँ के राक्षस तरह-तरह की मायावी विद्याएँ जानते थे । और  राक्षस तरह-तरह के रूप भी धरना जानते थे । इसलिए सीता जी को संदेह हुआ कि कहीं यह धोखा तो नहीं है ।

तब हनुमान जी महाराज बोले कि हे माता जानकी मैं भगवान राम का दूत हूँ । मैं   करुणानिधान की सच्ची शपथ करके कह रहा हूँ ।  भगवान राम के अनेकों नाम हैं । वे बहुनाम हैं । उनका एक नाम करुणानिधान भी है । यह नाम सीता जी को बहुत प्रिय है । विवाह के पूर्व ही पार्बतीजी ने सबसे पहले रामजी के इस नाम से सीताजी को परिचित कराया था । इसलिए सीताजी रामजी को करुणानिधान ही कहती हैं ।

  सीताजी को विश्वास हो जाय कि हनुमानजी को रामजी ने ही भेजा है इसलिए हनुमानजी ने करुणानिधान नाम का ही प्रयोग किया । हनुमानजी महाराज बोले कि हे माता यह मुद्रिका मैंने ही लाई है । राम जी ने आपको अपनी निशानी यह मुद्रिका दिया है ।

 सीता जी ने हनुमानजी से कहा कि नर और वानर का संग कैसे हुआ । किस प्रकार हुआ । आप यह बताएँ । तब हनुमान जी ने रामजी की और सुग्रीवजी की मित्रता की सारी कथा सीताजी को कह सुनाई ।


हनुमानजी के प्रेमपूर्वक कहे हुए बचनों को सुनकर सीताजी को हनुमानजी पर विश्वास हो गया । सीताजी ने जान लिया कि मन, वचन और कर्म से हनुमानजी कृपा से सागर रामजी के सेवक हैं ।

                                                            (शेष भाग-९ में ।)


।। जय श्रीसीताराम ।।



_________________________________

बुधवार, 12 जुलाई 2017

पवनतनय के चरित सुहाए-७ (हनुमान जी का मुद्रिका गिराना)

लंका में त्रिजटा नाम की एक राक्षसी रहती थी । जिसे रावण ने अशोक वाटिका में सीताजी की रखवाली में लगा रखा था । त्रिजटा निपुण बुद्धि वाली थी । और उसे राम जी के चरणों में अनुराग था । उसने सभी राक्षसियों को बुलाकर कहा कि सीता जी की सेवा करके अपना हित साधन कीजिए । क्योंकि मैंने एक सपना देखा है जिसमें एक बानर ने लंका को जला दिया है और सारी राक्षसी सेना का संहार कर दिया है । रावण गधे पर सवार होकर दक्षिण दिशा की ओर जा रहा है और उसकी बीसों भुजाएँ कटी हुई हैं तथा सिर मुड़ा (केश रहित है ) हुआ है । और लंका का राज्य मानो विभीषण को मिल गया है ।


 
 सारे राज्य में राम जी के विजय का डंका बज रहा है और इसके बाद राम जी ने सीता जी को लंका से वापस अपने पास बुलवा लिया है । मैं जोर से कह रहीं हूँ कि यह सपना कुछ ही दिनों में सत्य हो जाएगा । त्रिजटा के ऐसे बचन सुनकर सारी राक्षसियाँ डर गईं और सीता जी के चरणों में गिर गईं । इसके बाद राक्षसियाँ जहाँ-तहाँ चलीं गईं । और सीता जी अपने मन में चिंतित होकर सोचने लगीं कि नीच राक्षस एक महीना व्यतीत होने पर मुझे मार डालेगा ।



 सीता जी त्रिजटा से हाथ जोड़कर बोलीं कि माता आप इस बिपति की घड़ी में मेरी संगिनी हो । लेकिन अब मुझसे दुसहनिये विरह सहा नहीं जाता । इसलिए कोई उपाय कीजिए जिससे मैं अपनी देंह तज सकूँ । माता जी आप काठ ले आइये और चिता बना दीजिए और फिर उसमें आग लगा दीजिए । रावण के काँटे के समान कानों को बीध डालने वाले बचन को कौन सुनें  ? अतः हे बुद्धिमती राम जी के प्रति मेरी प्रीति को सत्य कर दीजिए ।



सीताजी के ऐसे बचनों को सुनकर त्रिजटा ने उनका चरण पकड़कर रामजी के प्रताप, बल और यश को सुनाकर समझाया । त्रिजटा ने कहा कि हे सुकुमारी रात में अग्नि नहीं मिलेगी । ऐसा कहकर वह अपने घर को चली गई ।


सीता जी कहने लगीं कि बिधाता ही मेरे प्रतिकूल हो गया है ।  इसलिए अग्नि नहीं मिलेगी  और मेरा दुख दूर नहीं होगा । आकाश में प्रगट रूप से (तारो में) अग्नि दिखाई दे रही है । लेकिन पृथ्वी पर कोई भी तारा नहीं आ रहा है । चंद्रमा अग्निमय दिख रहा है लेकिन वह भी मुझे अभागी जानकर अग्नि स्रवावित नहीं कर रहा है । सीता जी अशोक वृक्ष से ही कहने लगीं कि आप ही मेरी विनती सुन लीजिए और मेरा शोक दूर करके अपने नाम को सत्य कर दीजिए । आपके नए कोमल पत्ते अग्नि के समान के हैं (उनमें अग्नि का आभास  हो रहा है) । इसलिए आप मुझे अग्नि दे दीजिए । जिससे मेरी वेदना और न बढ़े । यानी समाप्त हो जाए ।

इसप्रकार सीता जी को राम जी के विरह में बहुत आकुल देखकर वह क्षण हनुमान जी महाराज को एक कलप (लगभग चार करोड़ बत्तीस लाख वर्ष) के समान व्यतीत हुआ ।

हनुमान जी महाराज ने ह्रदय में बिचारकर, उचित समय जानकर राम जी की मुँदरी गिरा दी । सीता जी ने मुँदरी की चमक को देखकर सोचा कि मानो अशोक वृक्ष ने अंगार दे दिया है । और यह सोचकर हर्षित होकर उसे हाथ में ले लिया ।   

                                               (शेष भाग-८ में ।)


