सीतानाथ रघुनाथ पाप ताप हारी । द्रवउ रघुवंशमणि धनुष वाण धारी ।। -विनयावली ।।

एको देवो रामचन्द्रो व्रतमेकं तदर्चनम । मंत्रोअप्येकश्च तत्नाम शास्त्रं तद्ध्येव तत्स्तुतिः ।। -पद्मपुराण ।।


दीनबंधु तुहीं एक मोर गोहारी । देखउ रघुनाथ अब ओर हमारी ।। -विनयावली ।।

भक्त लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
भक्त लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 25 दिसंबर 2023

कर्म फल और शास्त्र मर्यादा

 

किए हुए कर्म का फल प्रत्येक प्राणी को स्पर्श करता है । वह चाहे संत हो, चाहे भक्त हो । इसलिए शाश्त्र मर्यादा के अनुरूप कर्म करने को कहा गया है । फिर भी आजकल कई लोग कहते हैं कि भक्तों के लिए और संतों के लिए शास्त्र के अनुरूप चलना जरूरी नहीं है । इसी बात को कुछ लोग इस तरह कहते हैं कि सारे शास्त्र एक तरफ और गुरू आज्ञा एक तरफ । अर्थात ऐसे लोगों को शास्त्र से कोई मतलब नहीं है ।

 

 अब प्रश्न यह उठता है कि क्या आधुनिक संत और भक्त शंकर जी से भी बड़े संत और भक्त हैं ? यह सोचने वाली बात है कि क्या शंकरजी से बड़ा वैष्णव कोई है ? क्या शंकरजी से बड़ा भक्त कोई है ? क्या शंकरजी से बड़ा कोई संत है ? क्या शंकर जी से बड़ा कोई ज्ञानी है ? क्या शंकरजी से बड़ा कोई वैरागी है ? इन सारे प्रश्नों का उत्तर एक ही है- ‘नहीं’ । इसमें कोई दो राय नहीं है ।

 

  जब शंकर जी परम संत हैं तो उन्होंने ऐसा क्यों नहीं कहा कि वे शास्त्र से परे हैं इसलिए उन्हें व्रह्मा जी का एक सिर काटने पर व्रह्म हत्या का पाप कैसे लग सकता है ? और उन्हें प्रायश्चित करने की क्या जरूरत है ? वे क्यों व्रह्म हत्या के निवारण के लिए भिक्षाटन करें और तीर्थ भ्रमण दर्शन-स्नान इत्यादि करें ।

 

   लेकिन ऐसा कहे बिना उन्होंने प्रायश्चित किया । इससे सिद्ध होता है कि परम संत और परम भक्त होने के बावजूद शंकर जी ने शाश्त्र की मर्यादा के अनुरूप व्रह्म हत्या की निवृत्ति के लिए प्रायश्चित किया । और परम भक्त और परम संत शंकर जी ने नहीं कहा कि वे व्रह्म हत्या से परे हैं । फिर आजकल के कुछ संत और भक्त शाश्त्र से परे कैसे हो गए ? क्या अपने को शास्त्र से परे समझना उचित है ? यदि कोई परे हो भी गया हो तो सार्वजनिक रूप से ऐसा कहना, बताना अथवा ऐसा उपदेश देना उचित नहीं माना जाता है । 

 

।। जय श्रीराम ।।  

शनिवार, 8 अक्टूबर 2022

साधु, संत, भक्त, सदग्रंथ, धर्म और कलिकाल

संतों और भक्तों के गुण स्वयं भगवान गाते हैं । संतों की महिमा स्वयं भगवान कहते हैं । संतों और भक्तों की महिमा गाने वाले श्रीभक्तमाल ग्रंथ से कौन परिचित नहीं होगा । लेकिन कलियुग में साधु, संत, भक्त, सदग्रंथ और धर्म की बुराई करने वाले दिनों-दिन बढ़ते जाते हैं ।

 

भक्तमाल की कथाएँ भी होती रहती हैं । और भक्तमाल की पुस्तक लेकर भी पढ़ा जा सकता है । इससे बहुत लाभ होता है । यहाँ लाभ का मतलब मुख्यतः भजन-साधना में लाभ से है ।

 

 श्रीरामचरितमानस जी में संत और असंत का वर्णन कई बार आया है । भगवान श्रीराम ने स्वयं अरण्यकांड में नारद जी से संत महिमा कही है । इसी तरह  उत्तरकाण्ड में भी संत और असंत के लक्षण भगवान श्रीराम ने कहा है ।

 

  भगवान श्रीराम ने स्वयं दिखाया है कि साधु-संत का आदर और सत्कार करना चाहिए । इसलिए सभी को साधु-संत का आदर और सत्कार करना चाहिए ।


कलियुग का प्रभाव बढ़ने से सबका प्रभाव कम होने लगता है । अथवा प्रभाव जल्दी समझ में नहीं आता है । और इसलिए साधु, संत, सदग्रंथ और धर्म की बुराई करने वाले और इनको न मानने वाले बढ़ने लगते हैं ।

 

लेकिन जब कोई संत ही संतों की बुराई करने लग जाए तब इससे बड़ी बिडम्बना और क्या होगी ? पिछले पोस्ट में जिन संत से गोरे राम जी की चर्चा के बारे में बताया गया था ।  वे बड़े से बड़े संत की भी बुराई बड़ी आसानी से कर देते हैं ।

 

एक बार तो इन्होंने यहाँ तक कह दिया कि बड़ी-बड़ी कथाओं में जो संत-वक्ता के साथ कई संत आते हैं वे माल-पुआ काटने और मोटी दक्षिणा पाते हैं इसलिए आते हैं । शायद ऐसा कोई साधरण व्यक्ति भी नहीं कहेगा । अथवा वही कहेगा जिसने साधुओं और गुरजनों की सभाओं का ठीक से सेवन नहीं किया है-‘जिन्ह गुर साधु सभा नहिं सेई’ ।

 

  लेकिन यह सोचने वाली बात है कि जो बीस-तीस-चालीस वर्ष से भजन में लगा है, बड़े संत का संग कर रहा है वह क्या माल-पूड़ी काटने के लिए अथवा दक्षिणा के लिए सत्संग करने जाएगा ? ऐसा बिचार मन में आ जाए तो वाणी में नहीं लाना चाहिए । कम से कम किसी से कहना नहीं चाहिए ।  यह कलिकाल का ही प्रभाव है ।

 

 इन्होंने एक बार कहा कि बड़े-बड़े आश्रमों में जाकर देखों कितना राग-द्वेष भरा है । मैंने इनको बताया कि वहाँ हजारों-लाखों की संख्या में लोग जुड़े हैं वहाँ ऐसा होना कोई आश्चर्य नहीं है । लेकिन आप से तो अभी बहुत कम लोग जुड़े हैं फिर भी लोगों में कितना राग-द्वेष है । तब इन्होंने मेरी बात को हँसी में टाल दिया ।

 

   उपरोक्त बातों का उल्लेख इसलिए किया गया है कि केवल नास्तिक प्रकृत के लोग जो वेद-भगवान को नहीं मानते केवल वे लोग ही साधु-संत की निंदा नहीं करते बल्कि कुछ साधु-संत भी बड़े-बड़े साधु-संतों की बुराई व निंदा करते हैं । कारण कुछ भी हो ।

 

इसलिए इस कराल कलिकाल में बहुत बच कर रहने की जरूरत होती है । कौन कब और कहाँ तथा किसलिए गुमराह कर दे अथवा गुमराह करने का प्रयास करे कुछ कहा नहीं जा सकता है । और ऐसे लोगों से बच कर रहना चाहिए-'जिन्ह गुर साधु सभा नहिं सेई' । 

 

।।  जय श्रीराम ।।

बुधवार, 24 अगस्त 2022

मेरे भक्तों का कभी विनाश नहीं होता- श्रीराम गीता

जो लोग भक्ति-भाव से भगवान का भजन करते हैं वे लोग चाहे  स्त्री, पुरुष, नपुंसक आदि कोई भी क्यों न हो संसार-बंधन से मुक्त हो जाते हैं । भगवान श्रीराम अपने भक्तों से बहुत प्रेम करते हैं और उनका बहुत ख्याल रखते हैं । 

 

भगवान श्रीराम कहते हैं कि मेरे भक्तों का कभी विनाश नहीं होता । और भक्तों के सारे पाप नष्ट हो जाते हैं । भगवान राम ने ऐसी प्रतिज्ञा कर रक्खी है कि मेरे भक्त का नाश नहीं होता ।

 

भगवान श्रीराम कहते हैं कि जो मूढ़ मेरे भक्त की निंदा करता है, वह मुझ देवादिदेव भगवान की ही निंदा में रत है ।

 

 भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण मूलतः एक ही हैं । लीला की दृष्टि में थोड़ा भेद दिखता है क्योंकि जिस समय जैसी लीला की जरूरत होती है भगवान वैसी ही लीला करते हैं । इसी तरह जिस समय जैसे रूप की जरूरत होती है भगवान वैसा ही रूप बना लेते हैं । इस कारण से रूप और लीला भिन्न होती है लेकिन भगवान मूलतः एक ही हैं ।

 

 भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन जी से गीताजी में कहा कि हे अर्जुन तुम प्रतिज्ञा करो कि मेरे भक्त का विनाश नहीं होता है । तब अर्जुन जी ने ऐसी प्रतिज्ञा की । द्वापर में भगवान अपनी प्रतिज्ञा तोड़ भी देते थे लेकिन अपने भक्त की प्रतिज्ञा की रक्षा करते थे । इसलिए भगवान ने अर्जुन जी से यह प्रतिज्ञा कराई थी कि मेरे भक्तों का नाश नहीं होता है ।

 

इस प्रकार भगवान के भक्तों का कभी विनाश नहीं होता है-

 

न मद्भक्ता विनश्यन्ते मद्भक्ता वीतकल्मषः ।

आदावेत्तप्रतिज्ञातं न में भक्ताः प्रणश्यति ।।

-    श्रीराम गीता (अद्भुत रामायण)

अर्थात मेरे भक्तों का कभी विनाश नहीं होता । मेरे भक्तों के सारे पाप नष्ट हो जाते हैं । मैंने पहले से ही यह प्रतिज्ञा कर रक्खी है कि मेरे भक्त का नाश नहीं होता ।

 

 ।। जय श्रीराम ।।

बुधवार, 20 जुलाई 2022

निष्कामता और सकामता


संतों और ग्रंथों द्वारा सकामता की अपेक्षा निष्कामता को श्रेष्ठ बताया गया है । लेकिन निष्कामता आने में समय लगता है । जैसे कोई गृहस्थ भक्त है तो वह निष्कामता को शीघ्र प्राप्त हो जाए ऐसा कोई जरूरी नहीं है ।

 

कोई निष्काम भक्त है तो बड़ी अच्छी बात है । और कोई सकाम भक्त है तो भी अच्छी बात है । क्योंकि भक्त होना ही अच्छा होता है । तथा सकाम भक्त भी कभी न कभी निष्काम बन ही जाता है ।

 

संत-ग्रंथ बताते हैं कि निष्काम भक्त भगवान को बहुत प्रिय होते हैं । लेकिन इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि सकाम भक्त भगवान को प्रिय नहीं होते हैं । भगवान किसी से भी घृणा नहीं करते तो भक्त से क्यों करेंगे चाहे वह सकाम ही क्यों न हो ।

 

 विभीषण जी भगवान के भक्त थे । उनके मन में कामना आई कि रामजी के शरण में जाऊँगा तो रावण वध के पश्चात लंका का राज्य मुझे मिल जाएगा । जब विभीषण जी रामजी से मिले तो बोले कि पहले तो मन में कुछ वासना थी लेकिन वह अब आपके चरणों के प्रीति रुपी नदी में बह गई है । अर्थात अब आपके चरणों को छोड़कर मुझे कोई और इच्छा नहीं है ।

 

रामजी बोले कि आपकी कोई इच्छा नहीं है लेकिन मेरी इच्छा है कि मैं तुम्हें लंकेश बना दूँ । क्योंकि मेरे दर्शन का फल अमोघ है और उसके फलस्वरूप मैं तुम्हें लंका का राज्य प्रदान करता हूँ । और रामजी ने विभीषण जी का राजतिलक कर दिया ।

 

  विभीषण जी के मन में थोड़े से समय के लिए लंका का राज्य मिलने का विचार आया था और रामजी ने उन्हें बहुत लम्बे समय-पूरे एक कल्प के लिए लंका का राजा बना दिया । चाहे थे थोड़ा और पा गए बहुत । रामजी ऐसे दाता है । जो थोड़ा चाहने वाले को भी बहुत कुछ दे देते हैं  ।

 

  विभीषण जी से रामजी कम प्रेम न करते थे और न करते हैं । इसलिए निष्कामता है तो बड़ी अच्छी बात है और सकामता है तो भी अच्छी बात है । बस रामजी से जुड़ाव जरूरी है । निकटता जरूरी है । प्रेम जरूरी है । यह भाव जरूरी है कि रामजी मेरे स्वामी हैं और मैं रामजी का सेवक हूँ । फिर सकामता कभी न कभी निष्कामता में बदल जायेगी । 

हर समय में भगवान के हर तरह के भक्त होते हैं । इसमें से एक तरह के भक्त सकाम भक्त भी होते हैं जो भगवान से अभी और कुछ-सुख, संपत्ति पाने की इच्छा रखते हैं और निष्काम भक्त या तो भगवान से कुछ नहीं चाहते या फिर भगवान से भगवान को ही चाहते हैं । जो सकाम भक्त होते हैं भगवान पहले उनकी इच्छा पूरी करते हैं और बाद में वे भी निष्काम बन जाते हैं-

जे सकाम नर सुनहिं जे गावहिं । सुख संपति नाना बिधि पावहिं ।।

 

कुल मिलाकर जैसे भी बने राम जी से जुड़े रहना है । रामजी को अपना मानना है और गुनगुनाते रहना है-

‘हे नाथ मेरे, रघुनाथ मेरे तुमको कभी राम मैं न भुलाऊँ’ ।


।। जय श्रीराम ।।

 

 

 

 

 

 

 

 

शुक्रवार, 1 जुलाई 2022

जिनके मिले दुख सुख समान अमानतादिक गुन भये

गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज कहते हैं कि भगवान श्रीराम की भक्ति सुलभ है और सुख देने वाली है । भगवान श्रीराम की भक्ति दैहिक, दैविक तथा भौतिक तापों को एवं शोक और भय को हरने वाली है ।

 

अर्थात जिसके भीतर राम जी की भक्ति आ जाती है यानी जो वास्तविक भक्त होता है वह तीनों तापों से रहित हो जाता है । वह निर्भय और शोक रहित हो जाता है । उसे न किसी बात की और न ही किसी का भय रहता है और न ही उसे कोई चिंता सताती है ।

 

गोस्वामीजी कहते हैं कि बिना सत्संग के भक्ति नहीं होती है और सत्संगति भगवान श्रीराम की कृपा के बिना नहीं मिलती है । जब जीव पर भगवान श्रीराम की कृपा हो जाती है तो उसे साधु, सदग्रंथ आदि के माध्यम से सत्संग जरूर मिलता है जिससे जीव के भीतर भक्ति का बीजारोपण हो जाता है ।

 

गोस्वामीजी महाराज कहते हैं कि जब दीनों पर दया करने वाले भगवान श्रीराम किसी जीव पर द्रवित हो जाते हैं तो उसे ऐसे साधुओं की संगति मिल जाती है जिनके दर्शन, स्पर्श और भगवत चर्चा से पाप की राशियों का नास हो जाता है । और जिनके मिलने से सुख और दुख समान लगने लगते हैं । अर्थात जीव न दुख में दुखी होता है और न सुख में सुखी होता है । प्रसंशा और गाली को वह एक समान समझने लगता है । वह स्वयं तो अमानी और दूसरों को मान देने वाला बन जाता है । आदि । यानी जीव के अंदर वास्तविक समता आ जाती है ।

 

और जीव के अंदर सुबोध-सत-असत का तत्व ज्ञान उतर जाता है जिससे मद, मोह, लोभ, विषाद और  क्रोध सहज ही दूर हो जाते हैं ।

 

आजकल लोग समता की बात अधिक करते हैं लेकिन समता में जीते नहीं हैं । जबकि समता में जीने की जरूरत होती है ।

 

जब उपरोक्त बातें जीव के भीतर उतर जायेंगी, चरितार्थ हो जायेगी तो वह स्वयं संत हो जाएगा । संत होने के लिए भेष की नहीं भाव की ही प्रधानता होती है । और तब भक्ति भी आ जायेगी और रामजी भी मिल जाएँगे-

 