।। जय श्रीसीताराम ।।



_________________________________

रविवार, 2 अक्टूबर 2016

हर स्थिति और परिस्थिति में सेवक सहायक का वाना राम जी सार्थक करते हैं

सीताराम जी से नाता जोड़कर दृढ़ विश्वास रखना चाहिए । गोस्वामीजी कहते हैं  कि एक बार राम जी से जुड़ जाइए और विश्वास कभी कम न होने दें । और फिर राम जी की कृपा देखिए । क्योंकि सीताराम जी जैसा अपने सेवकों का देखभाल करने वाला तीनों लोकों और तीनों कालों में कोई भी नहीं है । और राम जी के सेवकों का लोक और परलोक में कुछ भी कभी भी बिगड़ता नहीं है । क्योंकि रामजी सेवकपाल हैं-‘तुलसी सीताराम सो दृढ़ कीजे विश्वास । कबहूँ बिगरी न सुने रामचन्द्र के दास’ ।।



हर स्थिति और परिस्थिति में राम जी अपने सेवकपाल होने का वाना निभाते हैं । चाहे जंगल हो या पर्वत अथवा समुन्द्र या आँधी-तूफान, महा बिष या कोई भी ब्याधि अथवा किसी रोग ने घेर लिया हो । तुलसीदास जी महाराज कहते हैं कि अनेकों संकट आ पड़े हों । और पुत्र, माता-पिता, और हित-बन्धु पास न हों । तो ऐसी परिस्थिति अथवा स्थिति में कृपा के सागर भगवान श्रीराम ही मुझको रखेंगे जिनके हनुमानजी महाराज जैसे सेवक हैं । हर जगह भूतल, देवलोक, या फिर रसातल हो हर जगह राम जी अपने सेवक के सहायक हैं-


         कानन, भूधर वारि बयारि महा बिष व्याधि दवा अरि घेरे ।
         संकट कोटि जहाँ तुलसी सुत-मातु-पिता हित बन्धु न नेरे ।।
         राखिहैं राम कृपालु तहाँ हनुमान से सेवक हैं जेहि केरे ।
         नाक, रसातल, भूतल में रघुनायक एक सहायक मेरे ।।



   राम जी अपने विरद की लाज रखते हैं, अपने वाने को कभी लजाते नहीं हैं । इसलिए राम जी सबसे अलग हैं । राम जी के चरण-कमलों में प्रेम दृढ़ करना चाहिए और फिर उनकी कृपा देखनी चाहिए । श्रीरामचरितमानस और विनयपत्रिका आदि ग्रंथों में कही हुई बातों का प्रभाव देखना हो तो राम जी से जुड़कर उनके चरणों में प्रेम और विश्वास रखना चाहिए । फिर सबकुछ अनुभव में आने लगता हैं । रामजी जैसा सेवक सहायक और प्रेम की रीति को निभाने वाला कोई नहीं है ।



।। जयश्रीसीताराम।।



__________________________________






मंगलवार, 5 जुलाई 2016

मनुस्मृति के कुछ जीवनोपयोगी संदेश

सनातन धर्म के सद्ग्रंथो में कई स्मृतियाँ हैं जिनमें मनुस्मृति प्राचीनतम है । मनुस्मृति में कई जीवनोपयोगी संदेश/सिद्धांत हैं । जिसमें से कुछ निम्नवत हैं-


·         जहाँ (जिस कुल-घर-परिवार में ) स्त्रियां सम्मानित होती हैं उस कुल से देवता प्रसन्न होते हैं ।


·         जहाँ स्त्रियों का अपमान होता है वहाँ सभी यज्ञादि कर्म निष्फल होते हैं ।


·         जिस कुल में बहू-बेटियाँ क्लेश भोगती हैं वह कुल शीघ्र नष्ट हो जाता है ।


·         जहाँ स्त्रियों को कोई कष्ट नहीं दिया जाता वह कुल-घर-परिवार सवर्दा बढ़ता है ।


·         जिस घर-कुल को बहू-बेटियाँ (कष्ट दिए जाने से) कोसती हैं वे घर नाश को प्राप्त होते हैं ।


·         स्त्रियों को हमेशा भूषण, वसन और भोजन से संतुष्ट रखना चाहिए ।


·         जिस कुल में पत्नी से पति और पति से पत्नी प्रसन्न रहती है उस कुल का सदा कल्याण होता है ।


·         परलोक में माँ-बाप, स्त्री , पुत्र या हित-परिजन कोई भी सहायता नहीं करता ।
 केवल धर्म ही सहायक होता है ।


·         यह जीव अकेला आता है और अकेला ही जाता है और अकेला ही पुण्य-पाप का फल भी भोगता है ।


·         सबको धर्म का संचय करना चाहिए ।


·         भोजन को नित्य पूज्य दृष्टि से देखें और बिना निंदा किए हुए भोजन करें । भोजन को देखकर संतुष्ट और प्रसन्न होवे तथा सदा अन्न का अभिनन्दन करे ।


·         नित्य आदर के साथ किया हुआ भोजन बल और तेज देता है और अनारादर से किया हुआ भोजन बल और तेज दोनों का नाश करता है ।





इसी तरह अनेकानेक जीवनोपयोगी संदेश/सिद्धांत मनुस्मृति में दिए गए है ।





   ।। जय श्रीराम ।।



________________________________________



बुधवार, 1 जून 2016

आध्यात्मिक-कर्म भूमि तथा भोग भूमि:भारत और शेष विश्व

आज के समय के भारत का विस्तार प्राचीन समय के वृहद भारत-आर्यावर्त के विस्तार से बहुत कम है । आज के समय में प्राचीन भारत के विस्तार का सही आकलन कर पाना मुश्किल है । सनातन धर्म दुनिया का प्राचीनतम धर्म है । इसमें सम्पूर्ण व्रह्मांड की उत्पत्ति और अंत का तार्किक व वैज्ञानिक वर्णन है । सनातन धर्म सारे संसार के हित की बात करता है और सम्पूर्ण जगत के चर-अचर को परमात्मा का ही अंश मानता है ।