रघुपति भगति सुलभ सुखकारी । सो त्रय ताप शोक भय हारी ।।

बिनु सत्संग भगति नहि होई । ते तब मिलइ द्रवय जब सोई ।।

जब द्रवय दीनदयालु राघव साधु संगति पाइये ।

जेहि दरस परस समागमादिक पाप राशि नसाइये ।।

जिनके मिले दुख सुख समान अमानतादिक गुन भये ।

मद-मोह –लोभ विषाद क्रोध सुबोध ते सहजेहिं गये ।।

 

आज के समय में ऐसी स्थिति के संत और सत्संगति मिलना दुर्लभ है कि जिनके मिलने से ‘दुख सुख सरिस प्रशंसा गारी’ चरितार्थ हो जाए और अमानतादिक गुन जीवन में आ जाएँ-‘सबहिं मानप्रद आप अमानी’। फिर भी यथा संभव सत्संग करते रहना चाहिए और भजन में लगे रहना चाहिए । 

 

।। जय श्रीराम ।।

रविवार, 19 जून 2022

होइ न बाँको बार भगत को जो कोउ कोटि उपाय करै

जो भगवान श्रीराम के वास्तविक भक्त हैं उनका कोई क्या बिगाड़ सकता है ? वास्तविक भक्त अर्थात शरणागत भक्त । उदाहरण के लिए जैसे विभीषण जी महाराज भगवान श्रीराम के वास्तविक भक्त हैं । शरणागत भक्त हैं ।

 

सुबह थोड़ी सी पूजा कर लेने से, कथा सुन लेने से, कुछ माला जप लेने से कोई वास्तविक भक्त नहीं हो जाता है ।  इसका मतलब यह नहीं है कि इन चीजों का कोई महत्व नहीं है ।  इनका भी बहुत महत्व है । यह शुरुआत है । यह भी एक अवस्था है और इससे और आगे बढ़ने की आवश्यकता रहती है ।

 

यदि कोई रामजी का वास्तविक भक्त है और कोई उस भक्त से बैर कर ले अथवा बैर करना चाहे । तो ऐसी स्थिति में बैर करने वाले के हाथ क्या लगेगा ? अर्थात बैर करने से कोई लाभ होने वाला नहीं है । उल्टे हानि हो सकती है ।

 

 एक व्यक्ति हो अथवा अनेक, वास्तविक श्रीराम भक्त का बाल भी बाँका नहीं कर सकते । कोशिस चाहे जितनी करें । उपाय चाहे जो करें । एक नहीं चाहे अनेक उपाय कर लें लेकिन भक्त का बाल भी बाँका नहीं हो सकता है-

 

जो पै कृपा रघुपति कृपाल की बैर और को कहाँ सरै ।

होइ न बाँको बार भगत को जो कोउ कोटि उपाय करै ।।

 

इस प्रकार जो भगवान श्रीराम के वास्तविक भक्त हैं उन पर भक्तवत्सल भगवान श्रीराम की ऐसी कृपा बरसती हैं कि उनका कोई करोड़ों उपाय करके भी बाल भी बाँका नहीं कर पाता ।

 

।। भक्तवत्सल भगवान श्रीराम की जय ।।


मंगलवार, 11 मई 2021

जब भगवान राम अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए तीन दिन तक रुके रहे

 राजा सुरथ और उनकी प्रजा दोनों भगवान राम के अनन्य भक्त थे । राजा सुरथ की सेना भी रामजी की भक्त थी । सैनिक भी रामजी का स्मरण और गुणगान करते रहते थे ।

 

राजा  सुरथ स्वयं तो रामजी का दर्शन करना चाहते थे । और ऐसा वह अयोध्या जाकर भी कर सकते थे । लेकिन वे चाहते थे कि उनके साथ-साथ उनकी प्रजा का भी कल्याण हो । इतनी बड़ी प्रजा का कल्याण तो रामजी के कुण्डलपुर आने से ही हो सकता था ।

 

इसलिए राजा सुरथ का मानना था कि मैं अयोध्या जी जाकर दर्शन नहीं करूँगा । रामजी को स्वयं दर्शन देने कुण्डलपुर आना होगा । इसलिए राजा सुरथ ने यज्ञ का घोड़ा पकड़ा और युद्ध में सभी सैनिकों व योद्धाओं को पराजित कर दिया । और अंत में  सबको छुड़ाने और राजा सुरथ को दर्शन देने भगवान राम स्वयं आए ।

 

राजा सुरथ ने अपने परिवार के साथ भगवान राम का दर्शन और पूजन किया । और प्रार्थना किया कि भगवन अपने दर्शन का लाभ हमारे राज्य की प्रजा और अन्य प्राणियों को भी देकर उन्हें भी कृतार्थ करने की कृपा करें ।

 

भगवान राम राजा सुरथ की इस प्रार्थना पर कुण्डलपुर में तीन दिन रुके । जैसे आजकल राम जी की शोभा यात्रा निकाली जाती है । वैसे ही राजा सुरथ ने भगवान श्रीराम की साक्षात शोभा यात्रा निकाली ।

 

राजा सुरथ ने अपने राज्य में सब ओर राम जी को रथ पर बैठाकर सबको दर्शन कराया । इस प्रकार राजा सुरथ ने केवल अपना कल्याण नहीं किया बल्कि अपने राज्य की समस्त प्रजा और साथ ही अन्य प्राणियों का भी भगवान राम का दर्शन कराकर कल्याण किया ।

 

।। जयश्रीराम ।।

 

 

 

बुधवार, 5 मई 2021

श्रीराम भक्त राजा सुरथ की कथा: भक्त और भगवान की अद्भुत लीला

 

राजा सुरथ की कथा संक्षेप में निम्नवत है ।

 

राजा सुरथ और उनकी प्रजा सब बड़े धार्मिक थे और भगवान श्रीराम के परम भक्त थे । राजा सुरथ के नगर के देवालयों में भगवान राम की सुंदर प्रतिमाएं विराजमान थीं । सब लोग रघुनाथ जी के सेवक थे । प्रजा भगवान राम का स्मरण किया करती थी । रामजी की लीला, कथा सुनकर सब लोग आनंद प्राप्त करते थे । प्रजा पाप से कोसों दूर रहती थी ।

 

भगवान श्रीराम के यज्ञ का घोड़ा घूमते हुए राजा सुरथ के नगर के निकट  पहुँच गया । राजा के सेवकों ने राजा को सूचित किया कि श्रीरामचंद्र का छोड़ा हुआ परम मनोहर अश्व नगर के निकट विचरण कर रहा है । आप उसे पकड़ लीजिए ।

 

 राजा ने सोचा कि यदि अश्व को पकड़ लिया जाय तो भगवान राम के चरण मेरे नगर में अवश्य पडेंगे और हम अपने सेवकों सहित श्रीरामचंद्र जी के मुखचंद्र का दर्शन करके धन्य हो जाएँगे । जिनका दर्शन इंद्र और व्रह्मा जी आदि को भी दुर्लभ है, उन रघुनाथ जी की मनोहर झाँकी का दर्शन हम सब लोगों के लिए सुलभ हो जायेगा । जिसके जरिये भगवान मिल जाएँ वह व्यक्ति, वस्तु, पशु, और कार्य आदि धन्य हैं ।

 

ऐसा विचार करके राजा ने अपने सेवकों को अश्व को पकड़ने की आज्ञा दे दिया । और सेवकों ने अश्व को पकड़ लिया । राजा ने कहा कि हमने अश्व को पकड़ लिया है इसलिए अब युद्ध की तैयारी करो । राजा की आज्ञा पाकर सभी योद्धा युद्ध के लिए थोड़ी ही देर में तैयार हो गए ।

 

इधर शत्रुघ्न जी ने आकर अपने सेवकों से पूछा कि यज्ञ का अश्व कहाँ है ? सेवक बोले कुछ योद्धा आए थे जो अश्व को जबरन लेकर चले गए । ऐसा सुनकर शत्रुघ्न जी ने अपने वुद्धिमान मंत्री सुमति से पूछा कि यह नगर किसका है । यहाँ का राजा कौन है जिसने अश्व का अपहरण कर लिया है ।

 

सुमति जी बोले कि यह नगर कुण्डलपुर के नाम से प्रसिद्ध है और यहाँ धर्मात्मा राजा सुरथ रहते हैं । राजा सुरथ सदा धर्म में ही लगे रहते हैं और श्रीरामचंद्र जी के चरणों के उपासक हैं । और ये श्रीहनुमानजी की तरह मन, वाणी और कर्म द्वारा भगवान की सेवा में लगे रहते हैं ।

 

यह जानकर शत्रुघ्न जी ने कहा कि ऐसी स्थिति में हमें क्या करना चाहिए ? राजा के साथ कैसा वर्ताव करना चाहिए । फिर तय हुआ कि एक कुशल दूत भेजा जाए । तब अंगद जी को दूत बनाकर भेजा गया । अंगद जी ने हर तरह से राजा को समझाने का प्रयास किया । लेकिन राजा अश्व को मुक्त करने को राजी नहीं हुए ।


राजा ने कहा यदि भगवान श्रीराम स्वयं आकर दर्शन दें तो मैं उनके चरणों में प्रणाम करके धन, धान्य, पुत्र, कुटुंब, सेना सहित सारा राज्य समर्पण कर दूँगा । मैं केवल श्रीरामचंद्रजी के दर्शन की इच्छा से ही युद्ध कर रहा हूँ । यदि रामजी मेरे घर नहीं आएँगे तो इस समय सभी वीरों को क्षण भर में जीतकर बंदी बना लूँगा ।

 

अंगद ने राजा को समझाते हुए कहा कि जिन्होंने लवणासुर दैत्य, विद्युन्माली राक्षस को मारकर कितने ही बलवानों को परास्त किया है । जिनके भतीजे महाबली पुष्कल (भरतजी के पुत्र ) हैं जिन्होंने वीरभद्र जी, जो भगवान शंकर के प्रधान गण हैं, के युद्ध में छक्के छुड़ा दिए, हनुमानजी, वानरराज सुग्रीव आदि वीर जिनके निकट रहते हैं, राजा शत्रुघ्न का रुख जोहते हुए सेवा करते हैं, कुशध्वज, नीलरत्न, रिपुताप, प्रतापाग्रय्य, सुबाहु, विमल, सुमद और श्रीराम भक्त राजा वीरमणि तथा अन्य राजा जिनकी सेवा में रहते हैं । उनके आगे तुम्हारी क्या हस्ती है ? इसलिए तुम अश्व को समर्पित करके अयोध्या जाकर भगवान राम के दर्शन करके अपने जीवन को सफल करो ।

 

 बहुत बातें हुईं लेकिन राजा नहीं माने । बोले या तो रामजी दर्शन दें, अथवा युद्ध में मुझे बंदी बनाकर अश्व को छुड़ा लिया जाय । अगंद जी ने वापस आकर सब कुछ सुना दिया । फिर युद्ध आरंभ हो गया ।

 

राजा सुरथ के पुत्र चम्पक पुष्कल के साथ युद्ध करने के लिए आगे आए । पुष्कल ने उनका नाम पूछा । चम्पक बोले यहाँ नाम और कुल से युद्ध नहीं होगा । फिर भी मैं तुम्हें अपना परिचय देता हूँ । श्रीरघुनाथजी ही मेरी माता हैं । श्रीरघुनाथ जी ही मेरे पिता हैं । श्रीराम ही मेरे बंधु हैं । और श्रीराम ही मेरे स्वजन हैं । मेरा नाम रामदास है और मैं सदा श्रीरामचन्द्रजी की ही सेवा में रहता हूँ । भक्तों पर कृपा करने वाले रामजी ही मुझे इस युद्ध से पार लगाएंगे । फिर चम्पक ने अपना लौकिक परिचय भी दिया ।

 

इसके उपरांत पुष्कल जी में और चम्पक में बड़ा भीषण युद्ध हुआ । अंत में पुष्कल जी ने व्रह्मास्त्र का प्रयोग किया और उधर चम्पकजी ने भी व्रह्मास्त्र का प्रयोग कर दिया । ऐसा लगा कि प्रलय हो जायेगी । लेकिन दोनों अस्त्रों का तेज मिलकर एक हो गया और चम्पक ने उसे शांत कर दिया ।

 

फिर चंपक ने रामास्त्र का प्रयोग करके पुष्कल को बंदी बनाकर अपने रथ पर बैठा लिया । तब शत्रुघ्न जी ने हनुमानजी को पुष्कल जी को छुड़ाने के लिए भेजा । हनुमानजी और चंपक के बीच युद्ध छिड़ गया । अंततः चंपक मूर्छित हो गए और हनुमानजी ने पुष्कल जी को छुड़ा लिया ।

 

  चंपक को मूर्छित देखकर राजा सुरथ हनुमानजी से युद्ध करने लगे । हनुमानजी और राजा सुरथ के बीच बड़ा भीषण युद्ध हुआ । हनुमानजी राजा के वाणों से घायल हो गए । लेकिन हनुमानजी ने बहुत अद्भुत पराक्रम दिखाया । ऐसा और कोई युद्ध ध्यान में नहीं आता । क्योंकि इस युद्ध में हनुमानजी ने राजा सुरथ के एक के बाद एक कुल अस्सी धनुष तोड़ डाले । इतना ही नहीं एक के बाद एक कुल उनचास रथ हनुमानजी ने राजा सुरथ के तोड़ डाले ।

 

हनुमानजी का यह पराक्रम देखकर सभी को बड़ा आश्चर्य हुआ । राजा बोले वायुनंदन ! तुम धन्य हो । ऐसा पराक्रम न तो कोई कर सकता है और न ही आगे करेगा । तुम थोड़ी देर के लिए ठहर जाओ जब तक मैं अपने धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ा रहा हूँ ।

 

 राजा ने प्रत्यंचा चढ़ाकर पाशुपत अस्त्र का संधान किया और हनुमानजी बंध गए ।लेकिन अगले ही क्षण भगवान राम का स्मरण करके बंधन मुक्त हो गए और राजा से युद्ध करने लगे । फिर राजा ने व्रह्मास्त्र का प्रयोग किया जिसे हनुमानजी ने निगल लिया । अन्ततः राजा ने रामास्त्र का प्रयोग किया और हनुमानजी बंधन में आ गए ।


हनुमानजी बोले राजन मुझे दूसरे किसी अस्त्र से नहीं बाँधा जा सकता था । लेकिन तुमने मुझे मेरे स्वामी के अस्त्र से ही बाँधा है । मेरे प्रभु दया के सागर हैं अब वे स्वयं मुझे छुडाएंगे ।

 

हनुमानजी को बंधन में देखकर पुष्कल जी युद्ध करने आए । बड़ा घमासान युद्ध हुआ । अनेकों दिव्यास्त्रों का दोनों पक्षों से प्रयोग हुआ । अंततः महान तेजस्वी पुष्कल जी राजा के एक नाराच से मूर्छित हो गए ।

 

पुष्कल के मुर्छित हो जाने पर शत्रुघ्न जी युद्ध के लिए आए । बड़ा भीषण युद्ध हुआ । लेकिन अंततः मुर्छित हो गए ।

 

राजा सुरथ के दस पुत्र थे । जो बड़े पराक्रमी थे ।  राजा के इन पुत्रों ने अपने साथ लड़ने वाले सभी प्रमुख दस वीरों को मूर्छित कर दिया था ।

 

शत्रुघ्न जी के मुर्छित होते ही सेना में भगदड़ मच गई । ऐसा देखकर सुग्रीव जी राजा सुरथ से युद्ध करने लगे । बड़े देर तक युद्ध हुआ । अंत में राजा सुरथ ने अपने भयंकर अस्त्र रामास्त्र से सुग्रीव जी को बाँध लिया । इस प्रकार राजा सुरथ ने विजय प्राप्त किया ।

 

सभी प्रधान वीरों को, जिन्हें राजा ने बंदी बनाया था, अपने रथ पर बिठाकर राजा अपने नगर में ले गए । फिर हनुमानजी से राजा ने कहा कि अब तुम भक्तों की रक्षा करने वाले परम दयालु श्रीरघुनाथ जी का स्मरण करो जिससे तुम्हें बंधन से मुक्ति मिल सके ।

 

ऐसा सुनकर और अपने पक्ष के सभी प्रमुख बीरों को बंधन में देखकर हनुमानजी रामजी की स्तुति करने लगे । हनुमानजी ने बड़ी सुंदर स्तुति किया । जगत के स्वामी कृपानिधान भगवान श्रीराम हनुमानजी की प्रार्थना सुनकर पुष्पक विमान से तुरंत कुण्डलपुर पहुँच गए ।

 

राजा सुरथ ने भगवान को सैकड़ों बार प्रणाम किया । श्रीराम ने राजा को ह्रदय से लगा लिया । और कहा राजन तुम धन्य हो । आज तुमने बड़ा भारी पराक्रम दिखाया है । हनुमानजी सबसे अधिक बलवान हैं किन्तु आपने इनको भी बाँध लिया । ऐसा कहकर रामजी ने हनुमानजी को बंधन से मुक्त कर दिया । 

 