  इस पृथ्वी पर अथवा इससे परे जो कुछ भी है सब कुछ भगवान की रचना है । भगवान का है । ऐसे में सनातन धर्म के ग्रंथों-शास्त्रों में भारत भूमि की भूरि-भूरि प्रशंसा क्यों की गई है ? महिमा क्यों गाई गई है ? तथा सनातन धर्म के सभी देवी-देवताओं का अवतरण पृथ्वी के इसी भाग यानी भारत में क्यों हुआ है-कहते हैं कि देवता भी भारत भूमि पर जन्म लेना चाहते हैं । यहाँ की सभ्यता-संस्कृति इतनी संस्कार युक्त क्यों है ? यहाँ पर आचार-विचार की इतनी प्रधानता क्यों है ? यहाँ त्याग-तपस्या की ज्यादा बात क्यों की जाती है ? आदि ।

  संत और ग्रंथ कहते हैं कि एक तो मनुष्य का जन्म दुर्लभ है और दूसरा भारत में जन्म । मनुष्य का जन्म राम जी की कृपा से होता है और और भारत में जन्म  पुण्य से होता है ।

  शास्त्र कहते हैं कि धरती पर भारत भूमि का विशेष महत्व है । विशेष प्रयोजन है । इसे वैसे ही ऋषियों और मुनियों की भूमि नहीं कहा जाता है । इसका भी विशेष कारण है ।

  शास्त्र कहते हैं कि भारत (वृहद भारत) कर्म भूमि है । योग भूमि है । तथा शेष धरती भोग भूमि है । ऐसी व्यवस्था आदि समय में ही कर दी गई थी ।  इसलिए ही भारत में ध्यान, योग, यज्ञ, पूजा, जप-तप की प्रधानता रही है । इसलिए ही यहाँ की सभ्यता-संस्कृति पाश्चात्य देशों से बिल्कुल अलग है । यहाँ के संस्कार अलग हैं । यहाँ वेदों और पुराणों के द्वारा दिए गए नियम हैं जिनके द्वारा मनुष्य देवत्व प्राप्त कर सकता है । यहाँ अपने ही शरीर को प्रयोगशाला बनाकर तरह-तरह के प्रयोग हमारे पूर्वजों द्वारा किए गए हैं और  व्रत, नियम तथा संयम आदि के पाठ को पढ़ाया गया है ।

यहाँ से योग पाश्चात्य देशों में जाता है । और पाश्चात्य देशों में भोग की प्रधानता है । ऐसा आरंभ से ही है क्योंकि ऐसा ही सुनिश्चित किया गया है । आज वहाँ के भोग और भोग के साधन यहाँ के योग को प्रभावित कर रहे हैं । ऐशोआरामके अधिकांश साधनों का विकास भी भोग भूमि की ही देन है । भोग भूमि में इंद्रिय आनंद की बात होती है और आध्यात्मिक-कर्म भूमि में परमानंद-व्रह्मानंद की बात होती है ।

   वहाँ का दर्शन है कि जीवन एन्जॉय करने के लिए है । क्या करना है-एन्जॉय । कुछ भी करना है-बस एंजोयमेंट होना चाहिए । भोग भूमि में पतिव्रत और पत्नीव्रत जैसे शब्द ही नहीं होते । वहाँ शरीर को कसने-तपाने की बात बेमानी है । जबकि यहाँ व्रत, नियम और संयम के माध्यम से शरीर के साथ प्रयोग जप-तप के साधन हैं ।

  भोग भूमि और अध्यात्मिक-कर्म भूमि दोनों के दर्शन में मूलभूत अंतर हैं । भोग भूमि में भोग से आनंद और आध्यात्मिक कर्म भूमि में त्याग से आनंद पर बल दिया गया है । यहाँ भोग को रोग के समान बताकर संयमित जीवन को श्रेष्ठ कहा गया है। मनुष्य जीवन बार-बार नहीं मिलता इसलिए जितना एन्जॉय कर सकते हो कर लो यह भोग भूमि का दर्शन है । तथा मनुष्य जीवन बार-बार नहीं मिलता इसलिए इसका सदुपयोग करो और राम जी से जुड़कर मनुष्य जीवन को सार्थक करो यह कर्म-भूमि का दर्शन है । 

  भय, निद्रा, अहार और विहार के अधीन तो सभी प्राणी रहते हैं । रहते क्या हैं इसी में लगे रहते हैं और मर जाते हैं । लेकिन मनुष्य तो अन्य प्राणियों से श्रेष्ठ है इसलिए यदि मनुष्य भी भय, निद्रा, अहार और विहार के अधीन रहे और इसी में लगा रहे तो फिर इनकी क्या विशिष्टता है ? क्या श्रेष्ठता है ? और फिर मनुष्य जीवन की आवश्यकता ही क्या है ? जरूरत ही क्या है ? इसलिए मनुष्य जीवन तभी सार्थक है जब जीव राम जी से जुड़ जाय अन्यथा शूकर और कूकर भी तो एन्जॉय करते ही हैं और भय, निद्रा, अहार और विहार के अधीन रहते हैं । कहते हैं कि-'भूमि भार अरु अन्न संहार । यह नहीं मनुज जनम का सार' ।। मौज-मस्ती ही यदि करना है तो मनुष्य देह की जरूरत नहीं है । 


  हर प्राणी विश्राम चाहता है, आनंद चाहता है । जीव जिस आनंद के लिए तरसता है, जिसे पाने के लिए नाना उपाय करता है, यहाँ-वहाँ, जहाँ-तहाँ, इसमें-उसमें खोजता रहता है पर अभाव ग्रस्त ही रहता है । भला आनंद से तृप्ति कहाँ होती है ?  