जितने योद्धा मूर्छित थे सबपर रामजी ने कृपा दृष्टि से देखकर कृपा की वर्षा कर दिया ।सब लोग मुर्छा का त्याग करके रामजी का दर्शन करके रामजी के चरणों में पड़ गए ।

 

राजा ने अपना सारा राज्य रामजी को अर्पित कर दिया और कहने लगे कि भगवन मैंने आप के साथ बड़ा अन्याय किया है । रामजी बोले नहीं, आपने बड़ा उत्तम कार्य किया है । क्योंकि तुमने युद्ध में सभी वीरों को संतुष्ट कर दिया है ।


फिर राजा सुरथ ने अपने पुत्रों के साथ रामजी का पूजन किया । रामजी तीन दिन तक कुण्डलपुर में रुके चौथे दिन पुष्पक विमान से अयोध्या आए । चंपक को कुण्डलपुर का राजा बनाया गया । और राजा सुरथ शत्रुघ्न जी के साथ अश्व के पीछे भ्रमण करने चल दिए ।


।। भक्त और भगवान की जय ।। 

 

शनिवार, 1 अगस्त 2020

भगवान अपने भक्तों का पक्ष लेते हैं

 भगवान अपने भक्तों का पक्ष लेते हैं । लेकिन इसके लिए भक्त भी केवल नाम का भक्त नहीं होना चाहिए । सच्चा भक्त होना चाहिए । संत और भक्त इस बात को जानते हैं । समझते हैं और अनुभव भी करते हैं । सच्ची भक्ति करके इसका अनुभव किया जा सकता है । इतना ही नहीं शास्त्रों में इसका वर्णन भी मिलता है ।

 

  हनुमानजी जब भगवान से मिले तो कहा कि सुग्रीव पर्वत पर रहते हैं और वे आपके दास हैं । यह जानकर कि सुग्रीव उनका दास है राम जी ने सुग्रीव का पक्ष लिया ।

 

  जब विभीषण जी को रंगद्वीप के व्राह्मणों ने मृत्युदंड देना चाहा तो राम जी ने विभीषणजी का पक्ष लिया । बोले कि विभीषण के बदले मैं मृत्युदंड के लिए प्रस्तुत हूँ ।

 

जब भगवान दुर्योधन की सभा में दूत बनकर गए थे तो दुर्योधन ने कहा कि आप पांडवों का पक्ष ले रहे हैं । आप पक्षपाती हैं । तब भगवान बोले कि समस्त देवताओं, ऋषियों-मुनियों और व्राह्मणों को साक्षी करके मैं घोषणा करता हूँ कि मैं पक्षपाती हूँ । मैं अपने भक्तों का पक्ष लेता हूँ ।

 

गोस्वामी तुलसीदासजी महाराज श्रीविनयपत्रिका जी में भगवान श्रीराम की स्तुति करते हुए कहते हैं कि- ‘यज्ञ रक्षण दक्ष पक्ष कर्ता’ अर्थात आप यज्ञ की रक्षा करने में प्रवीण हैं और अपने भक्तों का पक्ष लेने वाले हैं ।

 

  इसप्रकार भगवान अपने भक्तों का पक्ष लेते हैं । भक्त के पक्ष में कोई खड़ा हो अथवा न हो रामजी स्वयं अपने भक्त के पक्ष में खड़े हो जाते हैं ।

 


।। भक्त पक्ष कर्ता भगवान श्रीराम की जय ।।

लोकप्रिय पोस्ट

कुछ पुरानी पोस्ट

चित करो राम कहे ग्रंथन की । कीजे लाज विरद अरु पन की ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

चित करो राम कहे ग्रंथन की । कीजे लाज विरद अरु पन की ।।

सुर मुनि साधु कहे गुनगन की । हारत भीर सदा दीनन की ।।

कूर कपूत सकल दुर्जन की । नहिं गति और छाँड़ि चरनन की ।।

सरन राम पद सब असरन की । सादर बाँह गहत निबरन की ।।

सार संभार राम दीनन की । करत सदा जोगवत जन मन की ।।

सुनत राम सबबिधि हीनन की । कोल किरात आदि बनरन की ।।

बिगत सकल गुन जदपि सुजन की । राखो लाज नाथ अब जन की ।।

दीन संतोष नहीं तन मन की । जप तप बल नहिं और जतन की ।।

मोरे आश राम चितवन की । पतितपावन अरु शील सदन की ।।

______________________________


।। जय रघुवर जय राम धनुर्धर ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

जय रघुवर जय राम धनुर्धर । सुंदर श्याम सुशील सियावर ।।

मंगल मूरति रूप मनोहर । सोहत सुंदर शारंग कर सर ।।

मंजु मराल बसत जन उर सर । मोहत साधु संत बिधि हरि हर ।।

चरण कमल जन मुनि मन मधुकर । तारन तरन होत चिंतन कर ।।

भरत लखन कपि आदिक अनुचर । सीताराम रूप सचराचर ।।

अगुन सगुन अज अमित अगोचर । अजर अमर सुखनिधि परमेश्वर ।।

ज्ञान विज्ञान सकल सदगुन घर । दीनदयाल प्रनत हित तत्पर ।।

पुरुष पुराण अनूप भूपवर । माया मानुष सोहत नरवर ।।

बानर भालु आदि बहु बनचर । दीनबंधु राखे सब निज कर ।।

दीन संतोष बसहु उर अंतर । परम उदार दीन आरति हर ।।

______________________________


आरती कीजे श्रीराम लला की पूण निपुण धनुवेद कला की

इस ब्लॉग पर मार्च २०१५ में प्रकाशित और मेरे द्वार रचित इस आरती को बिना कोई संदर्भ दिए अनेकों लोगों ने अपने ब्लॉग / वेब पेज पर प्रकाशित कर लिया है । और रचनाकार का नाम भी नहीं दिया है । इसमें आरती चालीसा आदि जैसी वेबसाइटें और देश के कई प्रमुख समाचार और टीवी चैनेल भी शामिल हैं । आरती संग्रह और आस्था संग्रह नामक वेबसाइट पर आरती को पारम्परिक और रचनाकार को अज्ञात बता दिया गया था । संस्कार टीवी ने भी गीत/Lyrics को परंपरागत बताकर अपने गायकों से आरती को गवाकर अपने यूट्यूब, फेसबुक और ऑफिसियल वेबसाइट आदि पर विडियों को प्रसारित कर दिया है ।

।। गोस्वामी तुलसीदास जी का संदेश ।।

हे मनुष्यों भटकना छोड़ दीजिए । तरह-तरह के कर्म, अधर्म और नाना मतों को त्याग दीजिए । क्योंकि ये सब केवल शोक और कष्ट देने वाले हैं । इनसे शोक दूर होने के बजाय और बढ़ता ही है । जीवन में ठीक से सुख-चैन नहीं मिलता और परलोक में भी शांति नहीं मिलती । इसलिए विश्वास करके भगवान श्रीराम जी के चरण कमलों से अनुराग कीजिए । इससे तुम्हारे सारे कष्ट अपने आप दूर हो जाएंगे-

“नर बिबिध कर्म अधर्म बहु मत सोकप्रद सब त्यागहू ।

बिस्वास करि कह दास तुलसी राम पद अनुरागुहू” ।।

राम जी का ही सुमिरन कीजिए । राम जी की ही यश गाथा को गाइए और हमेशा राम जी के ही गुण समूहों को सुनते रहिए-

“रामहिं सुमिरिए गाइए रामहिं । संतत सुनिए राम गुनग्रामहिं” ।।

।।जय सियाराम ।।

___________________________________________

विज्ञान का बीज

संसार में हर चीज का बीज (मूल कारण ) होता है । अर्थात संसार और सांसारिक चीजों का कोई न कोई उदगम होता है । सबका बीज से ही उत्पत्ति और आगे विकास होता है । विज्ञान का बीज मतलब मूल कारण क्या है ? विज्ञान का बीज कहाँ से आया ? विज्ञान का बीज किसने बनाया ? विज्ञान का बीज किसने दिया ? यह एक बहुत ही विचारणीय प्रश्न है । यहाँ पर हम लोग देंखेगे कि विज्ञान का बीज तो भगवान द्वारा ही इस संसार को उपलब्ध कराया गया है ।

बहुत से लोग समझते हैं कि विज्ञान और अध्यात्म एक दूसरे के विरोधी हैं । लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है । इस बात को समझने के लिए सनातन धर्म के साथ-साथ आधुनिक विज्ञान का अध्ययन जरूरी है । आधुनिक विज्ञान की वैसे तो बहुत सी शाखाएँ हैं । परंतु इनमें से भौतिक विज्ञान यानी Physics ही ऐसा है जो व्रह्मांड के उत्पत्ति और संरचना की अध्ययन करता है । भौतिकी कि दो शाखाएँ बहुत ही महत्वपूर्ण हैं । इनमे से एक जनरल रिलेटिविटी (General Relativity) और दूसरी क्वांटम मेकेनिक्स (Quantum Mechanics) है ।

गणित को आधुनिक विज्ञान की माता कहा जाता है । गणित का हम लोगों के जीवन और विज्ञान के विकास में बहुत ही महत्वपूर्ण रोल है । इस बात को हमारे ऋषि-मुनि भी जानते थे । अधिक जानकारी के लिए इस ब्लॉग के ‘गणित और व्रह्मांड’ लेख को पढ़ सकते हैं । आधुनिक गणित (Modern Mathematics) समुन्द्र के समान विस्तृत है । फिर भी समुच्चय सिद्धांत (Set Theory), संख्या सिद्धांत (Number Theory), फलन और तर्क सिद्धांत (Theory of Functions and Logic), आंशिक और साधारण अवकल समीकरण (Partial and Ordinary Differential Equations) और बीजगणित तथा आधुनिक बीजगणित (Algebra and Modern Algebra) आदि बहुत ही उपयोगी शाखाएँ हैं ।

गणित के अभाव में आधुनिक विज्ञान (Modern Science) और टेक्नोलोजी (Technology) की कल्पना ही नहीं की जा सकती । गणित को विद्वान और वैज्ञानिक विज्ञान की माता कहते हैं । लेकिन गणित की माता कौन है ? गणित की उत्पत्ति का मूल कारण क्या है । गॉस (Gauss) नाम के एक बहुत बड़े गणितज्ञ हुए हैं । गॉस ने कहा था कि गणित विज्ञान की माता है और संख्या सिद्धांत गणित की माता है । अब प्रश्न यह है कि संख्या सिद्धांत का मूल क्या है ? गणितज्ञ संख्या सिद्धांत का मूल प्राकृतिक संख्याओं (Natural Numbers) को बताते हैं । इंही से अन्य संख्याओं का विकास और संख्या सिद्धांत का विकास और फिर विज्ञान का विकास हुआ है । इस बात को वैज्ञानिक और गणितज्ञ जानते हैं ।

जो चीज प्राकृतिक होती है, उस पर सबका बराबर अधिकार होता है । जैसे हवा, गंगा जल आदि । ठीक इसीप्रकार से प्राकृतिक संख्याओं पर केवल पढ़े लिखे मनुष्यों का ही अधिकार नहीं है । इस पर अनपढ़ लोगों का तथा साथ ही पशु-पक्षियों का भी अधिकार है । एक, दो, तीन आदि का किसे पता नहीं है । सब लोग गणना में इनका इस्तेमाल करते हैं ।

पशु-पक्षियों के पास भी गणना की योग्यता होती है । उदाहरण के लिए मान लीजिए एक बृक्ष पर किसी चिड़िया का घोसला है । मान लीजिए उसमें दस बच्चे हैं । अब यदि चिड़ियाँ के अनुपस्थिति में कोई एक बच्चे को गायब कर दे तो वापस आने पर चिड़ियाँ अशांत हो जाती है । इधर-उधर, आस-पास मँडराने और चिल्लाने लगती है । जबकि उसके सभी बच्चे एक जैसे होते हैं । फिर भी उसे पता चल जाता है कि एक बच्चा गायब हो गया है । चिड़ियाँ को एक दो लिखना या बोलना नहीं आता । लेकिन प्रकृति प्रदत्त गणना की योग्यता से उसे इसका भान होता है ।

अब प्रश्न यह है कि प्राकृतिक संख्याओं का मूल क्या है ? जैसा कि नाम से भी स्पष्ट है । इसका मूल प्रकृति है । भगवान हैं । इस बात को क्रोंकर (Kronecker) नामक गणितज्ञ ने इस प्रकार कहा है- ‘Natural numbers are God given bricks’. अर्थात ये ईश्वर की दी हुई इंटें हैं ।

जिस प्रकार ईंट से भवन का निर्माण हो जाता है । इसी प्रकार से प्राकृतिक संख्या रुपी ईंटों से संख्या सिद्धांत रुपी भवन खड़ा किया गया । इस प्रकार से गणित की माता का जन्म हुआ । जिससे गणित बनी । फिर गणित के बाद गणित से आज का विज्ञान बना । इस प्रकार हम देखते हैं कि विज्ञान का बीज तो राम जी के द्वारा ही इस संसार को मिला है । गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज ने भी कहा है-

‘धरम तड़ाग ज्ञान विज्ञाना । ए पंकज विकसे बिधि नाना’ ।।

।। जय श्रीसीताराम ।।

_________________________________________

प्रार्थना

हे राम प्रभू मेरे भगवान । दीन सहायक दयानिधान ।।

तुम सम तुम प्रभु नहि को आन । गाये जग तेरा गुनगान ।।

तुमको सम प्रभु मान अमान । औरों को देते तुम मान ।।

धारण करते हो धनु वान । रखते हो निज जन की आन ।।

जग पालक जग के तुम जान । तुम ही ज्ञान और विज्ञान ।।

तुम सम नहि कोउ महिमावान । शिव अज नारद करें बखान ।।

वेद सके भी नहि पहिचान । जानूँ मैं क्या अति अज्ञान ।।

सरल सबल तुम सब गुनखान । दया करो हमको जन जान ।।

दूर करो अवगुन अभिमान । विद्यानिधि दो निर्मल ज्ञान ।।

छूटे नहि प्रभु तेरा ध्यान । संतोष शरन राखो भगवान ।।

।। जय सियाराम ।।

_________________________________

राम नाम मंगलमूल दूर करे सब सूल

राम नाम मंगलमूल दूर करे सब सूल ।

तू भूले जग को जग भूले तुझको राम नाम मत भूल ।।

रामनाम में रमों राम भजे होए जग अनुकूल ।

सारा जग बेसार राम नाम ही सार मद बस मत झूल ।।

जग जाल कब काल जाना है मत फूल ।

बिषयरस सुखतूल नाम रस सुख मूल संतोष जान मत भूल ।।

____________________________________________

भगवान की तलाश

___________________________________

सदग्रंथ, सुसंत और भक्त कहते हैं कि भगवान सर्वब्यापी हैं । घट-घट वासी हैं । कण-कण में भगवान हैं । फिर भी भगवान नहीं मिलते । क्यों ?

जैसे ग्रंथों में अपार ग्यान का भंडार भरा है । और ग्रन्थ सब जगह उपलब्ध भी हैं । फिर भी वह ज्ञान सहज प्राप्त नहीं है । न ही ज्ञान ग्रन्थ (जिसमें ज्ञान भरा है ) के अवलोकन से और न ही स्पर्श से प्राप्त होता है । और तो और ज्ञान ग्रंथों को पढ़ डालने से भी प्राप्त नहीं होता । ठीक ऐसे ही कण-कण में भगवान हैं और न ही दिखते हैं और न ही प्राप्त होते हैं ।

जैसे ग्रंथों से ज्ञान प्राप्त करने के लिए साधना, ध्यान, चिंतन-मनन, प्रेम और विश्वास चाहिए । ठीक ऐसे ही कण-कण रुपी ग्रन्थ में बसे ज्ञान रुपी भगवान को प्राप्त करने के लिए साधना, ध्यान, चिंतन-मनन, प्रेम और विश्वास चाहिए । मालुम हो सबको ज्ञान प्राप्त नहीं होता । ठीक ऐसे ही सबको भगवान प्राप्त नहीं होते ।

यह भी ध्यान देने योग्य है कि ग्रंथों से ज्ञान प्राप्त कर लेना तो आसान है लेकिन कण-कण में बसे भगवान को प्राप्त करना आसान नहीं है ।

लोग भगवान को खोजते हैं । भगवान को जानना, पाना अथवा देखना चाहते हैं । और भगवान स्वयं भक्त खोजते रहते हैं । लोग भगवान को तलाशते हैं और भगवान लोगों को । सच्चे भक्त की तलाश उन्हें हमेशा रहती है । सच्चे भक्त को भगवान को तलाशने की आवश्यकता ही नहीं रहती । भगवान स्वयं आकर मिलते हैं ।

कोई कितना ही बड़ा, संत, ज्ञानी अथवा विद्वान क्यों न हो, यदि उसमें भक्ति नहीं है, तो उसे भगवान कदापि नहीं मिलेंगे । वहीं दूसरी ओर कोई कितना भी छोटा अथवा मूर्ख ही क्यों न हो, यदि उसमें भक्ति है, तो उसे भगवान मिल जायेंगे ।

सारा संसार भगवान को प्रिय है । लेकिन भक्त सबसे प्रिय है । भगवान केवल सच्चे भक्त को मिलते हैं । और किसी को नहीं ।

भगवान को यहाँ-वहाँ, चाहे जहाँ तलाशो, पूजा-पाठ करो, प्रवचन करो अथवा सुनों अर्थात चाहे जो साधन अथवा साधना करो भगवान मिलने वाले नहीं । भगवान प्रेम और भक्ति से ही द्रवित होते हैं ।

भगवान को ढकोसला और बनावट बिल्कुल रास नहीं आती, रास आती है तो सरलता, मन की निर्मलता ।

भगवन तो मिलना चाहते हैं, प्रकट होना चाहते हैं । इसके लिए वे बेताब रहते हैं । लेकिन मिलें तो किससे ? किसके सामने प्रकट हों ? उन्हें योग्य अधिकारी चाहिए ? अनाधिकारी को कुछ भी देना पाप-अधर्म होता है । भगवान अनघ और धर्म स्वरूप-धर्म धुरंधर हैं, तो वे पाप या अधर्म कैसे करें ?