  जीव सतत आनंद खोजी है । जीवन का उद्देश्य भी परमानंद प्राप्त करना ही है । जो पदार्थों में नहीं है । पदार्थों में क्षणिक आनंद है । फिर अभाव है । भटकाव है । विश्राम नहीं है । शांति नहीं है । इसलिए सतत आनंद का खोजी जीव इससे तृप्ति नहीं होता । इसके भटकाव, अशांति, अभाव आदि को दूर करने के लिए इसे मनुष्य जीवन मिलता है । क्योंकि परमानंद का रास्ता मनुष्य जीवन से होकर जाता है । अतः मनुष्य जीवन पाकर आनंद सिंधु, सुख राशि, आनंद स्वरूप भगवान राम से जुड़कर परमानंद प्राप्त करने का सार्थक प्रयास करना चाहिए ।

धरती पे है देश यक भारत जिसका नाम ।
बहती है गंगा जहाँ प्रगटे जहँ श्रीराम ।।                                        
करम भूमि भारत कहे ग्रन्थ संत सुर लोग ।
रामदास बाकी सभी भूमि बनी हित भोग ।।

(दोहा संग्रह 'मानव माने होय' से उदधृत दोहे । )


।। जय सियाराम ।।


_____________________________________

लोकप्रिय पोस्ट

कुछ पुरानी पोस्ट

चित करो राम कहे ग्रंथन की । कीजे लाज विरद अरु पन की ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

चित करो राम कहे ग्रंथन की । कीजे लाज विरद अरु पन की ।।

सुर मुनि साधु कहे गुनगन की । हारत भीर सदा दीनन की ।।

कूर कपूत सकल दुर्जन की । नहिं गति और छाँड़ि चरनन की ।।

सरन राम पद सब असरन की । सादर बाँह गहत निबरन की ।।

सार संभार राम दीनन की । करत सदा जोगवत जन मन की ।।

सुनत राम सबबिधि हीनन की । कोल किरात आदि बनरन की ।।

बिगत सकल गुन जदपि सुजन की । राखो लाज नाथ अब जन की ।।

दीन संतोष नहीं तन मन की । जप तप बल नहिं और जतन की ।।

मोरे आश राम चितवन की । पतितपावन अरु शील सदन की ।।

______________________________


।। जय रघुवर जय राम धनुर्धर ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

जय रघुवर जय राम धनुर्धर । सुंदर श्याम सुशील सियावर ।।

मंगल मूरति रूप मनोहर । सोहत सुंदर शारंग कर सर ।।

मंजु मराल बसत जन उर सर । मोहत साधु संत बिधि हरि हर ।।

चरण कमल जन मुनि मन मधुकर । तारन तरन होत चिंतन कर ।।

भरत लखन कपि आदिक अनुचर । सीताराम रूप सचराचर ।।

अगुन सगुन अज अमित अगोचर । अजर अमर सुखनिधि परमेश्वर ।।

ज्ञान विज्ञान सकल सदगुन घर । दीनदयाल प्रनत हित तत्पर ।।

पुरुष पुराण अनूप भूपवर । माया मानुष सोहत नरवर ।।

बानर भालु आदि बहु बनचर । दीनबंधु राखे सब निज कर ।।

दीन संतोष बसहु उर अंतर । परम उदार दीन आरति हर ।।

______________________________


आरती कीजे श्रीराम लला की पूण निपुण धनुवेद कला की

इस ब्लॉग पर मार्च २०१५ में प्रकाशित और मेरे द्वार रचित इस आरती को बिना कोई संदर्भ दिए अनेकों लोगों ने अपने ब्लॉग / वेब पेज पर प्रकाशित कर लिया है । और रचनाकार का नाम भी नहीं दिया है । इसमें आरती चालीसा आदि जैसी वेबसाइटें और देश के कई प्रमुख समाचार और टीवी चैनेल भी शामिल हैं । आरती संग्रह और आस्था संग्रह नामक वेबसाइट पर आरती को पारम्परिक और रचनाकार को अज्ञात बता दिया गया था । संस्कार टीवी ने भी गीत/Lyrics को परंपरागत बताकर अपने गायकों से आरती को गवाकर अपने यूट्यूब, फेसबुक और ऑफिसियल वेबसाइट आदि पर विडियों को प्रसारित कर दिया है ।

।। गोस्वामी तुलसीदास जी का संदेश ।।

हे मनुष्यों भटकना छोड़ दीजिए । तरह-तरह के कर्म, अधर्म और नाना मतों को त्याग दीजिए । क्योंकि ये सब केवल शोक और कष्ट देने वाले हैं । इनसे शोक दूर होने के बजाय और बढ़ता ही है । जीवन में ठीक से सुख-चैन नहीं मिलता और परलोक में भी शांति नहीं मिलती । इसलिए विश्वास करके भगवान श्रीराम जी के चरण कमलों से अनुराग कीजिए । इससे तुम्हारे सारे कष्ट अपने आप दूर हो जाएंगे-

“नर बिबिध कर्म अधर्म बहु मत सोकप्रद सब त्यागहू ।

बिस्वास करि कह दास तुलसी राम पद अनुरागुहू” ।।

राम जी का ही सुमिरन कीजिए । राम जी की ही यश गाथा को गाइए और हमेशा राम जी के ही गुण समूहों को सुनते रहिए-

“रामहिं सुमिरिए गाइए रामहिं । संतत सुनिए राम गुनग्रामहिं” ।।

।।जय सियाराम ।।

___________________________________________

विज्ञान का बीज

संसार में हर चीज का बीज (मूल कारण ) होता है । अर्थात संसार और सांसारिक चीजों का कोई न कोई उदगम होता है । सबका बीज से ही उत्पत्ति और आगे विकास होता है । विज्ञान का बीज मतलब मूल कारण क्या है ? विज्ञान का बीज कहाँ से आया ? विज्ञान का बीज किसने बनाया ? विज्ञान का बीज किसने दिया ? यह एक बहुत ही विचारणीय प्रश्न है । यहाँ पर हम लोग देंखेगे कि विज्ञान का बीज तो भगवान द्वारा ही इस संसार को उपलब्ध कराया गया है ।

बहुत से लोग समझते हैं कि विज्ञान और अध्यात्म एक दूसरे के विरोधी हैं । लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है । इस बात को समझने के लिए सनातन धर्म के साथ-साथ आधुनिक विज्ञान का अध्ययन जरूरी है । आधुनिक विज्ञान की वैसे तो बहुत सी शाखाएँ हैं । परंतु इनमें से भौतिक विज्ञान यानी Physics ही ऐसा है जो व्रह्मांड के उत्पत्ति और संरचना की अध्ययन करता है । भौतिकी कि दो शाखाएँ बहुत ही महत्वपूर्ण हैं । इनमे से एक जनरल रिलेटिविटी (General Relativity) और दूसरी क्वांटम मेकेनिक्स (Quantum Mechanics) है ।