कण-कण के वासी भगवान को प्रकट करने के लिए प्रहलाद जैसा प्रेमी भक्त चाहिए । गोस्वामी तुलसीदास जी महाराज प्रहलाद जी के प्रेम की सराहना करते हुए कहते हैं कि-

“प्रेम बदौं प्रहलादहि को जिन पाहन से प्रमेश्वरू काढ़े” ।

___________________________________

भगवान को प्राप्त करने का सरलतम तरीका

___________________________________

भगवान को प्राप्त करना बहुत ही सरल है । कहीं जाने की या दर-दर ठोकर खाने की भी जरूरत नहीं है । कई काम भी नहीं करना हैं । केवल और केवल एक काम करना हैं । और भगवान घर बैठे प्राप्त हो जायेंगे ।

जैसे कोई रोग हो जाए तो जितने डॉक्टर के पास जाओ उतनी ही तरह-तरह की दवाएं और हिदायतें दी जाती हैं । वैसे ही भगवान को प्राप्त करने के नाना तरीके हैं । और लोग बताते भी रहते हैं । लेकिन हम सिर्फ एक सरलतम तरीका बता रहे हैं ।

भगवान छल-कपट से और छल-कपट करने वालों से बहुत दूर रहते हैं । और छल-कपट रहित निर्मल मन वालों के बहुत पास रहते हैं । श्रीराम जी कहते हैं कि निर्मल मन वाले ही हमें पा सकते हैं । दूसरे नहीं ।

बिना मन निर्मल किये ही हम तीर्थों के चक्कर लगाते फिरते हैं । साधु-महात्माओं के दर्शन और आशीर्वाद लेते रहते हैं । प्रवचन सुनते रहते हैं । मंदिर जाया करते हैं । घर में भी पूजा-पाठ करते रहते हैं । यथा-शक्ति दान-दक्षिणा भी देते रहते हैं । व्रत-उपवास भी करते रहते हैं । लेकिन भगवान नहीं मिलते । क्योंकि हमारे पास निर्मल मन नहीं है ।

यही सबसे बड़ी समस्या है । हम सब भगवान को तो पाना चाहते हैं । लेकिन बिना मन निर्मल किये । जो कि सम्भव नहीं है । अपना मन ही निर्मल नहीं है । तो भगवान कैसे मिलें ?

अपना प्रतिबिम्ब भी देखना हो तो निर्मल यानी साफ-सुथरा दर्पण की आवश्यकता होती है । यदि दर्पण साफ-सुथरा न हो तो खुद अपना प्रतिबिम्ब भी नहीं दिखाई पड़ता । तब गंदे मन रुपी दर्पण से भगवान कहाँ दिखेंगे ? यदि दर्पण में अपनी छवि बसानी यानी देखनी है तो दर्पण को स्वच्छ करना ही होगा । ठीक ऐसे ही मन में श्रीराम को बसाने के लिए मन स्वच्छ करना ही पड़ेगा ।

दर्पण स्वच्छ हो तो कुछ करना थोड़े पड़ता है । जैसे दर्पण के सामने गए प्रतिबिम्ब उसमें आ गया । भगवान तो हर जगह हैं । कण-कण में हैं । कहीं जाना भी नहीं है । हम हमेशा भगवान के सामने पड़ते हैं । लेकिन भगवान हमारे मन रुपी दर्पण में नहीं आते, नहीं दिखते । क्योंकि अपना मन रुपी दर्पण निर्मल नहीं है । अतः यदि हमारा मन निर्मल हो जाए तो हमें भगवान को पाने के लिए कुछ करना थोड़े पड़ेगा । भगवान खुद हमारे मन में बस जायेंगे । आ जायेंगे और हमें दिखने लगेंगे ।

भगवान को रहने के लिए जगह की कमी थोड़े है । लेकिन भक्त के मन में, हृदय में रहने का मजा ही दूसरा है । इसलिए भगवान निर्मल मन वाले को तलासते रहते हैं । जैसे कोई निर्मल मन मिला उसमें बस जाते हैं ।

अतः भगवान को पाने के लिए हमें कुछ नहीं करना है । सिर्फ हमें अपने मन को निर्मल बना लेना है । सब छोड़कर हम अगर यह काम कर ले जाएँ तो भगवान हमें मिल जाएंगे । भगवान खुद कहते हैं-