गणित को आधुनिक विज्ञान की माता कहा जाता है । गणित का हम लोगों के जीवन और विज्ञान के विकास में बहुत ही महत्वपूर्ण रोल है । इस बात को हमारे ऋषि-मुनि भी जानते थे । अधिक जानकारी के लिए इस ब्लॉग के ‘गणित और व्रह्मांड’ लेख को पढ़ सकते हैं । आधुनिक गणित (Modern Mathematics) समुन्द्र के समान विस्तृत है । फिर भी समुच्चय सिद्धांत (Set Theory), संख्या सिद्धांत (Number Theory), फलन और तर्क सिद्धांत (Theory of Functions and Logic), आंशिक और साधारण अवकल समीकरण (Partial and Ordinary Differential Equations) और बीजगणित तथा आधुनिक बीजगणित (Algebra and Modern Algebra) आदि बहुत ही उपयोगी शाखाएँ हैं ।

गणित के अभाव में आधुनिक विज्ञान (Modern Science) और टेक्नोलोजी (Technology) की कल्पना ही नहीं की जा सकती । गणित को विद्वान और वैज्ञानिक विज्ञान की माता कहते हैं । लेकिन गणित की माता कौन है ? गणित की उत्पत्ति का मूल कारण क्या है । गॉस (Gauss) नाम के एक बहुत बड़े गणितज्ञ हुए हैं । गॉस ने कहा था कि गणित विज्ञान की माता है और संख्या सिद्धांत गणित की माता है । अब प्रश्न यह है कि संख्या सिद्धांत का मूल क्या है ? गणितज्ञ संख्या सिद्धांत का मूल प्राकृतिक संख्याओं (Natural Numbers) को बताते हैं । इंही से अन्य संख्याओं का विकास और संख्या सिद्धांत का विकास और फिर विज्ञान का विकास हुआ है । इस बात को वैज्ञानिक और गणितज्ञ जानते हैं ।

जो चीज प्राकृतिक होती है, उस पर सबका बराबर अधिकार होता है । जैसे हवा, गंगा जल आदि । ठीक इसीप्रकार से प्राकृतिक संख्याओं पर केवल पढ़े लिखे मनुष्यों का ही अधिकार नहीं है । इस पर अनपढ़ लोगों का तथा साथ ही पशु-पक्षियों का भी अधिकार है । एक, दो, तीन आदि का किसे पता नहीं है । सब लोग गणना में इनका इस्तेमाल करते हैं ।

पशु-पक्षियों के पास भी गणना की योग्यता होती है । उदाहरण के लिए मान लीजिए एक बृक्ष पर किसी चिड़िया का घोसला है । मान लीजिए उसमें दस बच्चे हैं । अब यदि चिड़ियाँ के अनुपस्थिति में कोई एक बच्चे को गायब कर दे तो वापस आने पर चिड़ियाँ अशांत हो जाती है । इधर-उधर, आस-पास मँडराने और चिल्लाने लगती है । जबकि उसके सभी बच्चे एक जैसे होते हैं । फिर भी उसे पता चल जाता है कि एक बच्चा गायब हो गया है । चिड़ियाँ को एक दो लिखना या बोलना नहीं आता । लेकिन प्रकृति प्रदत्त गणना की योग्यता से उसे इसका भान होता है ।

अब प्रश्न यह है कि प्राकृतिक संख्याओं का मूल क्या है ? जैसा कि नाम से भी स्पष्ट है । इसका मूल प्रकृति है । भगवान हैं । इस बात को क्रोंकर (Kronecker) नामक गणितज्ञ ने इस प्रकार कहा है- ‘Natural numbers are God given bricks’. अर्थात ये ईश्वर की दी हुई इंटें हैं ।

जिस प्रकार ईंट से भवन का निर्माण हो जाता है । इसी प्रकार से प्राकृतिक संख्या रुपी ईंटों से संख्या सिद्धांत रुपी भवन खड़ा किया गया । इस प्रकार से गणित की माता का जन्म हुआ । जिससे गणित बनी । फिर गणित के बाद गणित से आज का विज्ञान बना । इस प्रकार हम देखते हैं कि विज्ञान का बीज तो राम जी के द्वारा ही इस संसार को मिला है । गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज ने भी कहा है-

‘धरम तड़ाग ज्ञान विज्ञाना । ए पंकज विकसे बिधि नाना’ ।।

।। जय श्रीसीताराम ।।

_________________________________________

प्रार्थना

हे राम प्रभू मेरे भगवान । दीन सहायक दयानिधान ।।

तुम सम तुम प्रभु नहि को आन । गाये जग तेरा गुनगान ।।

तुमको सम प्रभु मान अमान । औरों को देते तुम मान ।।

धारण करते हो धनु वान । रखते हो निज जन की आन ।।

जग पालक जग के तुम जान । तुम ही ज्ञान और विज्ञान ।।

तुम सम नहि कोउ महिमावान । शिव अज नारद करें बखान ।।

वेद सके भी नहि पहिचान । जानूँ मैं क्या अति अज्ञान ।।

सरल सबल तुम सब गुनखान । दया करो हमको जन जान ।।

दूर करो अवगुन अभिमान । विद्यानिधि दो निर्मल ज्ञान ।।

छूटे नहि प्रभु तेरा ध्यान । संतोष शरन राखो भगवान ।।

।। जय सियाराम ।।

_________________________________

राम नाम मंगलमूल दूर करे सब सूल

राम नाम मंगलमूल दूर करे सब सूल ।

तू भूले जग को जग भूले तुझको राम नाम मत भूल ।।

रामनाम में रमों राम भजे होए जग अनुकूल ।

सारा जग बेसार राम नाम ही सार मद बस मत झूल ।।

जग जाल कब काल जाना है मत फूल ।

बिषयरस सुखतूल नाम रस सुख मूल संतोष जान मत भूल ।।

____________________________________________

भगवान की तलाश

___________________________________

सदग्रंथ, सुसंत और भक्त कहते हैं कि भगवान सर्वब्यापी हैं । घट-घट वासी हैं । कण-कण में भगवान हैं । फिर भी भगवान नहीं मिलते । क्यों ?

जैसे ग्रंथों में अपार ग्यान का भंडार भरा है । और ग्रन्थ सब जगह उपलब्ध भी हैं । फिर भी वह ज्ञान सहज प्राप्त नहीं है । न ही ज्ञान ग्रन्थ (जिसमें ज्ञान भरा है ) के अवलोकन से और न ही स्पर्श से प्राप्त होता है । और तो और ज्ञान ग्रंथों को पढ़ डालने से भी प्राप्त नहीं होता । ठीक ऐसे ही कण-कण में भगवान हैं और न ही दिखते हैं और न ही प्राप्त होते हैं ।

जैसे ग्रंथों से ज्ञान प्राप्त करने के लिए साधना, ध्यान, चिंतन-मनन, प्रेम और विश्वास चाहिए । ठीक ऐसे ही कण-कण रुपी ग्रन्थ में बसे ज्ञान रुपी भगवान को प्राप्त करने के लिए साधना, ध्यान, चिंतन-मनन, प्रेम और विश्वास चाहिए । मालुम हो सबको ज्ञान प्राप्त नहीं होता । ठीक ऐसे ही सबको भगवान प्राप्त नहीं होते ।

यह भी ध्यान देने योग्य है कि ग्रंथों से ज्ञान प्राप्त कर लेना तो आसान है लेकिन कण-कण में बसे भगवान को प्राप्त करना आसान नहीं है ।

लोग भगवान को खोजते हैं । भगवान को जानना, पाना अथवा देखना चाहते हैं । और भगवान स्वयं भक्त खोजते रहते हैं । लोग भगवान को तलाशते हैं और भगवान लोगों को । सच्चे भक्त की तलाश उन्हें हमेशा रहती है । सच्चे भक्त को भगवान को तलाशने की आवश्यकता ही नहीं रहती । भगवान स्वयं आकर मिलते हैं ।

कोई कितना ही बड़ा, संत, ज्ञानी अथवा विद्वान क्यों न हो, यदि उसमें भक्ति नहीं है, तो उसे भगवान कदापि नहीं मिलेंगे । वहीं दूसरी ओर कोई कितना भी छोटा अथवा मूर्ख ही क्यों न हो, यदि उसमें भक्ति है, तो उसे भगवान मिल जायेंगे ।

सारा संसार भगवान को प्रिय है । लेकिन भक्त सबसे प्रिय है । भगवान केवल सच्चे भक्त को मिलते हैं । और किसी को नहीं ।

भगवान को यहाँ-वहाँ, चाहे जहाँ तलाशो, पूजा-पाठ करो, प्रवचन करो अथवा सुनों अर्थात चाहे जो साधन अथवा साधना करो भगवान मिलने वाले नहीं । भगवान प्रेम और भक्ति से ही द्रवित होते हैं ।

भगवान को ढकोसला और बनावट बिल्कुल रास नहीं आती, रास आती है तो सरलता, मन की निर्मलता ।

भगवन तो मिलना चाहते हैं, प्रकट होना चाहते हैं । इसके लिए वे बेताब रहते हैं । लेकिन मिलें तो किससे ? किसके सामने प्रकट हों ? उन्हें योग्य अधिकारी चाहिए ? अनाधिकारी को कुछ भी देना पाप-अधर्म होता है । भगवान अनघ और धर्म स्वरूप-धर्म धुरंधर हैं, तो वे पाप या अधर्म कैसे करें ?

कण-कण के वासी भगवान को प्रकट करने के लिए प्रहलाद जैसा प्रेमी भक्त चाहिए । गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज प्रहलाद जी के प्रेम की सराहना करते हुए कहते हैं कि-

“प्रेम बदौं प्रहलादहि को जिन पाहन से प्रमेश्वरू काढ़े” ।

___________________________________

भगवान को प्राप्त करने का सरलतम तरीका

___________________________________

भगवान को प्राप्त करना बहुत ही सरल है । कहीं जाने की या दर-दर ठोकर खाने की भी जरूरत नहीं है । कई काम भी नहीं करना हैं । केवल और केवल एक काम करना हैं । और भगवान घर बैठे प्राप्त हो जायेंगे ।

जैसे कोई रोग हो जाए तो जितने डॉक्टर के पास जाओ उतनी ही तरह-तरह की दवाएं और हिदायतें दी जाती हैं । वैसे ही भगवान को प्राप्त करने के नाना तरीके हैं । और लोग बताते भी रहते हैं । लेकिन हम सिर्फ एक सरलतम तरीका बता रहे हैं ।

भगवान छल-कपट से और छल-कपट करने वालों से बहुत दूर रहते हैं । और छल-कपट रहित निर्मल मन वालों के बहुत पास रहते हैं । श्रीराम जी कहते हैं कि निर्मल मन वाले ही हमें पा सकते हैं । दूसरे नहीं ।

बिना मन निर्मल किये ही हम तीर्थों के चक्कर लगाते फिरते हैं । साधु-महात्माओं के दर्शन और आशीर्वाद लेते रहते हैं । प्रवचन सुनते रहते हैं । मंदिर जाया करते हैं । घर में भी पूजा-पाठ करते रहते हैं । यथा-शक्ति दान-दक्षिणा भी देते रहते हैं । व्रत-उपवास भी करते रहते हैं । लेकिन भगवान नहीं मिलते । क्योंकि हमारे पास निर्मल मन नहीं है ।

यही सबसे बड़ी समस्या है । हम सब भगवान को तो पाना चाहते हैं । लेकिन बिना मन निर्मल किये । जो कि सम्भव नहीं है । अपना मन ही निर्मल नहीं है । तो भगवान कैसे मिलें ?

अपना प्रतिबिम्ब भी देखना हो तो निर्मल यानी साफ-सुथरा दर्पण की आवश्यकता होती है । यदि दर्पण साफ-सुथरा न हो तो खुद अपना प्रतिबिम्ब भी नहीं दिखाई पड़ता । तब गंदे मन रुपी दर्पण से भगवान कहाँ दिखेंगे ? यदि दर्पण में अपनी छवि बसानी यानी देखनी है तो दर्पण को स्वच्छ करना ही होगा । ठीक ऐसे ही मन में श्रीराम को बसाने के लिए मन स्वच्छ करना ही पड़ेगा ।

दर्पण स्वच्छ हो तो कुछ करना थोड़े पड़ता है । जैसे दर्पण के सामने गए प्रतिबिम्ब उसमें आ गया । भगवान तो हर जगह हैं । कण-कण में हैं । कहीं जाना भी नहीं है । हम हमेशा भगवान के सामने पड़ते हैं । लेकिन भगवान हमारे मन रुपी दर्पण में नहीं आते, नहीं दिखते । क्योंकि अपना मन रुपी दर्पण निर्मल नहीं है । अतः यदि हमारा मन निर्मल हो जाए तो हमें भगवान को पाने के लिए कुछ करना थोड़े पड़ेगा । भगवान खुद हमारे मन में बस जायेंगे । आ जायेंगे और हमें दिखने लगेंगे ।