‘निर्मल मन जन सोमोहि पावा । हमहिं कपट छल छिद्र न भावा’ ।।

___________________________________

संकटमोचन मारूतनंदन

संकटमोचन मारूतनंदन हनूमान अतुलित प्रभुताई ।

महाबीर बजरंगबली प्रभु निज मुख कीन्ह बड़ाई ।।

राम सुसेवक राम प्रिय रामहु को सुखदाई ।

तुमसे तात उरिन मैं नाही कहि दीन्हेउ रघुराई ।।

बालि त्रास त्रसित सुग्रीव को राम से दिहेउ मिलाई ।

भक्त विभीषन धीरज दीन्हेउ राम कृपा समुझाई ।।

गुन बुधि विद्या के तुम सागर कृपा करि होउ सहाई ।

राम प्रभु के निकट सनेही अवसर पाइ कहउ समुझाई ।।

अब तो नाथ विलम्ब न कीजे वेगि द्रवहु सुर साई ।

अघ अवगुन खानि संतोष तो स्वामी तव चरण की आस लगाई ।।

विरद की रीति छ्मानिधि रखिए करुनाकर रघुराई ।

नाथ चरन तजि ठौर नहीं संतोष रहा अकुलाई ।।

__________________________________




रघुपति राघव जन सुखदाई

रघुपति राघव जन सुखदाई ।

आरतपाल सहजकृपाल अग जग के तू साई ।।

जग जो बड़े हुए अरु होते तुम्हरे दिए बड़ाई ।

शिव, हरि, बिधि आदिक को प्रभु दई तुम्हीं प्रभुताई ।।

घट-घट के जाननहार सुधि कियो न कोउ कराई ।

ठौर नहीं प्रभु द्रवहुँ वेगिंह कहौ कहाँ हम जाई ।।

आस पियास बुझै नहि रघुवर बिनु कृपा जल पाई ।

संतोष रखो प्रभु करुनासागर कृपा वारि पिलाई ।।

__________________________________________

।। श्रीराम चालीसा ।।

।। श्री गणेशाय नमः ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

श्रीरामचालीसा

दोहा-

तुलसिदास मानस विमल, राम नाम श्रीराम ।

पवनतनय अरु विनय पद, सादर करौं प्रनाम ।।

अविगत अलख अनादि प्रभु, जगताश्रय जगरूप ।

पद कंज रति देहु मोहि, अविरल अमल अनूप ।।

चौपाई-

जय रघुनाथ राम जग नायक । दीनबन्धु सज्जन सुखदायक ।।

प्रनतपाल सुंदर सब लायक । असरन सरन धरे धनु सायक ।।

नाम लेत मुद मंगल दायक । सरल सबल असहाय सहायक ।।

सुमुख सुलोचन अज अविनासी । संतत गिरिजा पति उर वासी ।।

अगम अगोचर जन दुखनासी । सहज सुगम अनुपम सुखरासी ।।

दया क्षमा करुना गुन सागर । पुरुष पुरान सुशील उजागर ।।

हरि हर बिधि सुर नर मुनि भावन । अघ अविवेक समूल नसावन ।।

भरत लखन रिपुहन हनुमाना । संग सिया राजत भगवाना ।।

रूप अनूप मदन मद हारी । गावत गुन सुर नर मुनि झारी ।।

सुर नर मुनि प्रभु देखि दुखारे । तजि निज धाम धरा पगु धारे ।

सुत बिनु दशरथ राय दुखारी । सुत होइ उनको कियो सुखारी ।।

मख हित मुनिवर अति दुःख पाए । दुष्टन दलि तुम यज्ञ कराए ।।

पाहन बनि मुनि गौतम नारी । सहत विपिन नाना दुःख भारी ।।

ससंकोच निज पद रज डारी । दयासिन्धु तुम कियो सुखारी ।।

सोच मगन नृप सिया सहेली । मातु सकल नर नारि नवेली ।।

सबकर सोच मिटायेउ स्वामी । भंजि चाप जय राम नमामी ।।

परशुराम बहु आँखि दिखाए । गुन गन कहि धनु देय सिधाये ।।

करि कुचाल जननी पछितानी । उनको बहुत भांति सनमानी ।

केवट नीच ताहि उर भेटा । सुर दुर्लभ सुख दै दुःख मेटा ।।

भरत भाय अति कियो बिषादा । जगत पूज भे राम प्रसादा ।।

आप गरीब अनेक निवाजे । साधु सभा ते आय बिराजे ।।

बन बन जाय साधु सनमाने । तिनके गुन गन आप बखाने ।।

नीच जयंत मोह बस आवा । जानि प्रभाव बहुत पछितावा ।।

शवरी गीध दुर्लभ गति पाए । सो गति लखि मुनिराज लजाये ।।

कपि असहाय बहुत दुःख मानी । बसत खोह तजि के रजधानी ।।

करि कपीस तेहिं निज पन पाला । जयति जयति जय दीनदयाला ।।

बानर भालू मीत बनाये । बहु उजरे प्रभु आप बसाये ।।

कोल किरात आदि बनवासी । बानर भालु यती सन्यासी ।।

सबको प्रभु कियो एक समाना । को नहि नीच रहा जग जाना ।।

कोटि भालु कपि बीच बराए । हनुमत से निज काज कराए ।।

पवनतनय गुन श्रीमुख गाये । जग बाढ़ै प्रभु आप बढ़ाए ।।

हनुमत को प्रभु दिहेउ बड़ाई । संकटमोचन नाम धराई ।।

रावण भ्रात निसाचर जाती । आवा मिलइ गुनत बहु भांती ।।

ताहिं राखि बहु बिधि हित कीन्हा । लंका अचल राज तुम दीन्हा ।।

चार पुरुषारथ मान बड़ाई । देत सदा दासन्ह सुखदाई ।।

मो सम दीन नहीं हित स्वामी । मामवलोकय अन्तरयामी ।।

रीति प्रीति युग-युग चलि आई । दीनन को प्रभु बहु प्रभुताई ।।

देत सदा तुम गहि भुज राखत । साधु सभा तिनके गुन भाखत ।।

कृपा अनुग्रह कीजिए नाथा । विनवत दास धरनि धरि माथा ।।

छमि अवगुन अतिसय कुटिलाई । राखो सरन सरन सुखदाई ।।

दोहा-

राम राम संतोष कहु भरि नयनन महु नीर ।

प्रनतपाल असरन सरन सरन देहु रघुवीर ।।

राम चालीसा नेम ते, पढ़ जो प्रेम समेंत ।

बसहिं आइ सियाराम जु, ताके हृदय निकेत ।।

।। सियावर रामचन्द्र की जय ।।

_________________________

।। श्रीराम स्तुति ।।

।। श्रीसीतारामाभ्याम नमः ।।

हे राम प्रभूजी दयाभवन । तुमसा है जग में और कवन ।।१।।

सुखसागर नागर जलजनयन । गुन आगर करुना छमा अयन ।।२।।

सुखदायक लायक विपति समन । भवतारन हारन जरा मरन ।।३।।

संकोच सिंधु धुर धर्म धरन । शारंगधर टारन भार अवन ।।४।।

जग पालन कारन सिया रमन । देवों को दायक तुम्ही अमन ।।५।।

मन लाजै तुमको देखि मदन । शोभा की सीमा शील सदन ।।६।।

विश्वाश्रय रघुवर विश्वभरन । तुमको प्रभु बारंबार नमन ।।७।।

तुम बिनु प्रभु क्या यह मानुष तन । बन जावो मेरे जीवनधन ।।८।।

दुख दारिद दावन दोष दमन । तुमको ही ध्याये मेरा मन ।।९।।

प्रभुजी अवगुन अघ ओघ हरन । हो चित चकोर बिधु आप वदन ।।१०।।

नहि मालुम मुझको एक जतन । तुम बिनु को हारे दुख दोष तपन ।।११।।

कहते हैं स्वामी तव गुनगन । शरनागत राखन प्रभु का पन ।।१२।।

मेंरा उर हो प्रभु आप सदन । गहि बाँह रखो मोहि जानि के जन ।।१३।।

विनती प्रभुजी तारन तरन । मन का भी मेरे हो नियमन ।।१४।।

हे राम प्रभू मेरे भगवन । मैं चाह रहा तेरी चितवन ।।१५।।

करुनासागर संतोष सरन । है ठौर इसे बस आप चरन ।।१६।।

।। सियावर रामचंद्र की जय ।।

______________________________


श्रीहनुमान स्तुति

।। श्री हनुमते नमः ।।

जय हनुमंत जयति मतिसागर । बल विक्रम त्रैलोक उजागर ।।१।।

पवनतनय समरथ गुन आगर । जय कपीस सेवक हित नागर ।।२।।

महावीर सब सिधि निधि दायक । जय रनधीर राम गुन गायक ।।३।।

रामदूत सुंदर सब लायक । बसत हिय सिय सह रघुनायक ।।४।।

ज्ञान विज्ञान विवेक अपारा । तव गुनगन गावत जग सारा ।।५।।

रवि सुरेश तव पौरुष भारी । जानत सकल देव नर नारी ।।६।।

दानव दैत्य भूत जग जेते । डरपहिं नाम सुनावत तेते ।।७।।

छीजहिं सकल दुष्ट अधियारी । घोर निशा जिमि देखि तमारी ।।८।।

अग-जग जाल सकल जेहिं सिरिजा । मानत सकल देव हर गिरिजा ।।९।।

सेवक तासु प्रिय सुखदाई । बार-बार प्रभु कीन्हि बड़ाई ।।१०।।

कहेउ उरिन तुमसे नहि भाई । संकटमोचन नाम धराई ।।११।।

धन्य-धन्य कीरति जग छाई । शेष-महेश सके नहि गाई ।।१२।।

हरि-हर-बिधि तव भगति सराही । राम भगत तुम सम कोउ नाही ।।१३।।

राम प्रेम मूरति धरे देहीं । मिले जेहिं आप राम मिले तेहीं ।।१४।।

राम प्रभू के निकट सनेही । दीन मलीन प्रनत जन नेही ।।१५।।

अघ अवगुन छमि होउ सहाई । संतोष मिलैं जेहि श्रीरघुराई ।।१६।।

।। श्रीहनुमानजी महाराज की जय ।।

______________________

।। प्रार्थना ।।

____________________________________

।। श्रीसीतारामाभ्यां नमः ।।

राम दयामय आस निहारूँ ले अँखियों में जल ।

दीन दुखी के प्रभु तुम साथी तुमही हो संबल ।।१।।

कोमलचित है नाथ तुम्हारा तुम हो बड़े सरल ।

खोजि-खोजि के दीन उधारेउ तारेउ तुम्हीं उपल ।।२।।

जगताश्रय प्रभु जग जन रक्षक तुमसा नहीं सबल ।

मुझको भी एक बार निहारो मैं कितना निर्बल ।।३।।

दीनदयाल दया के सागर तुम ही मेरे बल ।

मेरी दीन-दशा का स्वामी हाथ तुम्हारे हल ।।४।।

राम दयानिधि दया करेंगे आज नहीं तो कल ।

मन को मैं अपने समझाऊँ होता जाय बिकल ।।५।।

करुणासागर देर न करिए अवसर जाइ निकल ।

बिना कृपा प्रभु राम हमारे मुझको सब मुश्किल ।।६।।

कृपा अनुग्रह करिए स्वामी भूलूँ न एक पल ।

संतोष चहै मन मीन हो मेरा राम चरन हो जल ।।७।।

।। सियावर रामचन्द्र की जय ।।

_____________________________________