भगवान को रहने के लिए जगह की कमी थोड़े है । लेकिन भक्त के मन में, हृदय में रहने का मजा ही दूसरा है । इसलिए भगवान निर्मल मन वाले को तलासते रहते हैं । जैसे कोई निर्मल मन मिला उसमें बस जाते हैं ।

अतः भगवान को पाने के लिए हमें कुछ नहीं करना है । सिर्फ हमें अपने मन को निर्मल बना लेना है । सब छोड़कर हम अगर यह काम कर ले जाएँ तो भगवान हमें मिल जाएंगे । भगवान खुद कहते हैं-

‘निर्मल मन जन सोमोहि पावा । हमहिं कपट छल छिद्र न भावा’ ।।

___________________________________

संकटमोचन मारूतनंदन

संकटमोचन मारूतनंदन हनूमान अतुलित प्रभुताई ।

महाबीर बजरंगबली प्रभु निज मुख कीन्ह बड़ाई ।।

राम सुसेवक राम प्रिय रामहु को सुखदाई ।

तुमसे तात उरिन मैं नाही कहि दीन्हेउ रघुराई ।।

बालि त्रास त्रसित सुग्रीव को राम से दिहेउ मिलाई ।

भक्त विभीषन धीरज दीन्हेउ राम कृपा समुझाई ।।

गुन बुधि विद्या के तुम सागर कृपा करि होउ सहाई ।

राम प्रभु के निकट सनेही अवसर पाइ कहउ समुझाई ।।

अब तो नाथ विलम्ब न कीजे वेगि द्रवहु सुर साई ।

अघ अवगुन खानि संतोष तो स्वामी तव चरण की आस लगाई ।।

विरद की रीति छ्मानिधि रखिए करुनाकर रघुराई ।

नाथ चरन तजि ठौर नहीं संतोष रहा अकुलाई ।।

__________________________________




रघुपति राघव जन सुखदाई

रघुपति राघव जन सुखदाई ।

आरतपाल सहजकृपाल अग जग के तू साई ।।

जग जो बड़े हुए अरु होते तुम्हरे दिए बड़ाई ।

शिव, हरि, बिधि आदिक को प्रभु दई तुम्हीं प्रभुताई ।।

घट-घट के जाननहार सुधि कियो न कोउ कराई ।

ठौर नहीं प्रभु द्रवहुँ वेगिंह कहौ कहाँ हम जाई ।।

आस पियास बुझै नहि रघुवर बिनु कृपा जल पाई ।

संतोष रखो प्रभु करुनासागर कृपा वारि पिलाई ।।

__________________________________________

।। श्रीराम चालीसा ।।

।। श्री गणेशाय नमः ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

श्रीरामचालीसा

दोहा-

तुलसिदास मानस विमल, राम नाम श्रीराम ।

पवनतनय अरु विनय पद, सादर करौं प्रनाम ।।

अविगत अलख अनादि प्रभु, जगताश्रय जगरूप ।

पद कंज रति देहु मोहि, अविरल अमल अनूप ।।

चौपाई-

जय रघुनाथ राम जग नायक । दीनबन्धु सज्जन सुखदायक ।।

प्रनतपाल सुंदर सब लायक । असरन सरन धरे धनु सायक ।।

नाम लेत मुद मंगल दायक । सरल सबल असहाय सहायक ।।

सुमुख सुलोचन अज अविनासी । संतत गिरिजा पति उर वासी ।।

अगम अगोचर जन दुखनासी । सहज सुगम अनुपम सुखरासी ।।

दया क्षमा करुना गुन सागर । पुरुष पुरान सुशील उजागर ।।

हरि हर बिधि सुर नर मुनि भावन । अघ अविवेक समूल नसावन ।।

भरत लखन रिपुहन हनुमाना । संग सिया राजत भगवाना ।।

रूप अनूप मदन मद हारी । गावत गुन सुर नर मुनि झारी ।।

सुर नर मुनि प्रभु देखि दुखारे । तजि निज धाम धरा पगु धारे ।

सुत बिनु दशरथ राय दुखारी । सुत होइ उनको कियो सुखारी ।।

मख हित मुनिवर अति दुःख पाए । दुष्टन दलि तुम यज्ञ कराए ।।

पाहन बनि मुनि गौतम नारी । सहत विपिन नाना दुःख भारी ।।

ससंकोच निज पद रज डारी । दयासिन्धु तुम कियो सुखारी ।।

सोच मगन नृप सिया सहेली । मातु सकल नर नारि नवेली ।।

सबकर सोच मिटायेउ स्वामी । भंजि चाप जय राम नमामी ।।

परशुराम बहु आँखि दिखाए । गुन गन कहि धनु देय सिधाये ।।

करि कुचाल जननी पछितानी । उनको बहुत भांति सनमानी ।

केवट नीच ताहि उर भेटा । सुर दुर्लभ सुख दै दुःख मेटा ।।

भरत भाय अति कियो बिषादा । जगत पूज भे राम प्रसादा ।।

आप गरीब अनेक निवाजे । साधु सभा ते आय बिराजे ।।

बन बन जाय साधु सनमाने । तिनके गुन गन आप बखाने ।।

नीच जयंत मोह बस आवा । जानि प्रभाव बहुत पछितावा ।।

शवरी गीध दुर्लभ गति पाए । सो गति लखि मुनिराज लजाये ।।

कपि असहाय बहुत दुःख मानी । बसत खोह तजि के रजधानी ।।

करि कपीस तेहिं निज पन पाला । जयति जयति जय दीनदयाला ।।

बानर भालू मीत बनाये । बहु उजरे प्रभु आप बसाये ।।

कोल किरात आदि बनवासी । बानर भालु यती सन्यासी ।।

सबको प्रभु कियो एक समाना । को नहि नीच रहा जग जाना ।।

कोटि भालु कपि बीच बराए । हनुमत से निज काज कराए ।।

पवनतनय गुन श्रीमुख गाये । जग बाढ़ै प्रभु आप बढ़ाए ।।

हनुमत को प्रभु दिहेउ बड़ाई । संकटमोचन नाम धराई ।।

रावण भ्रात निसाचर जाती । आवा मिलइ गुनत बहु भांती ।।

ताहिं राखि बहु बिधि हित कीन्हा । लंका अचल राज तुम दीन्हा ।।

चार पुरुषारथ मान बड़ाई । देत सदा दासन्ह सुखदाई ।।

मो सम दीन नहीं हित स्वामी । मामवलोकय अन्तरयामी ।।

रीति प्रीति युग-युग चलि आई । दीनन को प्रभु बहु प्रभुताई ।।

देत सदा तुम गहि भुज राखत । साधु सभा तिनके गुन भाखत ।।

कृपा अनुग्रह कीजिए नाथा । विनवत दास धरनि धरि माथा ।।

छमि अवगुन अतिसय कुटिलाई । राखो सरन सरन सुखदाई ।।

दोहा-

राम राम संतोष कहु भरि नयनन महु नीर ।

प्रनतपाल असरन सरन सरन देहु रघुवीर ।।

राम चालीसा नेम ते, पढ़ जो प्रेम समेंत ।

बसहिं आइ सियाराम जु, ताके हृदय निकेत ।।

।। सियावर रामचन्द्र की जय ।।

_________________________

।। श्रीराम स्तुति ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

हे राम प्रभूजी दयाभवन । तुमसा है जग में और कवन ।।१।।

सुखसागर नागर जलजनयन । गुन आगर करुना छमा अयन ।।२।।

सुखदायक लायक विपति समन । भवतारन हारन जरा मरन ।।३।।

संकोच सिंधु धुर धर्म धरन । शारंगधर टारन भार अवन ।।४।।

जग पालन कारन सिया रमन । देवों को दायक तुम्ही अमन ।।५।।

मन लाजै तुमको देखि मदन । शोभा की सीमा शील सदन ।।६।।

विश्वाश्रय रघुवर विश्वभरन । तुमको प्रभु बारंबार नमन ।।७।।

तुम बिनु प्रभु क्या यह मानुष तन । बन जावो मेरे जीवनधन ।।८।।

दुख दारिद दावन दोष दमन । तुमको ही ध्याये मेरा मन ।।९।।

प्रभुजी अवगुन अघ ओघ हरन । हो चित चकोर बिधु आप वदन ।।१०।।

नहि मालुम मुझको एक जतन । तुम बिनु को हारे दुख दोष तपन ।।११।।

कहते हैं स्वामी तव गुनगन । शरनागत राखन प्रभु का पन ।।१२।।

मेंरा उर हो प्रभु आप सदन । गहि बाँह रखो मोहि जानि के जन ।।१३।।

विनती प्रभुजी तारन तरन । मन का भी मेरे हो नियमन ।।१४।।

हे राम प्रभू मेरे भगवन । मैं चाह रहा तेरी चितवन ।।१५।।

करुनासागर संतोष सरन । है ठौर इसे बस आप चरन ।।१६।।

।। सियावर रामचंद्र की जय ।।

______________________________


श्रीहनुमान स्तुति

।। श्री हनुमते नमः ।।

जय हनुमंत जयति मतिसागर । बल विक्रम त्रैलोक उजागर ।।१।।

पवनतनय समरथ गुन आगर । जय कपीस सेवक हित नागर ।।२।।

महावीर सब सिधि निधि दायक । जय रनधीर राम गुन गायक ।।३।।

रामदूत सुंदर सब लायक । बसत हिय सिय सह रघुनायक ।।४।।

ज्ञान विज्ञान विवेक अपारा । तव गुनगन गावत जग सारा ।।५।।

रवि सुरेश तव पौरुष भारी । जानत सकल देव नर नारी ।।६।।

दानव दैत्य भूत जग जेते । डरपहिं नाम सुनावत तेते ।।७।।

छीजहिं सकल दुष्ट अधियारी । घोर निशा जिमि देखि तमारी ।।८।।

अग-जग जाल सकल जेहिं सिरिजा । मानत सकल देव हर गिरिजा ।।९।।

सेवक तासु प्रिय सुखदाई । बार-बार प्रभु कीन्हि बड़ाई ।।१०।।

कहेउ उरिन तुमसे नहि भाई । संकटमोचन नाम धराई ।।११।।

धन्य-धन्य कीरति जग छाई । शेष-महेश सके नहि गाई ।।१२।।

हरि-हर-बिधि तव भगति सराही । राम भगत तुम सम कोउ नाही ।।१३।।

राम प्रेम मूरति धरे देहीं । मिले जेहिं आप राम मिले तेहीं ।।१४।।

राम प्रभू के निकट सनेही । दीन मलीन प्रनत जन नेही ।।१५।।

अघ अवगुन छमि होउ सहाई । संतोष मिलैं जेहि श्रीरघुराई ।।१६।।

।। श्रीहनुमानजी महाराज की जय ।।

______________________

।। प्रार्थना ।।

____________________________________

।। श्रीसीतारामाभ्यां नमः ।।

राम दयामय आस निहारूँ ले अँखियों में जल ।

दीन दुखी के प्रभु तुम साथी तुमही हो संबल ।।१।।

कोमलचित है नाथ तुम्हारा तुम हो बड़े सरल ।

खोजि-खोजि के दीन उधारेउ तारेउ तुम्हीं उपल ।।२।।

जगताश्रय प्रभु जग जन रक्षक तुमसा नहीं सबल ।

मुझको भी एक बार निहारो मैं कितना निर्बल ।।३।।

दीनदयाल दया के सागर तुम ही मेरे बल ।

मेरी दीन-दशा का स्वामी हाथ तुम्हारे हल ।।४।।

राम दयानिधि दया करेंगे आज नहीं तो कल ।

मन को मैं अपने समझाऊँ होता जाय बिकल ।।५।।

करुणासागर देर न करिए अवसर जाइ निकल ।

बिना कृपा प्रभु राम हमारे मुझको सब मुश्किल ।।६।।

कृपा अनुग्रह करिए स्वामी भूलूँ न एक पल ।

संतोष चहै मन मीन हो मेरा राम चरन हो जल ।।७।।

।। सियावर रामचन्द्र की जय ।।

_____________________________________